फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GT vs CSK Highlights: गुजरात ने चेन्नई को 35 रनों से हराया, मोहित को मिले तीन विकेट, धोनी नाबाद लौटे

Sat, 11 May 2024 03:56 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

खास बातें

GT vs CSK Indian Premier League 2024 : गुजरात टाइटंस ने अपने होम ग्राउंड पर चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर प्लेऑफ में जाने की अपनी उम्मीदें बरकरार रखी हैं। गुजरात की 12 मैचों में यह पांचवीं जीत है और वह तालिका में आठवें स्थान पर है। सीएसके को नॉकआउट में पहुंचने के लिए अब अपने दोनों मैच जीतने होंगे। 
विज्ञापन
गुजरात टाइटंस बनाम चेन्नई सुपर किंग्स लाइव स्कोर - फोटो : IPL
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:31 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: गुजरात ने चेन्नई को हराया

तेज गेंदबाज मोहित शर्मा के तीन विकेट की मदद से गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 35 रनों से हराकर प्लेऑफ की दौड़ में खुद को बरकरार रखा है। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शुभमन गिल और साई सुदर्शन के शतकों से 20 ओवर में तीन विकेट पर 231 रन बनाए थे। जवाब में गुजरात के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया जिससे चेन्नई की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 196 रन ही बना सकी। चेन्नई की ओर से डेरिल मिचेल 63 रन और मोइन अली ने 56 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 109 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन मिचेल के आउट होने के बाद एक बार फिर चेन्नई की पारी लड़खड़ा गई और फिर उभर नहीं सकी। 

आठवें नंबर पर उतरे महेंद्र सिंह धोनी 11 गेंदों पर एक चौके और तीन छक्कों की मदद से 26 रन बनाकर नाबाद लौटे। हार के बावजूद चेन्नई की टीम 12 मैचों के बाद छह जीत और छह हार के साथ 12 अंक लेकर तालिका में चौथे स्थान पर मौजूद है। गुजरात की टीम 12 मैचों में पांच जीत और सात हार के साथ 10 अंक लेकर आठवें स्थान पर है। 

11:16 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: राशिद ने दिया एक और झटका

स्पिनर राशिद खान ने मिचेल सैंटनर को आउट कर चेन्नई को आठवां झटका दिया। सैंटनर खाता खोले बिना आउट हुए। चेन्नई को अब 12 गेंदों पर 62 रन बनाने हैं। महेंद्र सिंह धोनी के साथ शार्दुल ठाकुर क्रीज पर मौजूद हैं। 

11:14 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: जडेजा आउट हुए

राशिद खान ने रवींद्र जडेजा को आउट कर सीएसके को सातवां झटका दिया। जडेजा 10 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हुए। 

विज्ञापन
11:09 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: शिवम दुबे पवेलियन लौटे

मोहित शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए शिवम दुबे को आउट कर चेन्नई को छठा झटका दिया। शिवम 13 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर महेंद्र सिंह धोनी उतरे हैं और उनके साथ जडेजा मौजूद हैं। सीएसके को अब जीत के लिए 20 गेंदों पर 67 रनों की जरूरत है। 

10:52 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: मोइन अली आउट हुए

तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने एक बार फिर शानदार गेंदबाजी की और मोइन अली को आउट कर चेन्नई को पांचवां झटका दिया। मोइन 36 गेंदों पर 56 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर रवींद्र जडेजा उतरे हैं और उनके साथ शिवम दुबे मौजूद हैं। 

विज्ञापन
10:44 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: मोइन अली ने पूरा किया अर्धशतक

लगातार झटकों के बीच मोइन अली ने अर्धशतक पूरा कर लिया है। चेन्नई ने 13 ओवर के बाद चार विकेट पर 125 रन बना लिए हैं। क्रीज पर मोइन अली के साथ शिवम दुबे मौजूद हैं। सीएसके को अब जीत के लिए 42 गेंदों पर 107 रन बनाने हैं। 

10:40 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: डेरिल मिचेल पवेलियन लौटे

मोहित शर्मा ने गुजरात को महत्वपूर्ण सफलता दिलाते हुए डेरिल मिचेल को आउट कर चेन्नई को चौथा झटका दिया। मिचेल 34 गेंदों पर 63 रन बनाकर आउट हुए। इसी के साथ मिचेल और मोइन अली के बीच चौथे विकेट के लिए हुई 109 रनों की साझेदारी टूट गई। क्रीज पर अब शिवम दुबे बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं। 

10:29 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: मिचेल ने पूरा किया अर्धशतक

डेरिल मिचेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने मोइन के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी कर ली है। चेन्नई ने 10 ओवर के बाद तीन विकेट पर 86 रन बना लिए हैं। 

10:25 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: मिचेल अर्धशतक के करीब

डेरिल मिचेल और मोइन अली के बीच चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो गई है। दोनों की शानदार बल्लेबाजी से चेन्नई ने नौ ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 77 रन बना लिए हैं। मिचेल 24 गेंदों पर 44 रन और मोइन 20 गेंदों पर 28 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

10:08 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: मिचेल-मोइन ने चेन्नई को संभाला

शुरुआती झटकों के बाद डेरिल मिचेल और मोइन अली ने चेन्नई को पावरप्ले के दौरान और झटके लगने नहीं दिए। छह ओवर की समाप्ति तक सीएसके ने तीन विकेट पर 43 रन बनाए हैं। मिचेल 14 गेंदों पर 21 रन और मोइन अली 12 गेंदों पर 18 रन बनाकर खेल रहे हैं। 

09:50 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: ऋतुराज गायकवाड़ खाता खोले बिना आउट

गुजरात के गेंदबाजों ने चेन्नई पर दबाव बनाया और उसे शुरुआती झटके दिए। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए हैं। उमेश यादव की गेंद पर बाउंड्री पर राशिद खान ने ऋतुराज का शानदार कैच पकड़ा। तीन ओवर की समाप्ति के बाद चेन्नई ने तीन विकेट पर 10 रन बनाए हैं। फिलहाल डेरिल मिचेल और मोइन अली क्रीज पर मौजूद हैं। 

09:39 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: चेन्नई को लगा दोहरा झटका

गुजरात द्वारा 232 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम को दोहरा झटका लगा है। पहले ओवर में रचिन रवींद्र जहां रन आउट हुए, वहीं इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलने उतरे अजिंक्य रहाणे संदीप वारियर की गेंद पर आसान सा कैच दे बैठे। रचिन दो गेंदों पर एक रन, जबकि रहाणे पांच गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हुए। 

09:36 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: चेन्नई की पारी शुरू

चेन्नई की पारी शुरू हो चुकी है। रचिन रवींद्र और इम्पैक्ट सब अजिंक्य रहाणे क्रीज पर हैं। चेन्नई के सामने पहाड़ जैसा लक्ष्य है। गुजरात की ओर से उमेश यादव पहले ओवर में गेंदबाजी कर रहे हैं।

09:18 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: गुजरात ने 231 रन बनाए

गुजरात ने चेन्नई के सामने 232 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 231 रन बनाए। कप्तान शुभमन गिल ने 55 गेंद में नौ चौके और छह छक्के की मदद से 104 रन और साई सुदर्शन ने 51 गेंद में पांच चौके और सात छक्के की मदद से 103 रन की पारी खेली। यह सुदर्शन का पहला आईपीएल शतक रहा। वहीं, शुभमन ने आईपीएल करियर का चौथा शतक लगाया। डेविड मिलर 11 गेंद में 16 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, शाहरुख खान दो रन बनाकर रन आउट हुए। चेन्नई की ओर से तुषार देशपांडे ने दो विकेट लिए। शुभमन और सुदर्शन के बीच 210 रन की रिकॉर्ड साझेदारी हुई। चेन्नई ने पहले छह ओवर में 58 रन खर्च किए थे। वहीं, सात से 15 ओवर के बीच यानी नौ ओवर में गुजरात ने बिना कोई विकेट गंवाए 132 रन बनाए। 15 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर बिना किसी विकेट के 190 रन था। आखिरी पांच ओवर में गुजरात की टीम सिर्फ 41 रन बना सकी और तीन विकेट गंवाए। 

08:59 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: शुभमन-सुदर्शन शतक लगाकर आउट

210 के स्कोर पर गुजरात को पहला झटका लगा। साई सुदर्शन 51 गेंद में 103 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें तुषार देशपांडे ने शिवम दुबे के हाथों कैच कराया। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और सात छक्के लगाए। यह उनके आईपीएल करियर का पहला शतक रहा। वहीं, शुभमन गिल ने आईपीएल करियर का चौथा शतक लगाया। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर तुषार ने शुभमन गिल को रवींद्र जडेजा के हाथों कैच कराया और दूसरा झटका दिया। 18 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर दो विकेट पर 213 रन है। फिलहाल डेविड मिलर और शाहरुख खान क्रीज पर हैं। शुभमन ने 55 गेंद में नौ चौके और छह छक्के की मदद से 104 रन की पारी खेली।

08:53 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: शुभमन-सुदर्शन शतक के करीब

16 ओवर के बाद गुजरात ने बिना कोई विकेट गंवाए 196 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 48 गेंद में 96 रन और साई सुदर्शन भी 48 गेंद में 96 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। यह इस सीजन की सबसे बड़ी साझेदारी है।

08:41 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: तुषार ने आसान कैच छोड़ा

14 ओवर के बाद गुजरात ने बिना किसी विकेट के 179 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 40 गेंद में 85 रन और साई सुदर्शन 44 गेंद में 92 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 179 रन इस सीजन किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद के ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने पहले विकेट के लिए 167 रन की साझेदारी की थी। वहीं, यह गुजरात के लिए आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी है। 

08:37 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: चेन्नई के गेंदबाज विकेट को तरसे

गुजरात ने 13 ओवर के बाद बिना किसी विकेट के 160 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 34 गेंद में 66 रन और साई सुदर्शन 44 गेंद में 92 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

08:22 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: शुभमन का अर्धशतक

शुभमन गिल ने 25 गेंद में आईपीएल करियर का 21वां अर्धशतक लगाया। इससे पहले साई सुदर्शन भी अर्धशतक लगा चुके हैं। दोनों ने अब तक एक भी विकेट गिरने नहीं दिया है। 11 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर बिना किसी विकेट के 130 रन है। फिलहाल शुभमन गिल 28 गेंद में 57 रन और साई सुदर्शन 38 गेंद में 71 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

08:13 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: सुदर्शन का अर्धशतक

नौ ओवर के बाद गुजरात ने बिना विकेट गंवाए 94 रन बना लिए हैं। साई सुदर्शन ने आईपीएल करियर का सातवां अर्धशतक जड़ा। वहीं, शुभमन गिल भी 21वें अर्धशतक के करीब हैं। फिलहाल शुभमन 21 गेंद में 40 रन और सुदर्शन 33 गेंद में 52 रन बनाकर क्रीज पर हैं। चेन्नई के गेंदबाज विकेट को तरस गए हैं। 

08:03 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: पावरप्ले खत्म

छह ओवर के बाद गुजरात ने बिना विकेट गंवाए 58 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान शुभमन गिल 13 गेंद में 29 रन और साई सुदर्शन 23 गेंद में 28 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों ने अब तक शानदार बल्लेबाजी की है।

07:45 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: गुजरात की तेज शुरुआत

गुजरात ने तेज शुरुआत की है। टीम ने तीन ओवर के बाद बिना किसी विकेट के 32 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल आठ गेंद में 20 रन और साई सुदर्शन 10 गेंद में 11 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

07:31 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: गुजरात की पारी शुरू

चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ गुजरात टाइटंस की पारी शुरू हो गई है। कप्तान शुभमन गिल के साथ साई सुदर्शन गुजरात के लिए पारी का आगाज करने उतरे हैं। चेन्नई के लिए स्पिनर मिचेल सैंटनर गेंदबाजी की शुरुआत करने आए हैं। 

07:05 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, शाहरुख खान, डेविड मिलर, मैथ्यू वेड (विकेटकीपर), राहुल तेवतिया, राशिद खान, नूर अहमद, उमेश यादव, मोहित शर्मा, कार्तिक त्यागी।इम्पैक्ट सब: अभिनव मनोहर, संदीप वॉरियर, बीआर शरथ, दर्शन नालकंडे, जयंत यादव।

चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, शिवम दुबे, मोइन अली, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी (विकेटकीपर), मिचेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, तुषार देशपांडे, सिमरजीत सिंह। इम्पैक्ट सब: अजिंक्य रहाणे, शेख रशीद, अरावेल्ली अवनीश, समीर रिज्वी, मुकेश चौधरी।

07:01 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: चेन्नई ने जीता टॉस

चेन्नई के कप्तान ऋतुराज गायकावाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। यह इस सीजन सिर्फ दूसरी बार है जब ऋतुराज ने टॉस जीता है। 12 में से 10 मौके पर टॉस में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। टीम में एक बदलाव हुआ है। रिचर्ड ग्लीसन की जगह रचिन रवींद्र की टीम में एंट्री हुई है। वहीं, गुजरात ने टीम में दो बदलाव किए हैं। ऋद्धिमान साहा की जगह मैथ्यू वेड और जोशुआ लिटिल की जगह कार्तिक त्यागी को प्लेइंग-11 में जगह दी गई है। तेज गेंदबाज कार्तिक का यह गुजरात के लिए डेब्यू मैच है। इससे पहले वह सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल चुके हैं।

06:53 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: अंक तालिका का हाल

अंक तालिका में फिलहाल कोलकाता की टीम 16 अंक लेकर शीर्ष पर है। वहीं, राजस्थान के भी इतने ही अंक हैं, लेकिन टीम दूसरे स्थान पर है। सनराइजर्स की टीम 14 अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। वहीं, चेन्नई, दिल्ली और लखनऊ तीनों के 12-12 अंक हैं। बेंगलुरु की टीम 10 अंक लेकर प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। ऐसे में प्लेऑफ की जंग रोमांचक हो चली है।

06:53 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: चेन्नई के फैंस को काफी उम्मीदें

हालांकि जिस तरह पंजाब किंग्स के खिलाफ टीम ने अपने 167 रन का बचाव किया है, उससे टीम के समर्थकों को उम्मीद रहेगी। गुजरात टीम के अंतिम चार में पहुंचने की संभावनाएं कम है। टीम अधिकतम 14 अंक हासिल कर सकती है और ऐसे में उनके लिए बेहद मुश्किल होगा। पिछले पांच मैचों में टीम एक जीत ही हासिल कर पाई है।

06:52 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: चाहर-पथिराना चोटिल

दीपक चाहर और महीश पथिराना चोट के कारण बाहर है जबकि बांग्लादेश के मुस्ताफिजुर रहमान अपनी राष्ट्रीय टीम प्रतिबद्धताओं के कारण लौट चुके हैं। ऐसे में गेंदबाजी का मुख्य दाराेमदार तुषार देशपांडे और रविंद्र जडेजा पर रहेगा। स्पिन में रविंद्र जडेजा के अलावा मिचेल सेंटनर और मोइन अली हैं।

06:51 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Live: चेन्नई की टीम चोट से जूझ रही

चोट और अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के चलते अपने मुख्य गेंदबाजों का अभाव झेल रही चेन्नई सुपरकिंग्स शुक्रवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ उतरेगी। अभी तक 11 मैचों में 12 अंक लेने वाली ऋतुराज गायकवाड़ की टीम के लिए यह मुकाबला काफी महत्वपूर्ण है। टीम का अभी प्लेऑफ में स्थान सुरक्षित नहीं है। हार से टीम की संभावनाएं प्रभावित होंगी।

06:46 PM, 10-May-2024

GT vs CSK Highlights: गुजरात ने चेन्नई को 35 रनों से हराया, मोहित को मिले तीन विकेट, धोनी नाबाद लौटे

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2024 के 59वें मैच में गुजरात टाइटंस का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से है। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। गुजरात के लिए यह नॉकआउट मैच की तरह है। हारने पर टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो जाएगी। वहीं, जीत से उम्मीदें बरकरार रहेंगी। यही हाल चेन्नई के साथ है। उनके लिए भी जीत जरूरी है, लेकिन हार से उनकी राह मुश्किल हो जाएगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें