08:11 PM, 09-Jul-2023
ENG vs AUS Test Live: ब्रुक की पारी से जीता इंग्लैंड
युवा स्टार हैरी ब्रुक की पारी की बदौलत इंग्लैंड ने हेडिंग्ले टेस्ट में तीन विकेट से जीत हासिल की। मैच में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया की टीम पहली पारी में 263 रन पर सिमट गई। इसके बाद इंग्लैंड ने पहली पारी में 237 रन बनाए। इस तरह कंगारू टीम को 26 रन की बढ़त मिली। उसने दूसरी पारी में 224 रन बनाए और इंग्लैंड को जीत के लिए 251 रन का लक्ष्य दिया। मैच के चौथे दिन इंग्लैंड की टीम दूसरी पारी में अपने तीसरे दिन के स्कोर बिना किसी विकेट के 27 रन से आगे खेलने उतरी। उसने सात विकेट पर 254 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया।
ब्रुक और वोक्स ने दिलाई जीत
इंग्लैंड के लिए दूसरी पारी में युवा स्टार हैरी ब्रुक ने 75 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने नौ चौके लगाए। ब्रुक के अलावा ओपनर जैक क्रॉली ने 44 रन का योगदान दिया। बेन डकेट 23, जो रूट 21 और कप्तान बेन स्टोक्स 13 रन बनाकर आउट हुए। मोईन अली और जॉनी बेयरस्टो पांच-पांच रन ही बना सके। क्रिस वोक्स ने नाबाद 32 और मार्क वुड ने नाबाद 16 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क ने पांच विकेट लिए। मिचेल मार्श और पैट कमिंस को एक-एक सफलता मिली।
दूसरी पारी में एक समय इंग्लैंड की टीम 171 रन पर छह विकेट गंवाकर संषर्ष कर रही थी। यहां से हैरी ब्रुक और क्रिस वोक्स ने मोर्चा संभाला। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी की। ब्रुक के आउट होने के बाद ऐसा लगा कि ऑस्ट्रेलिया की टीम वापसी कर सकती है, लेकिन मार्क वुड ने वोक्स का अच्छा साथ निभाया। दोनों ने मिलकर आठवें विकेट के लिए 24 रन की साझेदारी की और टीम को जीत दिलाई।