फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ENG vs AUS: पहले दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड का स्कोर 68/3, रूट और बेयरस्टो क्रीज पर मौजूद

Thu, 06 Jul 2023 11:10 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लीड्स

खास बातें

AUS vs ENG Ashes 2023: इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच हेडिंग्ली में खेला जा रहा है। पांच मैच की सीरीज के शुरुआती दो मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं और यह मैच अपने नाम कर 22 साल बाद इंग्लैंड में एशेज जीतने की कोशिश करेगी। वहीं, इंग्लैंड की कोशिश इस मैच में जीत के साथ सीरीज में वापसी करने की होगी। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है और ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 263 रन बनाए हैं। इसके जवाब में इंग्लैंड ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट पर 68 रन बना लिए हैं। इंग्लैंड की टीम अभी भी ऑस्ट्रेलिया से 195 रन पीछे है और उसके सात विकेट बचे हैं।
विज्ञापन
पैट कमिंस - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:06 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS: पहले दिन का खेल खत्म

लीड्स में पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है। इंग्लैंड का स्कोर 68/3 है। जो रूट 19 और जॉनी बेयरस्टो एक रन बनाकर खेल रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 263 रन बनाए थे। इस लिहाज से इंग्लैंड की टीम अभी 195 रन पीछे है और उसके साथ विकेट बचे हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए पैट कमिंस ने दो और मिचेल मार्श ने एक विकेट लिया है। अब दूसरे दिन इंग्लैंड की टीम बड़ा स्कोर बनाकर पहली पारी में बढ़त लेना चाहेगी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की टीम छोटे स्कोर पर इंग्लैंड को आउट करके बढ़त लेने की कोशिश करेगी।

11:02 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: इंग्लैंड का तीसरा विकेट गिरा

65 रन के स्कोर पर इंग्लैंड  का तीसरा विकेट गिरा है। जैक क्राउली 39 गेंद में 33 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मिचेल मार्श ने उन्हें डेविड वॉर्नर के हाथों कैच कराया। अब जो रूट और जॉनी बेयरस्टो क्रीज पर हैं। 

10:11 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: इंग्लैंड का स्कोर 50 रन के पार

दो विकेट के नुकसान पर इंग्लैंड का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। जो रूट और जैक क्राउली क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं।

विज्ञापन
09:56 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: इंग्लैंड का दूसरा विकेट गिरा

इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही है। 22 रन के स्कोर पर टीम के दो विकेट गिर चुके हैं। बेन डकेट के बाद हैरी ब्रूक भी पैट कमिंस का शिकार बने। ब्रूक ने 11 गेंद में तीन रन बनाए और स्टीव स्मिथ ने उनका कैच पकड़ा। इसके साथ ही स्मिथ ने एशेज ने अपने 50 कैच भी पूरे कर लिए है। इयान बॉथम और एलन बॉर्डर के बाद स्मिथ ऐसा करने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं। अब जैक क्राउली के साथ जो रूट क्रीज पर हैं। छह ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर दो विकेट पर 24 रन है।

09:28 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: इंग्लैंड की बल्लेबाजी शुरू

ऑस्ट्रेलिया के 263 रन के जवाब में इंग्लैंड की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। जैक क्राउली और बेन डकेट ने पारी की शुरुआत की। 18 रन के स्कोर पर इंग्लैंड का पहला विकेट गिरा है। बेन डकेट छह गेंद में दो रन बनाकर आउट हो चुके हैं। पैट कमिंस ने उन्हें विकेटकीपर कैरी के हाथों कैच कराया। अब जैक क्राउली के साथ हैरी ब्रूक क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
09:18 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 263 रन पर सिमटी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 60.4 ओवर बल्लेबाजी की और 263 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा 118 रन मिचेल मार्श ने बनाए। उनके अलावा कोई भी कंगारू बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खले सका। 39 रन बनाने वाले ट्रेविस हेड टीम के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 155 रन की साझेदारी की। मार्श और हेड ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 85/4 से 240 रन तक ले गए, लेकिन इसके बाद 23 रन बनाने में कंगारू टीम ने छह विकेट गंवा दिए।

इंग्लैंड के लिए मार्क वुड ने पांच विकेट झटके। उन्होंने टॉड मर्फी को 13 रन के निजी स्कोर पर आउट कर ऑस्ट्रेलिया की पारी समाप्त की और अपने पांच विकेट पूरे किए। वहीं, क्रिस वोक्स ने तीन और ब्रॉड ने दो विकेट लिए। पहले दिन 29 ओवर का खेल बचा है। ऐसे में इंग्लैंड की टीम तेजी से रन बटोरकर बेहतर स्थिति में पहुंचना चाहेगी।

09:08 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: मार्क वुड को चौथी सफलता

मार्क वुड ने छह गेंद के अंदर तीन विकेट लेकर मैच में इंग्लैंड की दमदार वापसी कराई है। उन्होंने एलेक्स कैरी को अपना चौथा शिकार बनाया। कैरी ने आठ रन बनाए और क्रिस वोक्स ने उनका कैच पकड़ा। अब टॉड मर्फी के साथ स्कॉट बोलैंड क्रीज पर हैं। 60 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर नौ विकेट पर 263 रन है। ऑस्ट्रेलिया ने 14 रन बनाने में पांच विकेट गंवाए हैं।

08:53 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: ऑस्ट्रेलिया का आठवां विकेट गिरा

मार्क वुड ने एक ओवर में दो विकेट लेकर मैच में इंग्लैंड की अच्छी वापसी कराई है। उन्होंने स्टार्क के बाद कप्तान कमिंस को भी आउट किया। कमिंस अपना खाता तक नहीं खोल सके और विकेटों के सामने पकड़े गए। अब कैरी के साथ टॉड मर्फी क्रीज पर हैं।

08:50 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: ऑस्ट्रेलिया का सातवां विकेट गिरा

249 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का सातवां विकेट गिरा है। मिचेल स्टार्क दो रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मार्क वुड ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब एलेक्स कैरी और पैट कमिंस क्रीज पर हैं।

08:41 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: ऑस्ट्रेलिया का छठा विकेट गिरा

245 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का छठा विकेट गिरा है। ट्रेविस हेड 74 गेंद में 39 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। क्रिस वोक्स ने उन्हें जो रूट के हाथों कैच कराया। मिचेल मार्श और कैरी का कैच छोड़ने वाले रूट ने इस बार कोई गलती नहीं की। अब कैरी के साथ मिचेल स्टार्क क्रीज पर हैं।

08:12 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौटी

240 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। मिचेल मार्श 118 गेंद में 118 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंंने अपनी पारी में 17 चौके और चार छक्के लगाए। उनका विकेट गिरने के साथ ही अंपायरों ने चायकाल का एलान कर दिया। क्रिस वोक्स ने उन्हें जैक क्राउली के हाथों कैच कराया। फिलहाल ट्रेविस हेड 39 रन बनाकर नाबाद हैं। चायकाल तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 240/5 है।

07:57 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: मार्श का शतक

मिचेल मार्श ने 102 गेंद में अपना शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में अब तक 15 चौके और तीन छक्के लगाए हैं। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच चार साल पहले एशेज सीरीज में ही खेला था और पांच विकेट लिए थे। अब उन्होंने चार साल बाद वापसी करते हुए दमदार शतक लगाया है। उनके शतक ने मैच में ऑस्ट्रेलिया की बेहतरीन वापसी कराई है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल को मिलाकर ऑस्ट्रेलिया ने पिछले एक महीने में इंग्लैंड की जमीन पर चार टेस्ट मैच खेले हैं और हर मैच में किसी नए बल्लेबाज ने शतक लगाया है। ट्रेविस हेड के अलावा उस्मान ख्वाजा और स्टीव स्मिथ ने शतक लगाया था। अब मार्श भी इस सूची में शामिल हो चुके हैं। 50 ओवर के  बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 220/4 है।

07:25 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: मार्श का अर्धशतक

मिचेल मार्श ने 59 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने ट्रेविस हेड के साथ शानदार साझेदारी की और मैच में अपनी टीम की वापसी कराई है। उनकी शानदार पारी के चलते ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 150 रन के पार जा चुका है।

07:02 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: हेड-मार्श के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

ट्रेविस हेड और मिचेल मार्श के बीच पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों ने मिलकर ऑस्ट्रेलियाई पारी को संभाला है। मार्श तेजी से रन बना रहे हैं और अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 150 रन के पार जा चुका है।

06:33 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार

चार विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। ट्रेविस हेड और मिचेल मार्श अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों उपयोगी साझेदारी कर चुके हैं। 31 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 114 रन है।

05:43 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: लंच तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 91/4

लीड्स टेस्ट में पहले दिन लंच तक का खेल होने के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 26 ओवर में 91/4 है। मिचेल मार्श पांच और ट्रेविस हेड 10 रन बनाकर खेल रहे हैं। वहीं, डेविड वॉर्नर, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन और स्टीव स्मिथ बड़ी पारी नहीं खेल पाए। चारो बल्लेबाज छोटे स्कोर पर आउट हो चुके हैं। इंग्लैंड के लिए स्टुअर्ट ब्रॉड ने दो, मार्क वुड और क्रिस वोक्स ने एक-एक विकेट लिया है।

05:29 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: स्मिथ 22 रन बनाकर ब्रॉड का शिकार बने

अपने 100वें टेस्ट की पहली पारी में स्टीव स्मिथ कुछ खास नहीं कर पाए। वह 31 गेंद में 22 रन बनाकर आउट हुए। स्टुअर्ट ब्रॉड ने उन्हें जॉनी बेयरस्टो के हाथों कैच कराया। अब ट्रेविस हेड और मिचेल मार्श क्रीज पर हैं।

05:08 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: लाबुशेन 21 रन बनाकर आउट

मार्नस लाबुशेन 58 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। क्रिस वोक्स ने उन्हें जो रूट के हाथों कैच कराया। अब स्टीव स्मिथ के साथ ट्रेविस हेड क्रीज पर हैं। 22 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 79 रन है।

04:32 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: उस्मान ख्वाजा आउट

उस्मान ख्वाजा 37 गेंद में 13 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मार्क वुड ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब मार्नस लाबुशेन और स्टीव स्मिथ क्रीज पर हैं। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत कुछ खास नहीं रही है। ऐसे में 100वां टेस्ट खेल रहे स्मिथ से एक बार फिर बड़ी पारी की उम्मीद है।

03:38 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: ब्रॉड ने फिर वॉर्नर को आउट किया

स्टुअर्ट ब्रॉड ने एक बार फिर डेविड वॉर्नर को अपना शिकार बनाया है। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 16वीं बार डेविड वॉर्नर को आउट किया है। वॉर्नर पांच गेंद में चार रन बनाकर आउट हुए। जैक क्राउली ने दूसरी स्लिप में अच्छा कैच पकड़कर वॉर्नर को पवेलियन भेजा। अब उस्मान ख्वाजा के साथ मार्नस लाबुशेन क्रीज पर हैं।

03:36 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: चौके के साथ शुरू हुई ऑस्ट्रेलियाई पारी

डेविड वॉर्नर ने मैच की पहली गेंद में चौका लगाकर ऑस्ट्रेलियाई पारी की शुरुआत की है। आमतौर पर इंग्लैंंड की टीम ऐसी शुरुआत करती है, लेकिन इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने ऐसा किया। वॉर्नर के साथ उस्मान ख्वाजा क्रीज पर हैं। 

03:24 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: स्टीव स्मिथ का 100वां टेस्ट

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ का यह 100वां टेस्ट मैच है। स्मिथ 100 मैच खेलने के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, भले ही उन्होंने अपने 100वें मैच की किसी भी पारी में बल्लेबाजी नहीं की है। वह दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं, जिन्होंने शुरुआती 100 टेस्ट में 9000 से ज्यादा रन बना लिए हैं।

03:22 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: दोनों टीमों की प्लेइंग 11

ऑस्ट्रेलिया: डेविड वार्नर, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, टॉड मर्फी, स्कॉट बोलैंड।

इंग्लैंड: जैक क्रॉउली, बेन डकेट, हैरी ब्रूक, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), बेन स्टोक्स (कप्तान), मोईन अली, क्रिस वोक्स, मार्क वुड, ऑली रॉबिन्सन, स्टुअर्ट ब्रॉड।

03:18 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS Test Live: इंग्लैंड ने जीता टॉस

इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में इंग्लैंड की टीम तीन बदलाव के साथ उतरी है। प्लेइंग 11 का एलान पहले ही कर दिया गया था। जेम्स एंडरसन, ओली पोप और जोश टंग यह मैच नहीं खेल रहे हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई टीम में भी तीन बदलाव किए गए हैं। कैमरून ग्रीन, नाथन लियोन और जोश हेजलवुड टीम से बाहर हैं। वहीं, मिचेल मार्श, टॉड मर्फी और स्कॉट बोलैंड टीम का हिस्सा हैं।

03:12 PM, 06-Jul-2023

ENG vs AUS: पहले दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड का स्कोर 68/3, रूट और बेयरस्टो क्रीज पर मौजूद

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच हेडिंग्ली में खेला जा रहा है। पांच मैच की सीरीज के शुरुआती दो मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं और यह मैच अपने नाम कर 22 साल बाद इंग्लैंड में एशेज जीतने की कोशिश करेगी। वहीं, इंग्लैंड की कोशिश इस मैच में जीत के साथ सीरीज में वापसी करने की होगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें