दिल्ली कैपिटल्स ने सुपर ओवर में राजस्थान रॉयल्स को हराया। राजस्थान ने सुपर ओवर में 11 रन बनाए थे, लेकिन दिल्ली ने चार गेंदों पर ही मुकाबला अपने नाम कर लिया। सुपर ओवर में दिल्ली के लिए केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स आए थे और स्टब्स ने छक्का लगाकर दिल्ली को जीत दिलाई। इस जीत के साथ ही दिल्ली की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर आ गई। उसके छह मैचों में पांच जीत के साथ 10 अंक हो गए हैं। 2022 के बाद यह पहली बार है जब आईपीएल में किसी मैच का नतीजा सुपर ओवर के जरिये निकला है।
दिल्ली और राजस्थान के बीच 20 ओवर की समाप्ति के बाद स्कोर बराबरी पर छूटा जिसके बाद मैच का फैसला सुपर ओवर से कराने का फैसला हुआ। दिल्ली ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 188 रन बनाए थे। राजस्थान की टीम यशस्वी जायसवाल और नीतीश राणा के अर्धशतकों के अच्छी स्थिति में दिख रही थी, लेकिन टीम निर्धारित ओवर में चार विकेट पर 188 रन ही बना सकी। इस तरह मुकाबला बराबरी पर छूटा। सुपर ओवर में हालांकि, राजस्थान की टीम पूरे छह गेंद भी नहीं खेल सकी और उसने पांच गेंदों पर दो विकेट गंवा दिए। दिल्ली को सुपर ओवर में लक्ष्य हासिल करने में कोई परेशानी नहीं हुई।
सुपर ओवर में लक्ष्य का बचाव करने के लिए दिल्ली कैपिटल्स की ओर से केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स आए। राजस्थान ने गेंद संदीप शर्मा को थमाई। पहली गेंद पर केएल राहुल ने दो रन निकाले। राहुल ने अगली गेंद पर चौका लगाया। तीसरी गेंद पर एक रन आया और स्टब्स स्ट्राइक पर आए। चौथी गेंद पर स्टब्स ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई।
सुपर ओवर के दौरान राजस्थान की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। राजस्थान की ओर से शिमरॉन हेटमायर और रियान पराग बल्लेबाजी के लिए आए हैं, जबकि दिल्ली ने तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को गेंद थमाई है। पहली गेंद पर कोई रन नहीं आया और दूसरी गेंद पर हेटमायर ने चौका लगाया। तीसरी गेंद पर हेटमायर ने एक रन लिया और स्ट्राइक पर पराग आए। चौथी गेंद पर पराग ने चौका लगाया, लेकिन यह नो बॉल करार दी गई। स्टार्क ने फ्री हिट पर वाइड फेंकी, लेकिन पराग दौड़ पड़े और रन आउट हो गए। पराग चार रन बनाकर आउट हुए और क्रीज पर यशस्वी जायसवाल उतरे। अगली गेंद पर हेटमायर ने शॉट लगाया और दो रन के लिए भागे। हालांकि, एक ही रन पूरा हुआ और टीम सुपर ओवर पूरा नहीं खेल सकी। राजस्थान ने पांच गेंदों पर 11 रन बनाए।
दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच आईपीएल 2025 के मैच का नतीजा सुपर ओवर के जरिये निकलेगा। दिल्ली और राजस्थान के बीच 20 ओवर की समाप्ति के बाद स्कोर बराबरी पर छूटा जिसके बाद मैच का फैसला सुपर ओवर से कराने का फैसला हुआ। दिल्ली ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 188 रन बनाए थे। राजस्थान की टीम यशस्वी जायसवाल और नीतीश राणा के अर्धशतकों के अच्छी स्थिति में दिख रही थी, लेकिन टीम निर्धारित ओवर में चार विकेट पर 188 रन ही बना सकी। इस तरह मुकाबला बराबरी पर छूटा।
लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान ने अच्छी शुरुआत की थी और पावरप्ले तक कोई विकेट नहीं गंवाया था। कप्तान संजू सैमसन हालांकि 19 गेंदों पर 31 रन बनाकर रिटायर हर्ट हो गए और मैदान पर दोबारा वापस नहीं आए। रियान पराग आठ रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद यशस्वी ने नीतीश राणा के साथ मिलकर 50+ रनों की साझेदारी की। यशस्वी ने इस सीजन का अपना दूसरा अर्धशतक जड़ा, लेकिन वह 37 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद नीतीश राणा ने मोर्चा संभाला और 26 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। नीतीश भी फिर ज्यादा देर नहीं टिक सके और 28 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए। राजस्थान के लिए ध्रुव जुरेल और शिमरॉन हेटमायर क्रीज पर थे और सेट हो चुके थे। राजस्थान को आखिरी ओवर में जीत के लिए नौ रन बनाने थे, लेकिन मिचेल स्टार्क ने शानदार गेंदबाजी की और सिर्फ आठ रन दिए। अंतिम गेंद पर दो रन चाहिए थे। जुरेल ने शॉट मारा और दो रन के लिए भागे, लेकिन दूसरा रन पूरा नहीं कर सके। जुरेल 17 गेंदों पर दो छक्के की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए, जबकि हेटमायर 15 रन बनाकर नाबाद लौटे। राजस्थान की ओर से मिचेल स्टार्क, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव ने एक-एक विकेट लिए।
मिचेल स्टार्क ने नीतीश राणा को आउट कर राजस्थान को तीसरा झटका दिया। नीतीश 28 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए।
राजस्थान रॉयल्स के लिए नीतीश राणा ने अर्धशतक जड़ दिया है। उन्होंने 26 गेंदों पर पचासा पूरा किया। राजस्थान ने 17 ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 158 रन बना लिए हैं और उसे अब 18 गेंदों पर 31 रन बनाने हैं।
राजस्थान रॉयल्स को यशस्वी जायसवाल के रूप में दूसरा झटका लगा है। यशस्वी अर्धशतक लगा चुके थे और अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन कुलदीप यादव ने उन्हें अपना शिकार बनाया। यशस्वी 37 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए।
राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अर्धशतक जड़ दिया है। यशस्वी का इस सीजन का यह तीसरा और लगातार दूसरा अर्धशतक है। यशस्वी ने 34 गेंदों पर पचासा पूरा किया। राजस्थान का स्कोर 12 ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 104 रन हो गया है और उसे अब जीत के लिए 48 गेंद पर 85 रन बनाने हैं।
दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने रियान पराग को बोल्ड कर राजस्थान रॉयल्स को पहला झटका दिया। रियान 11 गेंदों पर एक चौके की मदद से आठ रन बनाकर आउट हुए।
राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ रिटायर हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए। सैमसन यशस्वी जायसवाल के साथ अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन पावरप्ले समाप्त होने से ठीक पहले रिटायर हर्ट होकर पवेलियन लौट गए। राजस्थान ने छह ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 63 रन बनाए हैं। सैमसन ने 19 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 31 रन बनाए। फिलहाल क्रीज पर यशस्वी के साथ रियान पराग मौजूद हैं।
दिल्ली के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान ने तेज शुरुआत की है। तीन ओवर की समाप्ति के बाद राजस्थान ने बिना किसी नुकसान के 35 रन बना लिए हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। दिल्ली ने राजस्थान के सामने 189 रनों का लक्ष्य रखा है। राजस्थान के लिए यशस्वी जायसवाल के साथ कप्तान संजू सैमसन पारी की शुरुआत करने उतरे हैं।
दिल्ली कैपिटल्स ने अभिषेक पोरेल और केएल राहुल की शानदार साझेदारी की मदद से राजस्थान रॉयल्स के सामने 189 रनों का लक्ष्य रखा है। राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दिल्ली के लिए कोई बल्लेबाज बड़ी पारी तो नहीं खेल सका, लेकिन उन्होंने टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया जिससे टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 188 रन बनाने में सफल रही। दिल्ली के लिए पोरेल ने सबसे ज्यादा 49 रन बनाए, जबकि केएल राहुल ने 38 रनों का योगदान दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए जैक फ्रेजर मैकगर्क और पोरेल ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन जोफ्रा आर्चर ने मैकगर्क को नौ रन पर आउट किया। इसके तुरंत बाद करुण नायर खाता खोले बिना रन आउट हो गए। आईपीएल में यह चौथी बार था जब करुण शून्य पर पवेलियन लौटे। दो झटके लगने के बाद राहुल ने पोरेल के साथ मिलकर साझेदारी बनाई और दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 63 रनों की साझेदारी की। आर्चर एक बार फिर राजस्थान के लिए महत्वपूर्ण साबित हुए और उन्होंने केएल राहुल को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया।
राहुल के आउट होने के बाद अगले ओवर में पोरेल भी अपना विकेट गंवा बैठे और अर्धशतक बनाने से चूक गए। फिर कप्तान अक्षर पटेल क्रीज पर उतरे और उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी की। अक्षर 14 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए। अंत के ओवरों में ट्रिस्टन स्टब्स और आशुतोष ने शानदार बल्लेबाजी की जिससे टीम का स्कोर 180 के पार पहुंच गया। स्टब्स 18 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 34 रन और आशुतोष 11 गेंदों पर दो चौकों के सहारे 15 रन बनाकर नाबाद लौटे। राजस्थान की ओर से आर्चर ने दो विकेट झटके, जबकि महेश तीक्ष्णा और वानिंदु हसरंगा ने एक-एक विकेट लिए।
राजस्थान ने दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल को आउट कर पांचवीं सफलता हासिल की। अक्षर आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 14 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए।
हसरंगा ने अभिषेक पोरेल को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को चौथा झटका दिया। पोरेल अर्धशतक बनाने के करीब थे, लेकिन एक रन से इससे चूक गए। पोरेल 37 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 49 रन बनाकर आउट हुए। दिल्ली ने 14 ओवर की समाप्ति तक चार विकेट पर 106 रन बना लिए हैं।
जोफ्रा आर्चर ने केएल राहुल को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को तीसरा झटका दिया है। राहुल और अभिषेक पोरेल के बीच तीसरे विकेट के लिए 63 रनों की साझेदारी हुई। राहुल संयमित होकर बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन अपना विकेट गंवा बैठे। राहुल ने 32 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 38 रन बनाए। दिल्ली ने 13 ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट पर 98 रन बनाए हैं।
केएल राहुल और अभिषेक पोरेल ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली है। दिल्ली ने 12 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 92 रन बना लिए हैं।
शुरुआती झटकों के बाद केएल राहुल और अभिषेक पोरेल ने दिल्ली को संभाला। दिल्ली ने नौ ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 69 रन बना लिए हैं।
दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान के खिलाफ पावरप्ले समाप्त होने तक 40 रन का आंकड़ा पार लिया है। राजस्थान ने दिल्ली को दो झटके दिए। दिल्ली ने छह ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 46 रन बना लिए हैं।
अच्छी शुरुआत के बाद दिल्ली को दो झटके लगे हैं। पिछले मैच में शानदार बल्लेबाजी करने वाले करुण नायर खाता खोले बिना रन आउट हो गए। दिल्ली ने इस तरह 34 रन पर दो विकेट गंवा दिए हैं।
जोफ्रा आर्चर ने जैक फ्रेजर मैकगर्क को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को पहला झटका दिया। मैकगर्क और अभिषेक पोरेल ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी और 15 गेंदों पर 34 रन जोड़ लिए थे। आर्चर की गेंद पर मैकगर्क ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन 30 यार्ड सर्कल पर खड़े यशस्वी ने उनका कैच पकड़ा। मैकगर्क छह गेंदों पर दो चौकों की मदद से नौ रन बनाकर आउट हुए। दिल्ली ने तीन ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 34 रन बना लिए हैं।
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ दिल्ली की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। राजस्थान ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। दिल्ली के लिए जैक फ्रेजर मैकगर्क और अभिषेक पोरेल उतरे हैं।
राजस्थान रॉयल्सः यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), रियान पराग, ध्रुव जुरेल, शिमरॉन हेटमायर, नीतीश राणा, वानिंदु हसरंगा, जोफ्रा आर्चर, महेश तीक्ष्णा, संदीप शर्मा, तुषार देशपांडे।
इम्पैक्ट प्लेयरः शुभम दुबे, युद्धवीर सिंह चरक, आकाश मधवाल, कुमार कार्तिकेय, कुणाल सिंह राठौड़।
दिल्ली कैपिटल्सः जैक फ्रेजर मैकगर्क, अभिषेक पोरेल, करुण नायर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, आशुतोष शर्मा, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, मोहित शर्मा।
इम्पैक्ट प्लेयरः मुकेश कुमार, दर्शन नालकंडे, समीर रिजवी, डोनोवान फरेरा, त्रिपुराना विजय।
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। राजस्थान ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स ने भी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। दिल्ली के लिए फॉफ डुप्लेसिस इस मैच के लिए भी उपलब्ध नहीं हैं।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ दिल्ली के करुण नायर ने डेब्यू करते हुए 40 गेंद में 89 रन बनाए थे। वह उस मैच में इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे थे और उनके तेज तर्रार पारी की मदद से एक समय दिल्ली का स्कोर 11वें ओवर में एक विकेट पर 119 रन था, लेकिन टीम ने इसके बाद 74 रन के भीतर आखिरी नौ विकेट गंवा दिए। उसके तीन बल्लेबाज 19वें ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर रन आउट हुए और उसे 12 रन से पराजय का सामना करना पड़ा। करुण नायर की उम्दा पारी के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि दिल्ली उन्हें प्लेइंग-11 में मौका देगी या इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर ही उनका इस्तेमाल किया जाएगा।
राजस्थान रॉयल्स को जयपुर में खेले गए मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। राजस्थान ने इस मैच में धीमी बल्लेबाजी की थी और यशस्वी जायसवाल को छोड़कर उसका अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका था। वहीं, गेंदबाजों का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा था और आरसीबी के बल्लेबाजों विशेषकर फिल सॉल्ट ने जोफ्रा आर्चर सहित अन्य गेंदबाज के खिलाफ जमकर रन बनाए थे।
IPL Live Cricket Score, DC vs RR 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज दिल्ली कैपिटल्स का सामना घरेलू मैदान पर राजस्थान रॉयल्स से हो रहा है। इन दोनों टीमों को पिछले मैच में हार का सामना करना पड़ा था और दिल्ली और राजस्थान दोनों ही वापसी करना चाहेंगी। दिल्ली के सामने घरेलू दर्शकों के सामने प्रदर्शन करने की चुनौती होगी।