फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ENG vs NZ: न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को नौ विकेट से हराया, 2019 विश्व कप फाइनल में मिली हार का लिया बदला

Thu, 05 Oct 2023 09:22 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

खास बातें

ICC World Cup 2023 NZ vs ENG: विश्व कप के पहले मैच में न्यूजीलैंड ने खिताब की प्रबल दावेदार कही जाने वाली गत विजेता इंग्लैंड को नौ विकेट से हरा दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुरुवार (पांच अक्तूबर) को न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इंग्लैंड ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 282 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने 36.2 ओवर में एक विकेट पर 283 रन बनाकर मैच को जीत लिया।
विज्ञापन
रचिन रवींद्र और डेवोन कॉन्वे - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:42 PM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live: न्यूजीलैंड की बड़ी जीत

विश्व कप के 13वें संस्करण की शुरुआत न्यूजीलैंड की टीम ने विस्फोटक अंदाज में की है। उसने गत विजेता इंग्लैंड को नौ विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही कीवी टीम ने विश्व कप 2019 के फाइनल में मिली हार का बदला ले लिया। तब खिताबी मुकाबले में इंग्लैंड ने मैच और सुपर ओवर टाई रहने के बाद बाउंड्री काउंट नियम से मैच को जीत लिया था।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुरुवार (पांच अक्तूबर) को न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इंग्लैंड ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 282 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने 36.2 ओवर में एक विकेट पर 283 रन बनाकर मैच को जीत लिया।

रचिन और कॉन्वे ने की नाबाद 273 रन की साझेदारी
न्यूजीलैंड के ओपनर बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे और तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी के लिए उतरे रचिन रवींद्र ने कमाल कर दिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए नाबाद 273 रन की साझेदारी की। कॉन्वे ने 121 गेंद पर नाबाद 152 रन बनाए। रचिन ने 96 गेंद पर 123 रन बनाए। कॉन्वे ने अपनी पारी में 19 चौके और तीन छक्के लगाए। वहीं, रचिन ने 11 चौके और पांच छक्के जड़े। दोनों की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने इंग्लैंड के गेंदबाज बेबस नजर आए। इंग्लैंड के लिए सिर्फ सैम करन ने एक विकेट लिया। रचिन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

08:27 PM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live: न्यूजीलैंड जीत के करीब

न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ 34 ओवर में एक विकेट पर 245 रन बना लिए हैं। डेवोन कॉन्वे 120 और रचिन रवींद्र 117 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 235 रन की साझेदारी की है। न्यूजीलैंड को जीत के लिए अब सिर्फ 38 रन बनाने हैं।

08:12 PM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live: रवींद्र ने भी जड़ा शतक

रचिन रवींद्र ने अपना शतक पूरा कर लिया है। यह उनका विश्व कप और वनडे में पहला शतक है। न्यूजीलैंड ने कॉन्वे और रचिन के शतक की बदौलत खुद को अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया है।

विज्ञापन
07:59 PM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live: कॉन्वे का शानदार शतक

डेवोन कॉन्वे ने इंग्लैंड के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना शतक पूरा कर लिया। यह उनका विश्व कप में पहला शतक है। न्यूजीलैंड ने 27 ओवर में एक विकेट पर 200 रन बना लिए हैं। कॉन्वे 87 गेंद पर 106 और रचिन रवींद्र 74 गेंद पर 91 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 190 रन की साझेदारी कर ली है।

07:03 PM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live: रचिन रवींद्र और कॉन्वे का अर्धशतक

न्यूजीलैंड की पारी के 100 रन पूरे हो गए। उसके लिए रचिन रवींद्र और डेवोन कॉन्वे ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे कर लिए। दोनों खिलाड़ियों का विश्व कप में यह पहला अर्धशतक है। न्यूजीलैंड ने 13 ओवर में एक विकेट पर 107 रन बना लिए हैं। रचिन 55 और कॉन्वे 51 रन बनाकर नाबाद हैं।

विज्ञापन
06:53 PM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live: रचिन रवींद्र और डेवोन कॉन्वे ने की अर्धशतकीय साझेदारी

रचिन रवींद्र और डेवोन कॉन्वे ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है। न्यूजीलैंड ने 11 ओवर में एक विकेट पर 92 रन बना लिए हैं। रवींद्र 47 और कॉन्वे 44 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 59 गेंद पर 82 रन जोड़ लिए हैं।

06:12 PM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live: खाता नहीं खोल पाए विल यंग

न्यूजीलैंड को पहला झटका दूसरे ओवर की पहली गेंद पर लगा। इंग्लैंड के लिए दूसरा ओवर करने सैम करन आए। उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर विल यंग को आउट कर दिया। यंग खाता भी नहीं खेल पाए और विकेटकीपर जोस बटलर को कैच थमा बैठे।

05:37 PM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live: इंग्लैंड ने 50 ओवर में बनाए 282 रन

इंग्लैंड की टीम ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में नौ विकेट पर 282 रन बनाए। उसने न्यूजीलैंड को 283 रन का लक्ष्य दिया है। इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने सबसे ज्यादा 77 रन बनाए। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 50 रन के आंकड़े को नहीं छू सका। कप्तान जोस बटलर ने 43 रन बनाए। जॉनी बेयरस्टो ने 33, हैरी ब्रूक ने 25 और लियाम लिविंगस्टोन ने 20 रन का योगदान दिया। आदिल रशीद ने नाबाद 15, डेविड मलान और सैम करन ने 14-14, मार्क वुड ने नाबाद 13, मोइन अली और क्रिस वोक्स ने 11-11 रन बनाए।

न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाजों को मैच में खुलकर नहीं खेलने दिया। तेज और स्पिन के मिश्रण ने इंग्लिश टीम को काफी परेशान किया। तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। स्पिनर मिचेल सैंटनर और ग्लेन फिलिप्स को दो-दो सफलता मिली। ट्रेंट बोल्ट और रचिन रवींद्र ने एक-एक विकेट लिए।

05:17 PM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live: इंग्लैंड को लगा दोहरा झटका

इंग्लैंड के लगातार दो ओवर में दो विकेट गिरे। 45वें ओवर की अंतिम गेंद पर मिचेल सैंटनर ने क्रिस वोक्स को आउट कर दिया। वोक्स 12 गेंद पर 11 रन बनाकर विल यंग को कैच थमा बैठे। अगले ही ओवर में सैम करन भी पवेलियन लौट गए। करन 19 गेंद पर 14 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मैट हेनरी ने टॉम लाथम के हाथों कैच कराया। हेनरी को मैच में तीसरी सफलता मिली।

05:02 PM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live: जो रूट भी पवेलियन लौटे

इंग्लैंड के प्रमुख बल्लेबाज जो रूट भी पवेलियन लौट गए हैं। रूट ने टीम के लिए 77 रन की पारी खेली। उन्होंने 86 गेंद की पारी में चार चौके लगाए। रूट के बल्ले से एक छक्का भी निकला। 42वें ओवर की पहली गेंद पर ग्लेन फिलिप्स ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया।

04:51 PM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live: लियाम लिविंगस्टोन को बोल्ट ने किया आउट

ट्रेंट बोल्ट ने लियाम लिविंगस्टोन को आउट कर न्यूजीलैंड को छठी सफलता दिलाई। लिविंगस्टोन ने 22 गेंद पर 20 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके लगाए। मैट हेनरी ने लिविंगस्टोन का कैच लिया। इंग्लैंड ने 40 ओवर में छह विकेट पर 224 रन बनाए हैं। जो रूट 74 और सैम करन एक रन बनाकर नाबाद हैं।

04:22 PM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live: न्यूजीलैंड को मिला इंग्लैंड के कप्तान का विकेट

न्यूजीलैंड को मैच में पांचवीं सफलता मैट हेनरी ने दिलाई। उन्होंने 34वें ओवर की दूसरी गेंद पर इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर को आउट कर दिया। बटलर 42 गेंद पर 43 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और दो छक्के लगाए। बटलर ने पांचवें विकेट के लिए जो रूट के साथ 70 रन की साझेदारी की। बटलर का कैच विकेट के पीछे टॉम लाथम ने लिया। इंग्लैंड ने 34 ओवर में पांच विकेट पर 191 रन बना लिए हैं। जो रूट 60 और लियाम लिविंगस्टोन दो रन बनाकर नाबाद हैं।

04:06 PM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live: जो रूट ने लगाया अर्धशतक

विश्व कप के मौजूदा संस्करण का पहला अर्धशतक इंग्लैंड के अनुभवी खिलाड़ी जो रूट ने लगाया। रूट ने 30वें ओवर में 50 रन का आंकड़ा पार किया। इंग्लैंड ने 30 ओवर में चार विकेट पर 166 रन बना लिया है। जो रूट 50 और जोस बटलर 30 रन बनाकर नाबाद हैं।

03:38 PM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live: सैंटनर ने मोइन अली को किया बोल्ड

ग्लेन फिलिप्स ने न्यूजीलैंड को चौथी सफलता दिलाई। उन्होंने 22वें ओवर की दूसरी गेंद पर मोइन अली को क्लीन बोल्ड कर दिया। मोइन ने 17 गेंद पर 11 रन बनाए। इंग्लैंड ने 22 ओवर में चार विकेट पर 121 रन बना लिए हैं। जो रूट 33 और कप्तान जोस बटलर दो रन बनाकर नाबाद हैं।

03:31 PM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live: इंग्लैंड का स्कोर 20 ओवर के बाद 112/3

इंग्लैंड की पारी के 20 ओवर समाप्त हो गए हैं। उसने तीन विकेट पर 112 रन बना लिए हैं। अनुभवी बल्लेबाज जो रूट 29 और बाएं हाथ के बल्लेबाज मोइन अली आठ रन बनाकर नाबाद हैं।

03:19 PM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live: रचिन रवींद्र ने लिया विकेट

न्यूजीलैंड को तीसरी सफलता रचिन रवींद्र ने दिलाई। उनके पहले और पारी के 17वें ओवर में हैरी ब्रूक ने ताबड़तोड़ अंदाज में रन बनाए। ब्रूक ने तीसरी और चौथी गेंद पर चौका लगाया। पांचवीं गेंद पर उन्होंने छक्का जड़ा। इसके बाद छठी गेंद को भी बाउंड्री के बाहर भेजने के प्रयास में बाउंड्री पर डेवोन कॉन्वे को कैच थमा बैठे।

02:58 PM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live: इंग्लैंड को दूसरा झटका

इंग्लैंड की टीम को दूसरा झटका 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर लगा। मिचेल सैंटनर ने ओपनर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो को आउट कर दिया। बेयरस्टो 35 गेंद पर 33 रन बनाकर आउट हो गए। सैंटनर की गेंद पर डेरिल मिचेल ने उनका कैच लिया। इंग्लैंड ने 13 ओवर में दो विकेट पर 64 रन बना लिए हैं। जो रूट 15 रन बाकर नाबाद हैं। हैरी ब्रूक को अभी अपना खाता खोलना है।

02:36 PM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live: इंग्लैंड को लगा पहला झटका

इंग्लैंड को पहला झटका डेविड मलान के रूप में लगा। उन्हें मैट हेनरी ने आठवें ओवर की चौथी गेंद पर आउट कर दिया। मलान 24 गेंद पर 14 रन बनाकर विकेटकीपर टॉम लाथम को कैच थमा बैठे। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके लगाए। मलान के आउट होने के बाद अनुभवी बल्लेबाज जो रूट क्रीज पर आए हैं। इंग्लैंड ने आठ ओवर में एक विकेट पर 41 रन बनाए हैं। जॉनी बेयरस्टो 24 और जो रूट एक रन बनाकर नाबाद हैं।

02:29 PM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live: इंग्लैंड का स्कोर 6 ओवर में 35/0

इंग्लैंड की शुरुआत धीमी रही है। पहले ओवर में 12 रन बटोरने के बाद जॉनी बेयरस्टो और डेविड मलान तेजी से रन नहीं बना पा रहे हैं। इंग्लैंड ने शुरुआती छह ओवर में बिना किसी नुकसान के 35 रन बनाए हैं। जॉनी बेयरस्टो 21 और मलान 13 रन बनाकर नाबाद हैं।

02:05 PM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live: इंग्लैंड की तेज शुरुआत

इंग्लैंड ने विश्व कप के पहले मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए तेज शुरुआत की है। जॉनी बेयरस्टो ने ट्रेंट बोल्ट के पहले ही ओवर में एक छक्का और एक चौका लगाया। इंग्लैंड ने एक ओवर में बिना किसी नुकसान के 12 रन बना लिए हैं। जॉनी बेयरस्टो ने 11 और डेविड मलान ने एक रन बनाए हैं।

01:38 PM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

न्यूजीलैंड: डेवोन कॉन्वे, विल यंग, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम लाथम (कप्तान, विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, मैट हेनरी, मिचेल सैंटनर, जेम्स नीशम, ट्रेंट बोल्ट।

इंग्लैंड: जॉनी बेयरस्टो, डेविड मलान, जो रूट, हैरी ब्रूक, जोस बटलर (कप्तान, विकेटकीपर), लियाम लिविंगस्टोन, मोइन अली, सैम करन, क्रिस वोक्स, आदिल रशीद, मार्क वुड।

01:34 PM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live: इंग्लैंड की टीम करेगी पहले बल्लेबाजी

न्यूजीलैंड के कार्यवाहक कप्तान टॉम लाथम ने विश्व कप के पहले मैच में इंग्लैंड के खिलाफ टॉस जीत लिया है। उन्होंने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। न्यूजीलैंड की टीम के नियमित कप्तान केन विलियम्सन इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। लॉकी फर्ग्यूसन भी चोट के कारण बाहर हैं। वहीं, बेन स्टोक्स इंग्लैंड की प्लेइंग-11 में नहीं हैं।

12:56 PM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live Score: कुछ देर में होगा टॉस

विश्व कप का पहला मैच कुछ देर में शुरू होगा। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर और न्यूजीलैंड के कार्यवाहक कप्तान टॉम लाथम टॉस के लिए मैदान में उतरेंगे। दोनों टीमों के बीच 2019 विश्व कप का फाइनल खेला गया था। तब मैच और सुपर ओवर टाई रहने के बाद इंग्लैंड को बाउंड्री काउंट नियम से विजेता घोषित किया था।

11:16 AM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ Live Score: राउंड रॉबिन फॉर्मेट में होगा टूर्नामेंट

विश्व कप के मैच भारत के 10 शहरों में खेले जाएंगे। हैदराबाद, अहमदाबाद, धर्मशाला, दिल्ली, चेन्नई, लखनऊ, पुणे, बेंगलुरु, मुंबई और कोलकाता में मुकाबले हैं। इस विश्व कप में कुल 10 टीमें भाग लेंगी। टूर्नामेंट का आयोजन राउंड रॉबिन फॉर्मेट में होगा। 10 में से शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। पिछली बार इंग्लैंड में भी इसी फॉर्मेट में विश्व कप का आयोजन हुआ था। तब इंग्लिश टीम ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराया था।

10:59 AM, 05-Oct-2023

ENG vs NZ: न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को नौ विकेट से हराया, 2019 विश्व कप फाइनल में मिली हार का लिया बदला

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। वनडे विश्व कप के 13वें संस्करण का आगाज आज से हो रहा है। भारत के 10 मैदानों पर होने वाले इस टूर्नामेंट में 10 टीमें हिस्सा ले रही है। 46 दिन के आयोजन में 48 मैच खेले जाएंगे। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुरुवार (पांच अक्तूबर) को गत चैंपियन इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच पहला मुकाबला होगा। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें