हैरी ब्रूक के अर्धशतक और लियाम लिविंगस्टोन की तूफानी पारी के बावजूद इंग्लैंड को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में सात रन से हार का सामना करना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए क्विंटन डिकॉक के 65 रनों की पारी की मदद से 20 ओवर में छह विकेट पर 163 रन बनाए, जवाब में ब्रूक ने 37 गेंदों पर 53 रनों की पारी खेली और टीम को मुश्किल से उबारा, लेकिन अंतिम ओवर में वह अपना विकेट गंवा बैठे और इंग्लैंड को हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 156 रन ही बना सकी। दक्षिण अफ्रीका के लिए कैगिसो रबादा और केशव महाराज ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।
इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने सेमीफाइनल के लिए अपनी उम्मीदें मजबूत कर ली है। दक्षिण अफ्रीका ने सुपर आठ चरण में अपना लगातार दूसरा मैच जीता और वह दो मैचों में दो जीत के साथ चार अंक लेकर ग्रुप दो में शीर्ष पर आ गई है। इस हार के बावजूद इंग्लैंड की टीम दो मैचों में एक जीत और एक हार के साथ दो अंक लेकर दूसरे स्थान पर है।
एनरिच नॉर्त्जे ने अंतिम ओवर में हैरी ब्रूक को आउट कर इंग्लैंड को बड़ा झटका दिया। ब्रूक 37 गेंदों पर 53 रन बनाकर आउट हुए। अब इंग्लैंड को जीत के लिए पांच गेंदों पर 14 रनों की जरूरत है।
कैगिसो रबादा ने लियाम लिविंगस्टोन को आउट कर इंग्लैंड को पांचवां झटका दिया। लिविंगस्टोन और हैरी ब्रूक ने इंग्लैंड की पारी को संभाला और अच्छी स्थिति में लेकर आए, लेकिन रबादा ने महत्वपूर्ण समय में लिविंगस्टोन को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को राहत पहुंचाई। लिविंगस्टोन 17 गेंदों पर 33 रन बनाकर आउट हुए।
लगातार झटकों के बाद हैरी ब्रूक ने लियाम लिविंगस्टोन के साथ मिलकर इंग्लैंड की पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों की दमदार बल्लेबाजी से इंग्लैंड ने 16 ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 118 रन बना लिए हैं। इंग्लैंड को अब जीत के लिए 24 गेंदों पर 46 रनों की जरूरत है।
ओटेनिल बार्टमैन ने मोइन अली को आउट कर इंग्लैंड को चौथा झटका दिया। मोइन अली 10 गेंदों पर नौ रन बनाकर आउट हुए। लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की पारी लड़खड़ा गई है और उसने 61 रन पर ही चार विकेट गंवा दिए हैं। इंग्लैंड को फिलहाल जीत के लिए 58 गेंदों पर 103 रनों की जरूरत है।
केशव महाराज ने एक बार फिर शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया और इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को तीसरी सफलता दिलाई। बटलर 20 गेंदों पर 17 रन बनाकर आउट हुए। महाराज का इस मैच का यह दूसरा विकेट है।
स्पिनर केशव महाराज ने जॉनी बेयरस्टो को आउट कर इंग्लैंड को दूसरा झटका दिया। बेयरस्टो इससे पहले रबादा की गेंद पर आउट होने से बच गए थे, लेकिन वह खुद को मिले जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके और 20 गेंदों पर 16 रन बनाकर आउट हो गए।
शुरुआती झटका लगने के बाद कप्तान जोस बटलर ने जॉनी बेयरस्टो के साथ मिलकर इंग्लैंड की पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने पावरप्ले में अन्य कोई विकेट नहीं गिरने दिया और छह ओवर की समाप्ति के बाद इंग्लैंड का स्कोर एक विकेट पर 41 रन पहुंचाया। दक्षिण अफ्रीका के पास बेयरस्टो को आउट कर इंग्लैंड को एक और झटका देने का मौका था, लेकिन रबादा की गेंद पर क्लासेन ने बेयरस्टो को जीवनदान दिया।
तेज गेंदबाज कैगिसो रबादा ने फिल सॉल्ट को आउट कर इंग्लैंड को पहला झटका दिया। 164 रनों का लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड ने 15 के स्कोर पर पहला विकेट गंवा दिया है। सॉल्ट आठ गेंदों पर 11 रन बनाकर आउट हुए।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की पारी शुरू हो गई है। इंग्लैंड के लिए कप्तान जोस बटलर और फिल सॉल्ट बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं।
सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक के अर्धशतक और डेविड मिलर की 28 गेंदों पर 43 रनों की पारी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 164 रनों का लक्ष्य रखा। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 20 ओवर में छह विकेट पर 163 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए डिकॉक ने शानदार बल्लेबाजी की और रीजा हेंड्रिक्स के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 86 रन जोड़े, लेकिन इन दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद दक्षिण अफ्रीका की पारी लड़खड़ा गई। इंग्लैंड के लिए तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने शानदार प्रदर्शन किया और तीन विकेट लेने में सफल रहे।
डिकॉक ने महज 22 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा जो मौजूदा टी20 विश्व कप में संयुक्त रूप से सबसे तेज पचासा है। डिकॉक 38 गेंदों पर चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 65 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए, लेकिन मिलर ने दूसरे छोर से मोर्चा संभाले रखा और टीम का स्कोर 160 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, मिलर अर्धशतक से चूक गए और अंतिम ओवर की पहली गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे।
आर्चर ने लगातार दूसरी गेंद पर विकेट लिया और मार्को जेनसेन को खाता खोले बिना आउट किया। दक्षिण अफ्रीका ने 155 रन पर छह विकेट गंवा दिए हैं। दक्षिण अफ्रीका की पारी समाप्त होने में चार गेंदें शेष हैं।
तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने शानदार लय में दिख रहे डेविड मिलर को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को पांचवां झटका दिया। मिलर 28 गेंदों पर 43 रन बनाकर आउट हुए और अर्धशतक जड़ने से चूक गए।
स्पिनर आदिल राशिद ने एडन मार्करम को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका दिया। मार्करम इस मैच में प्रभावी नहीं रहे और दो गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हुए।
कप्तान जोस बटलर ने विकेट के पीछे शानदार थ्रो कर हेनरिच क्लासेन को रन आउट किया और दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका दिया। क्लासेन 13 गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका ने 14 ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 107 रन बना लिए हैं। फिलहाल क्रीज पर एडेन मार्करम के साथ डेविड मिलर मौजूद हैं।
तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने क्विंटन डिकॉक की शानदार पारी का अंत किया। डिकॉक ने 38 गेंदों पर 65 रनों की पारी खेली और दक्षिण अफ्रीका को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, लेकिन आर्चर उनकी पारी का अंत करने में सफल रहे।
स्पिनर मोइन अली ने सलामी बल्लेबाज रीजा हेंड्रिक्स को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका दिया। हेंड्रिक्स ने डिकॉक के साथ मिलकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई, लेकिन मोइन ने इन दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई 86 रनों की साझेदारी को तोड़ दिया। हेंड्रिक्स 25 गेंदों पर 19 रन बनाकर आउट हुए।
दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के खिलाफ 22 गेंदों पर पचासा जड़ा। यह इस विश्व कप का संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक है। डिकॉक के अलावा अमेरिका के आऱोन जोंस ने कनाडा के खिलाफ 22 गेंदों पर पचासा लगाया था। डिकॉक और हेंड्रिक्स ने शानदार शुरुआत दिलाई और इनकी साझेदारी की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने सात ओवर के बाद बिना किसी नुकसान के 69 रन बना लिए हैं।
रीजा हेंड्रिक्स और क्विंटन डिकॉक ने पावरप्ले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड को कोई सफलता हासिल नहीं करने दी। छह ओवर की समाप्ति के बाद दक्षिण अफ्रीका ने बिना किसी नुकसान के 63 रन बना लिए हैं। क्विंटन डिकॉक 20 गेंदों पर 49 रन और हेंड्रिक्स 11 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
क्विंटन डिकॉक और हेंड्रिक्स ने दक्षिण अफ्रीका को अच्छी शुरुआत दिलाई और दोनों बल्लेबाजों ने तीन ओवरों की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 20 रन बना लिए हैं। डिकॉक आठ गेंदों पर 15 रन और हेंड्रिक्स 10 गेंदों पर पांच रन बनाकर खेल रहे हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका की पारी शुरू हो चुकी है और रीजा हेंड्रिक्स के साथ क्विंटन डिकॉक बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं। इंग्लैंड के लिए रीस टॉप्ली गेंदबाजी की शुरुआत करने आए हैं।
दक्षिण अफ्रीकाः क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रीजा हेंड्रिक्स, एडेन मार्करम (कप्तान), डेविड मिलर, हेनरिच क्लासेन, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को जेनसेन, केशव महाराज, कैगिसो रबादा, एनरिच नॉर्त्जे, ओटेनिल बार्टमैन।
इंग्लैंडः फिल सॉल्ट, जोस बटलर (कप्तान और विकेटकीपर), हैरी ब्रूक, जॉनी बेयरस्टो, मोइन अली, लियाम लिविंगस्टोन, सैम कुर्रन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, मार्क वुड, रीस टॉप्ली।
इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर आठ चरण के मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इंग्लैंड ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ग्रुप चरण में मिली हार में 42 रन बनाने वाले बटलर अब तक चार पारियों में 91 रन ही बना सके हैं। जॉनी बेयरस्टो ने वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 48 रन बनाकर फॉर्म में वापसी की है। इससे पहले वह कुल 46 रन ही बना सके थे।
सह मेजबान वेस्टइंडीज को हराकर फॉर्म में लौटे इंग्लैंड के बल्लेबाजों के सामने टी20 विश्व कप सुपर आठ चरण के दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका के दमदार गेंदबाजी आक्रमण की कठिन चुनौती होगी।
Live Cricket Score (ENG vs SA) England vs South Africa T20 World Cup : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। सुपर आठ चरण के ग्रुप दो में इंग्लैंड का सामना दक्षिण अफ्रीका से है। दोनों ही टीमें ने अपना पिछला मुकाबला जीता था और इंग्लैंड तथा दक्षिण अफ्रीका की टीमें लय कायम रखते हुए सेमीफाइनल का दावा मजबूत करना चाहेंगी।