साई सुदर्शन की बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से गुजरात टाइटंस ने मुंबई इंडियंस को 36 रन से हराकर जीत का खाता खोला। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सुदर्शन के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट पर 196 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम निर्धारित ओवर में छह विकेट पर 160 रन ही बना सकी। मुंबई के लिए सूर्यकुमार यादव ने सबसे ज्यादा 48 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने 39 रनों की पारी खेली। इन दो बल्लेबाजों के अलावा कोई भी प्रभावित नहीं कर सका।
लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और जल्द ही रोहित शर्मा और रियान रिक्लेटोन के विकेट जल्दी गंवा दिए। इसके बाद तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव ने तीसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़कर कुछ वापसी की कोशिश की, लेकिन इन दोनों के आउट होने के बाद मुंबई की पारी लड़खड़ा गई। मुंबई की यह दूसरी हार है और वह आईपीएल 2025 में अब तक जीत का खाता नहीं खोल सकी है। मुंबई के लिए कप्तान हार्दिक पांड्या ने 11, रोहित शर्मा ने आठ, रिक्लेटोन ने छह और रॉबिन मिंज ने तीन रन बनाए। इसके अलावा नमन धीर और मिचेल सैंटनर 18-18 रन बनाकर नाबाद लौटे। गुजरात की ओर से मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि कैगिसो रबाडा और आर साई किशोर को एक-एक विकेट मिला।
हार्दिक पांड्या के रूप में मुंबई इंडियंस को छठा झटका लगा है। हार्दिक 17 गेंदों पर एक चौके की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुए।
मुंबई इंडियंस को पांचवां झटका लगा है और सूर्यकुमार यादव पवेलियन लौट गए हैं। सूर्यकुमार अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक लगाने के करीब थे, लेकिन 28 गेंदों पर एक चौका और चार छक्कों की मदद से 48 रन बनाकर आउट हुए। मुंबई ने 16 ओवर की समाप्ति के बाद रन पर पांच विकेट गंवा दिए हैं।
गुजरात के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की रन गति धीमी पड़ गई है। क्रीज पर फिलहाल सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या मौजूद हैं। मुंबई ने 15 ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 118 रन बना लिए हैं।
इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे रॉबिन मिंज गुजरात के खिलाफ प्रभावित नहीं कर सके और चौथे बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। ईशांत शर्मा साई किशोर के हाथों कैच कराकर मिंज को आउट किया। मिंज छह गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हुए।
प्रसिद्ध कृष्णा ने तिलक वर्मा को आउट कर मुंबई इंडियंस को तीसरा झटका दिया है। तिलक और सूर्यकुमार के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही थी, लेकिन प्रसिद्ध ने तिलक को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। प्रसिद्ध 36 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए। तिलक और सूर्यकुमार ने तीसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़े।
शुरुआती झटकों के बाद सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा के बीच साझेदारी पनप रही है। मुंबई ने आठ ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 69 रन बना लिए हैं। मुंबई को अब जीत के लिए 72 गेंदों पर 128 रन बनाने की जरूरत है। सूर्यकुमार और तिलक के बीच तीसरे विकेट के लिए 34 रनों की साझेदारी हुई है।
तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए गुजरात टाइटंस को दूसरा झटका दिया। सिराज ने पहले रोहित शर्मा को अपना शिकार बनाया था और अब रियान रिक्लेटन को बोल्ड किया। रिक्लेटन नौ गेंदों पर एक चौके की मदद से छह रन बनाकर आउट हुए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को पहले ही ओवर में पहला झटका लग गया है। पूर्व कप्तान रोहित शर्मा मात्र आठ रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें मोहम्मद सिराज ने ओवर की चौथी गेंद पर बोल्ड किया।
सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन की शानदार बल्लेबाजी की मदद से गुजरात टाइटंस ने मुंबई इंडियंस के सामने जीत के लिए 197 रनों का लक्ष्य रखा है। मुंबई ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और गुजरात ने सुदर्शन के 41 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 63 रन की पारी के दम पर 20 ओवर में आठ विकेट पर 196 रन बनाए। सुदर्शन के अलावा गुजरात का कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। मुंबई की ओर से कप्तान हार्दिक पांड्या ने दो विकेट लिए, जबकि ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर, मुजीब उर रहमान और सत्यनारायण राजू को एक-एक विकेट मिला।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात को गिल और सुदर्शन ने अच्छी शुरुआत दिलाई और दोनों ने पहले विकेट के लिए 78 रन जोड़े। गिल 27 गेंदों पर 38 रन बनाकर आउट हुए। गिल के आउट होने के बाद जोस बटलर ने सुदर्शन के साथ मिलकर 51 रन जोड़े, लेकिन वह 39 रन बनाकर पवेलियन लौटे। सुदर्शन ने इसके बाद आईपीएल करियर का अपना आठवां अर्धशतक पूरा किया और कुछ अच्छे शॉट्स खेले। सुदर्शन के आउट होते ही गुजरात की पारी धीमी पड़ गई और वह 200 रन का आंकड़ा नहीं छू सकी।
गुजरात के लिए शेरफाने रदरफोर्ड ने 18 रन, शाहरुख खान ने नौ रन, राशिद खान ने छह और आर साई किशोर ने एक रन बनाए, जबकि कैगिसो रबाडा सात रन बनाकर नाबाद लौटे।
साई सुदर्शन के आउट होने के बाद गुजरात की पारी लड़खड़ा गई है। गुजरात ने 179 के स्कोर पर सुदर्शन का विकेट गंवाया था और उसने इसके बाद एक भी रन जोड़े बिना दो और विकेट गंवा दिए हैं। राहुल तेवतिया खाता खोले बिना रन आउट हुए, जबकि इसकी अगली ही गेंद पर शेरफाने रदरफोर्ड 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
गुजरात टाइटंस को साई सुदर्शन के रूप में चौथा झटका लगा है। सुदर्शन अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और गुजरात की रन गति को बढ़ाए हुए थे। सुदर्शन 41 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 63 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
साई सुदर्शन की शानदार पारी की मदद से गुजरात टाइटंस का स्कोर 170 रन हो गया है। सुदर्शन अर्धशतक लगाने के बाद भी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और उन्होंने रन गति को बढ़ा दिया है। 17 ओवर की समाप्ति के बाद गुजरात का स्कोर तीन विकेट पर 170 रन हो गया है।
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने शाहरुख खान को आउट कर गुजरात को तीसरा झटका दिया है। शाहरुख बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में कैच आउट हुए और अपना विकेट गंवा बैठे। शाहरुख सात गेंदों पर एक छक्के की मदद से नौ रन बनाकर आउट हुए। साई सुदर्शन हालांकि, क्रीज पर मौजूद हैं।
गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए लगातार दूसरे मैच में अर्धशतक जड़ दिया है। सुदर्शन ने इससे पहले पंजाब किंग्स के खिलाफ भी पचासा जमाया था और अब वह इस मैच में भी छाप छोड़ने में सफल रहे। सुदर्शन का आईपीएल में यह आठवां पचासा है।
चार साल बाद आईपीएल में वापसी कर रहे मुजीब उर रहमान ने जोस बटलर को आउट कर गुजरात टाइटंस को दूसरा झटका दिया है। बटलर और सुदर्शन के बीच दूसरे विकेट के लिए अच्छी साझेदारी हो रही थी और दोनों ने 51 रन जोड़ लिए थे, लेकिन मुजीब की गेंद बटलर के बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के पास गई और वह आउट हो गए। बटलर 24 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए।
गुजरात टाइटंस का स्कोर मुंबई इंडियंस के खिलाफ 100 रन के पार पहुंच गया है। गिल और सुदर्शन ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी, लेकिन हार्दिक ने गिल को आउट कर गुजरात को पहला झटका दिया था। गिल के आउट होने के बाद जोस बटलर और सुदर्शन ने पारी को आगे बढ़ाया जिससे गुजरात का स्कोर 11 ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 101 रन हो गया है।
हार्दिक पांड्या ने कप्तान शुभमन गिल को आउट कर गुजरात को पहला झटका दिया है। गुजरात ने मुंबई के खिलाफ अच्छी शुरुआत की थी और गिल तथा साई सुदर्शन ने पहले विकेट के लिए 78 रन जोड़ लिए थे। इस साझेदारी का अंत हार्दिक ने किया। शुभमन 27 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार शुरुआत की है। पावरप्ले खत्म होने के बाद गुजरात का स्कोर बिना किसी नुकसान के 66 रन है। गिल 32 और सुदर्शन 32 रन बनाकर खेल रहे हैं। गिल ने इसके साथ ही में अहमदाबाद में आईपीएल में 1000 रन पूरे कर लिए हैं।
मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का यह 450वां टी20 मुकाबला है। रोहित दुनिया के छठे बल्लेबाज हैं जिन्होंने टी20 में इतने मुकाबले खेले हैं। टी20 में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड कीरोन पोलार्ड के नाम है जिन्होंने 695 मैच खेले हैं।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ गुजरात टाइटंस ने अच्छी शुरुआत की है और तीन ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 26 रन बना लिए हैं। क्रीज पर साई सुदर्शन और शुभमन गिल मौजूद हैं।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। मुंबई ने इस मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया है। गुजरात के लिए साई सुदर्शन के साथ कप्तान शुभमन गिल की पारी की शुरुआत करने आए हैं।
मुंबई इंडियंसः रोहित शर्मा, रियान रिक्लेटोन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर, मिचेल सैंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, मुजीब उर रहमान, सत्यनारायण राजू।
इम्पैक्ट सब: रॉबिन मिंज, अश्विनी कुमार, राज बावा, कॉर्बिन बोश, विल जैक्स।
गुजरात टाइटंसः शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), शेरफाने रदरफोर्ड, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, रविश्रीनिवासन साई किशोर, कैगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
इम्पैक्ट सब: महिपाल लोमरोर, ग्लेन फिलिप्स, ईशांत शर्मा, अनुज रावत, वाशिंगटन सुंदर।
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। गुजरात ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं करने का फैसला किया है।
मुंबई के लिए राहत की बात यह है कि इस मुकाबले में हार्दिक पांड्या खेलेंगे जो पिछले मैच में प्रतिबंध के कारण नहीं खेल सके थे। टूर्नामेंट अभी अपने शुरुआती दिनों में ही है, लेकिन तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के बिना मुंबई की गेंदबाजी इकाई संघर्ष करते हुए दिखी। इस दौरान पहले मैच में नियमित कप्तान हार्दिक की गैरमौजूदगी ने टीम के लिए चीजों को और मुश्किल कर दिया।
गुजरात और मुंबई दोनों ही इस मैच में जीत का खाता खोलने उतरेंगे। गुजरात को जहां अपने पहले मैच में पंजाब किंग्स से 11 रन से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, मुंबई को चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले मैच में चार विकेट से हराया था। गुजरात के गेंदबाजों ने पंजाब के खिलाफ जमकर रन लुटाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की टीम जीत के काफी करीब आ गई थी, लेकिन उसे अंत में 11 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
IPL Live Cricket Score, GT vs MI Indian Premier League 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज मुंबई इंडियंस का सामना गुजरात टाइटंस से हो रहा है। दोनों ही टीमों ने अपने पिछले मुकाबले गंवाए हैं और मुंबई और गुजरात की नजरें जीत की तलाश में होंगी। इस मैच से हार्दिक पांड्या वापसी करेंगे जो एक मैच के प्रतिबंध के कारण पिछला मुकाबला नहीं खेल सके थे।