फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GT vs DC Highlights: गुजरात टाइटंस ने सात विकेट से जीता मुकाबला, बटलर 97 रन बनाकर नाबाद लौटे

Sat, 19 Apr 2025 07:41 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

खास बातें

GT vs DC Indian Premier League 2025: गुजरात टाइटंस ने जोस बटलर और शेरफाने रदरफोर्ड के बीच शतकीय साझेदारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स को सात विकेट से हराया। बटलर हालांकि, शतक पूरा नहीं कर सके और 97 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। 
विज्ञापन
जोस बटलर - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:40 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: गुजरात सात विकेट से जीता

जोस बटलर और शेरफाने रदरफोर्ड की शानदार साझेदारी की मदद से गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को सात विकेट से हराया। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 203 रन बनाए थे। जवाब में बटलर ने 54 गेंदों पर 11 चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 97 रन बनाए जिससे गुजरात ने 19.2 ओवर में तीन विकेट पर 204 रन बनाकर मैच जीत लिया। गुजरात की ओर से राहुल तेवतिया ने चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई। हालांकि, बटलर शतक लगाने से चूक गए। 

लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और उसने जल्द ही कप्तान शुभमन गिल का विकेट गंवा दिया था। गिल सात रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके बाद साई सुदर्शन और बटलर ने दूसरे विकेट के लिए 60 रन जोड़े और टीम को संभाला। सुदर्शन अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 21 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 36 रन बनाकर आउट हुए। फिर बटलर और रदरफोर्ड ने बेहतरीन बल्लेबाजी कर दिल्ली के गेंदबाजों को जमकर परेशान किया। बटलर और रदरफोर्ड ने तीसरे विकेट के लिए 119 रनों की साझेदारी की।  

रदरफोर्ड इस मैच में इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे थे और अंत में मुकेश कुमार की गेंद पर आउट हुए। रदरफोर्ड ने 34 गेंदों पर एक चौका और तीन छक्कों की मदद से 43 रन बनाए। रदरफोर्ड के आउट होने के बाद मैच रोमांचक स्थिति में पहुंच गया था। गुजरात को आखिरी ओवर में जीत के लिए 10 रन की जरूरत थी और क्रीज पर तेवतिया मौजूद थे। तेवतिया ने मिचेल स्टार्क की पहली गेंद पर छक्का लगाया और दूसरे गेंद पर चौका जड़कर मैच खत्म कर दिया। तेवतिया तीन गेंदों पर 11 रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली के लिए कुलदीप यादव और मुकेश कुमार को एक-एक विकेट मिले। 

07:35 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: गुजरात को तीसरा झटका

गुजरात टाइटंस को शेरफाने रदरफोर्ड के रूप में तीसरा झटका लगा है। रदरफोर्ड और बटलर के बीच तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हुई। रदरफोर्ड 34 गेंदों पर एक चौका और तीन छक्के की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। गुजरात ने 19 ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 194 रन बना लिए हैं। उसे अब जीत के लिए छह गेंद पर 10 रन बनाने हैं। 

07:17 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: गुजरात का स्कोर 160 के पार

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ गुजरात टाइटंस का स्कोर 160 रन के पार पहुंच गया है। बटलर और रदरफोर्ड के बीच 90 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। गुजरात ने 16 ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 165 रन बना लिए हैं। 

विज्ञापन
06:57 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: बटलर का अर्धशतक

गुजरात टाइटंस के बल्लेबाज जोस बटलर ने 32 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने रदरफोर्ड के साथ तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी कर ली है। गुजरात ने 13 ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 128 रन बनाए हैं। 

06:52 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: गुजरात का स्कोर 100 के पार

गुजरात टाइटंस का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। गुजरात ने 12 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 110 रन बना लिए हैं। क्रीज पर जोस बटलर के साथ शेरफाने रदरफोर्ड मौजूद हैं। रदरफोर्ड इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे हैं। 

विज्ञापन
06:32 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: साई सुदर्शन आउट

गुजरात टाइटंस को साई सुदर्शन के रूप में दूसरा झटका लगा है। सुदर्शन और बटलर के बीच अच्छी साझेदारी चल रही थी, लेकिन सुदर्शन 21 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 36 रन बनाकर आउट हुए। 

06:26 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: गुजरात का स्कोर 65 के पार

दिल्ली के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात ने छह ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 67 रन बना लिए हैं। बटलर और सुदर्शन के बीच दूसरे विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी भी पूरी हो चुकी है। 

06:16 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: गुजरात का स्कोर 40 के पार

गुजरात टाइटंस का स्कोर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 40 के पार पहुंच गया है। गुजरात ने गिल का विकेट जल्दी गंवा दिया था, लेकिन साई सुदर्शन और जोस बटलर ने टीम को संभाले रखा जिससे गुजरात का स्कोर चार ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 41 रन है। 

06:01 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: गुजरात को लगा पहला झटका

गुजरात टाइटंस को कप्तान शुभमन गिल के रूप में पहला झटका लगा। गिल पांच गेंदों पर एक चौके की मदद से सात रन बनाकर आउट हुए। 

05:53 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: गुजरात की पारी शुरू

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। दिल्ली ने गुजरात के सामने जीत के लिए 204 रनों का लक्ष्य रखा है। गुजरात के लिए कप्तान शुभमन गिल के साथ साई सुदर्शन बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं। 

05:37 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: दिल्ली की पारी समाप्त

दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात टाइटंस के सामने जीत के लिए 204 रनों का लक्ष्य रखा है। गुजरात ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का लिया था और दिल्ली ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 203 रन बनाए। दिल्ली ने इस मैच के लिए जैक फ्रेजर मैकगर्क को प्लेइंग-11 में मौका नहीं दिया था और अभिषेक पोरेल के साथ करुण नायर पारी की शुरुआत करने आए। अभिषेक ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन अरशद खान ने पोरेल को आउट किया। पोरेल नौ गेंदों पर 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 

दिल्ली के लिए कप्तान अक्षर पटेल ने सबसे ज्यादा 39 रन बनाए। हालांकि, अंत में आशुतोष शर्मा ने 19 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 37 रन बनाए जिससे टीम 200 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रही। गुजरात की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी की और चार ओवर में 41 रन देकर चार विकेट लिए। प्रसिद्ध फिलहाल पर्पल कैप की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने पोरेल और केएल राहुल के विकेट जल्दी गंवा दिए थे। केएल राहुल 10 साल बाद आईपीएल में तीसरे स्थान पर बल्लेबाजी करने उतरे, लेकिन 28 रन बनाकर आउट हुए। 

इसके बाद करुण नायर भी 18 गेंदों पर 31 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कप्तान अक्षर ने फिर ट्रिस्टन स्टब्स के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी निभाई, लेकिन सिराज ने स्टब्स को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। स्टब्स 21 गेंदों पर 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे। मिचेल स्टार्क दो रन और कुलदीप यादव चार बनाकर नाबाद लौटे। 

05:25 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: दिल्ली को सातवां झटका

ईशांत शर्मा ने डोनोवान फेरेरा को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को सातवां झटका दिया। फेरेरा इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे थे, लेकिन एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 

05:16 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: विपराज पवेलियन लौटे

प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए लगातार दूसरी गेंद पर विकेट लिया। प्रसिद्ध ने पहले अक्षर पटेल को आउट किया और फिर विपराज को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। हालांकि, वह हैट्रिक पूरी नहीं कर सके। 

05:14 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: अक्षर पटेल आउट

प्रसिद्ध कृष्णा ने अक्षर पटेल को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को पांचवां झटका दिया। अक्षर अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 32 गेंदों पर एक चौका और दो छक्के की मदद से 38 रन बनाकर आउट हो गए। 

05:07 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: दिल्ली का स्कोर 160 के पार

दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 160 के पार पहुंच गया है। गुजरात के खिलाफ दिल्ली ने 16 ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 163 रन बना लिए हैं। कप्तान अक्षर पटेल क्रीज पर टिके हुए हैं। 

04:51 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: स्टब्स पवेलियन लौटे

मोहम्मद सिराज की गेंद पर ट्रिस्टन स्टब्स पवेलियन लौट गए हैं जिससे अक्षर पटेल के साथ उनकी साझेदारी टूट गई है। स्टब्स और अक्षर के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही थी, लेकिन स्टब्स आसान सा कैच थमाकर आउट हो गए। स्टब्स ने 21 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 31 रन बनाए। 

04:46 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: स्टब्स-अक्षर के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

कप्तान अक्षर पटेल और ट्रिस्टन स्टब्स के बीच चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। इन दोनों बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की मदद से दिल्ली ने 14 ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट पर 146 रन बना लिए हैं। 

04:32 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: दिल्ली का स्कोर 110 के पार

दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर गुजरात टाइटंस के खिलाफ 110 के पार पहुंच गया है। गुजरात ने दिल्ली को तीन झटके दिए हैं, लेकिन टीम 11 ओवर में तीन विकेट पर 111 रन बनाने में सफल रही है। 

04:18 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: करुण पवेलियन लौटे

प्रसिद्ध कृष्णा ने करुण नायर को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को तीसरा झटका दिया है। करुण इस मैच में ओपनिंग के लिए उतरे थे और 18 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 31 रन बनाकर आउट हुए। 

04:06 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: पावरप्ले समाप्त

दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर पावरप्ले समाप्त होने के बाद 70 के पार पहुंच गया है। गुजरात ने पावरप्ले में दिल्ली को दो झटके दिए, लेकिन टीम स्कोर 70 के पार पहुंचाने में सफल रही। दिल्ली ने छह ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 73 रन बनाए हैं। करुण नायर और अक्षर पटेल फिलहाल क्रीज पर मौजूद हैं। 

03:58 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: दिल्ली को लगा दूसरा झटका

प्रसिद्ध कृष्णा ने केएल राहुल को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को दूसरा झटका दिया है। राहुल 14 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए। 

03:54 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: दिल्ली का स्कोर 50 के पार

गुजरात टाइटंस के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 50 रन के पार पहुंच गया है। दिल्ली को भले ही अभिषेक पोरेल के रूप में पहला झटका लगा, लेकिन केएल राहुल और करुण नायर ने दिल्ली की पारी को संभाला। दिल्ली ने चार ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 52 रन बनाए हैं। 

03:41 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: दिल्ली को पहला झटका

दिल्ली कैपिटल्स को अभिषेक पोरेल के रूप में पहला झटका लगा है। अरशद खान की गेंद पर अभिषेक सिराज को कैच थमा बैठे। पोरेल नौ गेंदों पर तीन चौका और एक छक्के की मदद से 18 रन बनाकर आउट हुए। 

03:31 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: दिल्ली की बल्लेबाजी शुरू

गुजरात टाइटंस के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। गुजरात ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। दिल्ली की ओर से करुण नायर और अभिषेक पोरेल उतरे हैं। 

03:07 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

दिल्ली कैपिटल्सः अभिषेक पोरेल, करुण नायर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, मोहित शर्मा, मुकेश कुमार। 
इम्पैक्ट प्लेयरः जैक फ्रेजर मैकगर्क, दर्शन नालकंडे, समीर रिजवी, डोनोवान फरेरा, दुश्मंता चमीरा। 

गुजरात टाइटंसः साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अरशद खान, आर साई किशोर, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, ईशांत शर्मा।
इम्पैक्ट प्लेयरः शेरफाने रदरफोर्ड, महिपाल लोमरोर, अनुज रावत, वाशिंगटन सुंदर, करीम जनत।  

03:01 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: गुजरात ने जीता टॉस

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। गुजरात टाइटंस ने मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। गिल ने टॉस के दौरान बताया कि टीम के तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा 10 दिनों के बाद टीम से जुड़ सकते हैं। 

02:43 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: दोनों टीमों में बेहतरीन स्पिनर्स मौजूद

घरेलू क्रिकेट में गुजरात के लिए खेलने वाले दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल अपने घरेलू मैदान पर छाप छोड़ना चाहेंगे। दोनों टीमों के पास बेहतरीन स्पिन गेंदबाज हैं। गुजरात के पास साई किशोर और राशिद खान हैं तो दिल्ली की टीम में कुलदीप यादव और विपराज निगम हैं। कुलदीप का खेलना अभी तय नहीं है क्योंकि पिछले मैच में उनके कंधे पर चोट लगी थी और उनकी फिटनेस पर कोई अपडेट नहीं है।

02:34 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: सिराज बरपा रहे कहर

दूसरी ओर बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में औसत प्रदर्शन और चैंपियंस ट्रॉफी विजेता भारतीय टीम से बाहर रहने के बाद सिराज ने ब्रेक में अपनी कमियों पर काफी मेहनत की है और नतीजे सामने हैं। सिराज अभी तक 8.50 की इकोनॉमी से 10 विकेट ले चुके हैं। खासकर पावरप्ले में उनका प्रदर्शन शानदार रहा। अब उनके सामने खराब फॉर्म में चल रहे दिल्ली के सलामी बल्लेबाज जैक फ्रेजर मैकगर्क और प्रतिभाशाली अभिषेक पोरेल होंगे। उनके नाकाम रहने पर दिल्ली के लिए रन बनाने का जिम्मा केएल राहुल और करुण नायर पर होगा।

02:28 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: गिल-बटलर और सुदर्शन पर लगाना होगा अंकुश

अब तक इन तीनों ने बल्लेबाजी का दारोमदार संभाल रखा है। गुजरात के मध्यक्रम को किसी कठिन परीक्षा से गुजरना नहीं पड़ा और जब लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ इसकी नौबत आई तो वे नाकाम रहे। दिल्ली अगर गुजरात के शीर्षक्रम को जल्दी रवाना कर देती है तो मध्यक्रम की कमजोरी की कलई फिर खुल जाएगी।

02:22 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Live: स्टार्क की प्रभावशाली गेंदबाजी से दिल्ली मजबूत

सुपरओवर में राजस्थान को हराकर दिल्ली के हौसले बुलंद हैं। उनकी इस जीत में स्टार्क का अहम योगदान रहा। आस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज स ने तीन सटीक यॉर्कर डालने के अलावा सुपर ओवर भी फेंका। बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के बाद चैंपियंस ट्रॉफी नहीं खेलने वाले स्टार्क पूरी तरह से तरोताजा होकर आईपीएल में उतरे हैं। अभी तक 10 से ऊपर की इकोनॉमी से 10 विकेट ले चुके स्टार्क दिल्ली के तेज आक्रमण की अगुवाई कर रहे हैं जिसमें मुकेश कुमार और मोहित शर्मा भी हैं। उनके सामने अब गुजरात टाइटंस के शीर्षक्रम पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी होगी जिसमें कप्तान शुभमन गिल, साई सुदर्शन, जोस बटलर शामिल हैं।

02:16 PM, 19-Apr-2025

GT vs DC Highlights: गुजरात टाइटंस ने सात विकेट से जीता मुकाबला, बटलर 97 रन बनाकर नाबाद लौटे

IPL Live Cricket Score, GT vs DC Indian Premier League 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज शीर्ष पर काबिज दिल्ली कैपिटल्स का सामना गुजरात टाइटंस से हो रहा है। इन दोनों टीमों का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है। दिल्ली जहां शीर्ष पर अपना दबदबा मजबूत करना चाहेगी, वहीं गुजरात की नजरें भी दमदार प्रदर्शन करने पर टिकी होंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें