139 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी हुई थी। पहले विकेट के लिए मेग लैनिंग और शेफाली वर्मा के बीच 22 रन की साझेदारी हुई। भारतीय बल्लेबाज 12 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हो गईं। उन्हें साइमा ठाकुर ने अपना शिकार बनाया। टीम को दूसरा झटका एलिस कैप्सी के रुप में लगा। वह 15 रन बनाकर आउट हुईं। दिल्ली का तीसरा विकेट 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर लगा। उन्हें दीप्ति शर्मा ने एलबीडब्ल्यू किया। वह 46 गेंदों में 60 रन बनाकर आउट हुईं। चौथा विकेट जेमिमा के रुप में गिरा, जो 17 रन बना सकीं।
रोमांचक मुकाबले में दिल्ली के बल्लेबाजी क्रम को यूपी के खिलाफ संघर्ष करते देखा गया। एनाबेल सदरलैंड छह, अरुंधति शून्य और शिखा पांडे सात रन बनाकर आउट हुईं। मैच ने रोमांचक मोड़ आखिरी ओवर में लिया जब ग्रेस हैरिस की पहली गेंद पर राधा यादव ने जोरदार छक्का लगाया। इस ओवर की दूसरी गेंद पर शिखा ने जोरदार शॉट जड़कर दो रन लूट लिए। अब टीम को चार गेंदों में दो रन की जरुरत थी। इस ओवर की तीसरी गेंद पर हैरिस ने राधा को आउट कर दिया। पांचवीं गेंद पर बल्लेबाजी के लिए आईं साधू भी कैच आउट हो गईं। इसी के साथ यूपी ने यह मुकाबला एक रन से जीत लिया। यूपी के लिए दीप्ति शर्मा ने चार विकेट लिए जबकि साइमा और हैरिस को दो-दो विकेट मिले। सोफी एक्लेस्टोन को एक सफलता मिलीं। दिल्ली की टीम इस मैच में 137 रन पर ऑलआउट हो गई और यूपी ने यह मैच एक रन से जीत लिया।
दिल्ली का छठा विकेट अरुंधति रेड्डी के रुप में गिरा। वह बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं। टीम को जीत के लिए सात गेंदों में 10 रन की आवश्यकता है।
जीत के करीब पहुंच रही दिल्ली को पांचवां झटका एनाबेल सदरलैंड के रुप में लगा। उन्हें दीप्ति शर्मा ने आउट किया। सदरलैंड सिर्फ छह रन बना सकीं। टीम को जीत के लिए 10 गेंदों में 15 रन की जरुरत है।
दिल्ली कैपिटल्स को चौथा झटका जेमिमा रोड्रिग्स के रुप में लगा। उन्हें साइमा ठाकुर ने सोफी एक्लेस्टोन के हाथों कैच आउट कराया। वह 15 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हुईं। दिल्ली को जीत के लिए 12 गेंदों में 15 रन की जरुरत है।
दिल्ली का तीसरा विकेट कप्तान मेग लैनिंग के रुप में लगा। उन्हें दीप्ति शर्मा ने 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट किया। स्टार बल्लेबाज 12 चौकों की मदद से 60 रन बनाने में कामयाब हुईं।
दिल्ली कैपिटल्स का दूसरा विकेट एलिस कैप्सी के रुप में गिरा। उन्हें सोफी एक्लेस्टोन ने ग्रेस हैरिस के हाथों 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट किया। वह सिर्फ 15 रन बना सकीं।
यूपी के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स की दमदार शुरुआत हुई है। तीसरे नंबर बल्लेबाजी के लिए आईं एलिस कैप्सी शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। वहीं, कप्तान मेग लैनिंग भी विस्फोटक प्रदर्शन करती नजर आ रही हैं। नौ ओवर के बाद टीम का स्कोर 57/1 है।
दिल्ली कैपिटल्स को पहला झटका शेफाली वर्मा के रुप में लगा। उन्होंने कप्तान मेग लैनिंग के साथ टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। भारतीय बल्लेबाज ने 12 गेंदों में 15 रन बनाए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए एलिस कैप्सी उतरी हैं। चार ओवर के बाद टीम का स्कोर 22/1 है।
दिल्ली की पारी शुरु हो चुकी है। सलामी बल्लेबाजी के लिए कप्तान मेग लैनिंग और शेफाली वर्मा क्रीज पर हैं। उम्मीद है कि दोनों महिला बल्लेबाज टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने में कामयाब होंगी।
दिल्ली के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूपी वॉरियर्स ने दीप्ति शर्मा के अर्धशतक की बदौलत 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 138 रन बनाए। एलिसा हेली की कप्तानी वाली टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं हुई। दूसरे ओवर में यूपी की विस्फोटक बल्लेबाज किरण नवगिरे आउट हो गईं। उन्हें तितास साधू ने क्लीन बोल्ड किया। किरण सिर्फ पांच रन बनाए। वहीं, कप्तान हेली 29 रन बनाकर आउट हुईं। सात गेंदों के भीतर टीम को तीसरा झटका ताहिया मैक्ग्रा के रुप में लगा। उन्हें अरुंधति रेड्डी ने आउट किया। दिल्ली के गेंदबाजी आक्रमण के आगे यूपी का बल्लेबाजी क्रम संघर्ष करता दिखा। ग्रेस हैरिस ने 14, श्वेता सहरावत ने चार, पूनम खेमनार ने एक, सोफी एक्लेस्टोन ने आठ रन बनाए। वहीं, साइमा ठाकुर और गौहर सुल्ताना क्रमश: पांच और एक रन बनाकर नाबाद रहीं।
दिल्ली के लिए तितास साधू और राधा यादव ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, शिखा, अरुंधति, जेस जोनासन और एलिस कैप्सी को एक-एक विकेट मिला।
यूपी को आठवां झटका दीप्ति शर्मा के रुप में लगा जो 48 गेंदों में 59 रन बनाने में कामयाब हुईं। उन्हें शिखा पांडे ने 20वें ओवर की चौथी गेंद पर अपना शिकार बनाया।
दिल्ली के खिलाफ यूपी के बल्लेबाजी क्रम को 14वें ओवर के बाद संघर्ष करते देखा गया। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरीं ग्रेस हैरिस 14 रन बनाकर आउट हुईं। टीम को पांचवां झटका श्वेता सहरावत के रुप में लगा। वह सिर्फ चार रन बना सकीं। छठा विकेट पूनम खेमनार के रुप में गिरा जबकि सातवां विकेट सोफी एक्लेस्टोन के रुप में गिरा। फिलहाल क्रीज पर दीप्ति शर्मा और साइमा ठाकुर हैं। 19 ओवर के बाद टीम का स्कोर 125/7 है।
यूपी को दूसरा झटका कप्तान एलिसा हेली के रूप में लगा। उन्हें एलिस कैप्सी ने सदरलैंड के हाथों कैच आउट कराया। वह 30 गेंदों में 29 रन बनाकर आउट हुईं। स्टार बल्लेबाज ने दीप्ति शर्मा के साथ 46 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरीं ताहलिया मैक्ग्रा कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाईं। अरुंधति रेड्डी ने उन्हें अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ तीन रन बना सकीं। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए ग्रेस हैरिस उतरी हैं। वहीं, दीप्ति शर्मा 27 गेंदों में 31 रन बनाकर नाबाद खेल रही हैं। 11 ओवर के बाद टीम का स्कोर 77/3 है।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरीं दीप्ति शर्मा और सलामी बल्लेबाज एलिसा हेली के बीच जबरदस्त साझेदारी देखने को मिल रही है। कप्तान 26 गेंदों में 24 रन और दीप्ति 16 गेंदों में 14 रन बनाकर नाबाद खेल रही हैं। आठ ओवर के बाद टीम का स्कोर 53/1 है।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ यूपी वॉरियर्स को पहला झटका लगा किरण नवगिरे के रूप में लगा है। उन्हें तितास साधू ने दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर आउट किया। 29 वर्षीय बल्लेबाज सिर्फ पांच रन बना सकीं। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए दीप्ति शर्मा उतरी हैं।
दिल्ली कैपिटल्स को उनके घर में मात देने के लिए यूपी वॉरियर्स तैयार है। पारी की शुरुआत एलिसा हेली और किरण नवगिरे कर रही हैं। उम्मीद है कि दोनों टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने में कामयाब होंगी।
यूपी वारियर्स: एलिसा हीली (विकेटकीपर/कप्तान), किरण नवगिरे, ताहलिया मैकग्राथ, ग्रेस हैरिस, श्वेता सहरावत, दीप्ति शर्मा, पूनम खेमनार, सोफी एक्लेस्टोन, उमा छेत्री, गौहर सुल्ताना, साइमा ठाकुर।
दिल्ली कैपिटल्स महिला: मेग लैनिंग (कप्तान), शेफाली वर्मा, एलिस कैप्सी, जेमिमा रोड्रिग्स, एनाबेल सदरलैंड, जेस जोनासेन, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव, तानिया भाटिया (डब्ल्यू), शिखा पांडे, तितास साधु।
दिल्ली के जीत के रथ को रोकने के लिए यूपी वॉरियर्स तैयार है। एलिसा हीली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। टीम दो बदलावों के साथ उतरी है। वहीं, दिल्ली की टीम में सदरलैंड की वापसी हुई है। इस मुकाबले की पहली गेंद साढ़े बजे फेंकी जाएगी।
दिल्ली कैपिटल्स: मेग लेनिंग (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, लाउरा हैरिस, शेफाली वर्मा, स्नेहा दीप्ति, एलिस कैप्सी, एनाबेल सदरलैंड, अरुंधति रेड्डी, अश्विनी कुमारी, जेस जोनासेन, मरिजान कैप, मिन्नू मणि, राधा यादव, शिखा पांडेय, अपर्णा मंडल (विकेटकीपर), तानिया भाटिया (विकेटकीपर), पूनम यादव, तितास साधू।
यूपी वॉरियर्स: एलिसा हीली (कप्तान/विकेटकीपर), डैनी व्याट, किरण नवगिरे, श्वेता सहरावत, वृंदा दिनेश, चमारी अटापट्टू, दीप्ति शर्मा, ग्रेस हैरिस, पार्श्ववी चोपड़ा, पूनम खेमनार, एस यशश्री, सोफी एक्लेस्टोन, ताहलिया मैक्ग्रा, लक्ष्मी यादव (विकेटकीपर), अंजलि सरवानी, गौहर सुल्ताना, राजेश्वरी गायकवाड़, साइमा ठाकुर।
महिला प्रीमियर लीग का 15वां मुकाबला आज शाम सात बजे से दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वॉरियर्स के बीच खेला जाएगा। दिल्ली के अरुण जेट्ली स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। मेग लैनिंग के नेतृत्व वाली टीम के खिलाफ यूपी इस मैच में अपनी पहली जीत दर्ज करना चाहेगी। वहीं, दिल्ली अपने जीत के रथ को बरकरार रखने का लक्ष्य लेकर खेलती नजर आएगी।