फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GG W vs RCB W Highlights: आरसीबी ने जीत के साथ किया लीग का आगाज, गुजरात को छह विकेट से हराया

Fri, 14 Feb 2025 10:59 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, वडोदरा

खास बातें

Live Cricket Score, GG vs RCB Women’s Premier League 2025 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। महिला प्रीमियर लीग के तीसरे संस्करण की शुरुआत हो चुकी है। पहला मुकाबला गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात जायंट्स के बीच खेला गया।आरसीबी ने गुजरात को पहले मुकाबले में छह विकेट से हरा दिया। इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 201 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने 18.3 ओवर में चार विकेट खोकर 202 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन
आरसीबी बनाम गुजरात - फोटो : WPL
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:58 PM, 14-Feb-2025

आरसीबी ने छह विकेट से दर्ज की जीत

ऋचा घोष और कनिका अहुजा की अर्धशतकीय साझेदारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को छह विकेट से हराकर महिला प्रीमियर लीग का शानदार आगाज किया। पहले ही मैच में स्मृति मंधाना की टीम ने इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल कर इतिहास रच दिया। 

आरसीबी ने हासिल किया सबसे बड़ा लक्ष्य
शुक्रवार को वडोदरा के कोतांबी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात जायंट्स ने बेथ मूनी और एश्ले गार्डनर की अर्धशतकीय साझेदारियों की बदौलत 20 ओवर में पांच विकेट पर 201 रन बनाए। जवाब में गत चैंपियन टीम ने एलिस पेरी और ऋचा घोष की अर्धशतकीय पारियों के दमपर 18.3 ओवर में चार विकेट पर 202 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
महिला प्रीमियर लीग में हासिल किए गए सबसे बड़े लक्ष्य

दूसरी बार इस टूर्नामेंट में लगे सबसे ज्यादा छक्के
इस मुकाबले में कुल 403 रन बने। महिला प्रीमियर लीग के एक मैच में सबसे ज्यादा रन बने हैं। इसके अलावा आरसीबी बनाम गुजरात मैच में कुल 16 छक्के लगे। यह इस टूर्नामेंट में दूसरी बार हुआ है जब किसी मुकाबले में सबसे ज्यादा छक्के लगे हैं। इससे पहले 2024 में बेंगलुरु में खेले गए आरसीबी बनाम दिल्ली मुकाबले में 19 छक्के लगे थे।

एलिस पेरी के बाद ऋचा घोष ने मचाया धमाल
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत तेज हुई थी। स्मृति मंधाना अच्छी फॉर्म में दिख रहीं थीं, लेकिन एश्ले गार्डनर ने उन्हें दूसरे ही ओवर में अपना शिकार बना लिया। वह दो चौकों की मदद से नौ रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद उनकी साथी बल्लेबाज डैनी व्याट भी चार रन बनाकर आउट हो गईं। इस तरह 14 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा चुकी आरसीबी को एक अच्छी साझेदारी की दरकार थी। ऐसे में टीम को एलिस पेरी का साथ मिला। उन्होंने राघवी बिष्ट के साथ तीसरे विकेट के लिए 55 गेंदों में 86 रनों की साझेदारी की, जिसके डिएंड्रा डॉटिन ने तोड़ा। उन्होंने बिष्ट को सायली सतघरे के हाथों कैच कराया। वह तीन चौकों की मदद से 25 रन बनाने में कामयाब हुईं। वहीं, एलिस पेरी ने 34 गेंदों में 57 रन बनाए और स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। 

इसके बाद टीम के लिए ऋचा घोष (64*) और कनिका आहुजा (30*) संकटमोचक साबित हुईं। दोनों के बीच 37 गेंदों में 93* रनों की विशाल साझेदारी हुई, जिसके दमपर बेंगलुरु ने गुजरात को हराकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। दोनों के बीच हुई यह आरसीबी के इतिहास की तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है।

09:58 PM, 14-Feb-2025

GG W vs RCB W Live Score: शुरुआती छह ओवर के बाद स्कोर 51/2

शुरुआती दो ओवरों में दो झटकों के बाद एलिस पेरी और राघवी बिष्ट ने मोर्चा संभाल लिया है। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए एक अच्छी साझेदारी पनप रही है। पावरप्ले के बाद आरसीबी का स्कोर 51/2 है।

09:38 PM, 14-Feb-2025

GG W vs RCB W Live Score: आरसीबी को लगे दो झटके

आरसीबी की शुरुआत झटकों के साथ हुई है। शुरुआती दो ओवरों में ही टीम ने दोनों सलामी बल्लेबाजों का विकेट खो दिया। मंधाना 09 और डैनी चार रन बनाकर पवेलियन लौटीं। फिलहाल क्रीज पर एलिस पैरी और राघवी बिष्ट मौजूद हैं।

विज्ञापन
09:28 PM, 14-Feb-2025

GG W vs RCB W Live Score: आरसीबी की पारी शुरू

आरसीबी की पारी शुरू हो चुकी है। सलामी बल्लेबाजी के लिए स्मृति मंधाना और डैनी व्याट हॉज क्रीज पर मौजूद हैं।

09:24 PM, 14-Feb-2025

GG W vs RCB W Live Score: उद्घाटन समारोह शुरू

महिला प्रीमियर लीग 2025 का उद्घाटन समारोह शुरू हो चुका है। बॉलीवुड जगत के मशहूर अभिनेता आयुष्मान खुराना ने ठुमके लगाकर फैंस और खिलाड़ियों का मनोरंजन किया।

विज्ञापन
09:09 PM, 14-Feb-2025

GG W vs RCB W Live Score: गुजरात ने बेंगलुरु के सामने रखा 202 रन का लक्ष्य

कप्तान एश्ले गार्डनर और विकेटकीपर बल्लेबाज बेथ मूनी की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत गुजरात जायंट्स ने महिला प्रीमियर लीग 2025 के पहले मैच में 200 रनों का आंकड़ा छू लिया। टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 201 रन बनाए। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए रेणुका सिंह ने दो विकेट चटकाए जबकि कनिका अहूजा, जॉर्जिया वेयरहम और प्रेमा रावत ने एक-एक विकेट चटकाया। इस मुकाबले में बेथ मूनी (56) और एश्ले गार्डनर (79*) के अलावा लाउरा वोलवार्ड्ट ने छह, दयालन हेमलता ने चार, डिएंड्रा डॉटिन ने 25, सिमरन शेख ने 11 और हरलीन देओल ने नौ* रन बनाए।

08:54 PM, 14-Feb-2025

GG W vs RCB W Live Score: गुजरात को लगा चौथा झटका

गुजरात को चौथा झटका डिएंड्रा डॉटिन के रूप में लगा। उन्हें रेणुका सिंह ने अपना शिकार बनाया। वह 13 गेंदों में 25 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए सिमरन शेख उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए एश्ले गार्डनर क्रीज पर मौजूद हैं।

08:46 PM, 14-Feb-2025

16 ओवर के बाद टीम का स्कोर 148/3

गुजरात जायंट्स की टीम अच्छी फॉर्म में नजर आ रही है। पहले मैच में दो अर्धशतक अब तक देखने को मिले हैं। बेथ मूनी ने 56 रनों की पारी खेली जबकि एश्ले गार्डनर 50 रन बनाकर क्रीज पर डटी हुई हैं। उनका साथ देने के लिए डिएंड्रा डॉटिन क्रीज पर मौजूद हैं। 

08:32 PM, 14-Feb-2025

GG W vs RCB W Live Score: गुजरात को लगा तीसरा झटका

गुजरात को तीसरा झटका प्रेमा रावत ने दिया। उन्होंने बेथ मूनी को अपना शिकार बनाया। वह 42 गेंदों में 56 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए डिएंड्रा डॉटिन उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए एश्ले गार्डनर क्रीज पर मौजूद हैं। 13 ओवर को बाद स्कोर 98/3 है।

08:04 PM, 14-Feb-2025

GG W vs RCB W Live Score: गुजरात को दूसरा झटका लगा

गुजरात को दूसरा झटका दयालन हेमलता के रूप में लगा। उन्हें कनिका अहूजा ने अपना शिकार बनाया। वह चार रन बनाकर पवेलियन लौटीं। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए एश्ले गार्डनर क्रीज पर उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए बेथ मूनी क्रीज पर मौजूद हैं।

07:56 PM, 14-Feb-2025

GG W vs RCB W Live Score: गुजरात का पहला विकेट गिरा

गुजरात को पहला झटका लाउरा वोलवार्ड्ट के रूप में लगा। उन्हें रेणुका सिंह ठाकुर ने अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ छह रन बना सकीं। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए दयालन हेमलता उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए बेथ मूनी क्रीज पर मौजूद हैं।

07:31 PM, 14-Feb-2025

GG W vs RCB W Live Score: गुजरात की पारी शुरू

गुजरात जायंट्स की पारी शुरू हो चुकी है। बेथ मूनी और लाउरा वोलवार्ड्ट क्रीज पर मौजूद हैं। बेंगलुरु की तरफ से पारी का पहला ओवर रेणुका ठाकुर डाल रही हैं।

07:19 PM, 14-Feb-2025

GG W vs RCB W Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11 इस प्रकार है

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु : स्मृति मंधाना (कप्तान), डेनिएल व्याट-हॉज, एलिसे पेरी, राघवी बिस्ट, ऋचा घोष (विकेटकीपर), कनिका आहूजा, जॉर्जिया वेयरहम, किम गर्थ, प्रेमा रावत, जोशिता वीजे, रेणुका ठाकुर सिंह।
गुजरात जायंट्स : लाउरा वोल्वार्ड्ट, बेथ मूनी (विकेटकीपर), दयालन हेमलता, एश्ले गार्डनर (कप्तान), डिएंड्रा डॉटिन, हरलीन देओल, सिमरन शेख, तनुजा कंवर, सायली सतघरे, प्रिया मिश्रा, काशवी गौतम।

07:02 PM, 14-Feb-2025

GG W vs RCB W Live Score: बेंगलुरु ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

बेंगलुरु ने महिला प्रीमियर लीग के पहले मैच का टॉस जीतकर गुजरात को बल्लेबाजी का न्योता दिया है। आरसीबी की प्लेइंग 11 में चार विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें एलिस पेरी, वेयरहैम, वायट-हॉज और गार्थ शामिल हैं। इसके अलावा टीम की कप्तान मंधाना ने बताया कि टीम में तीन भारतीय खिलाड़ी हैं, इनमें प्रेमा रावत, वीजे जोशीथा और राघवी बिष्ट शामिल हैं। वहीं, गुजरात की कप्तान एश्ले गार्डनर ने बताया कि उनकी तरफ से पांच खिलाड़ी इस लीग में डेब्यू कर रही हैं। इनमें प्रिया मिश्रा, काशवी गौतम, सायली सतघरे, डिएंड्रा डॉटिन और सिमरन शेख शामिल हैं।

06:50 PM, 14-Feb-2025

GG W vs RCB W Live Score: टीमें इस प्रकार हैं

मुंबई इंडियंस: हरमनप्रीत कौर, अमनदीप कौर, अमनजोत कौर, अमेलिया केर, क्लो ट्रायोन, , हेले मैथ्यूज, जिन्तिमनी कलिता, सत्यमूर्ति कीर्तन, नताली साइवर, पूजा वस्त्रकार, सजीवन सजना, यास्तिका भाटिया, सायका इशाक, शबनीम इस्माइल, नादिन डी क्लार्क, जी कमलिनी, संस्कृति गुप्ता, अक्षिता माहेश्वरी।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: स्मृति मंधाना, डैनी व्याट-हॉज, सब्बिनेनी मेघना, , आशा शोबाना, एलिसे पेरी, जॉर्जिया वेयरहैम, कनिका आहूजा, श्रेयंका पाटिल, सोफी डिवाइन, ऋचा घोष, रेणुका सिंह,
एकता बिष्ट, केट क्रॉस, चार्ली डीन, प्रमिला रावत, वीजे जोशीता, राघवी बिस्ट, जाग्रवी पवार।

दिल्ली कैपिटल्स: मेग लैनिंग, जेमिमा रोड्रिग्स,, शैफाली वर्मा, स्नेहा दीप्ति, एलिस कैप्सी, एनाबेल सदरलैंड, जेस जोनासेन, अरुंधति रेड्डी, मारिजन कैप, मिन्नू मणि, राधा यादव, शिखा पांडे, तानिया भाटिया, तितास साधु, श्री चरणी, नंदिनी कश्यप, सारा ब्राइस , निकी प्रसाद।

गुजरात जायंट्स: एशले गार्डनर, भारती फुलमाली, लौरा वोल्वार्ड्ट, फोबे लिचफील्ड, प्रिया मिश्रा, दयालन हेमलता, हरलीन देयोल, सयाली सतघरे, तनुजा कंवर, बेथ मूनी, शबनम शकील, मन्नत कश्यप, मेघना सिंह, काशवी गौतम, डींड्रा डॉटिन, सिमरन शेख, डेनिएल गिब्सन , प्रकाशिका नाइक।

यूपी वॉरियर्ज: दीप्ति शर्मा, किरण नवगिरे, श्वेता सहरावत, वृंदा दिनेश, सी अटापट्टू, ग्रेस हैरिस, पूनम खेमनार, सोफी एक्लेस्टोन, ताहलिया मैक्ग्रा, उमा छेत्री, , साइमा ठाकोर, गौहर सुल्ताना, अंजलि सरवानी, राजेश्वरी गायकवाड़, अरुषि गोयल, क्रांति गौड़, एलाना किंग।

06:48 PM, 14-Feb-2025

GG W vs RCB W Live Score: इन चार स्टेडियम में होंगे मैच

कौतांबी स्टेडियम (वडोदरा), एम चिन्नास्वामी स्टेडियम (बेंगलुरु), भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम (लखनऊ) और ब्रेबोर्न स्टेडियम (मुंबई)।

06:41 PM, 14-Feb-2025

GG W vs RCB W Live Score: गत विजेता को खल सकती है डिवाइन की कमी

आरसीबी निश्चित रूप से मजबूत दावेदार है लेकिन टीम को सोफी डिवाइन और केट क्रास की कमी खलेगी। दोनों खिलाड़ी निजी कारणों से हिस्सा नहीं लेंगी। सोफी की जगह टीम ने हीदर ग्राहम और केट की जगह किम गेरेथ को लिया है। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्राहम ने पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेले हैं और आठ विकेट लिए हैं। उनकी हमवतन गैरेथ ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 59 टी-20, 56 वनडे और चार टेस्ट मैच खेले हैं। गैरेथ पहले गुजरात जायंट्स के लिए खेल चुकी हैं। वह महिला प्रीमियर लीग में पांच विकेट भी ले चुकी हैं। टीम को गेंदबाजी में स्पिनर मोलिन्यूक्स की कमी खल सकती है जो इस बार टीम में नहीं हैं। वैसे आशा शोभना और श्रियंका पाटिल बड़ी जिम्मेदारी संभालने में सक्षम हैं। श्रियंका पिछले साल की पर्पलकैपधारी हैं। उन्होंने फाइनल में चार विकेट लिए थे। हालांकि उन्हें मैच अभ्यास की कमी खल सकती है क्योंकि उन्होंने पिछला मैच महिला टी-20 विश्वकप में शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेला था।

कई टीमों में खिलाड़ियों की चोट की समस्या है। यूपी वॉरियर्ज ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली की जगह वेस्टइंडीज की चिनेले हेनरी को लिया है। हेनरी ने 62 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 473 रन बनाए हैं और 22 विकेट लिए हैं। इस लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड फिलहाल दिल्ली कैपिटल्स के मेग लैनिंग के नाम है। उन्होंने 676 रन बनाए हैं और उनके नाम छह अर्धशतक है। वहीं, यूपी वॉरियर्स की सोफी एक्लेस्टोन 27 विकेट के साथ सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों में शीर्ष पर हैं। 

06:39 PM, 14-Feb-2025

GG W vs RCB W Live Score: आरसीबी का दारोमदार कप्तान मंधाना पर

गत विजेता टीम की बल्लेबाज कप्तान स्मृति मंधाना पर काफी कुछ निर्भर करेगी। सोफी डिवाइन के हिस्सा न लेने के कारण मंधाना के साथ इंग्लैंड की डैनी डैनी व्याट-हॉज के ओपनिंग पर उतरने की संभावना है। पिछले साल यूपी वॉरियर्ज के लिए डैनी व्याट को मौका नहीं मिला था। हॉज भारतीय हालात से वाकिफ हैं और 2018 में ब्रेबोर्न स्टेडियम मुंबई में टी-20 अंतरराष्ट्रीय में शतक भी लगा चुकी हैं। पांच टीमों वाले टूर्नामेंट के टेबल में ग्रुप दौर में शीर्ष पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल के लिए क्वालिफाई करेगी जबकि दूसरे और तीसरे पायदान पर रहने वाली टीमों के बीच एलिमिनेटर मुकाबला होगा जिसकी विजेता टीम फाइनल में दूसरी टीम के रूप में पहुंचेगी। फाइनल 15 मार्च को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जाएगा।

06:37 PM, 14-Feb-2025

GG W vs RCB W Live Score: पांच टीमों के बीच खिताबी जंग

पांच टीमें, चार शहर और 22 मुकाबले। महिला प्रीमियर लीग के तीसरे सत्र में बेटियां फिर से अपना क्रिकेट कौशल दिखाने को बेताब हैं। टूर्नामेंट में पहला मैच गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात जायंट्स के बीच खेला जाएगा। भारतीय सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना की अगुवाई में आरसीबी ने पिछली बार फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को हराया था। टीम का प्रयास लगातार दूसरी ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बनने का होगा। यही मौका मुंबई इंडियंस के पास भी होगा जिसने पहले सत्र में ट्रॉफी जीती थी। इस बार टूर्नामेंट के सभी मुकाबले चार शहरों में खेले जाएंगे। पिछली बार बंगलूरू और मुंबई में खेले गए थे। पहले सत्र का आयोजन मुंबई में हुआ था। मुकाबले में आरसीबी का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। गुजरात की टीम दो सत्रों में निचले पायदान पर रही है। हेड कोच माइकल क्लिंगर और कप्तान एश्ले गार्डनर इस बार टीम की तकदीर बदलने का इरादा लेकर उतरेंगे।

06:21 PM, 14-Feb-2025

GG W vs RCB W Highlights: आरसीबी ने जीत के साथ किया लीग का आगाज, गुजरात को छह विकेट से हराया

Live Cricket Score, GG vs RCB Women’s Premier League 2025 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। महिला प्रीमियर लीग के तीसरे संस्करण की शुरुआत आज होने जा रही है। पहला मुकाबला गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात जाएंट्स के बीच खेला जाएगा। इस मैच में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। हमेशा की तरह इस बार भी लीग की शुरुआत रंगारंग कार्यक्रम के साथ होगी। इस बार उद्घाटन समारोह पहली पारी के बाद और दूसरी पारी से पहले होगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें