गेंदबाजों के बाद बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हराकर आईपीएल 2025 में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.4 ओवर में 163 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली के लिए फाफ डुप्लेसिस ने अर्धशतक लगाया जिससे टीम 16 ओवर में तीन विकेट पर 166 रन बनाकर जीत दर्ज करने में सफल रही। सनराइजर्स की यह लगातार दूसरी हार है। इससे पहले उसे लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ भी हार का सामना करना पड़ा था।
लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली को डुप्लेसिस और जैक फ्रेजर मैकगर्क ने शानदार शुरुआत दिलाई और दोनों ने पहले विकेट के लिए 81 रन जोड़े। डुप्लेसिस ने इस दौरान अर्धशतक जड़ा। हैदराबाद के लिए आईपीएल में डेब्यू करने वाले जीशान अंसारी ने शानदार प्रदर्शन किया और तीन विकेट झटके, लेकिन लक्ष्य इतना कम था कि दिल्ली को इसे हासिल करने में जरा भी परेशानी नहीं हुई। जीशान ने पहले डुप्लेसिस को आउट किया और फिर मैकगर्क को पवेलियन भेजा। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के लिए पहला मैच खेलने वाले केएल राहुल को बोल्ड किया। हालांकि, जीशान का यह प्रयास टीम के काम नहीं आया और उसे हार मिली।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए डुप्लेसिस ने सबसे ज्यादा 50 रन बनाए, जबकि मैकगर्क ने 38 रनों का योगदान दिया। केएल राहुल पांच गेंदों पर 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे। तीन विकेट गिरने के बाद अभिषेक पोरेल और ट्रिस्टन स्टब्स ने मोर्चा संभाला और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। अभिषेक ने 16वें ओवर की अंतिम गेंद पर छक्का लगाकर दिल्ली को जीत दिलाई। पोरेल पांच गेंदों पर दो चौका और एक छक्के की मदद से 15 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि स्टब्स 14 गेंदों पर तीन चौकों के सहारे 21 रन बनाकर नाबाद लौटे। सनराइजर्स के लिए सभी तीन विकेट जीशान ने लिए, जबकि अन्य गेंदबाज खाली हाथ रहे।
जीशान अंसारी ने दिल्ली कैपिटल्स को तीसरा झटका दिया है। दिल्ली के लिए अपना पहला मैच खेलने वाले केएल राहुल पांच गेंदों पर दो चौका और एक छक्के की मदद से 15 रन बनाकर आउट हो गए हैं। दिलचस्प बात यह है कि दिल्ली को तीनों ही झटके जीशान ने दिए हैं। जीशान का आईपीएल में यह पहला मुकाबला है।
अपना पहला ही आईपीएल मैच खेल रहे जीशान अंसारी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को दूसरा झटका दिया है। 10वां ओवर डालने आए जीशान ने पहली गेंद पर डुप्लेसिस को आउट किया और फिर ओवर की अंतिम गेंद पर मैकगर्क को आउट किया। मैकगर्क 32 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए।
जीशान अंसारी ने डुप्लेसिस को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को पहला झटका दिया। जीशान का यह पहला आईपीएल मैच है और उन्होंने डुप्लेसिस और मैकगर्क के बीच साझेदारी को तोड़ा। डुप्लेसिस 27 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए। इसके साथ ही डुप्लेसिस और मैकगर्क के बीच पहले विकेट के लिए 81 रनों की साझेदारी का अंत हुआ।
दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज फाफ डुप्लेसिस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ दिया है। डुप्लेसिस और मैकगर्क ने पहले विकेट के लिए 80+ रनों की साझेदारी कर ली है। दिल्ली ने नौ ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 81 रन बनाए हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने अच्छी शुरुआत की है और पावरप्ले खत्म होने के बाद उसका स्कोर 50 के पार पहुंच गया है। मैकगर्क और डुप्लेसिस के बीच अच्छी साझेदारी चल रही है जिससे दिल्ली ने छह ओवर तक बिना किसी नुकसान के 52 रन बना लिए हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने अच्छी शुरुआत की है। मैकगर्क और डुप्लेसिस ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई है जिससे दिल्ली का स्कोर तीन ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 26 रन हो गया है।
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की पारी शुरू हो गई है। दिल्ली के लिए पारी की शुरुआत करने जैक फ्रेजर मैकगर्क और फाफ डुप्लेसिस उतरे हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद ने अनिकेत वर्मा के अर्धशतक की मदद से दिल्ली कैपिटल्स के सामने जीत के लिए 164 रनों का लक्ष्य रखा है। सनराइजर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, लेकिन उसकी बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही और टीम 18.4 ओवर में 163 रन पर ऑलआउट हो गई। दिल्ली के लिए तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट झटके, जबकि कुलदीप यादव को तीन और मोहित शर्मा को एक विकेट मिला।
सनराइजर्स की ओर से अनिकेत वर्मा ने सबसे ज्यादा 74 रन बनाए जिसकी मदद से टीम दिल्ली के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रख सकी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पावरप्ले के दौरान चार विकेट गंवा दिए। इसके बाद अनिकेत ने हेनरिच क्लासेन के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 77 रन जोड़े। क्लासेन के आउट होते ही सनराइजर्स की बल्लेबाजी एक बार फिर लड़खड़ा गई। एक ओर से विकेट गिरते रहे और दूसरे ओर से अनिकेत पारी को आगे बढ़ाते रहे। हालांकि, कुलदीप की गेंद पर मैकगर्क ने शानदार कैच पकड़कर अनिकेत की पारी का अंत किया।
अनिकेत के अलावा क्लासेन ने 32 रन और ट्रेविस हेड ने 22 रन बनाए। सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी इतनी खराब रही कि उसके आठ बल्लेबाज दहाई अंक तक भी नहीं पहुंच सके। दिल्ली के लिए इस मैच में गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। स्टार्क ने जहां चमक बिखेरी तो वहीं कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव भी विकेट लेने में सफल रहे।
सनराइजर्स हैदराबाद को नौवां झटका लगा। 19वें ओवर में हर्षल पटेल आउट हुए जिनका अक्षर पटेल ने शानदार कैच पकड़ा।
कुलदीप यादव ने अनिकेत वर्मा को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को आठवां झटका दिया। अनिकेत शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक बना चुके थे, लेकिन कुलदीप की गेंद पर शानदार शॉट लगाने के चक्कर में अपना विकेट गंवा गए। अनिकेत का कैच जैक फ्रेजर मैकगर्क ने पकड़ा। मैकगर्क ने हवा में उछलकर कैच लिया। अनिकेत 41 गेंदों पर पांच चौकों और छह छक्कों की मदद से 74 रन बनाकर आउट हुए।
सनराइजर्स हैदराबाद की पारी एक बार फिर लड़खड़ा गई है और उसने सात विकेट गंवा दिए हैं। कुलदीप यादव ने सनराइजर्स के कप्तान पैट कमिंस को आउट किया जो सात गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए। दूसरी ओर, अनिकेत वर्मा ने अर्धशतक जड़ दिया है। सनराइजर्स ने 14 ओवर की समाप्ति तक सात विकेट पर 123 रन बनाए हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद को छठा लगा है और अभिनव मनोहर पवेलियन लौट गए हैं। कुलदीप यादव ने अभिनव को आउट कर सनराइजर्स को छठा झटका दिया। अभिनव छह गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। सनराइजर्स ने 12 ओवर की समाप्ति के बाद छह विकेट पर 119 रन बनाए हैं।
मोहित शर्मा ने हेनरिच क्लासेन को आउट करके सनराइजर्स हैदराबाद को पांचवां झटका दिया है। शुरुआती झटकों के बाद अनिकेत वर्मा और क्लासेन ने पांचवें विकेट के लिए 77 रन जोड़े और टीम को मुश्किल से उबारा। हैदराबाद ने इन दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई साझेदारी की मदद से स्कोर 100 के पार पहुंचा दिया था। क्लासेन 19 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए।
सनराइजर्स हैदराबाद ने पावरप्ले के बाद अपना गियर बदला और अनिकेत वर्मा और हेनरिच क्लासेन ने टीम को संभाला है। सनराइजर्स ने पावरप्ले के दौरान चार विकेट गंवाए थे, लेकिन अनिकेत और क्लासेन ने साझेदारी की। सनराइजर्स का स्कोर नौ ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 98 रन हो गया है।
सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खराब रही है। सनराइजर्स ने पावरप्ले समाप्त होने तक चार विकेट पर 58 रन बनाए हैं। फिलहाल क्रीज पर हेनरिच क्लासेन और अनिकेत वर्मा मौजूद हैं। दिल्ली कैपिटल्स के लिए तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने शानदार गेंदबाजी की है और तीन विकेट लेने में सफल रहे हैं.
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की पारी लड़खड़ा गई है और उसने पावरप्ले में ही चार विकेट गंवा दिए हैं। हेड को स्टार्क ने आउट किया जो 12 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 22 रन बनाकर आउट हुए। हैदराबाद ने 37 रन के स्कोर पर चार विकेट गंवाए हैं। फिलहाल क्रीज पर अनिकेत वर्मा और हेनरिच क्लासेन मौजूद हैं।
मिचेल स्टार्क ने सनराइजर्स हैदराबाद को तीसरा झटका दिया है। अपना दूसरा ओवर डालने आए स्टार्क ने पहली गेंद पर ईशान किशन को आउट किया और फिर तीसरी गेंद पर नीतीश रेड्डी को पवेलियन भेजा। नीतीश खाता भी नहीं खोल सके। नीतीश ने स्टार्क की गेंद पर शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन 30 यार्ड सर्कल के अंदर ही कप्तान अक्षर पटेल ने उनका कैच पकड़ा।
दिल्ली कैपिटल्स को पावरप्ले में दूसरी सफलता मिल गई है। मिचेल स्टार्क की गेंद पर ईशान किशन आउट हो गए हैं। ईशान पांच गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए। हैदराबाद ने 20 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए हैं, लेकिन ट्रेविस हेड क्रीज पर मौजूद हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद को पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा के रूप में पहला झटका लगा है। अभिषेक शर्मा रन आउट हो गए। अभिषेक ने स्टार्क की गेंद पर शॉट लगाया और एक रन लेने की कोशिश की, लेकिन विपराज ने सीधे विकेट पर थ्रो किया और अभिषेक रन आउट हो गए। अभिषेक एक रन बनाकर आउट हुए।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। सनराइजर्स ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। पारी का आगाज करने अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड उतरे हैं।
दिल्ली कैपिटल्सः जैक फ्रेजर मैकगर्क, फाफ डुप्लेसिस, अभिषेक पोरेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, मोहित शर्मा, मुकेश कुमार।
इम्पैक्ट प्लेयरः करुण नायर, अशुतोष शर्मा, समीर रिजवी, डेनोवान फरेरा, त्रिपुराना विजय।
सनराइजर्स हैदराबादः ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, नीतीश कुमार रेड्डी, हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, अभिनव मनोहर, पैट कमिंस (कप्तान), जीशान अंसारी, हर्षल पटेल, मोहम्मद शमी।
इम्पैक्ट प्लेयरः सचिन बेबी, ईशान मलिंगा, सिमरजीत सिंह, एडम जैम्पा, वियान मुल्डर।
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। सनराइजर्स ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। सनराइजर्स के लिए जीशान इस मैच में खेलेंगे। दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने बताया कि वह भी टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे, लेकिन वह इस बारे में ज्यादा नहीं सोच रहे क्योंकि टॉस जीतना उनके हाथ में नहीं है। दिल्ली कैपिटल्स ने भी एक बदलाव किया है और समीर रिजवी की जगह केएल राहुल को मौका मिला है। राहुल इस मैच से दिल्ली के लिए डेब्यू करेंगे।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए राहत की बात यह है कि टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल दोबारा फ्रेंचाइजी से जुड़ गए हैं। राहुल अपनी बेटी के जन्म के कारण पहले मैच में नहीं खेले थे, लेकिन हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले से पहले टीम से जुड़ गए हैं। राहुल के मैच में खेलने का मतलब है कि दिल्ली अभिषेक पोरेल को प्लेइंग-11 से बाहर रख सकती है। हालांकि, दिल्ली के पास जरूरत पड़ने पर पोरेल को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खिलाने का विकल्प खुला रहेगा।
सनराइजर्स ने आईपीएल 2025 का आगाज राजस्थान रॉयल्स को हराकर किया था, लेकिन उसे पिछले मैच में लखनऊ के खिलाफ हार मिली थी। दिल्ली और हैदराबाद के बीच आईपीएल में हेड डु हेड रिकॉर्ड की बात करें तो सनराइजर्स का पलड़ा भारी है। हैदराबाद और दिल्ली के बीच अब तक कुल 24 मुकाबले हुए हैं जिसमें से हैदराबाद ने 13, जबकि दिल्ली ने 11 मुकाबले जीते हैं।
IPL Cricket Live Score Today, DC vs SRH Indian Premier League 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2025 के दूसरे डबल हेडर मुकाबले के पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से हो रहा है। दिल्ली ने पिछले मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स को हराया था, जबकि सनराइजर्स को लखनऊ के खिलाफ हार मिली थी।