फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ENG W vs AUS W Highlights: ऑस्ट्रेलिया सातवीं बार बनी चैंपियन, इंग्लैंड को सात विकेट से हराया

Sun, 05 Jul 2026 11:17 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन

खास बातें

England-W vs Australia-W (ENG-W vs AUS-W) T20 World Cup 2026 Final: ऑस्ट्रेलिया ने दमदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में इंग्लैंड को हराया। ऑस्ट्रेलिया ने इस तरह सातवीं बार महिला टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया के इस मैच में बेथ मूनी ने शानदार बल्लेबाजी की। 
विज्ञापन
महिला टी20 विश्व कप - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:17 PM, 05-Jul-2026

ENG W vs AUS W Live Score: ऑस्ट्रेलिया बनी चैंपियन

गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद बेथ मूनी के अर्धशतक की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को हराकर महिला टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया ने सातवीं बार इस टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 150 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 17.1 ओवर में तीन विकेट पर 153 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। 

लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने जॉर्जिया वॉल (9) का विकेट जल्द गंवा दिया था। इसके बाद बेथ मूनी ने फोएबे लिचफील्ड के साथ मिलकर साझेदारी आगे बढ़ाई। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी की। मूनी ने इस दौरान अर्धशतक भी जड़ा। लिचफील्ड भी पचासा जड़ने के करीब पहुंच गई थीं, लेकिन चार्ली डिन ने उन्हें बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। मूनी 49 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से 64 रन और लिचफील्ड ने 35 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों के सहारे 48 रन बनाए। एलिस पेरी 13 और एश्ले गार्डनर तीन रन बनाकर नाबाद रहीं। इंग्लैंड की ओर से चार्ली डिन, लॉरेन बेल और सोफी एक्लेस्टोन को एक-एक विकेट मिले। 

11:11 PM, 05-Jul-2026

ENG W vs AUS W Live Score: पेरी को जीवनदान

एलिस पेरी को जीवनदान मिला और रिव्यू में आउट का फैसला पलट गया। दरअसल, स्मिथ की गेंद पर एक्लेस्टोन ने कैच पकड़ा, लेकिन गेंद मैदान को छू चुकी थी। दिलचस्प बात यह है कि पेरी पवेलियन की तरफ लौट गई थीं, लेकिन नॉटआउट करार दिए जाने के बाद वापस क्रीज पर लौटीं। 

11:09 PM, 05-Jul-2026

ENG W vs AUS W Live Score: बेथ मूनी आउट

ऑस्ट्रेलिया को बेथ मूनी के रूप में तीसरा झटका लगा है। मूनी ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी की और अर्धशतक लगाया। मूनी 49 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से 64 रन बनाकर आउट हुईं। 

विज्ञापन
10:50 PM, 05-Jul-2026

ENG W vs AUS W Live Score: ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका

ऑस्ट्रेलिया को फोएबे लिचफील्ड के रूप में दूसरा झटका लगा है। लिचफील्ड शानदार बल्लेबाजी कर रही थीं और अर्धशतक लगाने के करीब थीं, लेकिन वह ऐसा करने से चूक गईं। चार्ली डीन ने उन्हें आउट कर मूनी के साथ साझेदारी को तोड़ा। लिचफील्ड 35 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 48 रन बनाकर आउट हुईं। 

10:47 PM, 05-Jul-2026

ENG W vs AUS W Live Score: मूनी का अर्धशतक

सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी ने इंग्लैंड के खिलाफ अर्धशतक जड़ दिया है। मूनी और लिचफील्ड के बीच शानदार साझेदारी जारी है। ऑस्ट्रेलिया की टीम सातवां खिताब जीतने के करीब पहुंच गई है।

विज्ञापन
10:46 PM, 05-Jul-2026

ENG W vs AUS W Live Score: स्कोर 100 के पार

लिचफील्ड और मूनी के बीच साझेदारी जारी है जिससे ऑस्ट्रेलिया ने 100 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया सुखद स्थिति में पहुंच गई है और उसे जीत के लिए 37 रनों की जरूरत है।

10:18 PM, 05-Jul-2026

ENG W vs AUS W Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 50 के पार

इंग्लैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 50 रन के पार पहुंच गया है। वॉल के आउट होने के बाद बेथ मूनी ने फोएबे लिचफील्ड के साथ मिलकर पारी को संभाला है। दोनों बल्लेबाज आक्रामक होकर बल्लेबाजी कर रही हैं। 

10:03 PM, 05-Jul-2026

ENG W vs AUS W Live Score: ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका

ऑस्ट्रेलिया को जॉर्जिया वॉल के रूप में पहला झटका लगा है। लॉरेन बेल ने वॉल को बोल्ड कर पवेलियन की राह दिखाई। वॉल छह गेंदों पर दो चौकों की मदद से नौ रन बनाकर आउट हुईं। 

09:57 PM, 05-Jul-2026

ENG W vs AUS W Live Score: ऑस्ट्रेलिया की पारी शुरू

इंग्लैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की पारी शुरू हो गई है। ऑस्ट्रेलिया के लिए बेथ मूनी के साथ जॉर्जिया वॉल पारी की शुरुआत करने उतरे हैं। 

09:38 PM, 05-Jul-2026

ENG W vs AUS W Live Score: इंग्लैंड की पारी समाप्त

कप्तान नैट सिवर ब्रंट के अर्धशतक की मदद से इंग्लैंड ने महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 151 रनों का लक्ष्य दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला लिया। इंग्लैंड के लिए कप्तान ब्रंट ने अर्धशतकीय पारी खेली और फ्रेया केम्प के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 80 रनों की अविजित साझेदारी की। इससे इंग्लैंड ने 20 ओवर में चार विकेट पर 150 रन बनाए। ब्रंट 53 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 58 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि केम्प ने 28 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 44 रन बनाए। 

इंग्लैंड के लिए ब्रंट और केम्प के अलावा एलिस कैप्सी ही दहाई अंक तक पहुंच सकीं। कैप्सी ने 20 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 23 रन बनाए। डैनी वॉयट 8, एमी जोन्स 6 और हीथर नाइट 2 रन बनाकर आउट हुईं। ऑस्ट्रेलिया के लिए किम गार्थ, लुसी हैमिल्टन, सोफी मोलिन्यूक्स और एनाबल सदरलैंड ने एक-एक विकेट लिए। 

09:27 PM, 05-Jul-2026

ENG W vs AUS W Live Score: ब्रंट का अर्धशतक

इंग्लैंड की कप्तान सिवर ब्रंट ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल में अर्धशतक जड़ दिया है। ब्रंट ने 45 गेंदों पर पचासा पूरा किया। ब्रंट और केम्प के बीच पांचवें विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी पूरी हो गई है। 

09:00 PM, 05-Jul-2026

ENG W vs AUS W Live Score: नाइट पवेलियन लौटीं

किम गार्थ ने हीथर नाइट को आउट कर इंग्लैंड को चौथा झटका दिया। नाइट छह गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुईं।

08:51 PM, 05-Jul-2026

ENG W vs AUS W Live Score: कैप्सी पवेलियन लौटीं

इंग्लैंड को एलिस कैप्सी के रूप में तीसरा झटका लगा है। सोफी मोलिन्यूक्स ने कैप्सी को बोल्ड कर ब्रंट के साथ उनकी साझेदारी को तोड़ा। कैप्सी 20 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 23 रन बनाकर आउट हुईं। 

08:48 PM, 05-Jul-2026

ENG W vs AUS W Live Score: ब्रंट-कैप्सी की साझेदारी

दो झटके लगने के बाद नैट सिवर ब्रंट और एलिस कैप्सी के बीच साझेदारी पनप रही है। दोनों बल्लेबाज तीसरे विकेट के लिए 30+ रनों की साझेदारी कर चुके हैं जिससे इंग्लैंड का स्कोर 60 रन के पार पहुंच गया है।

08:27 PM, 05-Jul-2026

ENG W vs AUS W Live Score: ऑस्ट्रेलिया को दूसरी सफलता

ऑस्ट्रेलिया को डैनी वॉयट हॉज के रूप में दूसरी सफलता मिली है। एनाबेल सदरलैंड की गेंद पर वॉयट अपना विकेट गंवा बैठीं। गेंद लेग साइड से बाहर की ओर गई और विकेट के पीछे बेथ मूनी ने कैच की अपील की। अंपायर ने गेंद वाइड करार दी, लेकिन मूनी ने कप्तान से रिव्यू लेने कहा। रिव्यू में दिखा कि गेंद वॉयट के ग्लव्स में लग कर गई है। इस तरह वॉयट आउट हुईं। वॉयट ने नौ गेंदों पर एक चौके की मदद से आठ रन बनाए। 

08:08 PM, 05-Jul-2026

ENG W vs AUS W Live Score: इंग्लैंड को पहला झटका

लुसी हैमिल्टन ने एमी जोन्स को आउट कर इंग्लैंड को पहला झटका दिया है। जोन्स छह गेंदों पर एक चौके की मदद से छह रन बनाकर आउट हुईं। 

08:02 PM, 05-Jul-2026

ENG W vs AUS W Live Score: इंग्लैंड की बल्लेबाजी शुरू

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महिला टी20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। इंग्लैंड के लिए एमी जोन्स और डैनी वॉयट हॉज पारी का आगाज करने उतरी हैं।

07:37 PM, 05-Jul-2026

ENG W vs AUS W Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

इंग्लैंड: एमी जोन्स (विकेटकीपर), डानी वॉयट हॉज, नैट सिवर ब्रंट (कप्तान), एलिस कैप्सी, हीथर नाइट, फ्रेया कैम्प, डेनियल गिब्सन, चार्लट डीन, लिंसे स्मिथ, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन बेल।

ऑस्ट्रेलिया: जॉर्जिया वॉल, बेथ मूनी (विकेटकीपर), फोएबे लिचफील्डस एलिसे पैरी, एश्ले गार्डनर, जॉर्जिया वारहम, अनाबेल सदरलैंड, निकोला कैरी, सोफी मोलेन्यूक्स (कप्तान), किम गार्थ, लुसी हेमिल्टन।

07:34 PM, 05-Jul-2026

ENG W vs AUS W Live Score: ऑस्ट्रेलिया ने जीता टॉस

ऑस्ट्रेलिया ने महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। इंग्लैंड की कप्तान नैट सिवर ब्रंट ने बताया कि उन्होंने भी इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में बदलाव नहीं किया है।

07:24 PM, 05-Jul-2026

ENG W vs AUS W Live Score: दोनों टीमों का प्रदर्शन

  • इस विश्व कप में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया दोनों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में जबरदस्त प्रदर्शन किया है।
  • ऑस्ट्रेलिया ने पूरे टूर्नामेंट में 9.4 रन प्रति ओवर की रन गति से बल्लेबाजी की है, जबकि इंग्लैंड का रन रेट 9.2 रहा।
  • दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने सात-सात अर्धशतक लगाए हैं, जो इस संस्करण में सबसे अधिक हैं।
  • गेंदबाजी में भी ऑस्ट्रेलिया सबसे आगे रही है। उसकी गेंदबाजी इकाई का संयुक्त इकोनॉमी रेट 6.2 और औसत 16.3 है, जबकि इंग्लैंड का इकोनॉमी 7.1 और औसत 18.9 रहा है।

07:18 PM, 05-Jul-2026

ENG W vs AUS W Live Score: समापन समारोह जारी

महिला टी20 विश्व कप का समापन समारोह जारी है। कलाकार प्रस्तुति दे रहे हैं। ब्रिटिश सिंगर-सॉन्गराइटर रीटा ओरा अभी स्टेज पर हैं।

07:15 PM, 05-Jul-2026

ENG W vs AUS W Live Score: 17 साल का सूखा खत्म कर सकेगी इंग्लैंड?

महिला टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल रविवार को क्रिकेट के ऐतिहासिक मैदान लॉर्ड्स में खेला जाएगा, जहां मेजबान इंग्लैंड और छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया खिताबी जंग में आमने-सामने होंगी। पूरे टूर्नामेंट में दोनों टीमें अब तक अजेय रही हैं और शानदार प्रदर्शन के दम पर फाइनल में पहुंची हैं। ऐसे में क्रिकेट जगत को एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है। इंग्लैंड की नजर 17 साल बाद दूसरी बार टी20 विश्व कप जीतने पर होगी। उसने 2009 में लॉर्ड्स में ही पहला महिला टी20 विश्व कप अपने नाम किया था। वहीं ऑस्ट्रेलिया सातवीं बार यह खिताब जीतकर अपनी बादशाहत बरकरार रखना चाहेगा।

07:11 PM, 05-Jul-2026

ENG W vs AUS W Highlights: ऑस्ट्रेलिया सातवीं बार बनी चैंपियन, इंग्लैंड को सात विकेट से हराया

Live Cricket Score, England-W vs Australia-W (ENG-W vs AUS-W) T20 World Cup 2026 Final: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज महिला टी20 विश्व कप का खिताबी मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया की टीम अपने सातवें खिताब के लिए जोर लगाएगी, जबकि इंग्लैंड की नजरें अपने घर में ट्रॉफी जीतने पर है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें