फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GT vs RCB: आठवीं जीत के साथ गुजरात की प्लेऑफ में जगह लगभग पक्की, तेवतिया-मिलर के दम पर बैंगलोर को छह विकेट से हराया

Sat, 30 Apr 2022 07:27 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

GT vs RCB (Gujarat vs Bangalore): बैंगलोर के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बैंगलोर ने 170 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 19.3 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
विज्ञापन
डेविड मिलर और राहुल तेवतिया - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:20 PM, 30-Apr-2022

गुजरात ने बैंगलोर को हराया

आईपीएल 2022 के 43वें मैच में गुजरात टाइटंस ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को छह विकेट से हरा दिया है। बैंगलोर के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बैंगलोर ने 170 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 19.3 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। राहुल तेवतिया और डेविड मिलर ने एकबार फिर गुजरात की जीत में अहम भूमिका निभाई। दोनों ने आखिर में 40 गेंदों पर 79 रन की नाबाद साझेदारी निभाई। तेवतिया 25 गेंदों पर 43 रन और मिलर 24 गेंदों पर 39 रन बनाकर नाबाद रहे।

इस जीत के साथ गुजरात की टीम नौ में से आठ मैच जीतकर लगभग प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकी है। गुजरात के नौ मैचों के बाद 16 अंक हैं। वहीं, बैंगलोर की यह 10 मैचों में पांचवीं हार रही। टीम पांच जीत और 10 अंकों के साथ फिलहाल पांचवें स्थान पर है। 

07:06 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: गुजरात को 18 गेंदों पर 36 रन की जरूरत

17 ओवर में गुजरात टाइटंस ने चार विकेट गंवाकर 135 रन बना लिए हैं। फिलहाल राहुल तेवतिया 15 गेंदों पर 16 रन और डेविड मिलर 19 गेंदों पर 28 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। गुजरात को 18 गेंदों पर 36 रन की जरूरत है।

06:50 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: गुजरात को 58 रन की जरूरत

15 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस ने चार विकेट गंवाकर 113 रन बना लिए हैं। फिलहाल राहुल तेवतिया नौ गेंदों पर छह रन और डेविड मिलर 13 गेंदों पर 21 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। गुजरात को 30 गेंदों पर 58 रन की जरूरत है। 

विज्ञापन
06:44 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: गुजरात को चौथा झटका

13 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस ने चार विकेट गंवाकर 96 रन बना लिए हैं। फिलहाल राहुल तेवतिया एक रन और डेविड मिलर नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं। वनिंदु हसरंगा ने साई सुदर्शन को सब्सटिट्यूट विकेटकीपर अनुज रावत के हाथों कैच कराया। सुदर्शन 14 गेंदों पर 20 रन बनाकर आउट हुए। इसमें दो चौके शामिल हैं। हसरंगा और शाहबाज ने दो-दो विकेट झटके हैं। 

06:31 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: गुजरात को तीसरा झटका

11वें ओवर में 78 के स्कोर पर गुजरात को तीसरा झटका लगा। अपना 100वां आईपीएल मैच खेल रहे हार्दिक पांड्या पांच गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हुए। उन्हें शाहबाज अहमद ने महिपाल लोमरोर के हाथों कैच कराया। शाहबाज को मिली ये दूसरी सफलता रही। इससे पहले उन्होंने शुभमन गिल को भी आउट किया था। 11 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर तीन विकेट पर 82 रन है। फिलहाल साई सुदर्शन 14 रन और डेविड मिलर दो रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। गुजरात को 54 गेंदों पर 89 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
06:23 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: गुजरात को दूसरा झटका

नौवें ओवर में 68 के स्कोर पर गुजरात टाइटंस को दूसरा झटका लगा। दोनों ओपनर्स पवेलियन लौट चुके हैं। ऋद्धिमान साहा (29) के बाद शुभमन गिल भी पवेलियन लौटे। वे 28 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 31 रन बना सके। उन्हें शाहबाज अहमद ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। इस ओवर में ड्रामा देखने को मिला। 

दरअसल, ओवर की चौथी बॉल पर शाहबाज ने कैच आउट की अपील की। फील्ड अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया। इसके बाद शुभमन ने रिव्यू लिया। रिव्यू में दिखा कि गेंद उनके बल्ले से टच नहीं हो रही थी। हालांकि, इस गेंद को थर्ड अंपायर ने नो बॉल करार दिया, क्योंकि विकेटकीपर अनुज रावत के विकेटकीपिंग ग्लव्स स्टंप्स की सीध में थे। फ्री हिट पर शुभमन ने छक्का लगाया। हालांकि, इसकी अगली ही गेंद पर शाहबाज ने शुभमन को पवेलियन भेजा। 

06:11 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: गुजरात को पहला झटका

गुजरात टाइटंस को आठवें ओवर में 51 के स्कोर पर पहला झटका। ऋद्धिमान साहा और शुभमन गिल ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई और अर्धशतकीय साझेदारी की। इस साझेदारी को मिस्ट्री स्पिनर वनिंदु हसरंगा ने तोड़ा। उन्होंने ऋद्धिमान साहा को रजत पाटीदार के हाथों कैच कराया। साहा अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। वह 22 गेंदों पर चार चौके की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए। आठ ओवर के बाद गुजरात का स्कोर एक विकेट पर 55 रन है। फिलहाल साई सुदर्शन चार रन और शुभमन गिल 20 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

06:02 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: गुजरात को 84 गेंदों पर 125 रन की जरूरत

171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम को ऋद्धिमान साहा और शुभमन गिल ने अच्छी शुरुआत दिलाई है। दोनों ने पहले छह ओवर यानी पावरप्ले में 46 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन 18 गेंदों पर 17 रन और साहा 18 गेंदों पर 27 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। गुजरात को 84 गेंदों पर 125 रन की जरूरत है। 

05:53 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: चार ओवर के बाद गुजरात 30/0

चार ओवर के बाद गुजरात टाइटंस ने बिना कोई विकेट गंवाए 30 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 14 गेंदों पर 14 रन और ऋद्धिमान साहा 10 गेंदों पर 16 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। बैंगलोर को यह मैच जीतना है तो जल्द से जल्द इस साझेदारी को तोड़नी होगी। 

05:41 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: शुभमन-साहा क्रीज पर

दो ओवर के बाद गुजरात टाइटंस ने बिना कोई विकेट गंवाए 18 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल नौ गेंदों पर 12 रन और ऋद्धिमान साहा तीन गेंदों पर छह रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

05:20 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: बैंगलोर ने बनाए 170 रन

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने गुजरात टाइटंस के सामने 171 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बैंगलोर ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 170 रन बनाए। बैंगलोर की शुरुआत खराब रही। कप्तान फाफ डुप्लेसिस दूसरे ही ओवर में बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। उन्हें प्रदीप सांगवान ने विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा के हाथों कैच कराया। इसके बाद विराट कोहली ने रजत पाटीदार के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए  74 गेंदों पर 99 रन की साझेदारी निभाई। विराट कोहली ने इस सीजन का पहला और आईपीएल करियर का 43वां अर्धशतक लगाया। वहीं, रजत ने भी आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक लगाया। रजत 32 गेंदों पर 52 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने तीन चौके और दो छक्के लगाए।

इसके बाद विराट कोहली भी 53 गेंदों पर 58 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने छह चौके और एक छक्का लगाया। कोहली को सपोर्ट करने अनुष्का शर्मा भी स्टेडियम में मौजूद हैं। ग्लेन मैक्सवेल को शुरुआत तो अच्छी मिली, लेकिन उसे बड़ी पारी में नहीं बदल सके। मैक्सवेल ने 18 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के की मदद से 33 रन बनाए। दिनेश कार्तिक लगातार तीसरे मैच में फेल रहे और दो रन बनाकर आउट हुए। महिपाल लोमरोर ने आखिरी में आक्रामक पारी खेली और आठ गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 16 रन बनाए। लोमरोर पारी की आखिरी गेंद पर आउट हुए। शाहबाज अहमद दो रन बनाकर नाबाद रहे। गुजरात की ओर से तेज गेंदबाज प्रदीप सांगवान ने दो विकेट झटके। वहीं, मोहम्मद शमी, अल्जारी जोसेफ, राशिद खान और लोकी फर्ग्यूसन को एक-एक विकेट मिला।


अनुष्का शर्मा

05:05 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: मैक्सवेल 33 रन बनाकर आउट

लोकी फर्ग्यूसन ने बैंगलोर की टीम को पांचवां झटका दिया है। उन्होंने ग्लेन मैक्सवेल को 33 रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा। राशिद खान ने उनका कैच पकड़ा। 19 ओवर के बाद बैंगलोर का स्कोर पांच विकेट पर 155 रन है। फिलहाल महिपाल लोमरोर और शाहबाज अहमद क्रीज पर हैं।

05:03 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: 18 ओवर के बाद बैंगलोर 144/4

18वें ओवर में 138 के स्कोर पर बैंगलोर को चौथा झटका लगा। विराट कोहली के बाद दिनेश कार्तिक भी पवेलियन लौट गए। कार्तिक कुछ खास नहीं कर सके और तीन गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए। यह लगातार तीसरा मैच है जब कार्तिक का बल्ला नहीं चला है। कार्तिक राशिद की गेंद पर शमी को कैच थमा बैठे। 18 ओवर के बाद बैंगलोर का स्कोर चार विकेट पर 144 रन है। फिलहाल ग्लेन मैक्सवेल 15 गेंदों पर 27 रन और शाहबाज अहमद एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

04:56 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: कोहली पवेलियन लौटे

17वें ओवर में विराट कोहली आउट हो गए। उन्हें मोहम्मद शमी ने क्लीन बोल्ड किया। आउट होने से पहले कोहली ने 53 गेंदों पर छह चौके और एक छक्के की मदद से 58 रन बनाए। फिलहाल ग्लेन मैक्सवेल और दिनेश कार्तिक क्रीज पर हैं। 17 ओवर के बाद बैंगलोर का स्कोर तीन विकेट पर 136 रन है। 

04:51 PM, 30-Apr-2022
ब्रेबोर्न स्टेडियम में मौजूद अनुष्का शर्मा - फोटो : IPL/BCCI

GT vs RCB Live: 16 ओवर के बाद बैंगलोर 121/2

16 ओवर के बाद बैंगलोर ने दो विकेट गंवाकर 121 रन बना लिए हैं। फिलहाल ग्लेन मैक्सवेल नौ गेंदों पर आठ रन और विराट कोहली 51 गेंदों पर 57 रन बनाकर क्रीज पर हैं। रजत पाटीदार 52 रन बनाकर आउट हुए। 


स्टेडियम में मौजूद अनुष्का शर्मा

04:43 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: रजत पाटीदार पवेलियन लौटे

15वें ओवर में 110 के स्कोर पर बैंगलोर को दूसरा झटका लगा। युवा बल्लेबाज रजत पाटीदार 32 गेंदों पर 52 रन बनाकर आउट हुए। इसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल हैं। यह उनके आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक रहा। रजत ने विराट कोहली के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 74 गेंदों पर 99 रन की साझेदारी निभाई। इससे पहले विराट कोहली ने भी आईपीएल करियर का 43वां अर्धशतक जड़ा। यह इस सीजन उनका पहला अर्धशतक रहा। कोहली ने इसी के साथ फॉर्म में वापसी के संकेत भी दे दिए हैं। विराट के अर्धशतक लगाने पर पत्नी अनुष्का शर्मा खुश नजर आईं। वह भी स्टेडियम में मौजूद हैं। 15 ओवर के बाद बैंगलोर का स्कोर दो विकेट पर 117 रन है। फिलहाल विराट कोहली 49 गेंदों पर 55 रन और ग्लेन मैक्सवेल पांच गेंदों पर सात रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

04:34 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: कोहली का अर्धशतक

13 ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने एक विकेट गंवाकर 102 रन बना लिए हैं। विराट कोहली फॉर्म में लौट चुके हैं। उन्होंने आईपीएल करियर का 53वां अर्धशतक लगाया। कोहली ने 47 गेंदों पर फिफ्टी लगाई। वह अब तक छह चौके और एक छक्का लगा चुके हैं। वहीं, रजत पाटीदार 27 गेंदों पर 46 रन बनाकर क्रीज पर हैं। इसमें चार चौके और दो छक्के शामिल हैं। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 90 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।


रजत पाटीदार और विराट कोहली

04:22 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: अर्धशतक के करीब विराट कोहली

10 ओवर के बाद बैंगलोर ने एक विकेट गंवाकर 75 रन बना लिए हैं। फिलहाल रजत पाटीदार 18 गेंदों पर 29 रन और विराट कोहली 38 गेंदों पर 44 रन बनाकर क्रीज पर हैं। विराट कोहली 43वें अर्धशतक के करीब हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। 

04:16 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: नौ ओवर के बाद बैंगलोर 60/1

नौ ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने एक विकेट गंवाकर 60 रन बना लिए हैं। विराट कोहली 33 गेंदों पर 33 रन और रजत पाटीदार 17 गेंदों पर 25 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 40 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है। 

04:05 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: छह ओवर के बाद बैंगलोर 43/1

छह ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने एक विकेट गंवाकर 43 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 21 गेंदों पर 27 रन और रजत पाटीदार 11 गेंदों पर 14 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। कोहली अभी तक अच्छे टच में दिखे हैं और पांच चौके लगा चुके हैं। दोनों के बीच 30 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है। 

03:53 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: चार ओवर के बाद बैंगलोर 21/1

चार ओवर के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने एक विकेट गंवाकर 21 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 14 गेंदों पर 15 रन और रजत पाटीदार छह गेंदों पर चार रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। प्रदीप सांगवान ने फाफ डुप्लेसिस को पवेलियन भेजा।

03:44 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: फाफ डुप्लेसिस पवेलियन लौटे

सीजन का अपना पहला मैच खेल रहे तेज गेंदबाज प्रदीप सांगवान ने बैंगलोर के कप्तान फाफ डुप्लेसिस को विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा के हाथों कैच कराया। डुप्लेसिस खाता भी नहीं खोल सके। दो ओवर के बाद बैंगलोर का स्कोर एक विकेट पर 11 रन है। फिलहाल विराट कोहली और रजत पाटीदार क्रीज पर हैं। 

03:40 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: एक ओवर के बाद आरसीबी 10/0

पहले ओवर में विराट कोहली ने मोहम्मद शमी की लगातार दो गेंदों पर दो चौके जड़े। पहले चौका कोहली ने लॉन्ग ऑफ पर और दूसरा चौका फ्लिक कर लेग साइड में लगाया। एक ओवर के बाद बैंगलोर का स्कोर बिना किसी विकेट के 10 रन है।

03:10 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: हार्दिक का 100वां आईपीएल मैच

हार्दिका पांड्या का यह 100वां आईपीएल मैच है। उन्होंने अब तक 99 मैचों में 30.19 की औसत और 150.8 के स्ट्राइक रेट से 1781 रन बनाए हैं। उनका हाईएस्ट स्कोर 91 रन का रहा है। इसमें सात अर्धशतक भी शामिल हैं। वहीं, हार्दिक के नाम 46 विकेट भी हैं। इस दौरान उनकी इकोनॉमी 8.9 की रही है। वहीं, हार्दिक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 20 रन देकर तीन विकेट रहा है। 

03:07 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

बैंगलोर की टीम में चार विदेशी खिलाड़ी डुप्लेसिस, ग्लेन मैक्सवेल, वनिंदु हसरंगा और जोश हेजलवुड हैं। वहीं, गुजरात की टीम में चार विदेशी खिलाड़ी डेविड मिलर, राशिद खान, अल्जारी जोसेफ और लोकी फर्ग्यूसन हैं।

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), विराट कोहली, रजत पाटीदार, ग्लेन मैक्सवेल, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), शाहबाज अहमद, महिपाल लोमरोर, वनिंदु हसरंगा, हर्षल पटेल, मोहम्मद सिराज, जोश हेजलवुड।



गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल, ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या (कप्तान), साई सुदर्शन, डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, प्रदीप सांगवान, अल्जारी जोसेफ, लोकी फर्ग्यूसन, मोहम्मद शमी।

03:03 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: बैंगलोर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी

गुजरात टाइटंस के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। बैंगलोर के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने टीम में एक बदलाव किया है। सुयश प्रभुदेसाई की जगह महिपाल लोमरोर को प्लेइंग-11 में जगह मिली है। वहीं, गुजरात के कप्तान हार्दिका पांड्या ने टीम में दो बदलाव किए हैं। यश दयाल की जगह प्रदीप सांगवान और अभिनव मनोहर की जगह साई सुदर्शन को प्लेइंग-11 में जगह मिली है।

02:40 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: गेंदबाजी के तौर पर दिखेगी रोचक भिड़ंत 

गेंदबाजी के मोर्चे पर यह एक दिलचस्प मैच हो सकता है क्योंकि दोनों पक्षों के पास इस सीजन में कुछ बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी हैं। मोहम्मद शमी 13 विकेटों के साथ टाइटंस के लिए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे हैं और तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन और राशिद खान किसी भी विरोधी टीम को ढहाने में काफी हैं। 

आरसीबी के पास डेथओवर विशेषज्ञ हर्षल पटेल की गेंदबाजी में भी दम है, जिन्होंने अब तक 12 विकेट लिए हैं। वहीं, श्रीलंकाई खिलाड़ी वानिंदु हसरंगा  (13 विकेट) भी विकेट निकालने में सक्षम हैं। तेज गेंदबाजी की कमान में मोहम्मद सिराज और जोश हेजलवुड का आक्रमण टाइटंस के लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है। 

02:40 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: एक टीम के रूप में नहीं चल पाई आरसीबी

आरसीबी की बल्लेबाजी में भी गहराई की कमी नहीं है, मगर आरसीबी एक टीम के रूप में नहीं चल पाई। कोहली खराब फॉर्म में हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल भी अभी तक 6 मैचों में 124 रन ही बना सके। वहीं कप्तान फॉफ डुप्लेसिस, दिनेश कार्तिक और शाहबाज अहमद का ही बल्ला चल रहा है, जिससे उन पर दबाव बनता जा रहा है। उन्हें एक बार फिर से संतुलित गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ बड़ी संख्या में रन बनाने की जिम्मेदारी लेनी होगी। 

02:39 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: गुजरात का शीर्ष और निचला क्रम दोनों ही फॉर्म में

पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत के लिए 196 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की स्थिति खराब थी, मगर लेग स्पिनर राशिद खान ने बल्ले के जौहर दिखाकर टीम को शानदार जीत दिलाई। आखिरी ओवर में राहुल तेवतिया और राशिद ने चार छक्के लगाकर असंभव सी नजर आने वाले लक्ष्य को संभव कर दिखाया। 

गुजरात का शीर्ष क्रम और निचला क्रम दोनों ही फॉर्म में हैं। कप्तान हार्दिक पांड्या अभी तक 7 मैचों में 305 रन बना चुके हैं और वो सबसे सफल कप्तान साबित हो रहे हैं। पांड्या के अलावा शुभमन गिल, डेविड मिलर और ऋद्धिमान साहा ने भी रन बनाए हैं। पिछले मैच में साहा ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को अच्छी शुरूआत दिलाने में अहम भूमिका अदा की थी। 

02:39 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: प्लेऑफ में जगह लगभग पक्का होगा

जीत के रथ पर सवार गुजरात टाइटंस के पास मैच विजेताओं की पूरी फौज है और संकट के समय हर बार एक नया खिलाड़ी संकटमोचक बनकर उभर रहा है। गुजरात ने 8 में से 7 मैच जीते हैं और उसका पलड़ा भारी लग रहा है। आरसीबी पर जीत दर्ज करते ही प्लेऑफ में उसका स्थान लगभग पक्का हो जाएगा। 

02:38 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB Live: कोहली से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद

इस मुकाबले में आरसीबी को अपने स्टार बल्लेबाज कोहली से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी, जो अभी तक 9 मैचों में महज 128 रन ही बना सके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 48 रन का रहा है। पिछले मैच में वह ओपनिंग करने उतरे थे, लेकिन 9 रन ही बना सके। इससे पहले 2 मैचों में वह गोल्डन डक आउट हो गए थे। 

02:29 PM, 30-Apr-2022

GT vs RCB: आठवीं जीत के साथ गुजरात की प्लेऑफ में जगह लगभग पक्की, तेवतिया-मिलर के दम पर बैंगलोर को छह विकेट से हराया

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2022 के 43वें मैच में गुजरात टाइटंस (जीटी) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) की टीम आमने-सामने है। इस मैच को जीतकर गुजरात की टीम प्लेऑफ में अपनी जगह लगभग पक्की करने उतरेगी। टीम ने आठ में से सात मैच जीते हैं और अंक तालिका में टॉप पर है। वहीं, बैंगलोर हार के सिलसिले को तोड़ने उतरेगी। आरसीबी पिछले दो मैच हार चुकी है। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें