अरशद खान की अगुवाई गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन के बाद शुभमन गिल और जोस बटलर की दमदार बल्लेबाजी के बदौलत गुजरात टाइटंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ चार विकेट से शानदार जीत दर्ज की। गुरुवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने देवदत्त पडिक्कल की 40 रनों की पारी की मदद से 19.2 ओवर में 10 विकेट पर 155 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम ने 15.5 ओवर में छह विकेट पर 158 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
रोमारियो शेफर्ड ने शाहरुख खान और वाशिंगटन सुंदर को पवेलियन भेजा। दोनों ने क्रमश: आठ और 12 रन बनाए। फिलहाल क्रीज पर राहुल तेवतिया और जेसन होल्डर मौजूद हैं।
गुजरात ने तीन विकेट पर 90 से ज्यादा रन बना लिए हैं। वाशिंगटन सुंदर और शाहरुख खान क्रीज पर मौजूद हैं। इससे पहले साई सुदर्शन छह रन, शुभमन गिल 43 रन और जोस बटलर 39 रन बनाकर आउट हुए।
गुजरात टाइटंस के खिलाफ टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) 19.2 ओवर में 10 विकेट पर सिर्फ 155 रन ही बना सकी। उनके लिए देवदत्त पडिक्कल ने सर्वाधिक 40 रन बनाए। वहीं, मेजबानों के लिए अरशद खान ने तीन विकेट लिए जबकि जेसन होल्डर और राशिद खान ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा के नाम एक-एक विकेट रहा।
आरसीबी को आठवां झटका जेसन होल्डर ने दिया। उन्होंने साई सुदर्शन के हाथों रोमारियो शेफर्ड को कैच कराया। वह 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब वेंकटेश अय्यर और भुवनेश्वर कुमार क्रीज पर मौजूद हैं। 15 ओवर के बाद स्कोर आठ विकेट पर 132 रन है।
आरसीबी को सातवां झटका राशिद खान ने दिया। उन्होंने देवदत्त पडिक्कल को बोल्ड किया। वह 24 गेंदों में 40 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब रोमारियो शेफर्ड का साथ देने वेंकटेश अय्यर आए हैं।
आरसीबी को छठा झटका अरशद खान ने दिया। उन्होंने क्रुणाल पांड्या को पवेलियन की राह दिखाई। वह सिर्फ चार रन बना पाए। अब रोमारियो शेफर्ड बल्लेबाजी के लिए आए हैं। 11 ओवर का खेल भी पूरा हो चुका है और स्कोर छह विकेट पर 97 रन है।
91 के स्कोर पर आरसीबी की आधी टीम पवेलियन लौट गई। राशिद खान ने टिम डेविड को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ नौ रन बना पाए। अब पडिक्कल का साथ देने क्रुणाल पांड्या आए हैं।
जेसन होल्डर ने आरसीबी को चौथा झटका दिया। उन्होंने बटलर के हाथों जितेश शर्मा को कैच कराया। वह सिर्फ एक रन बना पाए। अब बल्लेबाजी के लिए टिम डेविड आए हैं।
आरसीबी को तीसरा झटका अरशद खान ने दिया। उन्होंने रजत पाटीदार को जेसन होल्डर के हाथों कैच कराया। वह 15 गेंदों में 19 रन बना पाए। अब पडिक्कल का साथ देने जितेश शर्मा आए हैं। आठ ओवर के बाद स्कोर तीन विकेट पर 80 रन है।
पावरप्ले समाप्त हो चुका है और आरसीबी ने दो विकेट पर 59 रन बना लिए हैं। फिलहाल देवदत्त पडिक्कल 15 और रजत पाटीदार नौ रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। इससे पहले विराट कोहली 28 और जैकब बेथेल पांच रन बनाकर आउट हुए।
आरसीबी को दूसरा झटका रबाडा ने दिया। उन्होंने विराट कोहली को राशिद खान को कैच कराया। वह 13 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। अब देवदत्त पडिक्कल का साथ देने रजत पाटीदार आए हैं।
आरसीबी को पहला झटका मोहम्मद सिराज ने दिया। उन्होंने राशिद खान के हाथों जैकब बेथेल को कैच कराया।
आरसीबी की पारी शुरू हो चुकी है। विराट कोहली और जैकब बेथेल क्रीज पर मौजूद हैं।
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), जेसन होल्डर, शाहरुख खान, वाशिंगटन सुंदर, अरशद खान, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, मानव सुथार।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: राहुल तेवतिया, ग्लेन फिलिप्स, अनुज रावत, निशांत सिंधु, कुलवंत खेजरोलिया।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, जैकब बेथेल देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जोश हेजलवुड।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: रसिख डार, जॉर्डन कॉक्स, मंगेश यादव, विक्की ओस्तवाल, वेंकटेश अय्यर।
गुजरात ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान शुभमन गिल ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, आरसीबी भी किसी बदलाव के बगैर उतरी है।
पिच और मौसम की बात करें तो अहमदाबाद की यह वही पिच है जहां पिछले आईपीएल फाइनल में बड़ा स्कोर बना था। इस बार भी यहां रन बनने की पूरी संभावना है, हालांकि तेज गर्मी (करीब 43 डिग्री) के चलते पिच को थोड़ा ज्यादा पानी दिया गया है, जिससे यह संतुलित रह सकती है। कुल मिलाकर यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है, जहां जीत से आरसीबी टॉप पर पहुंच सकती है, वहीं गुजरात टाइटंस के लिए यह मैच प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने का मौका है।
आरसीबी की बात करें तो जितेश शर्मा का प्रदर्शन विकेटकीपिंग में तो शानदार रहा है, लेकिन बल्लेबाजी में वह अभी तक बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। टीम को उम्मीद होगी कि वह जल्द ही अपनी लय हासिल करेंगे, जैसा कि उन्होंने पिछले सीजन में किया था।
गुजरात के लिए एक और चिंता का विषय राशिद खान का फॉर्म है। आमतौर पर बेहद किफायती और विकेट लेने वाले राशिद पिछले कुछ मैचों में महंगे साबित हुए हैं और विकेट भी कम मिले हैं। ऐसे में टीम को उनसे वापसी की उम्मीद होगी, खासकर आरसीबी जैसी मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप के खिलाफ।
दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस की सबसे बड़ी ताकत उनकी बल्लेबाजी का शीर्ष क्रम रहा है, जिसमें शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर मौजूद हैं। तीनों ने टीम के लगभग 70% रन बनाए हैं। लेकिन मिडिल ऑर्डर अब भी चिंता का विषय बना हुआ है। टीम प्रबंधन ने हाल के मैचों में जेसन होल्डर को शामिल कर संतुलन बनाने की कोशिश की है, लेकिन अभी भी निरंतरता की कमी दिख रही है। खासकर राहुल तेवतिया का रोल स्पष्ट नहीं है, जिन्हें पर्याप्त मौके नहीं मिल पा रहे हैं।
गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच होने वाला मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है। दोनों टीमें प्लेऑफ की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती हैं। आरसीबी इस मैच में शानदार लय के साथ उतरेगी, खासकर पिछले मुकाबले में 200 से अधिक रन का लक्ष्य आसानी से हासिल करने के बाद टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है। उनकी बल्लेबाजी इस सीजन में आक्रामक रही है, वहीं गेंदबाजी आक्रमण भी बेहद प्रभावशाली नजर आया है। जोश हेजलवुड बेहतरीन फॉर्म में हैं, जबकि भुवनेश्वर कुमार नई और पुरानी दोनों गेंदों से खतरनाक साबित हो रहे हैं। इसके अलावा क्रुणाल पांड्या ने भी अपनी सधी हुई गेंदबाजी से टीम को अहम संतुलन प्रदान किया है।
IPL Live Cricket Score, GT vs RCB Indian Premier League 2026 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2026 का 42वां मुकाबला गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में गुजरात की नजरें आरसीबी से पिछली हार का बदला लेने पर होंगी।