फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ENG vs AUS: लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 339/5; स्मिथ, ट्रेविस हेड और वॉर्नर का अर्धशतक

Wed, 28 Jun 2023 11:51 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन

खास बातें

AUS vs ENG Ashes 2023:  इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज सीरीज का दूसरा टेस्ट लॉर्ड्स में बुधवार (28 जून) को शुरू हुआ। मैच के पहले दिन इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने पहले दिन का खेल का खत्म होने के समय पांच विकेट पर 339 रन बना लिए हैं। स्टीव स्मिथ और एलेक्स कैरी नाबाद हैं।
विज्ञापन
स्टीव स्मिथ - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:47 PM, 28-Jun-2023

ENG vs AUS 2nd Test Live: पहले दिन इंग्लैंड पर भारी रहा ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया की टीम एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट में शानदार शुरुआत की। उसने लॉर्ड्स में पहले दिन पहली पारी में पांच विकेट पर 339 रन बना लिए हैं। दिन का खेल समाप्त होने के समय स्टीव स्मिथ 85 और एलेक्स कैरी 11 रन बनाकर नाबाद हैं। कंगारू टीम के लिए स्मिथ के अलावा ट्रेविस हेड और डेविड वॉर्नर ने अर्धशतकीय पारी खेली। हेड ने 73 गेंद पर 77 रन बनाए। वहीं, वॉर्नर ने 88 गेंद पर 66 रन की पारी खेली। मार्नश लाबुशेन अर्धशतक लगाने से चूक गए और वह 47 रन के निजी स्कोर पर आउट हुए। पिछले टेस्ट में शतक लगाने वाले उस्मान ख्वाजा 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कैमरन ग्रीन खाता नहीं खोल पाए। इंग्लैंड के लिए जो रूट और जोश टंग ने दो-दो विकेट लिए। ओली रॉबिन्सन को एक सफलता मिली।

10:51 PM, 28-Jun-2023

ENG vs AUS 2nd Test Live: ऑस्ट्रेलिया को लगा दोहरा झटका

पहले दिन का खेल कुछ देर में समाप्त होने वाला है। उससे पहले ऑस्ट्रेलिया को दोहरा झटका लगा है। जो रूट ने एक ही ओवर में ट्रेविस हेड और कैमरन ग्रीन को आउट कर दिया। हेड 73 गेंद पर 77 रन बनाकर जॉनी बेयरस्टो के हाथों स्टंप आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके लगाए। उनके बाद क्रीज पर आए कैमरन ग्रीन खाता नहीं खोल पाए। वह तीन गेंदों का सामना करने के बाद रूट की गेंद पर जेम्स एंडरसन को कैच थमा बैठे। ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट पर 317 रन बना लिए हैं। स्टीव स्मिथ के साथ एलेक्स कैरी क्रीज पर हैं।

10:22 PM, 28-Jun-2023

ENG vs AUS 2nd Test Live: ट्रेविस हेड ने जड़ा अर्धशतक

ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। वह स्टीव स्मिथ की तुलना में काफी तेज खेल रहे हैं। हेड 100 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं।

विज्ञापन
09:52 PM, 28-Jun-2023

ENG vs AUS 2nd Test Live: स्टीव स्मिथ का अर्धशतक

स्टीव स्मिथ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। लॉर्ड्स में लगातार चार पारियों में उन्होंने 50 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। इस मामले में उन्होंने फ्रैंक वॉली, वारेन बर्डस्ले और नासिर हुसैन की बराबरी कर ली। ऑस्ट्रेलिया ने 63 ओवर में तीन विकेट पर 248 रन बना लिए हैं। स्टीव स्मिथ 52 और ट्रेविस हेड 35 रन बनाकर नाबाद हैं।

09:14 PM, 28-Jun-2023

ENG vs AUS 2nd Test Live: ऑस्ट्रेलिया को लगा तीसरा झटका

ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका ओली रॉबिन्सन ने दिया। उन्होंने मार्नश लाबुशेन को विकेटकीपर जॉनी बेयरस्टो के हाथों कैच कराया। लाबुशेन ने 93 गेंद पर 47 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट पर 193 रन बना लिए हैं। स्टीव स्मिथ 43 और ट्रेविस हेड खाता खोले बगैर नाबाद हैं।

विज्ञापन
09:03 PM, 28-Jun-2023

ENG vs AUS 2nd Test Live: स्मिथ और लाबुशेन की शतकीय साझेदारी

स्टीव स्मिथ और मार्नश लाबुशेन ने तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी कर ली है। ऑस्ट्रेलिया ने दो  विकेट पर 196 रन बना लिए हैं। लाबुशेन 46 और स्मिथ 43 रन बनाकर नाबाद हैं।

08:35 PM, 28-Jun-2023

ENG vs AUS 2nd Test Live: चायकाल तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 190/2

ऑस्ट्रेलिया ने पहले दिन पहली पारी में चायकाल तक दो विकेट पर 190 रन बना लिए हैं। मार्नश लाबुशेन और स्टीव स्मिथ क्रीज पर हैं। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी कर ली है। लाबुशेन 80 गेंद पर 45 और स्टीव स्मिथ 70 गेंद पर 38 रन बनाकर नाबाद हैं।

07:37 PM, 28-Jun-2023

ENG vs AUS 2nd Test Live: स्मिथ और लाबुशेन की अर्धशतकीय साझेदारी

ऑस्ट्रेलिया के दो विकेट गिर जाने के बाद अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने मार्नश लाबुशेन के साथ पारी को संभाला लिया है। दोनों तेजी से रन बना रहे हैं। स्मिथ और लाबुशेन ने तीसरे विकेट के लिए 59 गेंद पर 64 रन की साझेदारी कर ली है। ऑस्ट्रेलिया ने 39 ओवर में दो विकेट पर 160 रन बना लिए हैं। लाबुशेन 44 गेंद पर 33 और स्मिथ 37 गेंद पर 28 रन बनाकर नाबाद हैं।

06:50 PM, 28-Jun-2023

ENG vs AUS 2nd Test Live: ऑस्ट्रेलिया को लगा दूसरा झटका

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोश टंग की खतरनाक गेंदबाजी जारी है। उन्होंने उस्मान ख्वाजा के बाद डेविड वॉर्नर का भी विकेट ले लिया है। वॉर्नर 88 गेंद पर 66 रन बनाकर क्लीन बोल्ड हो गए। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया था। वॉर्नर से पहले टंग ने ख्वाजा को भी क्लीन बोल्ड किया था। स्टीव स्मिथ और मार्नश लाबुशेन अब क्रीज पर हैं।

06:43 PM, 28-Jun-2023

ENG vs AUS 2nd Test Live: वॉर्नर और लाबुशेन ने संभाला मोर्चा

उस्मान ख्वाजा के आउट होने के बाद डेविड वॉर्नर और मार्नश लाबुशेन ने मोर्चा संभाला है। ऑस्ट्रेलिया ने एक विकेट पर 90 रन बना लिए हैं। डेविड वॉर्नर 64 और मार्नश लाबुशेन पांच रन बनाकर नाबाद हैं।

05:34 PM, 28-Jun-2023

ENG vs AUS 2nd Test Live: इंग्लैंड को पहली सफलता

जोश टंग ने इंग्लैंड को पहली सफलता दिलाई है। उन्होंने उस्मान ख्वाजा को क्लीन बोल्ड कर ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका दिया। ख्वाजा 70 गेंद पर 17 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने डेविड वॉर्नर के साथ पहले विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी की। वॉर्नर 70 गेंद पर 53 रन बनाकर नाबाद हैं।

05:02 PM, 28-Jun-2023

ENG vs AUS 2nd Test Live: ऑस्ट्रेलिया की मजबूत शुरुआत

ऑस्ट्रेलिया के ओपनर डेविड वॉर्नर और उस्मान ख्वाजा ने पहली पारी में मजबूत शुरुआत की है। कंगारू टीम ने 17 ओवर में बिना किसी नुकसान के 39 रन बना लिए हैं। वॉर्नर 29 और ख्वाजा नौ रन बनाकर नाबाद है। इंग्लैंड को पहले विकेट की तलाश है।

04:15 PM, 28-Jun-2023

ENG vs AUS 2nd Test Live: लॉर्ड्स टेस्ट में हंगामा

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच जैसे ही लॉर्ड्स टेस्ट मैच की शुरुआत हुई, 'जस्ट स्टॉप ऑयल' (तेल बंद करो) प्रदर्शन का असर भी उस पर दिखने लगा। कई प्रदर्शनकारी मैदान में घुस गए। वह खिलाड़ियों के करीब पहुंच गए। इंग्लैंड के विकेटकीपर जॉनी बेयरस्टो ने तो एक प्रदर्शनकारी को उठाकर बाहर कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि ब्रिटिश सरकार को तत्काल तेल, गैस और कोयले के प्रोजेक्ट को रोक देना चाहिए। 

क्या है जस्ट ऑयल स्टॉप?
यूनाइटेड किंगडम में पर्यावरण कार्यकर्ताओं का एक समूह है जिसे 'जस्ट स्टॉप ऑयल' के नाम से जाना जाता है। इस समूह का लक्ष्य है कि वह ब्रिटिश सरकार को नए तेल लाइसेंस जारी करने से किसी तरह रोका जाएगा। इसकी स्थापना 2022 में हुई थी। इसने पिछले साल अप्रैल में ब्रिटेन के तेल टर्मिनलों पर प्रदर्शन शुरू किया था। इसके विरोध प्रदर्शन के तरीकों पर कई बार सवाल उठाए गए हैं।

03:48 PM, 28-Jun-2023

ENG vs AUS 2nd Test Live: ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी शुरू

ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी शुरुू हो गई है। उसके ओपनर उस्मान ख्वाजा और डेविड वॉर्नर क्रीज पर हैं। इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी की शुरुआत जेम्स एंडरसन ने की।

03:27 PM, 28-Jun-2023

ENG vs AUS 2nd Test Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

ऑस्ट्रेलिया: डेविड वार्नर, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, कैमरन ग्रीन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मिशेल स्टार्क, पैट कमिंस (कप्तान), नाथन लियोन, जोश हेजलवुड।

इंग्लैंड: जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), स्टुअर्ट ब्रॉड, ओली रॉबिन्सन, जोश टंग, जेम्स एंडरसन।

03:22 PM, 28-Jun-2023

ENG vs AUS 2nd Test Live: ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले करेगी बल्लेबाजी

इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने लॉर्ड्स टेस्ट में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले बल्लेबाजी करेगी। उसके कप्तान पैट कमिंस ने टीम में एक बदलाव किया है। अनुभवी मिचेल स्टार्क की टीम में वापसी हुई है। स्कॉट बोलैंड को आराम दिया गया है।

03:18 PM, 28-Jun-2023

ENG vs AUS: लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 339/5; स्मिथ, ट्रेविस हेड और वॉर्नर का अर्धशतक

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज सीरीज का दूसरा टेस्ट लॉर्ड्स में बुधवार (28 जून) को शुरू हुआ। मैच के पहले दिन इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। इंग्लैंड की टीम सीरीज में बराबरी करने उतरी है। एजबेस्टन में खेले गए पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई टीम को जीत मिली थी। वह सीरीज में 1-0 से आगे है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें