फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GT vs CSK Highlights: चेन्नई सुपरकिंग्स रिकॉर्ड 10वीं बार फाइनल में, गुजरात को क्वालिफायर-1 में 15 रन से हराया

Tue, 23 May 2023 11:58 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

GT vs CSK Qualifier 1 Highlights, Indian Premier League 2023 : आईपीएल के प्लेऑफ मुकाबले मंगलवार (23 मई) से शुरू हो गए। क्वालिफायर-1 में चेन्नई सुपरकिंग्स ने गुजरात टाइटंस को 15 रन से हराया। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। चेन्नई ने 20 ओवर में सात विकेट पर 172 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम 20 ओवर में 157 रन पर सिमट गई।
विज्ञापन
चेन्नई सुपरकिंग्स बनाम गुजरात टाइटंस - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:24 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: चेन्नई ने पहली बार गुजरात को हराया

चेन्नई सुपरकिंग्स ने गुजरात टाइटंस को हराकर 10वीं बार आईपीएल के फाइनल में अपनी जगह बना ली। चेन्नई ने 15 रन से जीत हासिल की। चार बार चैंपियन बनने वाली चेन्नई की टीम ने शानदार वापसी की है। वह पिछले सीजन में प्लेऑफ में भी नहीं पहुंच पाई थी। धोनी की कप्तानी में अब टीम पांचवीं बार चैंपियन बनने के लिए 28 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उतरेगी। दूसरी ओर, गुजरात इस हार के बाद बाहर नहीं हुई है। उसे फाइनल में पहुंचने का दूसरा अवसर मिलेगा। वह 26 मई अहमदाबाद में क्वालिफायर-2 में खेलेगी। वहां उसका मुकाबला मुंबई इंडियंस या लखनऊ सुपर जाएंट्स से होगा। मुंबई और लखनऊ के बीच बुधवार (24 मई) को एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा। इस मैच में जीतने वाली टीम क्वालिफायर-2 में जाएगी।

चेन्नई से मिले 173 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। इसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ा। गुजरात के लिए शुभमन गिल ने 38 गेंद पर सबसे ज्यादा 42 रन बनाए। राशिद खान ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। राशिद ने 16 गेंद पर 30 रन बनाए। दसुन शनाका ने 17, विजय शंकर ने 14 और ऋद्धिमान साहा ने 12 रन बनाए। कप्तान हार्दिक पांड्या आठ, मोहम्मद शमी पांच, डेविड मिलर चार और राहुल तेवतिया तीन रन बनाकर आउट हुए। नूर अहमद ने नाबाद सात रन बनाए। दर्शन नालकंडे खाता नहीं खोल सके। चेन्नई के लिए दीपक चाहर, महीश तीक्षणा, रवींद्र जडेजा और मथीशा पथिराना ने दो-दो विकेट लिए। तुषार देशपांडे को एक सफलता मिली।

11:16 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: राशिद खान आउट

तुशार देशपांडे ने राशिद खान को आउट कर गुजरात टाइटंस की अंतिम उम्मीद खत्म कर दी। राशिद ने 16 गेंद पर 30 रन बनाए। उन्होंने तीन चौके और दो छक्के लगाए। राशिद का कैच डेवोन कॉन्वे ने लिया।

11:06 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: गुजरात को लगा दोहरा झटका

गुजरात टाइटंस को 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर मथीशा पथिराना ने बड़ा झटका दिया। उन्होंने विजय शंकर को ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। शंकर ने 10 गेंद पर 14 रन बनाए। उनके बाद बल्लेबाजी के लिए आए दर्शन नालकंडे अगली ही गेंद पर रनआउट हो गए। उन्हें सुभ्रांसु सेनापति ने सीधे थ्रो पर रनआउट कर दिया। गुजरात ने 18 ओवर में आठ विकेट पर 138 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 12 गेंद पर 34 रन चाहिए। राशिद खान 13 गेंद पर 36 रन बनाकर नाबाद हैं। उनके साथ नूर अहमद क्रीज पर हैं।

10:46 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: चेन्नई को मिली छठी सफलता

चेन्नई सुपरकिंग्स को छठी सफलता महीश तीक्षणा ने दिलाई। उन्होंने 15वें ओवर की तीसरी गेंद पर राहुल तेवतिया को क्लीन बोल्ड कर दिया। तेवतिया पांच गेंद पर तीन रन ही बना सके। गुजरात ने 15 ओवर में छह विकेट पर 102 रन बनाए हैं। उसे जीत के लिए बाकी बचे पांच ओवर में 71 रन बनाने हैं। विजय शंकर पांच और राशिद खान तीन रन बनाकर नाबाद हैं।

विज्ञापन
10:35 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: शुभमन गिल आउट

दीपक चाहर ने मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स को सबसे बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने 14वें ओवर की पहली गेंद पर शुभमन गिल को आउट कर दिया। गिल सिक्स लगाने के प्रयास में लेग साइड में बाउंड्री पर डेवोन कॉन्वे को कैच थमा बैठे। गिल ने 38 गेंद की पारी में 42 रन बनाए। उन्होंने चार चौके और एक छक्का लगाया।

10:32 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: मिलर को जडेजा ने किया बोल्ड

चेन्नई सुपरकिंग्स के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने टीम को चौथी सफलता दिलाई। उन्होंने 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर डेविड मिलर को क्लीन बोल्ड कर दिया। मिलर छह गेंद पर चार रन ही बना सके। उनके आउट होने के बाद विजय शंकर क्रीज पर आए हैं। गुजरात ने 13 ओवर में चार विकेट पर 88 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल 37 गेंद पर 42 रन बनाकर नाबाद हैं।

10:19 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: गुजरात को लगा तीसरा झटका

गुजरात टाइटंस को तीसरा झटका रवींद्र जडेजा ने दिया। उन्होंने 11वें ओवर की तीसरी गेंद पर दसुन शनाका को आउट कर दिया। शनाका 16 गेंद पर 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया। शनाका के आउट होने के बाद डेविड मिलर क्रीज पर आए हैं। गुजरात ने 11 ओवर में तीन विकेट पर 74 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल ने 30 गेंद पर 35 और डेविड मिलर दो गेंद पर एक रन बनाकर नाबाद हैं।

10:03 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: चेन्नई ने पावरप्ले में झटके दो विकेट

चेन्नई सुपरकिंग्स को दूसरी सफलता महीश तीक्षणा ने दिलाई। उन्होंने छठे ओवर की चौथी गेंद पर गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या को आउट कर दिया। हार्दिक सात गेंद पर आठ रन बनाकर रवींद्र जडेजा को कैच थमा बैठे। इस तरह चेन्नई को पावरप्ले में दो विकेट मिल गए। गुजरात ने छह ओवर में दो विकेट पर 41 रन बनाए। शुभमन गिल 17 गेंद पर 20 रन बनाकर नाबाद हैं। दसुन शनाका को अभी अपना खाता खोलना है।

09:48 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: चेन्नई को मिली पहली सफलता

चेन्नई सुपरकिंग्स को पहली सफलता दीपक चाहर ने दिलाई। उन्होंने तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर ऋद्धिमान साहा को आउट कर दिया। साहा 11 गेंद पर 12 रन बनाकर मथीशा पथिराना को कैच थमा बैठे। उनके आउट होने के बाद गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या क्रीज पर आए हैं। गुजरात ने तीन ओवर में एक विकेट पर 22 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल सात गेंद पर नौ रन बनाकर नाबाद हैं।

09:35 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: गुजरात की पारी शुरू

चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ गुजरात की पारी शुरू हो गई है। पिछले दो मैचों में शतक लगाने वाले शुभमन गिल और ऋद्धिमान साहा क्रीज पर उतरे हैं। चेन्नई के लिए गेंदबाजी की शुरुआत दीपक चाहर ने की है।

09:18 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: चेन्नई ने गुजरात को दिया मुश्किल लक्ष्य

चेन्नई सुपरकिंग्स ने क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को 173 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दिया है। उसने टॉस हारने के बाद 20 ओवर में सात विकेट पर 172 रन बनाए। टीम के लिए ऋतुराज गायकवाड़ ने सर्वाधिक 60 रन बनाए। डेवोन कॉन्वे ने 40 रन का योगदान दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी की। रवींद्र जडेजा ने 16 गेंद पर 22 रन बनाए। अजिंक्य रहाणे और अंबाती रायुडू ने 17-17 रन बनाए। चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और शिवम दुबे ने एक-एक रन बनाए। मोइन अली चार गेंद पर नौ रन बनाकर नाबाद रहे। गुजरात के लिए मोहम्मद शमी और मोहित शर्मा ने दो-दो विकेट लिए। दर्शन नालकंडे, नूर अहमद और राशिद खान को एक-एक सफलता मिली।

09:06 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: रायुडू आउट, धोनी क्रीज पर

चेन्नई सुपरकिंग्स को पांचवां झटका 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर लगा। राशिद खान ने अंबाती रायुडू को दसुन शनाका के हाथों कैच कराया। रायुडू ने नौ गेंद पर 17 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद कप्तान महेंद्र सिंह धोनी क्रीज पर आए हैं।

09:01 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: चेन्नई का स्कोर 17 ओवर में 137/4

चेन्नई सुपरकिंग्स ने 17 ओवर में चार विकेट पर 137 रन बना लिए हैं। डेवोन कॉन्वे के आउट होने के बाद रवींद्र जडेजा और अंबाती रायुडू क्रीज पर हैं। दोनों के ऊपर आखिरी तीन ओवरों में तेजी से रन बनाने की जिम्मेदारी है। चेन्नई की टीम कम से कम 170 रन का आंकड़ा पार करना चाहेगी।

08:52 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: डेवोन कॉन्वे भी पवेलियन लौटे

अजिंक्य रहाणे के बाद डेवोन कॉन्वे भी आउट हो गए। 16वें ओवर की पहली गेंद पर मोहम्मद शमी ने उन्हें पवेलियन भेज दिया। शमी की गेंद पर सिक्स मारने के प्रयास में कॉन्वे आउट हो गए। राशिद खान ने उनका कैच लिया।

08:49 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: अजिंक्य रहाणे आउट

चेन्नई सुपरकिंग्स को तीसरा झटका अजिंक्य रहाणे के रूप में लगा। वह 15वें ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट हो गए। दर्शन नालकंडे की गेंद पर शुभमन गिल ने उनका कैच लिया। चेन्नई ने 15 ओवर में तीन विकेट पर 125 रन बना लिए हैं। डेवोन कॉन्वे 33 गेंद पर 40 और अंबाती रायुडू एक गेंद पर चार रन बनाकर नाबाद हैं।

08:31 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: इस मैच में नहीं चला शिवम दुबे का बल्ला

चेन्नई सुपरकिंग्स के टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले शिवम दुबे का बल्ला इस मैच में नहीं चला। वह तीन गेंद पर एक रन बनाकर आउट हो गए। दुबे को नूर अहमद ने 12वें ओवर की तीसरी गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया। चेन्नई ने 12 ओवर में दो विकेट पर 94 रन बना लिए हैं। डेवोन कॉन्वे 25 गेंद पर 30 और अजिंक्य रहाणे एक गेंद पर एक रन बनाकर नाबाद हैं।

08:24 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: गुजरात को मिली पहली सफलता

गुजरात टाइटंस को पहली सफलता मोहित शर्मा ने 11वें ओवर की तीसरी गेंद पर दिलाई। उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ को लॉन्ग ऑन पर डेविड मिलर के हाथों कैच कराया। ऋतुराज ने 44 गेंद पर 60 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया। चेन्नई ने 11 ओवर में एक विकेट पर 89 रन बना लिए हैं। डेवोन कॉन्वे 21 गेंद पर 26 और शिवम दुबे दो गेंद पर एक रन बनाकर नाबाद हैं।

08:16 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: ऋतुराज का चौथा अर्धशतक

ऋतुराज गायकवाड़ ने आईपीएल के मौजूदा सीजन में अपना चौथा अर्धशतक लगा दिया। उन्होंने गुजरात के खिलाफ नौवें ओवर में अर्धशतक पूरा किया। चेन्नई ने नौ ओवर में बिना किसी नुकसान के 76 रन बना लिए हैं। ऋतुराज गायकवाड़ 39 गेंद पर 56 रन और डेवोन कॉन्वे 16 गेंद पर 18 रन बनाकर नाबाद हैं।

08:03 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: चेन्नई के 50 रन पूरे

चेन्नई सुपरकिंग्स के 50 रन पूरे हो गए हैं। उसने 6.1 ओवर में बिना किसी नुकसान के 51 रन बना लिए हैं। ऋतुराज गायकवाड़ 27 गेंद पर 35 और डेवोन कॉन्वे 11 गेंद पर 14 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के खिलाड़ियों के बीच 20 पारियों में यह नौवीं अर्धशतकीय साझेदारी है।

07:41 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: बाल-बाल बचे ऋतुराज

ऋतुराज गायकवाड़ दूसरे ओवर में बाल-बाल बचे। दर्शन नालकंडे ने तीसरी गेंद पर ऋतुराज गायकवाड़ को आउट कर दिया। गायकवाड़ का कैच शुभमन गिल ने ले लिया था, लेकिन नो बॉल की हूटर बज गई। गायकवाड़ को जीवनदान मिल गया। उन्होंने इसके बाद फ्री हिट पर छक्का लगा दिया। चेन्नई ने दो ओवर में बिना किसी नुकसान के 18 रन बना लिए हैं। गायकवाड़ 11 गेंद पर 14 और डेवोन कॉन्वे दो गेंद पर दो रन बनाकर नाबाद हैं।

07:32 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: चेन्नई सुपरकिंग्स की बल्लेबाजी शुरू

चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। ऋतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉन्वे की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। गुजरात के लिए मोहम्मद शमी ने पहला ओवर किया। एक ओवर का खेल होने के बाद चेन्नई का स्कोर बिना किसी नुकसान के चार रन है।

07:11 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

दोनों टीमों की प्लेइंग-11
गुजरात टाइटंस:
शुभमन गिल, ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या (कप्तान), दसुन शनाका, डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, दर्शन नालकंडे, मोहित शर्मा, नूर अहमद, मोहम्मद शमी।

चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड़, डेवोन कॉन्वे, अजिंक्य रहाणे, अंबाती रायुडू, शिवम दुबे, मोइन अली, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी (कप्तान/विकेटकीपर), दीपक चाहर, तुषार देशपांडे, महीश तीक्षणा।

07:02 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: चेन्नई की टीम पहले करेगी बल्लेबाजी

गुजरात टाइटंस ने क्वालिफायर-1 में चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। महेंद्र सिंह धोनी की टीम पहले बल्लेबाजी करेगी। गुजरात टीम में यश दयाल की जगह दर्शन नालकंडे शामिल हुए हैं। वहीं, चेन्नई ने एक भी बदलाव नहीं किया।

06:39 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: थोड़ी देर में होगा टॉस

चेन्नई और गुजरात की टीमें मैच से पहले मैदान पर पहुंच चुकी हैं। दोनों टीमों ने अभ्यास शुरू कर दिया है। चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ड्रेसिंग रूम में आराम करते नजर आए। थोड़ी देर में टॉस होगा।

06:17 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Live Score: शुभमन को रोकने की चुनौती

शुभमन ने पिछले मैच में नाबाद शतक लगाकर विराट कोहली के शतकीय प्रयास पर पानी फेर दिया था जिससे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) की टीम आईपीएल से बाहर हो गई। ऐसे में चेन्नई के खिलाफ मैच में इस युवा बल्लेबाज पर सभी की निगाह टिकी होंगी। भारत के सर्वश्रेष्ठ कप्तानों में से एक धोनी उनके लिए निश्चित तौर पर विशेष रणनीति तैयार करेंगे।

05:58 PM, 23-May-2023

GT vs CSK Highlights: चेन्नई सुपरकिंग्स रिकॉर्ड 10वीं बार फाइनल में, गुजरात को क्वालिफायर-1 में 15 रन से हराया

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल के प्लेऑफ मुकाबले मंगलवार (23 मई) से शुरू हो रहे हैं। आज क्वालिफायर-1 में चेन्नई सुपरकिंग्स का सामना गुजरात टाइटंस से होगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। महेंद्र सिंह धोनी के सामने हार्दिक पांड्या की गुजरात टाइंटस के खिलाफ पहली जीत दर्ज करने की चुनौती होगी। दोनों टीमों के अब तक तीन मैच हुए हैं और तीनों में गुजरात को जीत मिली है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें