गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को पांच विकेट से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 195 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम ने आखिरी गेंद पर मैच जीता। गुजरात की टीम को आखिरी ओवर में 22 रन बनाने थे। तब राहुल तेवतिया और राशिद खान क्रीज पर थे। मार्को यानसेन आखिरी ओवर में बॉलिंग करने आए। पहली गेंद पर तेवतिया ने छक्का लगाया। दूसरी गेंद पर तेवतिया ने एक रन लिया।
यानसेन की तीसरी गेंद पर राशिद ने छक्का लगाया। चौथी गेंद पर राशिद कोई रन नहीं बना सके। पांचवीं गेंद पर राशिद ने एक बार फिर छक्का लगाया। आखिरी गेंद पर गुजरात को जीत के लिए तीन चाहिए थे। राशिद ने इस बॉल पर भी छक्का लगाकर गुजरात को मैच जिता दिया। हैदराबाद की ओर से पांचों विकेट उमरान मलिक ने लिए। उन्होंने चार ओवर में 25 रन देकर चार विकेट झटके। उनके अलावा हैदराबाद के बाकी गेंदबाज फेल रहे।
इस जीत के साथ गुजरात की टीम प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। उसके आठ मैचों के बाद सात जीत के साथ 14 अंक हैं। टीम अब तक सिर्फ एक मैच हारी है। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद की टीम आठ मैचों में पांच जीत और 10 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। हैदराबाद तीन मैच हार चुकी है।
16वें ओवर में उमरान मलिक का कहर देखने को मिला। उन्होंने इस ओवर की पांचवीं गेंद पर डेविड मिलर और आखिरी गेंद पर अभिनव मनोहर को क्लीन बोल्ड कर पवेलियन भेजा। मिलर 19 गेंदों पर 17 रन और मनोहर शून्य पर आउट हुए। उमरान ने इस मैच में पांच विकेट झटके, जो कि आईपीएल में उनका पहला फाइव विकेट स्पेल है। उमरान ने चार ओवर में 25 रन देकर पांच विकेट झटके हैं। गुजरात को अब तक 24 गेंदों पर 56 रन की जरूरत है।
14वें ओवर में 122 के स्कोर पर उमरान मलिक ने ऋद्धिमान साहा को क्लीन बोल्ड किया। उमरान ने यह गेंद 153 की गति से फेंकी थी। इस यॉर्कर को ऋद्धिमान पढ़ नहीं सके और आउट हो गए। आउट होने से पहले साहा ने 38 गेंदों पर 11 चौके और एक छक्के की मदद से 68 रन की बेहतरीन पारी खेली। उमरान को मिली यह तीसरी सफलता रही। इससे पहले वह शुभमन गिल और हार्दिक पांड्या को पवेलियन भेज चुके हैं। 14 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर तीन विकेट पर 127 रन है। फिलहाल डेविड मिलर और राहुल तेवतिया क्रीज पर हैं।
11 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस ने दो विकेट गंवाकर 96 रन बना लिए हैं। ऋद्धिमान साहा ने आईपीएल करियर का नौवां अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 28 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। फिलहाल साहा 30 गेंदों पर 52 रन और डेविड मिलर छह रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
हैदराबाद के तूफानी गेंदबाज उमरान मलिक का कहर देखने को मिल रहा है। उन्होंने शुभमन गिल को क्लीन बोल्ड करने के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या को भी पवेलियन भेजा। उन्होंने पांड्या को मार्को यानसेन के हाथों कैच कराया। हार्दिक छह गेंदों पर 10 रन बना सके। फिलहाल डेविड मिलर चार रन और ऋद्धिमान साहा 27 गेंदों पर 49 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 10 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर दो विकेट पर 91 रन है। गुजरात को अब 60 गेंदों पर 105 रन की जरूरत है।
आठवें ओवर में 69 के स्कोर पर गुजरात टाइटंस को पहला झटका लगा। तूफानी गेंदबाज उमरान मलिक ने शुभमन गिल को क्लीन बोल्ड किया। शुभमन 24 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 22 रन बना सके। फिलहाल ऋद्धिमान साहा 22 गेंदों पर 44 रन और कप्तान हार्दिक पांड्या चार रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। आठ ओवर के बाद गुजरात का स्कोर एक विकेट पर 73 रन है।
ऋद्धिमान साहा और शुभमन गिल ने गुजरात टाइटंस को आक्रामक शुरुआत दिलाई है। दोनों ने पहले छह ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 59 रन जोड़ लिए हैं। साहा 18 गेंदों पर 39 रन और शुभमन 18 गेंदों पर 15 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम ने आक्रामक शुरुआत की है। तीन ओवर के बाद टीम का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 31 रन है। फिलहाल ऋद्धिमान साहा 10 गेंदों पर 21 रन और शुभमन गिल आठ गेंदों पर पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद ने गुजरात टाइटंस के सामने 196 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद की टीम ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 195 रन बनाए। आईपीएल 2022 में अपना पहला मैच खेल रहे शशांक सिंह ने 20वें ओवर में लोकी फर्ग्यूसन की आखिरी तीन गेंद पर तीन छक्के जड़े। इसके अलावा मार्को यानसेन ने भी एक छक्का लगाया था। इस ओवर में फर्ग्यूसन ने कुल 25 रन लुटाए। शशांक छह गेंदों पर 25 रन और मार्को यानसेन पांच गेंदों पर आठ रन बनाकर नाबाद रहे। आखिरी पांच ओवर में हैदराबाद ने चार विकेट गंवाकर 55 रन बनाए।
हैदराबाद की टीम ने तीन बॉल के अंदर दो विकेट गंवा दिए। 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर यश दयाल ने एडेन मार्करम को डेविड मिलर के हाथों कैच कराया। मार्करम ने 40 गेंदों पर दो चौके और तीन छक्के की मदद से 56 रन की पारी खेली। वहीं, 19वें ओवर की पहली बॉल पर वॉशिंगटन सुंदर रन आउट हो गए। वे चार गेंदों पर तीन रन बना सके। 19 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर छह विकेट पर 170 रन है। फिलहाल शशांक सिंह और मार्को यानसेन क्रीज पर हैं।
17 ओवर के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने चार विकेट गंवाकर 155 रन बना लिए हैं। 17वें ओवर में 147 के स्कोर पर सनराइजर्स हैदराबाद को चौथा झटका लगा। मोहम्मद शमी ने निकोलस पूरन को शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। पूरन पांच गेंदों पर तीन रन बना सके। इसी ओवर में एडेन मार्करम ने छक्का लगाकर अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 35 गेंदों पर फिफ्टी लगाई। यह उनके आईपीएल करियर का तीसरा अर्धशतक रहा। फिलहाल मार्करम 36 गेंदों पर 52 रन और वॉशिंगटन सुंदर एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
16वें ओवर में 140 के स्कोर पर सनराइजर्स हैदराबाद को तीसरा झटका लगा। अभिषेक शर्मा 42 गेंदों पर 65 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने छह चौके और तीन छक्के लगाए। अभिषेक को अल्जारी जोसेफ ने बोल्ड किया। उन्होंने एडेन मार्करम के साथ तीसरे विकेट के लिए 61 गेंदों पर 96 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल एडेन मार्करम 31 गेंदों पर 41 रन और निकोलस पूरन क्रीज पर हैं।
14 ओवर के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने दो विकेट गंवाकर 127 रन बना लिए हैं। फिलहाल एडेन मार्करम 29 गेंदों पर 36 रन और अभिषेक शर्मा 37 गेंदों पर 57 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए अब तक 80 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है। अभिषेक के आईपीएल करियर का यह दूसरा अर्धशतक रहा। उन्होंने राशिद खान की गेंद पर छक्का लगाकर अर्धशतक पूरा किया।
एडेन मार्करम
12 ओवर के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने दो विकेट गंवाकर 112 रन बना लिए हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 33 गेंदों पर आईपीएल करियर का दूसरा अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने राशिद खान की गेंद पर छक्का लगाकर फिफ्टी पूरी की। उन्होंने एडेन मार्करम के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 60 प्लस रन की साझेदारी कर ली है। फिलहाल अभिषेक 33 गेंदों पर 51 रन और मार्करम 21 गेंदों पर 27 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
11 ओवर के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने दो विकेट गंवाकर 96 रन बना लिए हैं। फिलहाल एडेन मार्करम 19 गेंदों पर 25 रन और अभिषेक शर्मा 29 गेंदों पर 37 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है।
नौ ओवर के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने दो विकेट गंवाकर 76 रन बना लिए हैं। फिलहाल एडेन मार्करम 11 गेंदों पर 10 रन और अभिषेक शर्मा 25 गेंदों पर 34 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। मोहम्मद शमी ने केन विलियम्सन और राहुल त्रिपाठी को आउट किया।
सात ओवर के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने दो विकेट गंवाकर 59 रन बना लिए हैं। कप्तान केन विलियम्सन (5) और राहुल त्रिपाठी (16) पवेलियन लौट चुके हैं। इन दोनों को मोहम्मद शमी ने पवेलियन भेजा। फिलहाल एडेन मार्करम दो रन और अभिषेक शर्मा 25 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
पांचवें ओवर में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को दूसरा झटका लगा इस ओवर में भारी ड्रामा देखने को मिला। शमी ये ओवर डालने के लिए आए। इस ओवर की तीसरी गेंद पर राहुल त्रिपाठी ने छक्का लगाया। चौथी और पांचवीं गेंद पर त्रिपाठी ने लगातार दो चौके लगाकर 14 रन बटोरे। ओवर की आखिरी गेंद पर शमी की गेंद त्रिपाठी के बैटिंग पैड पर लगी। शमी और गुजरात के बाकी खिलाड़ियों की अपील को अंपायर ने ठुकरा दिया। इसके बाद गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने रिव्यू लिया और रिप्ले में दिखा की गेंद स्टंप्स को हिट कर रही थी। फील्ड अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा और इस तरह राहुल त्रिपाठी आउट हुए। राहुल 10 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 16 रन बना सके।
तीसरे ओवर में सनराइजर्स हैदराबाद को पहला झटका लगा। ओवर की पांचवीं गेंद पर मोहम्मद शमी ने हैदराबाद के कप्तान केन विलियम्सन को क्लीन बोल्ड किया। विलियम्सन आठ गेंदों पर पांच रन बना सके। शमी ने ओवरऑल टी-20 में विलियम्सन को छठी बार पवेलियन भेजा। तीन ओवर के बाद हैदरबादा का स्कोर एक विकेट पर 26 रन है। फिलहाल अभिषेक शर्मा और राहुल त्रिपाठी क्रीज पर हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद के लिए कप्तान केन विलियम्सन और अभिषेक शर्मा बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं। पहले ही ओवर में शमी ने एक्स्ट्रा के 10 रन दिए। उन्होंने वाइड पर दो चौके दिए। एक ओवर के बाद गुजरात का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 11 रन है।
गुजरात की टीम में चार विदेशी खिलाड़ी डेविड मिलर, राशिद खान, अल्जारी जोसेफ और लोकी फर्ग्यूसन हैं। वहीं, हैदराबाद की टीम में चार विदेशी खिलाड़ी विलियम्सन, एडेन मार्करम, मार्को यानसेन और निकोलस पूरन हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, केन विलियमसन (कप्तान), राहुल त्रिपाठी, एडेन मार्करम, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), शशांक सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, मार्को यानसेन, भुवनेश्वर कुमार, उमरान मलिक, टी नटराजन।
गुजरात टाइटंस: ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), शुभमन गिल, हार्दिक पांड्या (कप्तान), अभिनव मनोहर, डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अल्जारी जोसेफ, लोकी फर्ग्यूसन, यश दयाल, मोहम्मद शमी।
गुजरात की टीम (फोटो क्रेडिट: IPL/BCCI)
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। हार्दिक ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में एक बदलाव है। कप्तान केन विलियम्सन ने जगदीश सुचित की जगह वॉशिंगटन सुंदर को प्लेइंग-11 में शामिल किया है। सुंदर चोटिल होने की वजह से पिछले कुछ मैचों में नहीं खेल रहे थे।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए पिछले पांच मैचों में पहले बैटिंग करने वाली टीमों ने ही पांचों मैच जीते हैं। इस दौरान एवरेज फर्स्ट इनिंग्स स्कोर 186 रन का रहा है। ओवरऑल इस सीजन इस मैदान पर नौ मैच खेले गए हैं। पहले चार मैचों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती थी, वहीं बाद के पांच मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती। पिच पर घास नहीं है और सख्त है। टॉस जीतने वाली टीम बाद में बल्लेबाजी करना चाहेगी।
गुजरात की गेंदबाजी तो शानदार है, लेकिन बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाए हैं। दो बेहतरीन पारियां खेलने के बाद गिल भी ज्यादा रन नहीं बना पा रहे हैं। हालांकि, कप्तान हार्दिक ने लगातार तीन अर्धशतक लगाकर निरंतरता दिखाई है, लेकिन टीम में कोई दूसरा भरोसेमंद बल्लेबाज नहीं है। गुजरात के लिए अब तक का सीजन ऐसा ही रहा है। हर मैच में उन्हें बल्ले के साथ नया मैच विनर मिला है, कभी मिलर तो कभी तेवतिया या राशिद ने बल्ले से भी कमाल किया है।
गुजरात की गेंदबाजी भी शानदार है। शमी की अगुवाई में हार्दिक, राशिद खान, यश दयाल और लोकी फर्ग्यूसन कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस टीम के खिलाफ किसी भी बल्लेबाजी क्रम के लिए रन बनाना आसान नहीं रहा है। हैदराबाद के बल्लेबाजों को भी बड़ा स्कोर बनाने में मुश्किल हो सकती है। गुजरात की टीम में भी बदलाव की संभावना काफी कम है।
शुरुआती दो मैचों में खराब प्रदर्शन के बाद हैदराबाद के बल्लेबाज भी लय में आ चुके हैं। पहले केन विलियम्सन और अभिषेक शर्मा की ओपनिंग जोड़ी ने अपने दम पर मैच खत्म किए। इसके बाद एडेन मार्करम और राहुल त्रिपाठी के बल्ले से भी रन निकले हैं। पूरन भी अच्छी लय में आ चुके हैं। इसी वजह से यह टीम लगातार पांच मैच जीत चुकी है।
टीम की गेंदबाजी पहले ही शानदार प्रदर्शन कर रही थी। टी नटराजन विकेट लेने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं। उनके अलावा भुवनेश्वर कुमार, जगदीश सुचित और उमरान मलिक भी कमाल की गेंदबाजी कर रहे हैं। पिछले मैच में मार्को येन्सन ने एक ही ओवर में तीन विकेट लेकर मैच खत्म कर दिया था। इस मैच में हैदाराबाद की टीम में बदलाव की गुंजाइश कम है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2022 के 40वें मैच में गुजरात टाइटंस (जीटी) का सामना सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) से है। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। गुजरात की टीम सात मैच में से छह मैच जीतकर और 12 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद की टीम सात में से पांच मैच जीतकर और 10 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। आज जीतने वाली टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच जाएगी।