11:43 PM, 19-Jun-2023
इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एजबेस्ट टेस्ट के चौथे दिन का खेल समाप्त हो गया है। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में तीन विकेट पर 107 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 281 रन का लक्ष्य मिला है। ऐसे में मैच के पांचवें और अंतिम दिन उसे जीत के लिए 174 रन और बनाने होंगे। ऑस्ट्रेलिया के हाथ में अभी सात विकेट है। पहली पारी में शतक लगाने वाले उस्मान ख्वाजा 34 और स्कॉट बोलैंड 13 रन बनाकर नाबाद हैं। ऑस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में तीन झटके लगे। डेविड वॉर्नर, स्टीव स्मिथ और मार्नश लाबुशेन बड़ा स्कोर बनाने में फेल हो गए। वॉर्नर 36, लाबुशेन 13 और स्टीव स्मिथ छह रन बनाकर पवेलियन लौटे। स्टुअर्ट ब्रॉड ने दो लिए हैं। वहीं, ओली रॉबिंसन ने एक विकेट अपने नाम किया है।
273 रन पर सिमटी इंग्लैंड की दूसरी पारी
इससे पहले इंग्लैंड की टीम दूसरी पारी में 273 रन पर सिमट गई। उसने पहली पारी में आठ विकेट पर 393 रन बनाए थे। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की टीम पहली पारी में 386 रन पर सिमट गई थी। इंग्लैंड को सात रन की बढ़त पहली पारी में मिली थी। इस लिहाज से ऑस्ट्रेलिया के सामने 281 रन का लक्ष्य है।
रूट और ब्रुक ने बनाए इंग्लैंड के लिए ज्यादा रन
इससे पहले स्पिनर नाथन लियोन और कप्तान पैट कमिंस की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड की दूसरी पारी को 273 रन पर समेट दिया। इंग्लैंड के लिए अनुभवी बल्लेबाज जो रूट और हैरी ब्रुक ने 46-46 रन की पारी खेली। रूट ने 55 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, ब्रुक ने 52 गेंदों की पारी में पांच चौके जड़े। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान पैट कमिंस और नाथन लियोन को चार-चार विकेट मिले।
बड़ी पारी नहीं खेल पाए स्टोक्स
इंग्लैंड को कप्तान बेन स्टोक्स से दूसरी पारी में बड़ी पारी की उम्मीद थी जिससे मेजबान टीम बड़ा लक्ष्य देने में सफल हो जाती, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। स्टोक्स एक छोर पर खड़े होकर अपनी पारी को बड़ी करने कर रहे थे लेकिन वह कमिंस द्वारा एलबीडब्ल्यू हो गए। स्टोक्स ने 66 गेंदों की पारी में 43 रन बनाए और पांच चौके जड़े। इसके बाद रॉबिंसन और ब्रॉड ने मेहमान टीम के गेंदबाजों को सफलता से पाने के लिए कुछ समय के लिए दूर किया।