फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GT vs PBKS Highlights: पंजाब ने गुजरात को 11 रन से हराया, साई सुदर्शन और जोस बटलर की मेहनत पर फिरा पानी

Tue, 25 Mar 2025 11:36 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

खास बातें

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 243 रन बनाए। जवाब में गुजरात टाइटंस निर्धारित ओवर में सिर्फ 232 रन ही बना सकी और 11 रन से यह मैच हार गई।
विज्ञापन
साई सुदर्शन-शुभमन गिल - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:22 PM, 25-Mar-2025

पंजाब ने गुजरात को 11 रन से हराया

डेथ ओवर्स में अर्शदीप सिंह और विजयकुमार विशक की घातक गेंदबाजी की बदौलत पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को 11 रन से हराकर अपने अभियान का शानदार आगाज किया है। सोमवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब ने श्रेयस अय्यर और शशांक सिंह की 81* रनों की साझेदारी की बदौलत 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 243 रन बनाए। यह पंजाब का आईपीएल में दूसरा सबसे बड़ा टोटल है। पिछले सत्र में पंजाब ने केकेआर के खिलाफ 262/2 का स्कोर बनाया था। जवाब में गुजरात की टीम निर्धारित ओवरों में पांच विकेट खोकर सिर्फ 232 रन ही बना सकी। 

244 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात को कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने शानदार शुरुआत दिलाई थी। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी हुई। मैक्सवेल ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में गिल को प्रियांश आर्या के हाथों कैच आउट कराया। उन्होंने 14 गेंदों में 33 रन बनाए।

इसके बाद मोर्चा जोस बटलर और साई सुदर्शन ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 40 गेंदों में 84 रनों की साझेदारी हुई, जिसे अर्शदीप सिंह ने तोड़ा। उन्होंने शतक की ओर बढ़ रहे सलामी बल्लेबाज सुदर्शन को 74 रन के निजी स्कोर पर रोका। इस मैच में बटलर ने 54, रदरफोर्ड ने 46, राहुल तेवतिया ने छह रन बनाए। वहीं, शाहरुख खान और अरशद खान क्रमश: छह और एक रन बनाकर नाबाद रहे। पंजाब के लिए अर्शदीप सिंह ने दो विकेट झटके जबकि मार्को यानसेन और ग्लेन मैक्सवेल को एक-एक सफलता मिली।

11:05 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: गुजरात को लगा तीसरा झटका

गुजरात को तीसरा झटका मार्को यानसेन ने दिया। उन्होंने जोस बटलर को अपना शिकार बनाया। वह 33 गेंदों में 54 रनों की पारी खेलकर आउट हुई। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए राहुल तेवतिया उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए शेरफेन रदरफोर्ड क्रीज पर मौजूद हैं।

10:43 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: 15 ओवर के बाद स्कोर 174/2

यह मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। जोस बटलर और शेरफेन रदरफोर्ड के बीच अच्छी साझेदारी हो रही है। 15 ओवर के बाद स्कोर 174/2 है।

विज्ञापन
10:32 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: गुजरात को दूसरा झटका

गुजरात को दूसरा झटका अर्शदीप सिंह ने दिया। उन्होंने साई सुदर्शन को अपना शिकार बनाया। वह 41 गेंदों में 74 रन बनाकर आउट हुए। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए शेरफेन रदरफोर्ड बतौर इम्पैक्ट खिलाड़ी उतरे हैं। उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा की जगह लाया गया है। उनका साथ देने के लिए जोस बटलर क्रीज पर मौजूद हैं। 13 ओवर के बाद स्कोर 152/2 है।

10:16 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: साई सुदर्शन ने जड़ा पचासा

साई सुदर्शन शानदार ने 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया है। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। 

विज्ञापन
10:13 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: नौ ओवर के बाद स्कोर 93/1

साई सुदर्शन और जोस बटलर शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। दोनों के बीच 30+ रनों की साझेदारी हो चुकी है। नौ ओवर के बाद स्कोर 93/1 है। 

09:55 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: गुजरात को पहला झटका

गुजरात को पहला झटका ग्लेन मैक्सवेल ने दिया। उन्होंने पावरप्ले के आखिरी ओवर में कप्तान शुभमन गिल को अपना शिकार बनाया। 14 गेंदों में 33 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए जोस बटलर उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए साई सुदर्शन क्रीज पर मौजूद हैं। छह ओवर के बाद स्कोर 61/1 है।

09:29 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: गुजरात की पारी शुरू

गुजरात की पारी शुरू हो चुकी है। साई सुदर्शन और शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद हैं। पंजाब के लिए पहला ओवर अर्शदीप सिंह फेंक रहे हैं।

09:15 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: पंजाब ने गुजरात को दिया 244 रन का लक्ष्य

श्रेयस अय्यर और शशांक सिंह की 81* रनों की साझेदारी की बदौलत पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को 244 रनों का लक्ष्य दिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में  खेले जा रहे इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 243 रन बनाए। यह पंजाब का आईपीएल में दूसरा सबसे बड़ा टोटल है। पिछले सत्र में पंजाब ने केकेआर के खिलाफ 262/2 का स्कोर बनाया था।

पंजाब किंग्स के आईपीएल में सर्वोच्च स्कोर 

स्कोर विरोधी टीम स्थान वर्ष
262/2 कोलकाता नाइट राइडर्स  कोलकाता 2024
243/5 गुजरात टाइटंस  अहमदाबाद 2025*
232/2 रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु धर्मशाला 2011
231/4 चेन्नई सुपर किंग्स  कटक 2014
230/3 मुंबई इंडियंस वानखेड़े 2017

इस मैच में टीम की शुरुआत अच्छी हुई थी। प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या के बीच पहले विकेट के लिए 28 रनों की साझेदारी हुई। कगिसो रबाडा ने विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन को अरशद खान के हाथों कैच कराया। वह पांच रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मोर्चा श्रेयस अय्यर और प्रियांश आर्य ने संभाला। दूसरे विकेट के लिए दोनों के बीच 21 गेंदों में 51 रनों की साझेदारी हुई। 

24 वर्षीय बल्लेबाज प्रियांश आर्या शानदार फॉर्म में नजर आ रहे थे और अपने डेब्यू मैच में अर्धशतक के लिए तेजी से बढ़ रहे थे, लेकिन राशिद खान ने उन्हें साई सुदर्शन के हाथों कैच आउट करा दिया। वह 23 गेंदों में सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 47 रन बनाने में कामयाब हुए।

श्रेयस अय्यर इस सत्र में पंजाब की कप्तानी संभाल रहे हैं। उन्होंने अपने पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन किया और 42 गेंदों में 97 रन बनाकर नाबाद रहे। इस दौरान उन्होंने 230.95 के स्ट्राइक रेट से पांच चौके और नौ छक्के जड़े। इसी के साथ दाएं हाथ के बल्लेबाज ने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह किसी भी टीम के लिए बतौर कप्तान डेब्यू करते हुए सबसे ज्यादा स्कोर बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए। इससे मामले में शीर्ष पर संजू सैमसन हैं। उन्होंने 2021 में राजस्थान रॉयल्स के लिए बतौर कप्तान डेब्यू करते हुए पंजाब किंग्स के खिलाफ 119 रन बनाए थे। दूसरे स्थान पर मयंक अग्रवाल हैं, जिन्होंने 2021 में पंजाब किंग्स के लिए बतौर कप्तान अपने पहले मैच में 99* रन बनाए।

बतौर कप्तान आईपीएल में डेब्यू करते हुए सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज

स्कोर खिलाड़ी टीम विपक्षी टीम स्थान वर्ष
119 संजू सैमसन राजस्थान रॉयल्स  पंजाब किंग्स  वानखेड़े 2021
99* मयंक अग्रवाल पंजाब किंग्स  दिल्ली कैपिटल्स अहमदाबाद 2021
97* श्रेयस अय्यर पंजाब किंग्स  गुजरात टाइटंस अहमदाबाद 2025*
93* श्रेयस अय्यर दिल्ली कैपिटल्स  कोलकाता नाइट राइडर्स  दिल्ली 2018
88 फाफ डु प्लेसिस रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पंजाब किंग्स मुंबई 2022

श्रेयस के अलावा इस मैच में अजमतुल्लाह उमरजई ने 16, मार्कस स्टोइनिस ने 20 और शशांक सिंह ने 44* रन बनाए। वहीं, मैक्सवेल बिना खाता खोले आउट हुए। इसी के साथ ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज आईपीएल में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाज बन गए। वह 19 बार आईपीएल में शून्य पर आउट हुए हैं। गुजरात के लिए साई किशोर ने तीन विकेट झटके जबकि कगिसो रबाडा और राशिद खान को एक-एक विकेट मिला।

08:51 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: पंजाब को पांचवां झटका लगा

पंजाब को पांचवां झटका भी साई किशोर ने दिया। उन्होंने मार्कस स्टोइनिस को अरशद खान के हाथों कैच कराया। वह 15 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए शशांक उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर क्रीज पर मौजूद हैं।

08:22 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: साईं किशोर ने लगातार दो विकेट झटके

साईं किशोर ने पंजाब को लगातार दो झटके दिए हैं। उन्होंने पहले अजमतुल्लाह उमरजई को अपना शिकार बनाया। इसके बाद उन्होंने ग्लेन मैक्सवेल को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह खाता भी नहीं खोल सके। अब बल्लेबाजी के लिए मार्कस स्टोइनिस उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए श्रेयस अय्यर क्रीज पर मौजूद हैं।

08:12 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: नौ ओवर के बाद स्कोर 96/2

नौ ओवर का खेल पूरा हो चुका है और पंजाब का स्कोर 100 के करीब पहुंच गया है। श्रेयस अय्यर 28 और अजमतुल्लाह उमरजई आठ रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं।

08:03 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: प्रियांश आर्या 47 रन बनाकर आउट हुए

पंजाब किंग्स को दूसरा झटका राशिद खान ने दिया। उन्होंने शानदार फॉर्म में नजर आ रहे प्रियांश आर्या को अपना शिकार बनाया। इस मैच के जरिए आईपीएल में डेब्यू करने वाले 24 वर्षीय बल्लेबाज 47 रनों की धमाकेदार पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने श्रेयस अय्यर के साथ दूसरे विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी निभाई। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अजमतुल्लाह उमरजई उतरे हैं।

08:01 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: पावरप्ले समाप्त हुआ, स्कोर 73/1

श्रेयस अय्यर और प्रियांश आर्या शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। दोनों के बीच 40+ रनों की साझेदारी हो चुकी है। शुरुआती छह ओवर के बाद स्कोर 73/1 है।

07:44 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: पंजाब को लगा पहला झटका

पंजाब को पहला झटका पारी के चौथे ओवर में कगिसो रबाडा ने दिया। उन्होंने प्रभसिमरन सिंह को अपना शिकार बनाया। वह पांच रन बनाकर आउट हुए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए श्रेयस अय्यर उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए प्रियांश आर्य क्रीज पर मौजूद हैं।

07:31 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: पंजाब की पारी शुरू

पंजाब की पारी शुरू हो चुकी है। प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह क्रीज पर मौजूद हैं। गुजरात की तरफ से पहला ओवर मोहम्मद सिराज फेंक रहे हैं।

07:08 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है

गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, आर साई किशोर, अरशद खान, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: शेरफेन रदरफोर्ड, ग्लेन फिलिप्स, इशांत शर्मा, अनुज रावत, वाशिंगटन सुंदर।

पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्या, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, सूर्यांश शेडगे, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को यानसेन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: नेहल वढेरा, प्रवीण दुबे,  विजयकुमार विशाक, हरप्रीत बराड़, विष्णु विनोद।

07:02 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: गुजरात ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी

गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी है। 2022 की विजेता टीम के कप्तान शुभमन गिल ने बताया कि इस मैच में उनकी प्लेइंग 11 में चार तेज गेंदबाज और दो स्पिनर्स को शामिल किया गया है। वहीं, पहली बार पंजाब किंग्स की कप्तानी कर रहे श्रेयस अय्यर ने कहा कि उनकी प्लेइंग 11 में एक स्पिनर और तीन तेज गेंदबाजों को रखा गया है।

06:33 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 इस प्रकार है...

गुजरात टाइटंसः शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, वाशिंगटन सुंदर, राशिद खान, मोहम्मद सिराज, साई किशोर, कैगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा। 
पंजाब किंग्सः प्रभसिमरन सिंह, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, शशांक सिंह, नेहाल वधेरा, मार्को यानसेन, हरप्रीत बरार, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल। 

06:32 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: श्रेयस-मैक्सवेल पर रहेगी जिम्मेदारी

पंजाब की बल्लेबाजी की बात करें तो उसकी बल्लेबाजी मुख्य रूप से कप्तान अय्यर, जोश इंग्लिस, प्रभसिमरन सिंह, मार्कस स्टोइनिस और ग्लेन मैक्सवेल पर निर्भर रहेगी। पंजाब की टीम में अजमतुल्लाह उमरजई, स्टोइनिस, मार्को जानसेन, शशांक सिंह और मुशीर खान जैसे ऑलराउंडर हैं। पंजाब के तेज गेंदबाजी विभाग का नेतृत्व अर्शदीप सिंह करेंगे। उनके अलावा पंजाब के तेज गेंदबाजी विभाग में लॉकी फर्ग्यूसन, कुलदीप सेन और यश ठाकुर शामिल हैं, जबकि लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल और बाएं हाथ के स्पिनर हरप्रीत बरार स्पिन विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे।

06:32 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: गिल-बटलर करेंगे शुरुआत

गुजरात के पास गिल और इंग्लैंड के जोस बटलर के रूप में आदर्श सलामी जोड़ी है। मध्यक्रम की कमान वेस्टइंडीज के शेरफेन रदरफोर्ड, साई सुदर्शन और मसूद शाहरुख खान के हाथों में होगी, जबकि ऑलराउंडर राशिद खान, राहुल तेवतिया, ग्लेन फिलिप्स, वाशिंगटन सुंदर और महिपाल लोमरोर से योगदान की उम्मीद है। गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज अपना प्रभाव छोड़ना चाहेंगे। तेज गेंदबाजी विभाग में उनके साथ देने के लिए कैगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा, दक्षिण अफ्रीका के गेराल्ड कोएत्जे और अनुभवी इशांत शर्मा जैसे अच्छे गेंदबाज शामिल हैं। गुजरात के स्पिन विभाग की जिम्मेदारी फिर से राशिद खान निभाएंगे।

06:31 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: गिल-अय्यर में होगी जंग

इस मैच में गिल और अय्यर के बीच जंग देखने मिलेगी जो हाल ही में चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम का हिस्सा थे। दोनों ही बल्लेबाज शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। अय्यर ने जहां भारत की तरफ से टूर्नामेंट में सर्वाधिक 243 रन बनाए, वहीं गिल ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले मैच में शतक ठोका था और आगे भी उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया। अब दोनों खिलाड़ी एक दूसरे के खिलाफ होंगे। 

05:49 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: पिछली गलतियों से गुजरात को लेनी होगी सीख

दूसरी तरफ, भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान शुभमन गिल के लिए गुजरात के कप्तान के तौर पर पिछला सीजन अच्छा नहीं रह था और टीम अंक तालिका में आठवें स्थान पर रही थी। गुजरात ने 2022 में हार्दिक पांड्या की कप्तानी में खिताब जीता था और 2023 में उपविजेता रही थी। लेकिन पिछले गुजरात ने अपना कप्तान बदला और गिल को जिम्मेदारी सौंपी। 

05:22 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: पंजाब को पहले खिताब की तलाश

पंजाब उन फ्रेंचाइजी में शामिल है जो करीब आकर भी ट्रॉफी नहीं जीत सकी है। पंजाब आईपीएल 2018 के सेमीफाइनल में पहुंचा था, जबकि उसने 2014 में फाइनल में जगह बनाई थी। उस वक्त फाइनल में केकेआर ने उसे हराया था, लेकिन पिछले चार वर्षों में पंजाब की टीम शीर्ष पांच में भी जगह नहीं बना सकी है। किंग्स इलेवन पंजाब से पंजाब किंग्स बनने के बावजूद इस टीम को अब भी अपने पहले आईपीएल खिताब का इंतजार है।

05:19 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Live Score: श्रेयस को बनाया था कप्तान

पंजाब ने श्रेयस अय्यर को टीम का कप्तान बनाया था जिनके नेतृत्व में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने पिछले सीजन खिताब अपने नाम किया था। इस बार श्रेयस के सामने पंजाब को विजेता बनाने की चुनौती होगी। श्रेयस आईपीएल में सफल कप्तानों में गिने जाते हैं। उन्होंने केकेआर को खिताब दिलाने से पहले 2020 सीजन में दिल्ली कैपिटल्स को अपनी कप्तानी में फाइनल में पहुंचाया था, लेकिन टीम उस वक्त विजेता नहीं बन सकी थी। अब उनका लक्ष्य पंजाब का आईपीएल खिताब जीतने का 18 साल लंबा इंतजार खत्म करना होगा।

05:11 PM, 25-Mar-2025

GT vs PBKS Highlights: पंजाब ने गुजरात को 11 रन से हराया, साई सुदर्शन और जोस बटलर की मेहनत पर फिरा पानी

IPL Cricket Live Score, GT vs PBKS Indian Premier League 2025 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2025 का पांचवां मैच गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा। पंजाब इस बार नए कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ उतरेगी और उसकी कोशिश विजयी शुरुआत करने की होगी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें