सीएसके ने बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से गुजरात टाइटंस को 83 रनों से हरा दिया है। सीएसके ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 230 रन बनाए। इसके जवाब में गुजरात की टीम 18.3 ओवर में 147 रन पर ऑलआउट हो गई। गुजरात ने इस तरह लगातार दो मैच गंवाए और उसकी यह आईपीएल में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार है। गुजरात की बल्लेबाजी इस मैच में काफी खराब रही और टीम का कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की ओर से सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए, जबकि अरशद खान ने 20, शाहरुख खान ने 19, राहुल तेवतिया ने 14, कप्तान शुभमन गिल ने 13 और राशिद खान ने 12 रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर और गेराल्ड कोएट्जे पांच रन बनाकर आउट हुए। गुजरात के लिए अंशुल कंबोज और नूर अहमद ने सबसे ज्यादा तीन-तीन विकेट लिए, जबकि रवींद्र जडेजा ने दो विकेट झटके। वहीं, खलील अहमद और मथीशा पथिराना को एक-एक विकेट मिले।
इस तरह सीएसके ने आईपीएल 2025 में अपना अभियान जीत के साथ समाप्त किया। हार के बावजूद गुजरात की टीम 14 मैचों में 18 अंक लेकर शीर्ष पर बनी हुई है, जबकि सीएसके ने 14 मैचों में चौथी जीत दर्ज कर आठ अंक लेकर 10वें स्थान पर अपने अभियान का अंत किया।
नूर अहमद ने राहुल तेवतिया को आउट कर सीएसके को आठवीं सफलता दिलाई है। तेवतिया 10 गेंदों पर एक चौके की मदद से 14 रन बनाकर आउट हुए। गुजरात ने 16 ओवर की समाप्ति तक आठ विकेट पर 127 रन बना लिए हैं।
मथीशा पथिराना ने कोएट्जे को बोल्ड कर गुजरात को सातवां झटका दिया। कोएट्जे पांच रन बनाकर पवेलियन लौटे।
जडेजा ने एक ही ओवर में गुजरात को दो झटके दिए। जडेजा ने पहले शाहरुख खान को आउट किया और फिर साई सुदर्शन को पवेलियन भेजा। गुजरात की आधी टीम 86 के स्कोर पर पवेलियन लौट गई है। सुदर्शन 28 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 41 रन बनाकर आउट हुए।
जडेजा ने शाहरुख खान को आउट कर गुजरात को चौथा झटका दिया। शाहरुख 15 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 19 रन बनाकर आउट हुए।
सीएसके के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात का स्कोर 60 रन के पार पहुंच गया है। गुजरात ने नौ ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 67 रन बना लिए हैं। फिलहाल क्रीज पर साई सुदर्शन के साथ शाहरुख खान मौजूद हैं।
अंशुल कंबोज ने रदरफोर्ड को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की पारी लड़खड़ा गई है और उसने पावरप्ले में ही तीन विकेट गंवा दिए हैं।
खलील अहमद ने जोस बटलर को आउट कर गुजरात को दूसरा झटका दिया। बटलर सात गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हुए। गुजरात ने 29 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए हैं।
गुजरात टाइटंस को शुभमन गिल के रूप में पहला झटका लगा है। गिल अंशुल कंबोज की गेंद पर उर्विल पटेल को कैच थमा बैठे। गिल नौ गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 13 रन बनाकर आउट हुए।
सीएसके के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की पारी शुरू हो गई है। गिल और साई सुदर्शन क्रीज पर मौजूद हैं। सुदर्शन इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे हैं। सीएसके ने गुजरात के सामने 231 रनों का लक्ष्य दिया है।
चेन्नई सुपर किंग्स ने डेवोन कॉनवे के बाद डेवाल्ड ब्रेविस के शानदार अर्धशतक की बदौलत गुजरात के सामने जीत के लिए 231 रनों का लक्ष्य रखा है। ब्रेविस ने महज 19 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया जिससे सीएसके 20 ओवर में पांच विकेट पर 230 रन बनाने में सफल रही। सीएसके ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और उसके लिए कॉनवे तथा ब्रेविस ने अर्धशतक जड़े। ब्रेविस ने अंत में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की जिस कारण सीएसके 200 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रही।
पहले बल्लेबाजी करते हुए आयुष म्हात्रे और कॉनवे ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी की। म्हात्रे रंग में नजर आ रहे थे, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने उन्हें आउट किया। म्हात्रे 17 गेंदों पर 34 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कॉनवे ने उर्विल पटेल के साथ भी अर्धशतकीय साझेदारी निभाई जिसे साई किशोर ने उर्विल को आउट कर तोड़ा। उर्विल 19 गेंदों पर 37 रन बनाकर पवेलियन लौटे। फिर शाहरुख खान ने शिवम दुबे को आउट किया जो 17 रन बनाकर आउट हुए।
कॉनवे ने 34 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया, लेकिन राशिद खान ने अगली ही गेंद पर उन्हें आउट किया। कॉनवे 35 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ब्रेविस और रवींद्र जडेजा ने मोर्चा संभाला और पांचवें विकेट के लिए 39 गेंदों पर 74 रनों की साझेदारी कर डाली। ब्रेविस ने जमकर रन बनाए और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर डाली। ब्रेविस इस सीजन सीएसके के लिए 17 छक्के लगा चुके हैं। वह हालांकि, पारी की आखिरी गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। ब्रेविस 23 गेंदों पर चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से 57 रन बनाकर आउट हुए।
सीएसके के लिए जडेजा 18 गेंदों पर एक चौका और एक छक्का की मदद से 21 रन बनाकर नाबाद लौटे। गुजरात की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट लिए, जबकि आर साई किशोर, राशिद खान और शाहरुख खान को एक-एक विकेट मिले।
सीएसके ने गुजरात के खिलाफ 200 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। सीएसके के लिए डेवाल्ड ब्रेविस और रवींद्र जडेजा क्रीज पर मौजूद हैं। सीएसके ने 18 ओवर की समाप्ति तक चार विकेट पर 201 रन बना लिए हैं।
डेवोन कॉनवे अर्धशतक लगाकर अपना विकेट गंवा बैठे। कॉनवे ने 34 गेंदों पर पचासा पूरा किया, लेकिन इसकी अगली ही गेंद पर राशिद खान ने उन्हें बोल्ड कर पवेलियन की राह दिखाई। कॉनवे 35 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए।
शाहरुख खान ने शिवम दुबे को आउट कर सीएसके को तीसरा झटका दिया। शिवम आठ गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 17 रन बनाकर आउट हुए।
साई किशोर ने उर्विल पटेल को आउट कर सीएसके को दूसरा झटका दिया। इस तरह उर्विल और कॉनवे के बीच अर्धशतकीय साझेदारी टूट गई। उर्विल और कॉनवे ने दूसरे विकेट के लिए 63 रन जोड़े। उर्विल 19 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए।
डेवोन कॉनवे और उर्विल के बीच दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। सीएसके का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है और टीम ने नौ ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 101 रन बनाए हैं।
सीएसके ने गुजरात के खिलाफ अच्छी शुरुआत की है और पावरप्ले समाप्त होने तक स्कोर 60 रन के पार पहुंच गया है। सीएसके ने छह ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 68 रन बनाए हैं। यह सीएसके का इस सीजन संयुक्त रूप से पावरप्ले में बनाया गया सर्वाधिक स्कोर है।
प्रसिद्ध कृष्णा ने आयुष म्हात्रे को आउट कर सीएसके को पहला झटका दिया है। म्हात्रे ने कॉनवे के साथ टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी, लेकिन वह अपना विकेट गंवा बैठे। म्हात्रे 17 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्के की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए।
गुजरात के खिलाफ सीएसके ने तेज शुरुआत की है और उसका स्कोर 40 के पार पहुंच गया है। आयुष म्हात्रे और कॉनवे ने अच्छी शुरुआत दिलाई जिससे चेन्नई ने तीन ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 44 रन बना लिए हैं।
गुजरात टाइटंस के खिलाफ सीएसके की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। चेन्नई ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। सीएसके के लिए आयुष म्हात्रे और डेवोन कॉनवे बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं।
सीएसकेः आयुष म्हात्रे, डेवोन कॉनवे, उर्विल पटेल, रवींद्र जडेजा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, दीपक हुड्डा, महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान और विकेटकीपर), नूर अहमद, अंशुल कंबोज, खलील अहमद।
इम्पैक्ट सबः मथीशा पथिराना, विजय शंकर, कमलेश नागरकोटी, रामाकृष्णा घोष, रविचंद्रन अश्विन।
गुजरात टाइटंसः शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), शेरफाने रदरफोर्ड, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, गेराल्ड कोएट्जे, आर साई किशोर, मोहम्मद सिराज, अरशद खान, प्रसिद्ध कृष्णा।
इम्पैक्ट सबः साई सुदर्शन, अनुज रावत, महिपाल लोमरोर, वॉशिंगटन सुंदर, ईशांत शर्मा।
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। सीएसके ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है और रविचंद्रन अश्विन की जगह दीपक हुड्डा को टीम में जगह दी है। गुजरात ने भी एक बदलाव किया है और रबाडा की जगह कोएट्जे को मौका मिला है।
गुजरात की टीम के लिए सबसे बड़ी चिंता गेंदबाजी विभाग की है क्योंकि उसका स्टार स्पिनर राशिद खान अपना सर्वश्रेष्ठ नहीं दिखा सके हैं, लेकिन टीम उन पर भरोसा बनाए रखेगी। टीम को कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के तेज गेंदबाजी विभाग में भी सुधार करने की जरूरत है विशेषकर चौथे तेज गेंदबाजी विकल्प के लिए। लीग चरण के बाद रबाडा के राष्ट्रीय टीम से जुड़ने के बाद यह मुद्दा पेचीदा हो सकता है। वहीं रविवार को नतीजा जो भी रहे सीएसके के तालिका में सबसे नीचे रहने की संभावना है। इसलिए यह मैच आयुष म्हात्रे, उर्विल पटेल और डेवाल्ड ब्रेविस जैसे युवाओं के लिए प्रभावित करने का मौका है।
पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी सीएसके का ध्यान भविष्य की तैयारियों पर रहेगा क्योंकि इस सत्र में उसके लिए नतीजे मिले-जुले रहे हैं और अब वह युवा खिलाड़ियों और अन्य संयोजनों को आजमाना चाहेगा। गुजरात टाइटंस के लिए बल्लेबाजी में सफलता शीर्ष तीन खिलाड़ी शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर पर टिकी है। बटलर रविवार को टीम के आखिरी लीग मैच के बाद राष्ट्रीय टीम के साथ होने लिए रवाना हो जाएंगे। बटलर के प्लेऑफ के लिए उपलब्ध नहीं होने के कारण टीम के लिए अहम होगा कि मध्यक्रम को ज्यादा समय मिले। शाहरुख खान और रदरफोर्ड ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ काफी रन बनाए और वे मध्यक्रम में फिर से प्रभाव डालने के लिए बेताब होंगे।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के सनराइजर्स हैदराबाद से हारने के बाद गुजरात टाइटंस प्लेऑफ के लिए तालिका में नियंत्रण बनाए हैं। सीएसके के खिलाफ जीत से उसके 20 अंक हो जाएंगे, इससे वह शीर्ष दो में जगह बनाने में सफल रहेगी और उसे फाइनल में जगह बनाने के दो मौके मिलेंगे।
IPL Live Cricket Score, GT vs CSK Indian Premier League 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज अंक तालिका में शीर्ष पर मौजूद गुजरात टाइटंस का सामना 10वें स्थान पर मौजूद चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से हो रहा है। दोनों टीमों का ग्रुप चरण में ये आखिरी मुकाबला है। गुजरात की टीम की नजरें शीर्ष पर बरकरार रहने पर होंगी, जबकि सीएसके की टीम जीत के साथ सीजन का अंत करना चाहेगी।