फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CSK vs GT: 'किलर' मिलर और राशिद खान की तूफानी पारी से जीता गुजरात, चार बार की चैंपियन चेन्नई की पांचवीं हार

Sun, 17 Apr 2022 11:31 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पुणे

खास बातें

GT vs CSK (Gujarat vs Chennai): गुजरात की टीम शानदार फॉर्म में है और उसने अब तक छह में से पांच मैच जीते हैं। वहीं, चेन्नई की टीम छह में से पांच मैच हार चुकी है। टॉस गुजरात के कप्तान राशिद खान ने जीता। उन्होंने चेन्नई के खिलाफ पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में 169 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 19.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
विज्ञापन
डेविड मिलर - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:17 PM, 17-Apr-2022

गुजरात ने चेन्नई को हराया

गुजरात टाइटंस ने चार बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स को तीन विकेट से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 169 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 19.5 ओवर में सात विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। 

गुजरात के लिए 'किलर मिलर' के नाम से मशहूर डेविड मिलर ने तूफानी पारी खेली और एक छोर से शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच जिताया। मिलर 51 गेंदों पर आठ चौके और छह छक्के की मदद से 94 रन बनाकर नाबाद रहे। 

17 ओवर तक गुजरात का स्कोर पांच विकेट पर 122 रन था। तब टीम को आखिरी तीन ओवर में 48 रन की जरूरत थी। ऐसा लग रहा था कि चेन्नई यह मैच निकाल लेगी, लेकिन तब गुजरात के स्टैंड इन कैप्टन राशिद खान का तूफान देखने को मिला। उन्होंने और मिलर ने मिलर ने मिलकर क्रिस जॉर्डन के 18वें ओवर में 25 रन बटोरे। इस ओवर में राशिद ने तीन छक्के और एक चौका लगाया। 

इसके बाद अगले ओवर में ड्वेन ब्रावो ने राशिद खान और अल्जारी जोसेफ को पवेलियन भेजा। राशिद 21 गेंदों पर 40 रन बनाकर आउट हुए। आखिरी ओवर में गुजरात को 13 रन की जरूरत थी। जॉर्डन फिर से गेंदबाजी के लिए आए। पहली दो गेंदों पर कोई रन नहीं बना। मिलर ने तीसरी गेंद पर छक्का लगाया। चौथी गेंद पर मिलर का कैच पकड़ा गया, लेकिन वह नो बॉल निकला। 

फ्री हिट पर मिलर ने चौका लगाया। अगली गेंद पर मिलर ने दो रन लेकर गुजरात की जीत दिलाई। इस जीत के साथ छह मैचों में पांच जीत और एक हार और 10 अंक के साथ गुजरात की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर बरकरार है। वहीं, चेन्नई की टीम छह मैचों में एक जीत और पांच हार के साथ दो अंकों लेकर नौवें स्थान पर है। चेन्नई का अगला मैच मुंबई इंडियंस के खिलाफ है।

11:07 PM, 17-Apr-2022

CSK vs GT Live: ब्रावो ने गुजरात को दो झटके दिए

19वें ओवर में 157 के स्कोर पर गुजरात टाइटंस को दो झटके लगे। ड्वेन ब्रावो ने पांचवें और छठे गेंद यानी लगातार दो गेंदों पर राशिद खान और अल्जारी जोसेफ को पवेलियन भेजा। राशिद खान ने तूफानी पारी खेली। उन्होंने 21 गेंदों पर दो चौके और तीन छक्के की मदद से 40 रन बनाए। ब्रावो ने राशिद को मोईन के हाथों कैच कराया। वहीं, अगली ही गेंद पर अल्जारी जोसेफ ने जॉर्डन को कैच थमाया। जीटी को छह गेंदों पर 13 रन की जरूरत है। 

10:47 PM, 17-Apr-2022

CSK vs GT Live: गुजरात को 52 रन की जरूरत

16 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस ने पांच विकेट गंवाकर 118 रन बना लिए हैं। डेविड मिलर 40 गेंदों पर 77 रन और राशिद खान नौ गेंदों पर छह रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। गुजरात को 24 गेंदों पर 52 रन की जरूरत है। 

विज्ञापन
10:30 PM, 17-Apr-2022

CSK vs GT Live: गुजरात को पांचवां झटका

13वें ओवर में 87 के स्कोर पर गुजरात टाइटंस को पांचवां झटका लगा। ड्वेन ब्रावो ने राहुल तेवतिया को रवींद्र जडेजा के हाथों कैच कराया। तेवतिया 14 गेंदों पर छह रन बना सके। फिलहाल राशिद खान और डेविड मिलर क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर पांच विकेट पर 87 रन है। ब्रावो का यह ओवर मेडन रहा। गुजरात को 42 गेंदों पर 83 रन की जरूरत है। 

10:24 PM, 17-Apr-2022

CSK vs GT Live: मिलर का अर्धशतक

12 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस ने चार विकेट गंवाकर 87 रन बना लिए हैं। टीम को अब 48 गेंदों पर 83 रन की जरूरत है। फिलहाल राहुल तेवतिया छह रन और डेविड मिलर 29 गेंदों पर 52 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। मिलर ने 28 गेंदों पर अर्धशतक जमाया। यह उनके आईपीएल करियर का 11वां अर्धशतक है। 

विज्ञापन
10:19 PM, 17-Apr-2022

CSK vs GT Live: 10 ओवर के बाद गुजरात 58/4

10 ओवर के बाद गुजरात ने चार विकेट गंवाकर 58 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेविड मिलर 21 गेंदों पर 27 रन और राहुल तेवतिया दो रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। शुभमन गिल, विजय शंकर, ऋद्धिमान साहा और अभिनव मनोहर कुछ खास नहीं कर सके।

10:09 PM, 17-Apr-2022

CSK vs GT Live: गुजरात को चौथा झटका

आठवें ओवर में 48 के स्कोर पर गुजरात को चौथा झटका लगा। सीएसके के कप्तान रवींद्र जडेजा ने ऋद्धिमान साहा को ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। साहा 18 गेंदों पर 11 रन बना सके। शुभमन गिल और विजय शंकर खाता भी नहीं खोल सके। वहीं, अभिनव मनोहार 12 रन बनाकर आउट हुए। महेश तीक्षणा को दो विकेट और मुकेश चौधरी को एक विकेट मिला। फिलहाल डेविड मिलर और राहुल तेवतिया क्रीज पर हैं।

10:02 PM, 17-Apr-2022

CSK vs GT Live: छह ओवर में गुजरात 37/3

छह ओवर के बाद गुजरात टाइटंस ने तीन विकेट गंवाकर 37 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेविड मिलर सात गेंदों पर 11 रन और ऋद्धिमान साहा 14 गेंदों पर नौ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। महेश तीक्षणा ने दो और मुकेश चौधरी ने एक विकेट लिया। शुभमन गिल और विजय शंकर खाता भी नहीं खोल सके। वहीं, अभिनव मनोहार 12 रन बनाकर आउट हुए। 

09:53 PM, 17-Apr-2022

CSK vs GT Live: गुजरात को तीसरा झटका

चौथे ओवर में 16 के स्कोर पर गुजरात टाइटंस को तीसरा झटका लगा। महेश तीक्षणा ने अभिनव मनोहर को मोईन अली के हाथों कैच कराया। मनोहर 12 गेंदों पर 12 रन बना सके। तीक्षणा को मिली ये दूसरी सफलता रही। इससे पहले उन्होंने विजय शंकर (0) को पवेलियन भेजा था। शुभमन गिल भी शून्य पर आउट हुए। फिलहाल डेविड मिलर और ऋद्धिमान साहा क्रीज पर हैं। 


विकेट मिलने के बाद महेश तीक्षणा

09:42 PM, 17-Apr-2022

CSK vs GT Live: गुजरात के शुभमन-शंकर पवेलियन लौटे

170 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की शुरुआत खराब रही है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी ने पहले ही ओवर में शुभमन गिल (0) को पवेलियन भेजा। शुभमन पहले ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हुए। इसके बाद दूसरे ओवर में महेश तीक्षणा गेंदबाजी के लिए आए। उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद पर विजय शंकर (0) को पवेलियन भेजा। दोनों खिलाड़ी खाता भी नहीं खोल सके। दो ओवर के बाद गुजरात का स्कोर दो विकेट पर पांच रन है। फिलहाल अभिनव मनोहर और ऋद्धिमान साहा क्रीज पर हैं। 

09:16 PM, 17-Apr-2022

चेन्नई ने गुजरात को 170 रन का लक्ष्य दिया

चेन्नई सुपर किंग्स ने गुजरात टाइटंस के सामने 170 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 169 रन बनाए। सीएसके की शुरुआत खराब रही और सात के स्कोर पर पहला झटका लगा। पिछले मैच के हीरो रॉबिन उथप्पा 10 गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हुए। उन्हें शमी ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। खराब फॉर्म में चल रहे मोईन अली इस मैच में भी कुछ खास नहीं कर सके और एक रन बनाकर अल्जारी जोसेफ की गेंद पर बोल्ड हुए। 

इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ ने अंबाती रायुडू के साथ मिलकर चेन्नई की पारी संभाली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 56 गेंदों पर 92 रन की साझेदारी निभाई। इस बीच ऋतुराज ने फॉर्म में वापसी करते हुए सीजन का पहला अर्धशतक लगाया। ओवरऑल यह उनका आठवां अर्धशतक रहा। वहीं, रायुडू अर्धशतक से चूक गए। रायुडू 31 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, ऋतुराज 48 गेंदों पर पांच चौके और पांच छक्के की मदद से 73 रन बनाकर आउट हुए।

शिवम दुबे ने 17 गेंदों पर 19 रन और कप्तान रवींद्र जडेजा ने 12 गेंदों पर नाबाद 22 रन की पारी खेली। दुबे पारी की आखिरी गेंद पर आउट हुए। अल्जारी जोसेफ ने दो विकेट लिए। वहीं, मोहम्मद शमी और यश दयाल को एक-एक विकेट मिला।  

08:59 PM, 17-Apr-2022

CSK vs GT Live: चेन्नई को चौथा झटका

17वें ओवर में 131 के स्कोर पर चेन्नई को चौथा झटका लगा। यश दयाल ने शानदार बल्लेबाजी कर रहे रहे ऋतुराज गायकवाड़ को पवेलियन भेजा। ऋतुराज 48 गेंदों पर पांच चौके और पांच छक्के की मदद से 73 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल शिवम दुबे और रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं। 17 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर चार विकेट पर 135 रन है। 

08:47 PM, 17-Apr-2022

CSK vs GT Live: चेन्नई को तीसरा झटका

15वें ओवर में 124 के स्कोर पर चेन्नई सुपर किंग्स को तीसरा झटका लगा। अंबाती रायुडू अर्धशतक से चूक गए। वे 31 गेंदों पर 46 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें अल्जारी जोसेफ ने विजय शंकर के हाथों कैच कराया। अपनी पारी में रायुडू ने चार चौके और दो छक्के लगाए। रायुडू ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ 56 गेंदों पर 92 रन की साझेदारी निभाई। 15 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर तीन विकेट पर 125 रन है। ऋतुराज 44 गेंदों पर 69 रन और शिवम दुबे एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।


ऋतुराज और अंबाती

08:31 PM, 17-Apr-2022

CSK vs GT Live: ऋतुराज गायकवाड़ का आठवां अर्धशतक

12 ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने दो विकेट गंवाकर 100 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋतुराज गायकवाड़ 39 गेंदों पर 57 रन और अंबाती रायुडू 21 गेंदों पर 34 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 60 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है। इससे पहले ऋतुराज ने आईपीएल करियर की आठवीं फिफ्टी लगाई। यह इस सीजन उनकी पहली फिफ्टी है। उन्होंने 37 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। 12वें ओवर में यश दयाल की गेंदबाजी पर चेन्नई ने 19 रन बटोरे। 

08:14 PM, 17-Apr-2022

CSK vs GT Live: नौ ओवर के बाद चेन्नई 59/2

नौ ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने दो विकेट गंवाकर 59 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋतुराज गायकवाड़ 30 गेंदों पर 39 रन और अंबाती रायुडू 11 गेंदों पर 12 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 22 गेंदों पर 27 रन की साझेदारी हो चुकी है। 

08:01 PM, 17-Apr-2022

CSK vs GT Live: चेन्नई को दूसरा झटका

छठे ओवर में 32 के स्कोर पर चेन्नई सुपर किंग्स को दूसरा झटका लगा। अल्जारी जोसेफ ने मोईन अली को बोल्ड किया। मोईन का खराब फॉर्म जारी है। वे इस सीजन अब तक कुछ खास नहीं कर सके हैं। इस मैच में भी मोईन तीन गेंदों पर एक रन बना सके। फिलहाल ऋतुराज गायकवाड़ 22 गेंदों पर 30 रन और अंबाती रायुडू एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। छह ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर दो विकेट पर 39 रन है।


अल्जारी जोसेफ को बधाई देते साथी खिलाड़ी

07:56 PM, 17-Apr-2022

CSK vs GT Live: पांच ओवर के बाद चेन्नई 31/1

पांच ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने एक विकेट गंवाकर 31 रन बना लिए हैं। फिलहाल मोईन अली एक रन और ऋतुराज गायकवाड़ 19 गेंदों पर 24 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 20 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है। मोहम्मद शमी ने रॉबिन उथप्पा को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। 

07:46 PM, 17-Apr-2022

CSK vs GT Live: चेन्नई को पहला झटका

सात के स्कोर पर चेन्नई सुपर किंग्स को पहला झटका लगा। पिछले मैच के हीरो रॉबिन उथप्पा इस मैच में 10 गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मोहम्मद शमी ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। फिलहाल ऋतुराज गायकवाड़ नौ रन और मोईन अली एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर एक विकेट पर 16 रन है। 


उथप्पा के खिलाफ शमी अपील करते हुए

07:36 PM, 17-Apr-2022

CSK vs GT Live: उथप्पा और गायकवाड़ क्रीज पर

चेन्नई के ओपनर्स रॉबिन उथप्पा और ऋतुराज गायकवाड़ क्रीज पर हैं। एक ओवर के बाद चेन्नई ने बिना कोई विकेट गंवाए तीन रन बना लिए हैं। गुजरात के रेगुलर कप्तान हार्दिक पांड्या अनफिट होने की वजह से यह मैच नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह राशिद खान कप्तानी कर रहे हैं। टीम में ऋद्धिमान साहा और अल्जारी जोसेफ को मौका दिया गया है।

07:09 PM, 17-Apr-2022

CSK vs GT Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

चेन्नई सुपर किंग्स: रॉबिन उथप्पा, ऋतुराज गायकवाड़, मोइन अली, अंबाती रायुडू, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा (कप्तान), एमएस धोनी (विकेटकीपर), ड्वेन ब्रावो, क्रिस जॉर्डन, महेश तीक्षणा, मुकेश चौधरी।

गुजरात टाइटंस: ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), शुभमन गिल, विजय शंकर, डेविड मिलर, अभिनव मनोहर, राहुल तेवतिया, राशिद खान (कप्तान), अल्जारी जोसेफ, लोकी फर्ग्यूसन, यश दयाल, मोहम्मद शमी।

07:04 PM, 17-Apr-2022

CSK vs GT Live: गुजरात ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी का फैसला

गुजरात टाइटंस की टीम को मैच से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के रेगुलर कैप्टन हार्दिक पांड्या चोट की वजह से ये मैच नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह राशिद खान टीम की कप्तानी कर रहे हैं। गुजरात के कप्तान राशिद खान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया।

टॉस के दौरान राशिद ने कहा कि हार्दिक को ग्रोइन में दिक्कत है। हम कोई रिस्क नहीं लेना चाहते थे, इसलिए हार्दिक को आराम दिया गया है। हमें उम्मीद है कि वह अगले मैच में वापसी करेंगे। मैथ्यू वेड को भी टीम से बाहर किया गया है। उनकी जगह ऋद्धिमान साहा को गुजरात की प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। वहीं, हार्दिक की जगह वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ को मौका दिया गया है। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रवींद्र जडेजा ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।

06:58 PM, 17-Apr-2022

CSK vs GT Live: पिच रिपोर्ट

पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में इस सीजन अब तक पांच मैच हुए हैं। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम तीन मैच जीती है। वहीं, बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीमों को दो मैचो में जीत हासिल हुई। पिछला मैच पंजाब और मुंबई के बीच खेला गया था, जिसे पंजाब ने 12 रन से जीता था। 

पिच पर घास है और दोनों टीमें अपनी-अपनी मजबूती पर खेलना चाहेंगी। सीएसके की टीम बड़ा स्कोर बनाकर उसे डिफेंड करना चाहेगी। वहीं, गुजरात की टीम पहले गेंदबाजी कर चेन्नई को कम स्कोर पर रोकना चाहेगी और फिर लक्ष्य हासिल कर मैच जीतना चाहेगी। 

04:23 PM, 17-Apr-2022
चेन्नई सुपर किंग्स बनाम गुजरात टाइटंस - फोटो : अमर उजाला

CSK vs GT Live: गुजरात की गेंदबाजी बेहद मजबूत

गुजरात टाइटंस का गेंदबाजी लाइन अप मजबूत है जिसमें न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन (आठ विकेट), भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (सात विकेट) और पंड्या (चार विकेट) सभी विकेट झटकने और विपक्षी टीम की रन गति पर लगाम कसने में काबिल है। अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान ने भी रन गति रोकने में अच्छा प्रदर्शन किया है और अभी तक छह विकेट चटकाए हैं।

बल्लेबाजी विभाग में पंड्या और सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल रन जुटाकर दो-दो अर्धशतक जड़ चुके हैं लेकिन मैथ्यू वेड की फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है। अभिनव मनोहर और दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर ने पिछले मैच में अच्छा किया। अब टीम उनसे और अधिक जिम्मेदारी लेने की उम्मीद करेगी।

राहुल तेवतिया ने भी फिनिशर के तौर पर अपनी भूमिका में चमकदार प्रदर्शन किया है। उनके छक्कों ने गुजरात टाइटंस को लखनऊ सुपर जायंट्स पर जीत दिलाई थी। सीएसके के लिये युवा सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ के लिए समय निकलता जा रहा है जो इस सत्र में खराब फॉर्म में हैं। मोईन अली में भी शीर्ष क्रम में निरंतरता की कमी दिखी है।

ऐसा ही अंबाती रायडु के साथ हो रहा है जो अपनी शुरूआत का फायदा उठाने में असफल रहे हैं। ऑलराउंडर शिवम दुबे टीम के स्टार रहे हैं जिन्होंने बीती रात चौथे नंबर पर नाबाद 95 रन की पारी खेली। सलामी बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा ने भी अपनी 88 रन की पारी के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के गेंदबाजों को धुन दिया। हालांकि जडेजा और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को मध्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

04:23 PM, 17-Apr-2022
चेन्नई सुपर किंग्स बनाम गुजरात टाइटंस - फोटो : अमर उजाला

CSK vs GT Live: चेन्नई के गेंदबाजों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा

सीएसके ने इस सत्र में जडेजा को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी है जबकि मुंबई इंडियंस पंड्या को रिटेन नहीं कर सकी क्योंकि वह फिटनेस से जूझ रहे थे लेकिन गुजरात टाइटंस ने इस ऑलराउंडर को नेतृत्व का जिम्मा सौंपा। पंड्या ने भी इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाते हुए नई टीम को शानदार शुरूआत कराई जिससे उसने पांच में से चार मैचों में जीत दर्ज की। गुजरात टाइटंस को एकमात्र हार सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मिली लेकिन टीम ने गुरुवार को राजस्थान रॉयल्स पर 37 रन की जीत से वापसी की।

जडेजा को हालांकि टीम के साथ मुश्किल दौर का सामना करना पड़ा जिसमें टीम ने अपने पहले चार मैच गंवा दिए थे लेकिन टीम ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर पर 23 रन की जीत से खाता खोला। गेंदबाजी सीएसके के लिए चिंता का विषय रही है लेकिन पूर्व चैंपियन ने पिछले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन किया।

इसमें महीश तीक्ष्णा और कप्तान जडेजा की स्पिन जोड़ी ने मिलकर सात विकेट झटके, लेकिन तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी सीएसके के मुख्य गेंदबाज दीपक चाहर की अनुपस्थिति में अच्छा नहीं कर सके हैं। चाहर पीठ की चोट के कारण आईपीएल से बाहर हो गए हैं। क्रिस जोर्डन और ड्वेन ब्रावो ने हालांकि चीजों को नियंत्रित करने में कुल मिलाकर अच्छा प्रदर्शन किया है। हालांकि पिछले मैच में ब्रावो ने काफी रन दे दिए। 

04:22 PM, 17-Apr-2022

CSK vs GT Live: दो नए कप्तानों की टक्कर


गत चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की टीम जब रविवार को आईपीएल मैच में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी तो यह दो नए कप्तान रविंद्र जडेजा और हार्दिक पंड्या के बीच उनके रणनीतिक कौशल की भी परीक्षा होगी। दोनों कप्तान ही अपने हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मशहूर हैं और दोनों ही भारतीय क्रिकेट के लिए शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। लेकिन रविवार को जब दोनों टीमें पिछले मैच की जीत की लय को बरकरार रखने के लिए एक दूसरे के सामने होंगी तो दोनों कप्तानों के बीच तकनीकी श्रेष्ठता की जंग भी होगी।

03:37 PM, 17-Apr-2022

CSK vs GT: 'किलर' मिलर और राशिद खान की तूफानी पारी से जीता गुजरात, चार बार की चैंपियन चेन्नई की पांचवीं हार

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज डबल हेडर के दूसरे मुकाबले में चार बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला गुजरात टाइटंस से है। गुजरात की टीम शानदार फॉर्म में है और उसने अब तक पांच में से चार मैच जीते हैं। वहीं, चेन्नई की टीम पांच में से चार मैच हार चुकी है। टीम ने अपना पिछला मैच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ जीता था। इस जीत से टीम को आत्मविश्वास मिला होगा। आज का मैच जीतकर सीएसके की टीम प्लेऑफ की रेस में बरकरार रहना चाहेगी। हार्दिक पांड्या पहली बार धोनी के खिलाफ कप्तानी करते दिखेंगे। हार्दिक ने मैच से पहले धोनी के साथ तस्वीर भी शेयर की है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें