राजस्थान रॉयल्स के लिए जीत बेहद मुश्किल हो गई है। टीम को अब जीत के लिए 12 गेंदों में 54 रनों की आवश्यकता है। रॉयल्स की तरफ से कप्तान संजू सैमसन और तबरेज़ शम्सी क्रीज पर हैं।
दिल्ली के गेंदबाजों ने आज बेहतरीन प्रदर्शन किया है। राजस्थान के बल्लेबाज उनके सामने पूरी तरह से फेल रहे हैं।
राजस्थान रॉयल्स के लिए मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। लोमरोर के बाद रियान पराग भी सस्ते में पवेलियन लौट गए हैं। लोमरोर को रबाडा तो पराग को अक्षर पटेल ने चलता किया। 13 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर: 59/5, संजू सैमसन (20*), राहुल तेवतिया (2*)
भारतीय टीम के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली। वह अब टी-20 क्रिकेट में 250 विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। अश्विन ने मिलर के विकेट के साथ यह उपलब्धि हासिल की। अश्विन से पहले अमित मिश्रा (262) और पीयूष चावला (262) ने ही यह कारनामा किया है।
एविन लुइस की जगह पर टीम में शामिल किए गए डेविड मिलर कुछ कमाल नहीं कर पाए। उन्हें अश्विन ने अपनी फिरकी में फंसाया। मिलर 10 गेंदों में आठ रन बनाकर पवेलियन लौटे।
कप्तान संजू सैमसन और डेविड मिलर के ऊपर टीम को शुरूआती झटकोंं से उबारने की जिम्मेदारी है।
दिल्ली के 155 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की बेहद खराब शुरुआत हुई है। पहले ओवर की आखिरी गेंद पर लिविंग्स्टन का विकेट गंवाने के बाद दूसरे ओवर की पहली गेंद पर यशस्वी जायसवाल भी चलते बने। उन्हें नोर्त्जे ने पंत के हाथों कैच कराया। हालंकि अंपायर ने शुरू में नॉटआउट दिया था लेकिन पंत ने रिव्यू लिया और विकेट मिला। यशस्वी चार गेंदों में पांच रन बनाकर आउट हुए।
लियम लिविंगस्टन एक बार फिर से बल्ले से नाकाम हुए। सलामी बल्लेबाजी करने उतरे लिविंगस्टन पहले ही ओवर में एक रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। उन्हें आवेश खान ने ओवर की आखिरी गेंद पर पंत के हाथों कैच कराया। एक ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर: 6/1, यशस्वी जायसवाल (5*), संजू सैमसन (0*)
राजस्थान की तरफ से इस बार नई सलामी जोड़ी क्रीज पर है। लुईस इस मैच में नहीं खेल रहे हैं और उनकी जगह यशस्वी जायसवाल और लियम लिविंग्सटन ने पारी की शुरुआत की है। दिल्ली की तरफ से आवेश ख़ान को नई गेंद दी गई है।
दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 154 रन बनाए। राजस्थान की शानदार गेंदबाजी के आगे दिल्ली के धुरंधर कुछ खास नहीं कर पाए। टीम ने एक समय पर 100 रन के अंदर अपने चार विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद श्रेयस अय्यर (43) और ऋषभ पंत (24) ने मिलकर टीम को संभाला और एक अर्धशतकीय साझेदारी की। इसके बाद शिमरॉन हेटमायर (28) ने तेजी से रन बटोरे और टीम के स्कोर को सम्मानजनक स्कोर तक पहुँचाया। राजस्थान की तरफ से मुस्तफिजुर रहमान और चेतन साकरिया ने दो-दो विकेट चटकाए।
राजस्थान ने एक बार फिर से अपने अनुभवी गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को गेंद थमाई और इस बार भी उन्होंने फैसले को सही साबित किया। रहमान ने हेटमायर को साकरिया के हाथों कैच कराया। हेटमायर 16 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। 17 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 124/5, अक्षर पटेल (2*), ललित यादव (5*)
राजस्थान के गेंदबाज पहले पॉवरप्ले में दिल्ली के रनों पर लगाम लगाने में सफल रहे हैं। छह ओवर के खेल में दिल्ली की सलामी जोड़ी पवेलियन लौट चुकी है और सिर्फ छह के रन रेट से रन बने हैं। छह ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 36/2, ऋषभ पंत (7*), श्रेयस अय्यर (9*)
चेतन साकरिया की शानदार गेंदबाजी पर लय से भटके पृथ्वी शॉ, ऑफ साइड की गेंद को उठाकर खेलना चाहते थे पृथ्वी लेकिन लिविंगस्टन को एक आसान कैच दे बैठे। शॉ 12 गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हुए।
राजस्थान में दो बड़े बदलाव हुए हैं। एविन लुईस और क्रिस मॉरिस को इस मैच में बाहर बैठना पड़ा है और उनकी जगह तबरेज़ शम्सी और डेविड मिलर को मौका दिया गया है। वहीं दिल्ली की टीम में चोटिल मार्कस स्टॉयनिस की जगह ललित यादव को शामिल किया गया है।
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इसका मतलब है कि दिल्ली कैपिटल्स पहले बल्लेबाजी करने उतरेगी।
दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच हमेशा से ही टक्कर का मुकाबला होता रहा है। यही वजह है कि दोनों टीमों के बीच अब तक 23 मैच हुए हैं। इसमें राजस्थान को 12 जबकि दिल्ली को 11 मुकाबलों में जीत मिली है।