फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GT vs DC Highlights: दिल्ली ने गुजरात को पांच रन से हराया, ईशांत ने आखिरी ओवर में बचाए 12 रन

Tue, 02 May 2023 11:30 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

खास बातें

GT vs DC, IPL 2023 Highlights: आईपीएल 2023 के 44वें मैच में गुजरात टाइटंस का सामना दिल्ली कैपिटल्स से था। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 130 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 125 रन बना सकी।
विज्ञापन
दिल्ली की टीम - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:08 PM, 02-May-2023

दिल्ली ने गुजरात को पांच रन से हराया

आईपीएल 2023 के 44वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात टाइटंस को पांच रन से हरा दिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 130 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 125 रन बना सकी।

अंक तालिका का हाल
इस जीत के साथ दिल्ली के बावजूद दिल्ली की टीम अंक तालिका में आखिरी यानी 10वें स्थान पर है। उनके नौ मैचों में तीन जीत और छह हार के साथ छह अंक हैं। वहीं, गुजरात की टीम की यह इस सीजन की तीसरी हार रही। हार्दिक की टीम ने अब तक नौ में से छह मैच जीते हैं और 12 अंक के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है।

आखिरी तीन ओवर का रोमांच
आखिरी तीन ओवर में गुजरात को जीत के लिए 37 रन की जरूरत थी। तब हार्दिक पांड्या और अभिनव मनोहर क्रीज पर थे। 18वें ओवर में खलील अहमद गेंदबाजी के लिए आए। पहली ही गेंद पर उन्होंने अभिनव मनोहर को आउट किया। इस ओवर में खलील ने चार रन दिए। आखिरी दो ओवर में गुजरात को 33 रन की जरूरत थी। हार्दिक के साथ राहुल तेवतिया बल्लेबाजी के लिए आए। वहीं, गेंदबाजी करने एनरिक नॉर्त्जे आए। पहली तीन गेंदों पर उन्होंने तीन रन लुटाए। इसके बाद ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर तेवतिया ने तीन छक्के लगाए। 19वें ओवर में नॉर्त्जे ने 21 रन दिए। ऐसे में ईशांत शर्मा के सामने 12 रन बचाने का लक्ष्य था। वहीं, तेवतिया और हार्दिक क्रीज पर थे। 

20वें ओवर की पहली गेंद पर ईशांत ने दो रन दिए। दूसरी गेंद पर हार्दिक ने एक रन लिया। तीसरी गेंद पर तेवतिया कोई रन नहीं बना सके। चौथी गेंद पर ईशांत ने तेवतिया को राइली रूसो के हाथों कैच कराया। वह सात गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए। पांचवीं गेंद पर राशिद खान दो रन बना सके। वहीं, आखिरी गेंद पर राशिद ने एक रन बनाया। इस तरह ईशांत ने सिर्फ छह रन खर्च किए और दिल्ली को पांच रन से मैच जिता दिया।

10:43 PM, 02-May-2023

GT vs DC Live: गुजरात को पांचवां झटका

17 ओवर के बाद गुजरात ने चार विकेट गंवाकर 94 रन बना लिए थे। हालांकि, 18वां ओवर टीम के लिए परेशानी लेकर आया। खलील अहमद ने अभिनव मनोहर और हार्दिक पांड्या की 62 रन की साझेदारी को तोड़ा। मनोहर 33 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें खलील अमन के हाथों कैच कराया। फिलहाल हार्दिक 45 गेंदों में 51 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। राहुल तेवतिया उनका साथ निभाने आए हैं। गुजरात को 17 गेंदों में 37 रन की जरूरत है। 

10:30 PM, 02-May-2023

GT vs DC Live: गुजरात को 60 रन की जरूरत

14 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस ने चार विकेट गंवाकर 71 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान हार्दिक पांड्या 36 रन और अभिनव मनोहर 19 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 39 रन की साझेदारी हो चुकी है। गुजरात को अब 36 गेंदो में 60 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
10:14 PM, 02-May-2023

GT vs DC Live: हार्दिक और अभिनव मनोहर क्रीज पर

10 ओवर के बाद गुजरात ने चार विकेट गंवाकर 49 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान हार्दिक पांड्या 24 रन और अभिनव मनोहर 11 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। गुजरात को 60 गेंदों में 82 रन की जरूरत है।

10:02 PM, 02-May-2023

GT vs DC Live: गुजरात को चौथा झटका

गुजरात को सातवें ओवर में 32 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। कुलदीप यादव ने डेविड मिलर को क्लीन बोल्ड किया। मिलर खाता भी नहीं खोल सके। सात ओवर के बाद गुजरात का स्कोर चार विकेट पर 33 रन है। फिलहाल कप्तान हार्दिक पांड्या और अभिनव मनोहर क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
09:57 PM, 02-May-2023

GT vs DC Live: गुजरात को तीसरा झटका

गुजरात को पांचवें ओवर में 26 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। ईशांत शर्मा ने विजय शंकर को नकल बॉल पर क्लीन बोल्ड किया। विजय नौ गेंदों में छह रन बना सके। फिलहाल कप्तान हार्दिक पांड्या 18 रन बनाकर और डेविड मिलर क्रीज पर हैं। छह ओवर के बाद गुजरात का स्कोर तीन विकेट पर 31 रन है।

09:42 PM, 02-May-2023

GT vs DC Live: गुजरात को दूसरा झटका

गुजरात को चौथे ओवर में 18 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। एनरिक नॉर्त्जे ने शुभमन गिल को यश ढुल के हाथों कैच कराया। शुभमन छह रन बना सके। फिलहाल कप्तान हार्दिक पांड्या और विजय शंकर क्रीज पर हैं। चार ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर दो विकेट पर 21 रन है।

09:29 PM, 02-May-2023

GT vs DC Live: गुजरात को पहला झटका

गुजरात को पहले ही ओवर में झटका लगा। पहले ओवर में टीम खाता तो नहीं खोल सकी, लेकिन ऋद्धिमान साहा का विकेट जरूर गंवा दिया। साहा खाता भी नहीं खोल सके। उन्हें खलील अहमद ने विकेटकीपर फिलिप सॉल्ट के हाथों कैच कराया। फिलहाल कप्तान हार्दिक पांड्या और शुभमन गिल क्रीज पर हैं।

09:10 PM, 02-May-2023

दिल्ली ने गुजरात को 131 रन का लक्ष्य दिया

दिल्ली ने गुजरात के सामने 131 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 130 रन बनाए। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी। पहले छह ओवर में ही दिल्ली कैपिटल्स ने पांच विकेट गंवा दिए थे। यह इस सीजन पहली बार है जब किसी टीम ने पावरप्ले में पांच विकेट गंवा दिए।

मोहम्मद शमी ने मैच की पहली ही गेंद पर गुजरात को सफलता दिलाई। उन्होंने फिलिप सॉल्ट को डेविड मिलर के हाथों कैच कराया। सॉल्ट खाता भी नहीं खोल सके और गोल्डन डक का शिकार हुए। इसके बाद दूसरे ओवर में कप्तान डेविड वॉर्नर रन आउट हो गए। पारी के तीसरे और अपने दूसरे ओवर में शमी ने राइली रूसो को आउट किया। रूसो छह गेंदों में आठ रन बना सके।

इसके बाद अपने तीसरे ओवर में शमी ने मनीष पांडे और प्रियम गर्ग का विकेट लिया। मनीष एक रन और प्रियम 10 रन बना सके। 23 रन पर दिल्ली ने पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद अक्षर पटेल ने अमन हकीम खान के साथ छठे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी निभाई। अक्षर पटेल को मोहित शर्मा ने पवेलियन भेजा। वह 30 गेंदों में 27 रन बना सके।

इसके बाद अमन ने रिपल पटेल के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी निभाई। अमन ने 41 गेंदों पर आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक लगाया। उन्होंने छक्के का साथ फिफ्टी पूरी की। अमन 44 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें राशिद खान ने पवेलियन भेजा। रिपल 13 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए। गुजरात की ओर से शमी ने चार ओवर में 11 रन देकर चार विकेट लिए। इस दौरान उनकी इकॉनमी रेट 2.80 की रही। मोहित शर्मा ने दो विकेट लिए। वहीं, राशिद खान ने एक विकेट लिया।

09:04 PM, 02-May-2023

GT vs DC Live: अमन खान आउट

126 पर दिल्ली को सातवां झटका लगा। अमन हकीम खान 44 गेंदों में 51 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें राशिद खान ने अभिनव मनोहर के हाथों कैच कराया। अमन 44 गेंदों में 51 रन बना सके। 19 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर सात विकेट पर 127 रन है। फिलहाल एनरिक नॉर्त्जे और रिपल पटेल क्रीज पर हैं।

08:51 PM, 02-May-2023

GT vs DC Live: अमन की सधी हुई पारी, अक्षर पटेल आउट

16 ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने छह विकेट गंवाकर 96 रन बना लिए हैं। फिलहाल रिपल पटेल चार गेंदों में तीन रन और अमन हकीम खान 36 गेंदों में 35 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। अक्षर पटेल 30 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मोहित शरह्मा राशिद खान के हाथों कैच कराया।

08:28 PM, 02-May-2023

GT vs DC Live: अमन-अक्षर ने संभाली पारी

12 ओवर के बाद दिल्ली ने पांच विकेट गंवाकर 61 रन बना लिए हैं। फिलहाल अमन खान 22 गेंदों में 17 रन और अक्षर पटेल 24 गेंदों में 19 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 35+ रन की साझेदारी हो चुकी है।

08:05 PM, 02-May-2023

GT vs DC Live: शमी को चौथी सफलता

दिल्ली की टीम ने सात ओवर में पांच विकेट गंवाकर 32 रन बना लिए हैं। दिल्ली को पांचवां झटका पांचवें ओवर में लगा था। शमी ने प्रियम गर्ग को विकेटकीपर साहा के हाथों कैच कराया। प्रियम 14 गेंदों में 10 रन बना सके। यह शमी को मिली चौथी सफलता रही। इससे पहले उन्होंने फिलिप सॉल्ट, राइली रूसो और मनीष पांडे को पवेलियन भेजा था। पावरप्ले यानी पहले छह ओवर में दिल्ली का स्कोर 28 रन पर पांच विकेट था। यह इस सीजन पहली बार है जब किसी टीम ने पावरप्ले में पांच विकेट गंवाए हैं। सात ओवर के बाद फिलहाल अमन हकीम खान चार रन और अक्षर पटेल छह रन बनाकर क्रीज पर हैं। शमी ने चार ओवर का अपना कोटा पूरा कर लिया है। उन्होंने चार ओवर में 11 रन देकर चार विकेट लिए। 

07:54 PM, 02-May-2023

GT vs DC Live: दिल्ली को चौथा झटका

दिल्ली को चौथा झटका लगा है। शमी इस मैच में कहर बरपा रहे हैं। उन्होंने अब तक तीन विकेट ले लिए हैं। पहले फिलिप सॉल्ट, फिर राइली रूसो और अब शमी ने पांचवें ओवर में मनीष पांडे को विकेटकीपर साहा के हाथों कैच कराया। मनीष एक रन बना सके। 

07:50 PM, 02-May-2023

GT vs DC Live: दिल्ली को तीसरा झटका

दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही है। तीन ओवर में टीम ने तीन विकेट गंवा दिए हैं। पहले ओवर में फिलिप सॉल्ट, दूसरे ओवर में डेविड वॉर्नर और तीसरे ओवर में राइली रूसो आउट हुए। उन्हें शमी ने विकेटकीपर साहा के हाथों कैच कराया। रूसो छह गेंदों में आठ रन बना सके। फिलहाल मनीष पांडे और प्रियम गर्ग क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर तीन विकेट पर 16 रन है। 

07:42 PM, 02-May-2023

GT vs DC Live: दिल्ली को दूसरा झटका

दूसरे ओवर में दिल्ली को दूसरा झटका लगा। कप्तान डेविड वॉर्नर रन आउट हो गए। ओवर की दूसरी गेंद हार्दिक पांड्या ने ओवरस्टेप कर नो बॉल फेंकी। इस पर प्रियम गर्ग ने शॉर्ट मिड-विकेट पर शॉट खेला। प्रियम ने वॉर्नर को रन के लिए कॉल किया और फिर खुद वापस लौट गए। तब तक नॉन स्ट्राइकर एंड पर मौजूद वॉर्नर हाफ क्रीज तक आ चुके थे। राशिद ने दौड़ते हुए विकेट के पास पहुंचकर वॉर्नर को रन आउट किया। वॉर्नर दो रन ही बना सके।

07:33 PM, 02-May-2023

GT vs DC Live: दिल्ली को पहली ही गेंद पर झटका

दिल्ली को पहली ही गेंद पर झटका लगा। मोहम्मद शमी ने फिलिप सॉल्ट को मैच की पहली ही गेंद पर पवेलियन भेजा। सॉल्ट खाता भी नहीं खोल सके। उनका कैच डेविड मिलर ने लिया। फिलहाल प्रियम गर्ग और कप्तान डेविड वॉर्नर क्रीज पर हैं।

07:02 PM, 02-May-2023

GT vs DC Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

गुजरात टाइटंस: ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), अभिनव मनोहर, हार्दिक पांड्या (कप्तान), विजय शंकर, डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, नूर अहमद, मोहम्मद शमी, मोहित शर्मा, जोशुआ लिटिल।

दिल्ली कैपिटल्स: डेविड वॉर्नर (कप्तान), फिलिप सॉल्ट (विकेटकीपर), मनीष पांडे, राइली रूसो, प्रियम गर्ग, अक्षर पटेल, रिपल पटेल, अमन हकीम खान, कुलदीप यादव, एनरिक नॉर्त्जे, ईशांत शर्मा।

06:56 PM, 02-May-2023

GT vs DC Live: गुजरात के खिलाफ दिल्ली ने जीता टॉस

गुजरात टाइटंस के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। दिल्ली की ओर से मिचेल मार्श चोट की वजह से नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह राइली रूसो को मौका मिला है। वहीं, गुजरात के कप्तान ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।

06:55 PM, 02-May-2023

GT vs DC Live: गुजरात के सभी खिलाड़ी फॉर्म में

हार्दिक पंड्या की अगुवाई में खेलने वाली गुजरात ने साबित किया है कि वह दबाव के बीच भी जीत हासिल करने की क्षमता रखती है। कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ 180 रन का पीछा करते हुए एक समय टीम मुश्किल में थी लेकिन अंतत: 13 गेंद शेष रहते जीतने में सफल रही। बल्लेबाजी में गुजरात के पास डेविड मिलर, विजय शंकर के लिए यह अच्छा सीजन रहा है। टाइटंस आठ में से छह मैच जीत चुके हैं। आयरलैंड के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जोशुआ लिटिल पहली बार आईपीएल में खेल रहे हैं, उन्होंने काफी कुछ सीखा होगा। स्पिन विभाग में वह अफगानिस्तान के स्टार राशिद खान पर भरोसा करते हैं लेकिन अब उनके पास राशिद के हमवतन खिलाड़ी नूर अहमद भी हैं। नूर चार मैचों में आठ विकेट हासिल कर चुके हैं और उनकी इकॉनोमी रेट 7.33 की है। 

06:55 PM, 02-May-2023

GT vs DC Live: गुजरात से मिलेगी कठिन चुनौती

चौथे क्रम पर अनुभवी मनीष पांडे बेहतर कर सकते हैं। टीम में शामिल भारतीय गेंदबाज बल्लेबाजों से बेहतर कर रहे हैं। हालांकि मुकेश कुमार को अपनी इकॉनोमी रेट में सुधार करना होगा। उन्होंने सात मैचों में 11 रन प्रति ओवर से ज्यादा दिए हैं। अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ने तीन मैचों में अच्छा किया है, जबकि एनरिच नॉर्त्जे अपने खाते में और विकेट चाहेंगे। दिल्ली बेहद मुश्किल में है और उसके सामने गत विजेता गुजरात की टीम है जो अपने घरेलू मैदान में खेलेगी। 

06:54 PM, 02-May-2023

GT vs DC Live: प्रियम गर्ग को मिल सकता है मौका

साल्ट और वॉर्नर के अलावा तीसरे नंबर पर मिचेल मार्श भी टीम के लिए उपयोगी हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मार्श ने अपनी ऑलराउंड क्षमता दिखाई थी। दिल्ली ने पारी के मध्य में कई विकेट गंवा दिए थे। आने वाले मैचों में दिल्ली को अपनी इस कमजोरी पर काबू पाना होगा। अक्षर पटेल का अंतिम ओवरों में खेलना अच्छा रहा है लेकिन पिछले 12 महीने से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी फॉर्म को देखते हुए कप्तान वॉर्नर उन्हें पांचवें या छठे बल्लेबाजी क्रम पर उतार सकते हैं। सत्र के मध्य में वैकल्पिक खिलाड़ी के रूप में शामिल हुए प्रियम गर्ग को मौका मिल सकता है। चौथे क्रम पर अनुभवी मनीष पांडे बेहतर कर सकते हैं।

06:46 PM, 02-May-2023

GT vs DC Live: दिल्ली की टीम का हाल

घरेलू क्रिकेट में रनों का अंबार लगाने वाले पृथ्वी शॉ और सरफराज खान इस आईपीएल सत्र में बेहतर नहीं कर पाए हैं। सबसे निचले पायदान पर मौजूद दिल्ली कैपिटल्स को अपने युवा भारतीय बल्लेबाजों से मंगलवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले मुकाबले में अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद रहेगी। हालांकि, टीम के मौजूदा खिलाड़ियों को देखते हुए यह थोड़ा मुश्किल जरूर नजर आ रहा है। शॉ की विफलता के कारण दिल्ली ने सलामी बल्लेबाजी पर कप्तान डेविड वॉर्नर के साथ फिल साल्ट को उतारा। पिछले मैच में साल्ट ने अच्छा प्रदर्शन किया और कैपिटल्स उम्मीद करेगी कि वह अपनी लय कायम रखें।

06:37 PM, 02-May-2023

GT vs DC Highlights: दिल्ली ने गुजरात को पांच रन से हराया, ईशांत ने आखिरी ओवर में बचाए 12 रन

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2023 के 44वें मैच में टेबल टॉपर्स गुजरात टाइटंस का सामना दिल्ली कैपिटल्स से है। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। आठ में से छह मैच हार चुकी दिल्ली के लिए अपनी रही-सही उम्मीद कायम रखने के लिए यह मुकाबला करो या मरो का हो गया है। अब दिल्ली को अपने शेष सभी छह मैच जीतने की जरूरत है। वहीं, गुजरात की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें