कोलकाता नाइट राइडर्स ने गुजरात टाइटंस को तीन विकेट से हराकर मैच अपने नाम कर लिया है। आखिरी ओवर में इस टीम को जीत के लिए 29 रन की जरूरत थी और रिंकू सिंह ने लगातार पांच छक्के लगाकर अपनी टीम को जीत दिला दी। उन्होंने 21 गेंद में 48 रन की शानदार पारी खेली।
इस मैच में गुजरात ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट खोकर 204 रन बनाए थे। गुजरात के लिए विजय शंकर ने नाबाद 63, साई सुदर्शन ने 53 और शुभमन गिल ने 39 रन की पारी खेली। वहीं, कोलकाता के लिए सुनील नरेन ने तीन और सुयश शर्मा ने एक विकेट लिया। इसके जवाब में कोलकाता ने खराब शुरुआत की और 28 रन पर दो विकेट खो दिए। इसके बाद वेंकटेश अय्यर और नीतीश राणा ने शतकीय साझेदारी कर मैच में अपनी टीम की वापसी कराई। वेंकटेश अय्यर 83 रन बनाकर आउट हुए। नीतीश राणा ने 45 रन बनाए। वहीं, रिंकू सिंह ने आखिरी ओवर में पांच छक्के लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। गुजरात के लिए राशिद खान ने 17वें ओवर में हैट्रिक ली थी, लेकिन उनकी हैट्रिक बेकार गई। अल्जारी जोशेप ने दो, जोशुआ लिटिल और मोहम्मद शमी ने एक-एक विकेट लिए।
मैच का रोमांच
इस मैच ने कई बार करवट बदली। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए धीमी शुरुआत की थी। 18 ओवर तक इस टीम का स्कोर चार विकेट पर 159 रन था। इसके बाद विजय शंकर की तूफानी पारी के चलते गुजरात ने दो ओवर 45 रन बनाए और कोलकाता के सामने 205 रन का लक्ष्य रखा। शंकर 24 गेंद पर 63 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके जवाब में कोलकाता ने 28 रन पर दो विकेट गंवा दिए और ऐसा लगा कि यह टीम आसानी से मैच हार जाएगी। इसके बाद वेंकटेश अय्यर और नीतीश राणा ने शतकीय साझेदारी कर मैच में अपनी टीम की वापसी कराई।
15 ओवर में कोलकाता ने तीन विकेट पर 149 रन बना लिए थे। वेंकटेश 79 रन बनाकर खेल रहे थे और कोलकाता को जीत के लिए 30 गेंद में 56 रन की जरूरत थी। ऐसे में लग रहा थी कि यह टीम आसानी से लक्ष्य का पीछा कर लेगी। हालांकि, इसके बाद मैच पलटा। अल्जारी जोशेप ने वेंकटेश को 83 रन के स्कोर पर आउट किया और अगले ओवर में राशिद खान ने हैट्रिक ले ली। उन्होंने आद्रे रसेल, सुनील नरेन और शार्दुल ठाकुर को आउट कर मैच पलट दिया। अब गुजरात की जीत तय नजर आ रही थी। 19 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर सात विकेट पर 176 रन था। रिंकू सिंह 16 गेंद में 18 और उमेश यादव पांच गेंद में चार रन बनाकर खेल रहे थे। ऐसे में गुजरात की जीत तय दिख रही थी, लेकिन यश दयाल के आखिरी ओवर की पहली गेंद में उमेश यादव ने एक रन लिया और बाकी पांच गेंदों में रिंकू सिंह ने पांच छक्के जड़ दिए। इसके साथ ही कोलकाता की टीम मैच तीन विकेट से जीत गई।
राशिद खान ने कोलकाता की पारी के 17वें ओवर में हैट्रिक लेकर मैच पलट दिया है। उन्होंने शार्दुल ठाकुर को अपना तीसरा शिकार बनाया। राशिद ने शार्दुल को विकेटों के सामने फंसाया और आईपीएल में अपनी पहली हैट्रिक पूरी की। यह आईपीएल 2023 की पहली हैट्रिक भी है। 17 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर सात विकेट पर 157 रन है। रिंकू सिंह और उमेश यादव क्रीज पर हैं। अब इस टीम के लिए जीत हासिल करना बेहद मुश्किल होगा।
155 रन के स्कोर पर कोलकाता नाइट राइडर्स का छठा विकेट गिर चुका है। राशिद खान ने सुनील नरेन को पहली गेंद पर ही जयंद यादव के हाथों कैच कराया। अब कोलकाता के लिए लक्ष्य का पीछा करना बेहद मुश्किल होगा।
155 रन के स्कोर पर कोलकाता का पांचवां विकेट गिरा है। आंद्रे रसेल दो गेंद में एक रन बनाकर आउट हो चुके हैं। राशिद खान ने उन्हें विकेटकीपर श्रीकर भरत के हाथों कैच कराया। अब कोलकाता की टीम मुश्किल में फंस चुकी है।
154 रन के स्कोर पर कोलकाता नाइट राइडर्स का चौथा विकेट गिरा है। वेंकटेश अय्यर 40 गेंद में 83 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। अल्जारी जोशेप ने उन्हें शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। वेंकटेश ने अपनी पारी में पांच छक्के और आठ चौके लगाए। अब रिंकू सिंह के साथ आंद्रे रसेल क्रीज पर हैं। 16 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर चार विकेट पर 155 रन है। आखिरी चार ओवर में इस टीम को जीत के लिए 50 रन की जरूरत है।
वेंकटेश अय्यर इस मैच में शानदार लय में दिख रहे हैं। वह तेजी से अपने शतक के करीब पहुंच रहे हैं। उनकी शानदार पारी के चलते कोलकाता का स्कोर 15 ओवर में तीन विकेट पर 149 रन हो चुका है। अब इस टीम को जीत के लिए 30 गेंद में 56 रन की जरूरत है। अय्यर 79 और रिंकू दो रन बनाकर खेल रहे हैं।
128 रन के स्कोर पर कोलकाता नाइट राइडर्स को तीसरा झटका लगा है। कप्तान नीतीश राणा 29 गेंद में 45 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में तीन छक्के और चार चौके लगाए। अल्जारी जोशेप ने उन्हें मोहम्मद शमी के हाथों कैच कराया। नीतीश राणा ने वेंकटेश अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी की। अब वेंकटेश अय्यर के साथ रिंकू सिंह क्रीज पर हैं। 14 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर तीन विकेट पर 132 रन है।
दो विकेट के नुकसान पर कोलकाता नाइट राइडर्स का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। नीतीश राणा और वेंकटेश अय्यर के बीच शानदार साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज शानदार लय में दिख रहे हैं और कोलकाता की टीम को लक्ष्य के करीब ले जा रहे हैं। 13 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर दो विकेट पर 128 रन है।
नीतीश राणा और वेंकटेश अय्यर के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों ने 30 गेंद में 50 रन जोड़े हैं। दोनों ही बल्लेबाज अच्छी लय में दिख रहे हैं और अच्छे स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। अय्यर अर्धशतक के करीब पहुंच चुके हैं। 10 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर दो विकेट पर 86 रन है।
दो विकेट के नुकसान पार कोलकाता नाइट राइडर्स का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। वेंकटेश अय्यर और नीतीश राणा के बीच अच्छी साझेदारी हो रही है। दोनों अच्छी लय में दिख रहे हैं और तेजी से रन बना रहे हैं। आठ ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर दो विकेट पर 68 रन हो चुका है।
कोलकाता नाइटराइडर्स ने 205 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पावरप्ले में 43 रन बनाए। वेंकटेश अय्यर अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और अपनी टीम को मैच में बनाए हुए हैं। वहीं, कप्तानी नीतीश राणा एक छोर संभालकर खेल रहे हैं।
205 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स ने बेहद खराब शुरुआत की है। 28 रन के स्कोर पर टीम के दो विकेट गिर चुके हैं। दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलिय लौट चुके हैं। जोशुआ लिटिल ने नरायण जगदीशन को आउट कर कोलकाता को दूसरा झटका दिया। जगदीशन ने आठ गेंद में छह रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका लगाया। अभिनव मनोहर ने उनका कैच पकड़ा।
205 रन के बड़े स्कोर का पीछा करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत बेहद खराब रही है। टीम के सलामी बल्लेबाज रहमनुल्लाह गुरबाज 12 गेंद में 15 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया। 20 रन के स्कोर पर पहला विकेट गंवाने के बाद कोलकाता की टीम मुश्किल में आ गई है। अब नरायण जगदीशन के साथ वेंकटेश अय्यर क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर एक विकेट पर 26 रन है।
205 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। आज रहमनुल्लाह गुरबाज के साथ नरायण जगदीशन ने पारी की शुरुआत की है। गुजरात के लिए मोहम्मद शमी ने पहला ओवर किया। कोलकाता ने पहले ओवर में दो रन बनाए। इन दोनों को पावरप्ले में अच्छी गति से रन बनाने होंगे और अपनी टीम को अच्छी शुरुआत देनी होगी।
गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता नाइटराइडर्स के सामने 205 रन का विशाल लक्ष्य रखा है। गुजरात ने चार विकेट खोकर 204 रन बनाए। इस टीम के लिए विजय शंकर ने आखिर ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और 24 गेंद पर 63 रन की तूफानी पारी खेली। शंकर ने अपनी पारी में पांच छक्के और चार चौके लगाए। उनसे पहले साई सुदर्शन ने 53 और शुभमन गिल ने 39 रन की पारी खेली। कोलकाता के लिए सुनील नरेन ने तीन विकेट झटके। वहीं, सुयश शर्मा को एक विकेट मिला।
विजय शंकर ने आखिरी के ओवरों में तूफानी अंदाज में रन बनाए हैं। उन्होंने 21 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है और गुजरात का स्कोर 200 रन के करीब ले गए हैं। उनकी शानदार पारी के चलते गुजरात की टीम बेहतरीन स्कोर तक पहुंच चुकी है।
विजय शंकर ने आखिरी के ओवरों में तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की है। वह अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं और गुजरात का स्कोर चार विकेट पर 180 रन के पार जा चुका है।
153 रन के स्कोर पर गुजरात टाइटंस का चौथा विकेट गिरा है। साई सुदर्शन 38 गेंद में 53 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। सुनील नरेन ने उन्हें अनुकूल रॉय के हाथों कैच कराया। अब डेविड मिलर और विजय शंकर के कंधों पर तेजी से रन बनाने की जिम्मेदारी है।
तीन विकेट के नुकसान पर गुजरात टाइटंस का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। साई सुदर्शन और विजय शंकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है और अब ये दोनों तेजी से रन बनाकर अपनी टीम को अच्छे स्कोर तक ले जाना चाहेंगे।
साई सुदर्शन ने 34 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अब तक अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए हैं। लगातार दूसरी पारी में उन्होंने अर्धशतक लगाया है। विजय शंकर के साथ अच्छी साझेदारी कर उन्होंने अपनी टीम को बेहतर स्थिति में पहुंचा दिया है।
साई सुदर्शन ने इस मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी की है। वह अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं और गुजरात का स्कोर तीन विकेट पर 150 रन के पास पहुंच गया है। 16 ओवर में गुजरात ने 144 रन बनाए हैं।
118 रन के स्कोर पर गुजरात टाइटंस का तीसरा विकेट गिरा है। सुयश शर्मा ने अभिनव मनोहर को क्लीन बोल्ड किया। उन्होंने आठ गेंद में 14 रन बनाए। अब विजय शंकर और साई सुदर्शन क्रीज पर हैं। गुजरात का स्कोर 14 ओवर के बाद तीन विकेट पर 121 रन है।
100 रन के स्कोर पर गुजरात टाइटंस का दूसरा विकेट गिरा है। शुभमन गिल 31 गेंद में 39 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके लगाए। सुनील नरेन ने उन्हें उमेश यादव के हाथों कैच कराया। 12 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर दो विकेट पर 102 रन है। साई सुदर्शन और अभिनव मनोहर क्रीज पर हैं।
शुभमन गिल और साई सुदर्शन के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज अच्छी लय में दिख रहे हैं। इन दोनों ने गुजरात का स्कोर एक विकेट पर 90 रन के पार पहुंचा दिया है। गिल अपने अर्धशतक के करीब पहुंच चुके हैं।
गुजरात का पहला विकेट गिरने के बाद शुभमन गिल और साई सुदर्शन के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है। दोनों अच्छी लय में दिख रहे हैं और बड़ी साझेदारी कर अपनी टीम को अच्छे स्कोर तक ले जाना चाहेंगे।
एक विकेट के नुकसान पर गुजरात टाइटंस का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। शुभमन गिल और साई सुदर्शन क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी लय में दिख रहे हैं। गुजरात ने पावरप्ले में एक विकेट खोकर 54 रन बनाए हैं।
33 रन के स्कोर पर गुजराट टाइटंस का पहला विकेट गिरा है। ऋद्धिमान साहा 17 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। सुनील नरेन ने उन्हें नरायण जगदीसन के हाथों कैच कराया। साहा ने अपनी पारी में तीन चौके लगाए। अब शुभमन गिल के साथ साई सुदर्शन क्रीज पर हैं।
गुजरात की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। ऋद्धिमान साहा और शुभमनल गिल की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। दोनों ने अच्छी शुरुआत की है। तीन ओवर के बाद गुजरात का स्कोर बिना किसी नुकसान के 24 रन है।
गुजरात टाइटंस: ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), शुभमन गिल, साई सुदर्शन, विजय शंकर, डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, अभिनव मनोहर, राशिद खान (कप्तान), मोहम्मद शमी, अल्जारी जोसेफ, यश दयाल।
सबस्टीट्यूटः जोशुआ लिटिल, जयंत यादव, मोहित शर्मा, मैथ्यू वेड, श्रीकर भरत।
कोलकाता नाइट राइडर्सः रहमनुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), एन जगदीसन, नीतीश राणा (कप्तान), रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, सुनील नारायण, शार्दुल ठाकुर, सुयश शर्मा, लॉकी फर्ग्यूसन, उमेश यादव, वरुण चक्रवर्ती।
सबस्टीट्यूटः मनदीप सिंह, वैभव अरोड़ा, अनुकूल रॉय, वेंकटेश अय्यर, डेविड विसे।
गुजरात टाइटंस के कप्तान राशिद खान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। इस टीम के नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या यह मैच नहीं खेल रहे हैं। उनकी तबीयत ठीक नहीं है। गुजरात की टीम में एक बदलाव हुआ है। हार्दिक पांड्या की जगह विजय शंकर को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, कोलकाता की टीम में दो बदलाव किए गए हैं। टिम साउदी की जगह लॉकी फर्ग्यूसन और मनदीप सिंह की जगह नरायण जगदीसन को टीम में शामिल किया गया है।
कोलकाता नाइट राइडर्स को पहले मैच में पंजाब के खिलाफ डकवर्थ लुईस नियम के तहत सात रन से हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, दूसरे मैच में इस टीम ने आरसीबी को 81 रन से हराया।
गुजरात टाइटंस की टीम टूर्नामेंट में अपने शुरुआती दो मुकाबले जीत चुकी है। पहले मैच में इस टीम ने चेन्नई सुपरकिंग्स को पांच विकेट से हराया था। वहीं, दूसरे मैच में दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से मात दी थी। अब इस टीम की कोशिश लगातार तीसरी जीत हासिल कर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचने की होगी।
मस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल में आज दो मुकाबले होने हैं। पहला मैच गुजरात टाइटंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच है। गुजरात की टीम लगातार तीसरी जीत हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। वहीं, कोलकाता की कोशिश दूसरी जीत हासिल करने पर होगी।