मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को रोमांचक मैच में पांच रन से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 177 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 172 रन ही बना सकी। आखिरी ओवर में गुजरात को जीत के लिए नौ रन चाहिए थे, लेकिन टीम तीन रन ही बना सकी। आखिरी ओवर में डेनियल सैम्स ने गजब की गेंदबाजी की, जबकि उनके सामने डेविड मिलर और राहुल तेवतिया थे।
20वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन आया। दूसरी गेंद पर कोई रन नहीं बना। तीसरी गेंद पर दो रन लेने के चक्कर में तेवतिया रन आउट हो गए। चौथी गेंद पर राशिद खान ने एक रन लिया। पांचवीं और छठी गेंद पर सैम्स ने मिलर को कोई रन नहीं बनाने दिया। इस तरह मुंबई ने जीत हासिल की। टेबल टॉपर गुजरात के लिए यह हार चौंकाने वाली है, क्योंकि 12वें ओवर तक टीम ने 106 रन पर कोई विकेट नहीं गंवाया था। उसके बाद टीम चोक कर गई।
इस हार से गुजरात पर ज्यादा फर्क नहीं पड़ा। गुजरात की यह तीसरी हार रही और टीम अब भी 11 मैचों में आठ जीत के साथ टॉप पर है। उसके 16 अंक हैं। वहीं, मुंबई की टीम अब भी 10 मैचों में दो जीत के साथ आखिरी (10वें) स्थान पर है। इस जीत से भी मुंबई की टीम का प्लेऑफ में पहुंचना बेहद मुश्किल है। टीम को बाकी मैचों को जीतने के साथ ही बाकी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। वहीं, गुजरात की टीम लगभग प्लेऑफ में पहुंच चुकी है।
18 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस ने चार विकेट गंवाकर 158 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेविड मिलर और राहुल तेवतिया क्रीज पर हैं। कप्तान हार्दिक पांड्या रन आउट हुए। उन्हें ईशान किशन ने रन आउट किया। हार्दिक 14 गेंदों पर 24 रन बना सके। गुजरात को अब 12 गेंदों पर 20 रन की जरूरत है।
16 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस ने तीन विकेट गंवाकर 138 रन बना लिए हैं। फिलहाल गुजरात को 24 गेंदों पर 40 रन की जरूरत है। 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर साई सुदर्शन हिट विकेट हुए। वह इस सीजन हिट विकेट होने वाले पहले खिलाड़ी हैं। वहीं, ओवरऑल आईपीएल में वह इस तरह से आउट होने वाले 13वें खिलाड़ी हैं। इससे पहले मुसाविर खोटे, मिस्बाह उल हक, स्वप्निल आसनोदकर, रवींद्र जडेजा, सौरभ तिवारी, युवराज सिंह, दीपक हुड्डा, डेविड वॉर्नर, शेल्डन जैक्सन, रियान पराग, हार्दिक पांड्या और जॉनी बेयरस्टो हिट विकेट हो चुके हैं। क्रीज पर फिलहाल हार्दिक पांड्या और डेविड मिलर मौजूद हैं।
15 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस ने दो विकेट गंवाकर 130 रन बना लिए हैं। फिलहाल हार्दिक पांड्या आठ गेंदों पर 13 रन और साई सुदर्शन छह गेंदों पर सात रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। गुजरात को अब 30 गेंदों पर 48 रन की जरूरत है।
13वें ओवर में गुजरात टाइटंस को दो झटके लगे। मुरुगन अश्विन ने सबसे पहले शुभमन गिल को कीरोन पोलार्ड के हाथों कैच कराया। गिल 36 गेंदों पर 52 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में गिल ने छह चौके और दो छक्के लगाए। इसके बाद आखिरी गेंद पर ऋद्धिमान साहा को डेनियल सैम्स के हाथों कैच कराया। साहा 40 गेंदों पर 55 रन बना सके। इसमें छह चौके औ दो छक्के शामिल हैं। गुजरात को अब 42 गेंदों पर 67 रन की जरूरत है।
12 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस ने बिना कोई विकेट गंवाए 106 रन बना लिए हैं। मुंबई के गेंदबाज विकेट के लिए तरस गए हैं। वहीं, गुजरात के ओपनर्स ऋद्धिमान साहा और शुभमन गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जमाया। यह साहा के आईपीएल करियर का 10वां अर्धशतक रहा। वहीं, इस सीजन उन्होंने अब तक दो अर्धशतक लगाए हैं। शुभमन ने आईपीएल करियर का 13वां अर्धशतक लगाया। वहीं, इस सीजन उन्होंने तीसरा अर्धशतक लगाया।
गुजरात ने आठ ओवर के बाद बिना कोई विकेट गंवाए 73 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋद्धिमान साहा 27 गेंदों पर 40 रन और शुभमन गिल 21 गेंदों पर 32 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। यह दोनों कमाल की बल्लेबाजी कर रहे हैं और खराब गेंदों पर चौके-छक्के बटोर रहे हैं।
गुजरात ने छह ओवर के बाद बिना कोई विकेट गंवाए 54 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋद्धिमान साहा 23 गेंदों पर 37 रन और शुभमन गिल 13 गेंदों पर 16 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। जसप्रीत बुमराह ने दो ओवर में 26 रन लुटा दिए हैं। वहीं, मुरुगन अश्विन और राइली मेरेडिथ को भी खूब मार पड़ी है।
गुजरात टाइटंस के ओपनर्स शुभमन गिल और ऋद्धिमान साहा क्रीज पर हैं। दोनों ने दो ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 15 रन बना लिए हैं। साहा ने दूसरे ओवर में गेंदबाजी करने आए जसप्रीत बुमराह की छह गेंदों पर 14 रन बटोरे। इस ओवर में साहा ने दो चौके और एक छक्का लगाया। फिलहाल साहा 11 गेंदों पर 15 रन और शुभमन गिल शून्य पर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस के सामने 178 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की शुरुआत शानदार रही। कप्तान रोहित शर्मा अच्छे फॉर्म में दिखे। उन्होंने ईशान किशन के साथ मिलकर 74 रन की ओपनिंग साझेदारी की। रोहित अर्धशतक से चूक गए। वे 28 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्के की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद सूर्यकुमार यादव कुछ खास नहीं कर सके और 11 गेंदों पर 13 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ईशान किशन ने भी कुछ बड़े शॉट लगाए। वे 29 गेंदों पर 45 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में ईशान ने पांच चौके और एक छक्का लगाया।
कीरोन पोलार्ड एकबार फिर फेल रहे। वे 14 गेंदों पर चार रन बना सके। उन्हें राशिद खान ने क्लीन बोल्ड किया। तिलक वर्मा और टिम डेविड ने मुंबई की पारी संभालने की कोशिश की। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी निभाई। हालांकि, 19वें ओवर में मुंबई को दो झटके लगे। इस ओवर में तिलक वर्मा रन आउट हुए। वे 16 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद इसी ओवर में लोकी फर्ग्यूसन ने डेनियल सैम्स को राशिद खान के हाथों कैच कराया। आखिरी ओवर में टिम डेविड ने 13 रन बटोरे और मुंबई को छह विकेट पर 177 रन के स्कोर तक पहुंचाया। डेविड 21 गेंदों पर 44 रन बनाकर नाबाद रहे। गुजरात की ओर से राशिद ने दो विकेट झटके। वहीं, अल्जारी जोसेफ, फर्ग्यूसन और प्रदीप सांगवान को एक-एक विकेट मिला।
19वें ओवर में मुंबई इंडियंस को दो झटके लगे। गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने तिलक वर्मा को रन आउट किया। तिलक 16 गेंदों पर 21 रन बना सके। उन्होंने टिम डेविड के साथ 33 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद आखिरी गेंद पर लोकी फर्ग्यूसन ने डेनियल सैम्स को राशिद खान के हाथों कैच कराया। सैम्स खाता भी नहीं खोल सके। फिलहाल टिम डेविड और मुरुगन अश्विन क्रीज पर हैं। 19 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर छह विकेट पर 164 रन है।
15वें ओवर में मुंबई की टीम को चौथा झटका लगा। राशिद खान ने कीरोन पोलार्ड को क्लीन बोल्ड किया। पोलार्ड 14 गेंदों पर चार रन बना सके। फिलहाल टिम डेविड और तिलक वर्मा क्रीज पर हैं। 15वें ओवर के बाद मुंबई का स्कोर चार विकेट पर 120 रन है।
14 ओवर के बाद मुंबई इंडियंस ने तीन विकेट गंवाकर 119 रन बना लिए हैं। फिलहाल कीरोन पोलार्ड नौ गेंदों पर चार रन और तिलक वर्मा सात गेंदों पर नौ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। पिछले पांच ओवर में मुंबई ने 32 रन बनाए हैं और दो विकेट गंवाए हैं। रोहित शर्मा 43 रन, सूर्यकुमार 13 रन और ईशान 45 रन बनाकर आउट हुए।
मुंबई इंडियंस ने 12 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 111 रन बना लिए हैं। फिलहाल तिलक वर्मा और कीरोन पोलार्ड क्रीज पर हैं। इस ओवर में ईशान किशन का विकेट गुजरात को मिला। ईशान अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने 29 गेंदों पर 45 रन की पारी खेली। इसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल है। ईशान को अल्जारी जोसेफ ने राशिद खान के हाथों कैच कराया। इससे पहले रोहित शर्मा 28 गेंदों पर 43 रन और सूर्यकुमार यादव 11 गेंदों पर 13 रन बनाकर आउट हुए। अल्जारी के अलावा राशिद और प्रदीप सांगवान को एक-एक विकेट मिला।
11 ओवर के बाद मुंबई इंडियंस ने दो विकेट गंवाकर 105 रन बना लिए हैं। फिलहाल ईशान किशन 24 गेंदों पर 40 रन और तिलक वर्मा तीन गेंदों पर छह रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इसी ओवर में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज प्रदीप सांगवान ने मुंबई को दूसरा झटका दिया। उन्होंने सूर्यकुमार यादव को राशिद खान के हाथों कैच कराया। सूर्यकुमार ने 11 गेंदों पर 13 रन की पारी खेली।
आठवें ओवर में 74 के स्कोर पर मुंबई इंडियंस को पहला झटका लगा। कप्तान रोहित शर्मा अर्धशतक से चूक गए। वे 28 गेंदों पर 43 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें राशिद खान ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। अपनी पारी में रोहित ने पांच चौके और दो छक्के लगाए। आठ ओवर के बाद मुंबई का स्कोर एक विकेट पर 76 रन है। फिलहाल ईशान किशन 18 गेंदों पर 29 रन और सूर्यकुमार यादव एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
मुंबई इंडियंस की शुरुआत शानदार रही है। छह ओवर के बाद टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 63 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा 24 गेंदों पर 42 रन और ईशान किशन 12 गेंदों पर 19 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। यह आईपीएल 2022 में मुंबई का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है। वहीं, यह गुजरात के खिलाफ दूसरा सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है।
चार ओवर के बाद मुंबई इंडियंस ने बिना कोई विकेट गंवाए 40 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा 18 गेंदों पर 33 रन और ईशान किशन छह गेंदों पर छह रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। रोहित शानदार फॉर्म में लग रहे हैं। उन्होंने कुछ शानदार छक्के लगाए हैं।
मुंबई इंडियंस के ओपनर्स रोहित शर्मा और ईशान किशन क्रीज पर हैं। दोनों ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई है। दो ओवर के बाद मुंबई ने बिना कोई विकेट गंवाए 19 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित 10 गेंदों पर 16 रन और ईशान किशन दो गेंदों पर दो रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। रोहित मैच में अच्छे टच में दिख रहे हैं।
मुंबई के चार विदेशी खिलाड़ी टिम डेविड, कीरोन पोलार्ड, डेनियल सैम्स और राइली मेडेडिथ हैं। वहीं, गुजरात के चार विदेशी खिलाड़ी डेविड मिलर, राशिद खान, लोकी फर्ग्यूसन और अल्जारी जोसेफ हैं।
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, टिम डेविड, कीरोन पोलार्ड, डेनियल सैम्स, मुरुगन अश्विन, कुमार कार्तिकेय, जसप्रीत बुमराह, राइली मेरेडिथ।
गुजरात टाइटंस: ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), शुभमन गिल, साई सुदर्शन, हार्दिक पांड्या (कप्तान), डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, प्रदीप सांगवान, लोकी फर्ग्यूसन, अल्जारी जोसेफ, मोहम्मद शमी।
गुजरात की प्लेइंग-11
मुंबई इंडियंस के खिलाफ गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी है। गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया। ऑलराउंडर ऋतिक शौकीन की जगह लेग स्पिनर मुरुगन अश्विन की टीम में वापसी हुई है।
सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी विभाग में मुंबई के स्टार रहे हैं, वर्ना बल्लेबाजी में एकजुटता की कमी दिखी है। रोहित और ईशान का टूर्नामेंट में खराब फॉर्म जारी है, जबकि कीरोन पोलार्ड अब तक सत्र में अपनी ‘फिनिशर’ की भूमिका से न्याय नहीं कर पाए हैं। गेंदबाजी विभाग में मुंबई की टीम अपने सर्वश्रेष्ठ के करीब नहीं दिखती।
जसप्रीत बुमराह भले ही किफायती रहे हों लेकिन विकेट नहीं झटक सके हैं। डेनियल सैम्स और राइली मेरेडिथ ने बीच-बीच में अच्छा प्रदर्शन किया है और बुमराह को छोड़कर मुंबई के पास कोई भरोसेमंद गेंदबाज नहीं है।
मुंबई इंडियंस की बात की जाए तो वह तालिका में अंतिम स्थान पर है और लगातार आठ हार के बाद पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है लेकिन रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम ने राजस्थान रॉयल्स पर पांच विकेट की जीत दर्ज करके राहत की सांस ली होगी जो टूर्नामेंट में उसकी पहली जीत थी।
हार्दिक गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी का स्तंभ रहे हैं लेकिन वह लगातार दो मैचों में असफल रहे इसलिए वह बड़ी पारी खेलने के लिए बेताब होंगे। मिलर तथा छक्के जड़ने के महारथी तेवतिया और राशिद भी विफलता के बाद खुद को साबित करने के लिए बेकरार होंगे। मोहम्मद शमी, लॉकी फर्ग्यूसन, अल्जारी जोसफ और राशिद की मौजूदगी से गुजरात टाइटंस के पास इस साल के आईपीएल में सबसे खतरनाक आक्रमण मौजूद हैं।
पिछले मैच में रन लुटाने के बावजूद शमी ने नई गेंद से बेहतरीन प्रदर्शन किया है जबकि फर्ग्यूसन की अतिरिक्त तेजी हासिल करने की काबिलियत किसी भी बल्लेबाजी क्रम के लिए चिंता का विषय होगी। राशिद भी गेंदबाजी में काफी किफायती रहे हैं लेकिन विकेट झटकने में ज्यादा सफल नहीं रहे हैं जो टीम के लिए चिंता का विषय होगा।
युवा शुभमन गिल ओपनिंग में उम्मीदों पर खरा उतरने में विफल रहे हैं, जबकि मैथ्यू वेड की जगह उतारे गए अनुभवी ऋद्धिमान साहा ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन इसे जारी नहीं रख सके। युवा बी साई सुदर्शन ने पिछले मैच में 50 गेंद में 65 रन की पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया था। पंजाब के खिलाफ पिछले मैच में कप्तान हार्दिक पंड्या, डेविड मिलर, राहुल तेवतिया और राशिद खान भी नहीं चल सके थे।
अंक तालिका में शीर्ष पर काबिज गुजरात प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी मुंबई इंडियंस के खिलाफ प्लेऑफ में अपना स्थान सुनिश्चित करने के लिए उतरेगी। गुजरात टाइटंस को पिछले मैच में पंजाब किंग्स से आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा जिससे उसकी पांच मैचों की जीत की लय टूट गई। हार के बावजूद गुजरात टाइटंस 10 टीमों की तालिका में 10 मैचों में 16 अंक लेकर शीर्ष पर काबिज है और शुक्रवार को जीत से वह प्लेऑफ में स्थान पक्का करने वाली पहली टीम बन जाएगी।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2022 के 51वें मैच में आज पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (एमआई) का सामना गुजरात टाइटंस (जीटी) से है। दोनों टीमों के बीच यह पहली भिड़ंत है। हार्दिक इस सीजन से पहले तक मुंबई की टीम से ही खेलते थे। ऐसे में मुंबई के कप्तान रोहित से उनकी टक्कर देखने लायक होगी। मुंबई की टीम इस वक्त अंक तालिका में सबसे नीचे है। वहीं, गुजरात की टीम फिलहाल अंक तालिका में शीर्ष पर है। मुंबई की टीम अगर एक भी मैच हारती है, तो प्लेऑफ की रेस से आधिकारिक तौर पर बाहर हो जाएगी।