फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ENG vs NED Highlights: विश्व कप से बाहर होने वाली चौथी टीम बनी नीदरलैंड, इंग्लैंड ने 160 रन से हराया

Wed, 08 Nov 2023 09:22 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पुणे

खास बातें

ICC ODI World Cup 2023 England vs Netherlands 2023: विश्व कप के 40वें मैच में इंग्लैंड ने नीदरलैंड को 160 रन से हरा दिया। पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। इंग्लैंड ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 339 रन बनाए। जवाब में नीदरलैंड की टीम 37.2 ओवर में 179 रन पर सिमट गई। इस हार के साथ ही वह विश्व कप से बाहर होने वाली चौथी टीम बन गई।
विज्ञापन
इंग्लैंड बनाम नीदरलैंड - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:16 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: इंग्लैंड की शानदार जीत

इंग्लैंड की टीम ने अपने आखिरी लीग मैच में शानदार जीत हासिल की। उसने नीदरलैंड को 160 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड के खाते में दो अंक जुड़ गए। उसके आठ मैचों में चार अंक हो गए। इंग्लैंड को छह मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड अंक तालिका में 10वें से सातवें स्थान पर आ गया है। दूसरी ओर, नीदरलैंड की टीम आठ मैचों में छठी हार के साथ विश्व कप से बाहर हो गई है। 

इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। इंग्लैंड ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 339 रन बनाए। जवाब में नीदरलैंड की टीम 37.2 ओवर में 179 रन पर सिमट गई। इस हार के साथ ही वह विश्व कप से बाहर होने वाली चौथी टीम बन गई।

नीदरलैंड के लिए तेजा निदामानुरु ने सबसे ज्यादा नाबाद 41 रन बनाए। कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने 38 और वेस्ले बर्रेसी ने 37 रन की पारी खेली। साइब्रांड ने 33 और बास डी लीडे ने 10 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए मोईन अली और आदिल रशीद ने तीन-तीन विकेट लिए। डेविड विली को दो विकेट मिले।

इससे पहले इंग्लैंड के लिए दिग्गज बल्लेबाज बेन स्टोक्स ने 108 रन बनाए। उन्होंने 84 गेंद की पारी में छह चौके और छह छक्के लगाए। स्टोक्स का विश्व कप इतिहास में यह पहला शतक है। डेविड मलान ने 87 और क्रिस वोक्स ने 51 रन बनाए। जो रूट ने 28, जॉनी बेयरस्टो ने 15 और हैरी ब्रूक ने 11 रन बनाए। डेविड विली छह, जोस बटलर पांच और मोईन अली चार रन ही बना सके। नीदरलैंड के लिए बास डी लीडे ने तीन विकेट लिए।

09:02 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: हार के करीब नीदरलैंड

नीदरलैंड को आठवां झटका मोईन अली ने दिया। उन्होंने 36वें ओवर की चौथी गेंद पर रूलोफ वान डेर मर्वे को आउट कर दिया। मर्वे ने चार गेंदों का सामना किया और खाता खोले बगैर आउट हुए। उनके बाद अगले ही ओवर में आदिल रशीद ने आर्यन दत्त को क्लीन बोल्ड कर दिया। आर्यन ने तीन गेंद पर एक रन बनाए।

08:55 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: इंग्लैंड को मिली दोहरी सफलता

इंग्लैंड को बड़ी सफलता मोईन अली ने दिलाई। उन्होंने 34वें ओवर की पांचवीं गेंद पर नीदरलैंड के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स को आउट कर दिया। एडवर्ड्स 42 गेंद पर 38 रन बनाकर डेविड मलान को कैच थमा बैठे। उनके बाद लोगन वान बीक भी आउट हो गए। वान बीक दो गेंद पर दो रन बनाकर आउट हुए। आदिल रशीद की गेंद पर डेविड मलान ने उनका कैच लिया। नीदरलैंड ने 35 ओवर में सात विकेट पर 166 रन बना लिए हैं। तेजा और रूलोफ वान डर मर्वे क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
08:20 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: नीदरलैंड को पांचवां झटका

नीदरलैंड को पांचवां झटका बास डी लीडे के रूप में लगा। वह 12 गेंद पर 10 रन बनाकर आउट हुए। डी लीडे को आदिल रशीद ने क्लीन बोल्ड कर दिया। नीदरलैंड का स्कोर 26 ओवर में पांच विकेट पर 115 रन है। तेजा और कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स क्रीज पर हैं।

08:13 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: इंग्लैंड को मिली चौथी सफलता

इंग्लैंड को चौथी सफलता डेविड विली ने दिलाई। उन्होंने साइब्रांड को आउट कर दिया। साइब्रांड 49 गेंद पर 33 रन बनाकर क्रिस वोक्स को कैच थमा बैठे। नीदरलैंड ने 25 ओवर में चार विकेट पर 99 रन बना लिए हैं। स्कॉट एडवर्ड्स 13 और बास डी लीडे छह रन बनाकर नाबाद हैं।

विज्ञापन
07:48 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: नीदरलैंड का स्कोर 20 ओवर में 77/3

नीदरलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ 20 ओवर में तीन विकेट पर 77 रन बना लिए हैं। उसे तीसरा झटका वेस्ले बर्रेसी के रूप में लगा। वह 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर रन आउट हो गए। बर्रेसी ने 62 गेंद पर 37 रन बनाए। फिलहाल साइब्रांड 28 और कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स चार रन बनाकर नाबाद हैं।

07:03 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: नीदरलैंड की खराब शुरुआत

इंग्लैंड के खिलाफ नीदरलैंड की शुरुआत काफी खराब हुई है। उसने दो विकेट गंवा दिए हैं। ओपनर मैक्स ओडाड और कॉलिन एकरमैन पवेलियन लौट चुके हैं। ओडाड पांच रन बनाकर आउट हुए। क्रिस वोक्स की गेंद पर मोईन अली ने उनका कैच लिया। कॉलिन एकरमैन खाता नहीं खोल पाए। उन्हें डेविड विली ने जोस बटलर के हाथों कैच कराया। नीदरलैंड ने नौ ओवर में दो विकेट पर 22 रन बनाए हैं। वेस्ले बर्रेसी और साइब्रांड क्रीज पर हैं।

05:53 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: नीदरलैंड को मिला मुश्किल लक्ष्य

इंग्लैंड ने नीदरलैंड के सामने जीत के लिए 340 रन का लक्ष्य दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 339 रन बनाए। उसके लिए दिग्गज बल्लेबाज बेन स्टोक्स ने 108 रन बनाए। उन्होंने 84 गेंद की पारी में छह चौके और छह छक्के लगाए। स्टोक्स का विश्व कप इतिहास में यह पहला शतक है। डेविड मलान ने 87 और क्रिस वोक्स ने 51 रन बनाए। जो रूट ने 28, जॉनी बेयरस्टो ने 15 और हैरी ब्रूक ने 11 रन बनाए। डेविड विली छह, जोस बटलर पांच और मोईन अली चार रन ही बना सके। नीदरलैंड के लिए बास डी लीडे ने तीन विकेट लिए।

05:38 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: स्टोक्स का शतक

इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज बेन स्टोक्स ने शानदार शतक लगाया है। यह विश्व कप में उनका पहला शतक है। उन्होंने 48वें ओवर की पांचवीं गेंद पर शतक पूरा किया। स्टोक्स ने मीकेरेन की गेंद पर चौका लगाकर सैकड़ा पूरा कयिा। इंग्लैंड ने 48 ओवर में छह विकेट पर 310 रन बना लिए हैं। बेन स्टोक्स 101 और क्रिस वोक्स 41 रन बनाकर नाबाद हैं।

04:39 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: मोईन अली भी पवेलियन लौटे

इंग्लैंड को छठा झटका मोईन अली के रूप में लगा। वह 36वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हो गए। मोईन अली को आर्यन दत्त ने बास डी लीडे के हाथों कैच कराया। इंग्लैंड ने 37 ओवर में छह विकेट पर 200 रन बना लिए हैं। बेन स्टोक्स 40 और क्रिस वोक्स चार रन बनाकर नाबाद हैं।

04:12 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: इंग्लैंड को पांचवां झटका

31वें ओवर में कप्तान जोस बटलर भी आउट हुए। उन्हें वान मीकेरन ने निदामनुरू के हाथों कैच कराया। बटलर पांच रन बना सके। 31 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर पांच विकेट पर 180 रन है। फिलहाल बेन स्टोक्स और मोईन अली क्रीज पर हैं।

03:59 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: इंग्लैंड को चौथा झटका

27वें ओवर में 164 के स्कोर पर इंग्लैंड को चौथा झटका लगा। हैरी ब्रूक को बास डी लीडे ने कॉलिन एकरमैन के हाथों कैच कराया। वह 16 गेंद में 11 रन बना सके। फिलहाल कप्तान जोस बटलर और बेन स्टोक्स क्रीज पर हैं। 

03:36 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: मलान रन आउट, शतक से चूके

22वें ओवर 139 के स्कोर पर इंग्लैंड को तीसरा झटका लगा। 21वें ओवर में जो रूट आउट हुए थे। मलान रन आउट हुए। वह शतक से चूक गए। उन्होंने 74 गेंद में 87 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 10 चौके और दो छक्के लगाए। 23 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 141 रन है। फिलहाल हैरी ब्रूक और बेन स्टोक्स क्रीज पर हैं।

03:31 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: जो रूट क्लीन बोल्ड

इंग्लैंड को 21वें ओवर में 133 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। जो रूट स्विच हिट लगाने की कोशिश करते हुए क्लीन बोल्ड हो गए। गेंद उनके दोनों पैरों के बीच से निकलते हुए स्टंप्स पर जा लगी। उन्होंने 35 गेंद में 28 रन की पारी खेली। रूट ने डेविड मलान के साथ दूसरे विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी निभाई। 21 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर दो विकेट पर 135 रन है। फिलहाल डेविड मलान 71 गेंद में 86 रन और बेन स्टोक्स एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।

03:25 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: मलान-रूट ने संभाली पारी

20 ओवर के बाद इंग्लैंड ने एक विकेट गंवाकर 132 रन बना लिए हैं। जॉनी बेयरस्टो 17 गेंद में 15 रन बनाकर आउट हुए। डेविड मलान 69 गेंद में 84 रन और जो रूट 28 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 78 गेंद में 84 रन की साझेदारी हो चुकी है। 

02:44 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: बेयरस्टो पवेलियन लौटे, मलान का अर्धशतक

10 ओवर के बाद इंग्लैंड ने एक विकेट गंवाकर 70 रन बना लिए हैं। फिलहाल जो रूट एक रन और डेविड मलान 51 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। मलान ने 36 गेंद में ही अर्धशतक पूरा किया था। यह उनके वनडे करियर का सातवां अर्धशतक रहा। इससे पहले इंग्लैंड को 48 के स्कोर पर पहला झटका लगा था। आउट ऑफ फॉर्म चल रहे बेयरस्टो फिर से कुछ खास नहीं कर सके। इस विश्व कप में इंग्लैंड की ओपनिंग पार्टनरशिप कुछ खास नहीं हुई है। पहले मैच में 40, दूसरे मैच में 115 रन, तीसरे मैच में 3 रन, चौथे मैच में 18 रन, पांचवें मैच में 45 रन, छठे मैच में 30 रन, सातवें मैच में शून्य और आज 48 रन की साझेदारी हुई।

01:35 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

इंग्लैंड: जॉनी बेयरस्टो, डेविड मलान, जो रूट, बेन स्टोक्स, हैरी ब्रूक, जोस बटलर (विकेटकीपर/कप्तान), मोइन अली, क्रिस वोक्स, डेविड विली, गस एटकिंसन, आदिल रशीद।

नीदरलैंड्स: वेस्ले बर्रेसी, मैक्स ओडॉड, कॉलिन एकरमैन, साइब्रैंड एंगेलब्रेक्ट, स्कॉट एडवर्ड्स (विकेटकीपर/कप्तान), बास डी लीडे, तेजा निदामानुरु, लोगन वान बीक, रोल्फ वान डर मर्व, आर्यन दत्त, पॉल वान मीकेरेन।

01:33 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: इंग्लैंड ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी

इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। बटलर ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। हैरी ब्रूक और गस एटकिंसन की प्लेइंग-11 में वापसी हुई है। लियाम लिविंगस्टोन और मार्क वुड को टीम से बाहर कर दिया गया है। वहीं, नीदरलैंड के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने भी प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया। यह मैच चैंपियंस ट्रॉफी के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। दोनों ही टीमें नौवें और 10वें स्थान पर हैं। इस विश्व कप शीर्ष आठ टीमें 2025 में होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी के लिए क्वालिफाई करेंगी। ऐसे में दोनों की नजरें शीर्ष आठ में जगह बनाने पर होगी।

01:21 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: नीचे की दो टीमों के बीच मुकाबला

यह मैच 10वें स्थान पर मौजूद इंग्लैंड और नौवें स्थान पर मौजूद नीदरलैंड से है। पुणे में इस विश्व कप में पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम एक बार जीती है। वहीं, चेज करते हुए टीमें दो बार जीती हैं। पुणे में पहली पारी का औसत स्कोर 257 रन है।

01:21 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऑरेंज आर्मी कर चुकी है उलटफेर

नीदरलैंड की टीम इंग्लैंड के गिरे हुए मनोबल का फायदा उठाकर एक और उलटफेर करना चाहेगी। ‘ऑरेंज आर्मी’ ने दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश को हराकर विश्वकप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है और यह टीम इंग्लैंड के खिलाफ एक और उलटफेर कर अपने प्रशंसकों को जश्न मनाने का मौका देना चाहेगी। विश्वकप में टीम के लिए सबसे कमजोर कड़ी शीर्ष क्रम की बल्लेबाजी रही है। इंग्लैंड के खिलाफ टीम को इस पर ध्यान देना होगा।

01:20 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: इंग्लैंड के गेंदबाजों का प्रदर्शन ठीक-ठाक

टीम के गेंदबाजों का प्रदर्शन हालांकि बल्लेबाजों से कुछ बेहतर रहा है लेकिन उस में भी विविधता की कमी दिखी है। कुछ गेंदबाजों को छोड़ दे तो ज्यादातर गेंदबाज भारतीय परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने में नाकाम रहे है। बेन स्टोक्स टूर्नामेंट में गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं जबकि मोईन अली की फिरकी गेंदबाजी कारगर नहीं रही।

01:19 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: रूट और बटलर ने किया है निराश

इंग्लैंड सात मैचों में महज एक जीत के साथ 10 टीमों की तालिका में आखिरी पायदान पर है जबकि नीदरलैंड की स्थिति उससे थोड़ी बेहतर है। टीम इतने ही मैचों में दो जीत और चार अंक के साथ नौवें स्थान पर है। दोनों टीमें आधिकारिक तौर पर सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हैं। इंग्लैंड को शनिवार को चिर-प्रतिद्वंद्वी ऑस्ट्रेलिया से 33 रन की हार का सामना करना पड़ा। कागजों पर मजबूत दिखने वाली ‘थ्री लायंस’ की टीम का आत्मविश्वास काफी नीचे गिर गया है। टीम की बल्लेबाजी इकाई बुरी तरह विफल रही है। सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो और डेविड मलान अच्छी शुरुआत दिलाने के लिए संघर्ष करते दिखे हैं, जबकि अनुभवी जो रूट अपनी ख्याति के मुताबिक निरंतर प्रदर्शन नहीं कर सके। कप्तान जोस बटलर और बड़े शॉट खेलने में माहिर लियाम लियामस्टोन भी बुरी तरह विफल रहे हैं। इस मुकाबले को जीतने के लिए इंग्लैंड के बल्लेबाजों को आक्रामक प्रदर्शन करना होगा।

01:18 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: चैंपियंस ट्रॉफी की वजह से दिलचस्प हुई जंग

मेजबान पाकिस्तान के अलावा विश्वकप की शीर्ष सात टीमें 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के लिए क्वालिफाई करेंगी। इसके बाद से सभी टीमों ने इसमें जगह बनाने के लिए जोर लगाना शुरू कर दिया। चैंपियंस ट्रॉफी के लिए क्वालिफाई करने के लिए इंग्लैंड को नीदरलैंड और फिर पाकिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी। चार साल बाद चैंपियन बनी इंग्लैंड की टीम के लिए इस बार विश्वकप में कुछ भी अच्छा नहीं रहा। इससे पहले इंग्लैंड की कोई भी टीम विश्वकप में इतने अधिक मैच नहीं हारी है। हालात यह है कि नीदरलैंड के खिलाफ भी टीम को तगड़ा दावेदार नहीं माना जा रहा है।

01:16 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Live: सम्मान की लड़ाई

विश्वकप में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन कर खिताबी दौड़ से बाहर हो चुकी गत चैंपियन इंग्लैंड की टीम बुधवार को जब नीदरलैंड के खिलाफ मैदान में उतरेगी तो उसके सामने जीत के साथ चैंपियंस ट्रॉफी में जगह बनाने की दौड़ में बने रहने की चुनौती होगी।

01:01 PM, 08-Nov-2023

ENG vs NED Highlights: विश्व कप से बाहर होने वाली चौथी टीम बनी नीदरलैंड, इंग्लैंड ने 160 रन से हराया

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज विश्व कप 2023 के 40वें मैच में इंग्लैंड का सामना नीदरलैंड से है। यह मैच पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जा रहा है। इंग्लैंड की टीम पहले ही विश्व कप से बाहर हो चुकी है। वहीं, नीदरलैंड की टीम फिलहाल दावेदारी में तो है, लेकिन उसका सामना इंग्लैंड के बाद भारत से है। उसका पहुंचना बहुत ही मुश्किल नजर आ रहा है। इंग्लिश टीम ने इस विश्व कप में बहुत ही खराब प्रदर्शन किया है और अंक तालिका में सबसे नीचे है। वहीं, नीदरलैंड नौवें नंबर पर है। इंग्लैंड को इस मैच में सावधान रहना होगा। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें