फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GT vs MI Highlights: गुजरात ने मुंबई को 55 रन से हराया, बड़े लक्ष्य के दबाव में मुंबई के बल्लेबाज फेल

Tue, 25 Apr 2023 11:28 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

खास बातें

GT vs MI 2023 Highlights: गुजरात टाइटंस ने मुंबई इंडियंस को 55 रन से हराकर इस टूर्नामेंट में अपनी पांचवीं जीत हासिल की है। इसके साथ ही गुजरात इस सीजन 10 अंक हासिल करने वाली दूसरी टीम बन गई है। इस मैच में मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई के सामने 208 रन का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में मुंबई की टीम 152 रन ही बना सकी और मैच हार गई।
विज्ञापन
गुजरात टाइटंस बनाम मुंबई इंडियंस - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:23 PM, 25-Apr-2023

गुजरात ने मुंबई को 55 रन से हराया

गुजरात टाइटंस ने मुंबई इंडियंस को 55 रन से हरा दिया है। इसके साथ ही गुजरात इस सीजन 10 अंक हासिल करने वाली दूसरी टीम बन गई है। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट खोकर 207 रन बनाए थे। गुजरात के लिए शुभमन गिल ने 56, डेविड मिलर ने 46 और अभिनव मनोहर ने 42 रन की पारी खेली थी। अंत में राहुल तेवतिया ने पांच गेंद में 20 रन बनाकर टीम का स्कोर छह विकेट पर 207 रन तक पहुंचाया था। मुंबई के लिए पीयूष चावला ने दो विकेट लिए थे। वहीं, ग्रीन को छोड़ बाकी गेंदबाजों को एक-एक विकेट मिला था। 

208 रन का पीछा करते हुए मुंबई की टीम नौ विकेट खोकर 152 रन ही बना सकी। सबसे ज्यादा 40 रन नेहल वधेरा ने बनाए। ग्रीन ने 33 और सूर्यकुमार ने 23 रन की पारी खेली। गुजरात के लिए नूर अहमद ने तीन विकेट लिए। राशिद खान और मोहित शर्मा को दो-दो विकेट मिले। हार्दिक पांड्या को एक विकेट मिला।

11:17 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: मुंबई का नौवां विकेट गिरा

152 रन के स्कोर पर मुंबई का नौवां विकेट गिरा है। अर्जुन तेंदुलकर नौ गेंद में 13 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मोहित शर्मा ने उन्हें जोशुआ लिटिल के हाथों कैच कराया। अब जेसन बेहरनडॉर्फ और राइली मेरिडिथ क्रीज पर हैं।

11:08 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: मुंबई का आठवां विकेट गिरा

137 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस का आठवां विकेट गिरा है। नेहल वधेरा 21 गेंद में 40 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मोहित शर्मा की गेंद पर मोहम्मद शमी ने उनका कैच पकड़ा। अब अर्जुन तेंदुलकर के साथ जेसन बेहरनडॉर्फ क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर आठ विकेट पर 139 रन है।

विज्ञापन
11:05 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: मुंबई का सातवां विकेट गिरा

135 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस का सातवां विकेट गिर चुका है। पीयूष चावला 12 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। नेहल वधेरा के साथ गलतफहमी के चलते वह रन आउट हुए। अब अर्जुन तेंदुलकर बल्लेबाजी के लिए आए हैं।

10:53 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: मुंबई का स्कोर 110 रन के पार

नेहल वधेरा और पीयूष चावला ने अच्छी साझेदारी कर मुंबई इंडियंस का स्कोर 110 रन के पार पहुंचा दिया है। हालांकि, मुंबई की टीम जीत से बेहद दूर है, लेकिन इस जोड़ी ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया है। नेहल वधेरा ने आने वाले मैचों के लिए टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है।

विज्ञापन
10:40 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: मुंबई का छठा विकेट गिरा

90 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस का छठा विकेट गिरा है। नूर अहमद ने अपनी ही गेंद पर सूर्यकुमार यादव का कैच पकड़ा। इस मैच में यह उनका तीसरा विकेट है। सूर्यकुमार यादव ने 12 गेंद में 23 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में एक छक्का और तीन चौके लगाए। 13 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर छह विकेट पर 90 रन है।

10:29 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: मुंबई का पांचवां विकेट गिरा

59 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस का पांचवां विकेट गिरा है। टिम डेविड खाता खोले बिना आउट हो चुके हैं। नूर अहमद की फुल टॉस गेंद पर उन्होंने अभिनव मनोहर को कैच थमा दिया। अब सूर्यकुमार यादव के साथ नेहल वधेरा क्रीज पर हैं। 12 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर पांच विकेट पर 75 रन है।

10:26 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: मुंबई का चौथा विकेट गिरा

208 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम हार की तरफ बढ़ रही है। 59 रन के स्कोर पर मुंबई के चार विकेट गिर चुके हैं। कैमरून ग्रीन 26 गेंद में 33 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। नूर अहमद ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। ग्रीन ने अपनी पारी में तीन छक्के लगाए।

10:12 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: मुंबई का तीसरा विकेट गिरा

208 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम मुश्किल में फंस चुकी है। 45 रन के स्कोर पर मुंबई का तीसरा विकेट गिरा है। राशिद खान ने तिलक वर्मा को विकेटों के सामने फंसाया। तिलक ने तीन गेंद में दो रन बनाए। आठ ओवर के बाद मुंबई का स्कोर तीन विकेट पर 45 रन है। 

10:08 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: मुंबई का दूसरा विकेट गिरा

43 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस का दूसरा विकेट गिरा है। ईशान किशन 21 गेंद में 13 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। राशिद खान ने उन्हें जोश लिटिल के हाथों कैच कराया। अब कैमरून ग्रीन के साथ तिलक वर्मा क्रीज पर हैं। तिलक वर्मा सब्सटीट्यूट प्लेयर के रूप में कार्तिकेय सिंह की जगह बल्लेबाजी करने आए हैं।

10:02 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: पावरप्ले में मुंबई ने 29 रन बनाए

पावरप्ले में मुंबई इंडियंस ने एक विकेट खोकर 29 रन बनाए हैं। रोहित छोटे स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन और कैमरून ग्रीन ने पारी संभाली है। हालांकि, गुजरात के लिए मोहम्मद शमी और हार्दिक पांड्या ने शानदार गेंदबाजी की है। दोनों ने गुजरात के बल्लेबाजों को बांध कर रखा है। सात ओवर के बाद मुंबई का स्कोर एक विकेट पर 41 रन है।

09:42 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: मुंबई इंडियंस का पहला विकेट गिरा

208 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही है। कप्तान रोहित शर्मा आठ गेंद में दो रन बनाकर आउट हो चुके हैं। गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच लपका। अब ईशान किशन के साथ कैमरून ग्रीन क्रीज पर हैं। अब तक गुजरात के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है। तीन ओवर के बाद गुजरात का स्कोर एक विकेट पर छह रन है।


09:34 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: मुंबई की बल्लेबाजी शुरू

208 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। रोहित शर्मा और ईशान किशन की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। गुजरात के लिए शमी ने पहला ओवर किया। एक ओवर के बाद मुंबई का स्कोर बिना किसी नुकसान के दो रन है।

09:18 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: गुजरात ने मुंबई के सामने 208 रन का लक्ष्य रखा

गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस के सामने 208 रन का लक्ष्य रखा है। निर्धारित 20 ओवर में गुजरात की टीम ने छह विकेट खोकर 207 रन बनाए। आईपीएल के इतिहास में यह गुजरात टाइटंस का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले इस टीम ने कोलकाता के खिलाफ इसी सीजन 204 रन बनाए थे। गुजरात टाइटंस ने इस मैच में आखिरी छह ओवर में 94 रन बनाए। शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 56 रन बनाए। डेविड मिलर ने 46 और अभिनव मनोहर ने 42 रन की पारी खेली। मुंबई के लिए पीयूष चावला ने दो विकेट लिए।

09:15 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: गुजरात का छठा विकेट गिरा

205 रन के स्कोर पर गुजरात का छठा विकेट गिरा है। डेविड मिलर 22 गेंद में 46 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। जेसन बेहरनडॉर्फ ने उन्हें सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। मिलर ने अपनी पारी में चार छक्के और दो चौके लगाए।

09:14 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: गुजरात का स्कोर 200 रन के पार

पांच विकेट के नुकसान पर गुजरात का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। डेविड मिलर और राहुल तेवतिया ने अंत के ओवरों में तेजी से रन बनाकर टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया है।

09:04 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: गुजरात का पांचवां विकेट गिरा

172 रन के स्कोर पर गुजरात टाइटंस का पांचवां विकेट गिरा है। अभिनव मनोहर 21 गेंद में 42 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और तीन छक्के लगाए। राइली मेरिडिथ ने उन्हें जेसन बेहरनडॉर्फ के हाथों कैच कराया। अब मिलर के साथ राहुल तेवतिया क्रीज पर हैं। 19 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर पांच विकेट पर 191 रन है।

08:59 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: मिलर और मनोहर के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

डेविड मिलर और अभिनव मनोहर के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं और सिर्फ 29 गेंद में 50 रन जोड़ चुके हैं। खासकर मनोहर अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। उनकी शानदार पारी के चलते गुजरात का स्कोर 18 ओवर के बाद 172/4 है।

08:57 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: गुजरात का स्कोर 150 रन के पार

चार विकेट के नुकसान पर गुजरात टाइटंस का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। अभिनव मनोहर और डेविड मिलर के बीच शानदार साझेदारी हो चुकी है। दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं और अपनी टीम को बड़े स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं।

08:50 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: डेविड मिलर और अभिनव मनोहर के बीच अच्छी साझेदारी

101 रन पर चार विकेट गंवाने के बाद गुजरात की पारी लड़खड़ाई थी, लेकिन डेविड मिलर और अभिनव मनोहर ने शानदार साझेदारी कर गुजरात को बेहतर स्थिति में पहुंचा दिया है। दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं और अपनी टीम को बड़े स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। 16 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर चार विकेट पर 137 रन है।

08:35 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: गुजरात का चौथा विकेट गिरा

101 रन के स्कोर पर गुजरात का चौथा विकेट गिरा है। विजय शंकर 16 गेंद में 19 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। पीयूष चावला ने उन्हें टिम डेविड के हाथों कैच कराया। अब अभिनव मनोहर और डेविड मिलर क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर चार विकेट पर 103 रन है।


08:33 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: गुजरात का स्कोर 100 रन के पार

तीन विकेट के नुकसान पर गुजरात टाइटंस का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। विजय शंकर और डेविड मिलर क्रीज पर हैं। शंकर अपनी नजरें जमा चुके हैं और उनकी कोशिश तेजी से रन बनाने की होगी। वहीं, मिलर उनका साथ देते हुए बड़ी साझेदारी करने की कोशिश करेंगे।

08:29 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: गुजरात का तीसरा विकेट गिरा

91 रन के स्कोर पर गुजरात टाइटंस का तीसरा विकेट गिरा है। शुभमन गिल 34 गेंद में 56 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया। कुमार कार्तिकेय ने उन्हें सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। 12 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर तीन विकेट पर 99 रन है।

08:21 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: शुभमन गिल का अर्धशतक

शुभमन गिल ने 30 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में अब तक छह चौके और एक छक्का लगाया है। इस सीजन यह उनका तीसरा अर्धशतक है। गिल ने विजय शंकर के साथ शानदार साझेदारी की है और टीम का स्कोर 100 रन के करीब पहुंचा दिया है।

08:19 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: विजय शंकर और शुभमन गिल ने संभाली पारी

विजय शंकर और शुभमन गिल ने गुजरात की पारी संभाली है। दोनों अच्छी लय में दिख रहे हैं और तेज गति से रन बना रहे हैं। दो विकेट के नुकसान पर गुजरात का स्कोर 80 रन के पार जा चुका है।

08:06 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: गुजरात टाइटंस का दूसरा विकेट गिरा

50 रन के स्कोर पर गुजरात की टीम का दूसरा विकेट गिरा है। कप्तान हार्दिक पांड्या 14 गेंद में 13 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। पीयूष चावला ने उन्हें सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। सात ओवर के बाद गुजरात का स्कोर दो विकेट पर 55 रन है। शुभमन गिल के साथ विजय शंकर क्रीज पर हैं।

08:04 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: गुजरात ने पावरप्ले में 50 रन बनाए

पावरप्ले में गुजरात टाइटंस ने एक विकेट खोकर 50 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल ने आक्रामक बल्लेबाजी की है और अपनी टीम बेहतर स्थिति में पहुंचा दिया है। उन्होंने ग्रीन के एक ओवर में 17 रन बटोरे। 

07:58 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: हार्दिक और शुभमन गिल ने संभाली पारी

12 रन पर गुजरात का पहला विकेट गिरने के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या ने शुभमन गिल के साथ मिलकर पारी संभाली है। दोनों बल्लेबाज अच्छी लय में दिख रहे हैं। गुजरात का स्कोर बिना नुकसान 30 रन के पार जा चुका है। 

07:42 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: गुजरात टाइटंस का पहला विकेट गिरा

12 रन के स्कोर पर गुजरात टाइटंस का पहला विकेट गिरा है। ऋद्दिमान साहा सात गेंद में चार रन बनाकर आउट हो चुके हैं। अर्जुन तेंदुलकर की लेग स्टंप के बाहर की गेंद पर विकेटकीपर ईशान किशन ने उनका कैच पकड़ा। अब शुभमन गिल के साथ कप्तान हार्दिक पांड्या क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद गुजरात का स्कोर एक विकेट पर 17 रन है।

07:29 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी शुरू

गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। ऋद्धिमान साहा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। मुंबई के लिए पहला ओवर अर्जुन तेंदुलकर ने किया। पहले ओवर के बाद गुजरात का स्कोर बिना किसी नुकसान के चार रन है।

07:07 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11

गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल, ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), विजय शंकर, हार्दिक पांड्या (कप्तान), अभिनव मनोहर, डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, मोहित शर्मा, राशिद खान, मोहम्मद शमी, नूर अहमद।
सब्सटीट्यूटः जोशुआ लिटिल, दासुन शनाका, शिवम मावी, रविश्रीनिवासन साई किशोर, श्रीकर भरत।

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, सूर्यकुमार यादव, टिम डेविड, नेहल वधेरा, कुमार कार्तिकेय, अर्जुन तेंदुलकर, राइली मेरेडिथ, पीयूष चावला, जेसन बेहरेनडॉर्फ।
सब्सटीट्यूटः रमनदीप सिंह, तिलक वर्मा, शम्स मुलानी, विष्णु विनोद, संदीप वारियर।


07:01 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी

मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में मुंबई की टीम दो बदलावों के साथ उतरी है। ऋतिक शौकीन की जगह कुमार कार्तिकेय को मौका दिया गया है। वहीं, जोफरा आर्चर इस मैच के लिए फिट नहीं हैं। उनकी जगह राइली मेरिडिथ को मौका दिया गया है। वहीं गुजरात की टीम जोश लिटिल की वापसी हुई है।

06:57 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: अच्छी लय में है गुजरात

अपने पहले ही आईपीएल सीजन में ट्रॉफी पर कब्जा जमाने वाली गुजरात की टीम दूसरे सीजन में भी शानदार लय में है। छह में चार मैच जीतकर यह टीम प्लेऑफ की रेस में मजबूती से बनी हुई है। इस मैच में जीत हासिल करने पर यह टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर आ जाएगी। वहीं, बड़ी जीत मिलने पर शीर्ष में भी पहुंच सकती है। गुजरात को कोलकाता और राजस्थान के खिलाफ करीबी हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस मैच में यह टीम इससे बचना चाहेगी।

06:54 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Live Score: अब तक मिला-जुला रहा है मुंबई का प्रदर्शन

इस सीजन मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। शुरुआती दो मैच हारने के बाद इस टीम ने लगातार तीन मुकाबले जीते, लेकिन अगले मैच में इस टीम को हार का सामना करना पड़ा। मुंबई के बल्लेबाज शानदार लय में हैं, लेकिन गेंदबाजी इस टीम की समस्या बनी हुई है। इस मैच में भी रोहित की कोशिश अपने गेंदबाजों का बेहतर इस्तेमाल करने की होगी।

06:15 PM, 25-Apr-2023

GT vs MI Highlights: गुजरात ने मुंबई को 55 रन से हराया, बड़े लक्ष्य के दबाव में मुंबई के बल्लेबाज फेल

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल में आज रोहित शर्मा की अगुआई वाली गुजरात टाइटंस का सामना रोहित शर्मा की मुंबई इंडियंस से है। दोनों टीमें अंक तालिका में बीच में हैं और इस मैच में जीत के साथ प्लेऑफ की तरफ मजबूती से कदम बढ़ाना चाहेंगी। गुजरात की टीम जीत के साथ इस मैच में आ रही है, वहीं मुंबई को पिछले मैच में हार मिली थी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें