फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

DC vs RR Highlights: राजस्थान की लगातार दूसरी हार, दिल्ली ने 20 रन से हराया, सैमसन की 86 रन की पारी बेकार

Tue, 07 May 2024 11:40 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

DC vs RR Indian Premier League 2024 Highlights: आईपीएल 2024 के 56वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स का सामना राजस्थान रॉयल्स से था। यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 221 रन बनाए। जवाब में राजस्थान की टीम 201 रन ही बना सकी।
विज्ञापन
संजू सैमसन - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:28 PM, 07-May-2024

दिल्ली ने राजस्थान को हराया

आईपीएल 2024 के 56वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 20 रन से हरा दिया है। दिल्ली की टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 221 रन बनाए थे। अभिषेक पोरेल ने सबसे ज्यादा 65 रन की पारी खेली थी। जवाब में राजस्थान की टीम 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 201 रन ही बना सकी। कप्तान संजू सैमसन ने 46 गेंद में 86 रन बनाए। उनके आउट होने पर विवाद हुआ। 

यह राजस्थान की टीम की लगातार दूसरी हार है। इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें एक रन से हराया था। वहीं, दिल्ली की यह 12 मैचों में छठी जीत रही। उसके 12 अंक हैं। टीम छठे से पांचवें स्थान पर आ गई है। वहीं, राजस्थान की टीम को प्लेऑफ के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। उसके 16 अंक हैं। दिल्ली का अगला मैच 12 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ चिन्नास्वामी में है। वहीं, राजस्थान रॉयल्स की टीम 12 मई को ही चेन्नई सुपर किंग्स से चेपॉक में भिड़ेगी।

11:09 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: डोनोवन फरेरा और अश्विन आउट

18वें ओवर में कुलदीप ने डोनोवन फरेरा को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह एक रन बना सके। ओवर की आखिरी गेंद पर कुलदीप ने अश्विन को कैच आउट कराया। अब राजस्थान को 12 गेंद में 37 रन की जरूरत है। फिलहाल रोवमन पॉवेल और ट्रेंट बोल्ट क्रीज पर हैं।

11:00 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: सैमसन आउट

16 ओवर के बाद राजस्थान ने चार विकेट गंवाकर 170 रन बना लिए हैं। टीम को 24 गेंद में 52 रन की जरूरत है। सैमसन 46 गेंद में 86 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और छह छक्के लगाए। हालांकि, सैमसन के विकेट पर विवाद है। शाई होप ने उनका कैच लिया। थर्ड अंपायर ने चेक कर सैमसन को कैच आउट करार दिया। हालांकि, वीडियो रिप्ले देखने पर ऐसा लगा कि गेंद बाउंड्री रोप को टच कर रही थी। सैमसन भी यकीन नहीं कर पाए और अंपायर से बहस भी की। 

विज्ञापन
10:41 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: सैमसन की तूफानी बल्लेबाजी

राजस्थान और दिल्ली के बीच मुकाबला रोमांचक स्थिति में पहुंच चुका है। 14 ओवर के बाद राजस्थान ने तीन विकेट पर 148 रन बना लिए हैं। फिलहाल संजू सैमसन 38 गेंद में 79 रन और शुभमन दुबे छह गेंद में 13 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 45 रन की साझेदारी हो चुकी है। राजस्थान को 36 गेंद में अब 74 रन की जरूरत है। पिछले दो ओवर में 35 रन बने हैं और राजस्थान की टीम ने वापसी की है।

10:28 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: सैमसन का अर्धशतक

सैमसन ने इस सीजन का पांचवां और आईपीएल करियर का 25वां अर्धशतक पूरा किया। 12 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर तीन विकेट पर 113 रन है। राजस्थान को अब 48 गेंद में 109 रन की जरूरत है। फिलहाल संजू सैमसन 57 और शुभम दुबे एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
10:23 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: राजस्थान को तीसरा झटका

राजस्थान को 103 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। रसिख डार सलाम ने रियान पराग को क्लीन बोल्ड किया। वह 22 गेंद में एक चौका और तीन छक्के की मदद से 27 रन बना सके। अब राजस्थान को 54 गेंद में 119 रन की जरूरत है। फिलहाल संजू सैमसन और शुभम दुबे क्रीज पर हैं।

10:15 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: सैमसन-पराग क्रीज पर

नौ ओवर के बाद राजस्थान ने दो विकेट गंवाकर 86 रन बना लिए हैं। फिलहाल रियान पराग 14 गेंद में 15 रन और संजू सैमसन 21 गेंद में 45 रन बनाकर क्रीज पर हैं। जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल आउट होकर पवेलियन लौट चुके हैं। 

10:03 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: बटलर आउट

छह ओवर के बाद राजस्थान ने दो विकेट पर 67 रन बना लिए हैं। अक्षर पटेल ने इस ओवर की पांचवीं गेंद पर जोस बटलर को बोल्ड किया। वह 17 गेंद में 19 रन बना सके। बटलर ने सैमसन के साथ दूसरे विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल सैमसन का साथ निभाने रियान पराग आए हैं।

09:58 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: बटलर-सैमसन के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

पांच ओवर के बाद राजस्थान ने एक विकेट गंवाकर 57 रन बना लिए हैं। फिलहाल संजू सैमसन 16 गेंद में 41 रन और जोस बटलर 12 गेंद में नौ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। मुकेश कुमार के इस ओवर की पहली गेंद पर ट्रिस्टन स्टब्स ने जोस बटलर का आसान कैच छोड़ दिया था। तब वह आठ रन पर थे। सैमसन और बटलर के बीच ्र्अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है।

09:47 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: बटलर-सैमसन क्रीज पर

तीन ओवर के बाद राजस्थान ने एक विकेट गंवाकर 27 रन बना लिए हैं। फिलहाल संजू सैमसन 13 रन और बटलर सात रन बनाकर क्रीज पर हैं। यशस्वी चार रन बनाकर आउट हुए।

09:32 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: यशस्वी जायसवाल आउट

राजस्थान को पारी की दूसरी ही गेंद पर झटका लगा। खलील अहमद के ओवर की पहली गेंद पर यशस्वी जायसवाल ने चौका लगाया था। इसके बाद दूसरी गेंद पर वह अक्षर पटेल को कैच थमा बैठे। वह चार रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल कप्तान संजू सैमसन और जोस बटलर क्रीज पर हैं। एक ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर एक विकेट पर सात रन है।

09:13 PM, 07-May-2024

दिल्ली ने 20 ओवर में 221 रन बनाए

दिल्ली ने राजस्थान के सामने 222 रन का लक्ष्य रखा है। दिल्ली की टीम ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 221 रन बनाए। जेक फ्रेजर मैकगर्क ने 20 गेंद में सात चौके और तीन छक्के की मदद से 50 रन और अभिषेक पोरेल ने 36 गेंद में सात चौके और तीन छक्के की मदद से 65 रन की पारी खेली। इसके अलावा शाई होप एक रन, अक्षर पटेल 15 रन और कप्तान ऋषभ पंत 15 रन बनाकर आउट हुए। अपना पहला आईपीएल मैच खेल रहे गुलबदीन नईब ने 19 रन बनाए। वहीं, ट्रिस्टन स्टब्स ने 20 गेंद में तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 41 रन की पारी खेली। रसिख डार सलाम ने तीन गेंद में नौ रन और कुलदीप यादव ने दो गेंद में नाबाद पांच रन बनाए। रसिख पारी की आखिरी गेंद पर रन आउट हुए। राजस्थान की ओर से अश्विन ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, ट्रेंट बोल्ट, संदीप शर्मा और चहल को एक-एक विकेट मिला।

09:00 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: दिल्ली को छठा झटका

18 ओवर के बाद दिल्ली ने पांच विकेट गंवाकर 189 रन बनाए। फिलहाल ट्रिस्टन स्टब्स 15 गेंद में 24 रन और गुलबदीन नईब 13 गेंद में 18 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। चहल 18वें ओवर में गेंदबाजी के लिए आए और इस ओवर में दिल्ली के बल्लेबाजों ने 21 रन बटोरे। स्टब्स ने दो चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, नईब ने भी एक चौका लगाया। हालांकि, 19वें ओवर में ट्रेंट बोल्ट ने दिल्ली को छठा झटका दिया। उन्होंने गुलबदीन नईब को अश्विन के हाथों कैच कराया। गुलबदीन 15 गेंद में 19 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल स्टब्स और रसिख डार सलाम क्रीज पर हैं।

08:49 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: 16 ओवर का खेल पूरा

16 ओवर के बाद दिल्ली ने पांच विकेट गंवाकर 164 रन बना लिए हैं। फिलहाल ट्रिस्टन स्टब्स नौ गेंद में छह रन और गुलबदीन नईब सात गेंद में 11 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

08:39 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: चहल ने पंत को आउट किया

दिल्ली कैपिटल्स को 14वें ओवर में 150 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। युजवेंद्र चहल ने ऋषभ पंत को ट्रेंट बोल्ट के हाथों कैच कराया। वह 13 गेंद में 15 रन बना सके। इस विकेट के साथ चहल ने टी20 क्रिकेट में 350 विकेट पूरे कर लिए हैं। वह इस प्रारूप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज हैं। फिलहाल गुलबदीन नईब और ट्रिस्टन स्टब्स क्रीज पर हैं। गुलबदीन का यह आईपीएल में पहला मैच है। 14 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर पांच विकेट पर 151 रन है।

08:32 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: अश्विन की फिरकी का कमाल

दिल्ली को 13वें ओवर में 144 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। अश्विन ने अभिषेक पोरेल को संदीप शर्मा के हाथों कैच कराया। पोरेल 36 गेंद में सात चौके और तीन छक्के की मदद से 65 रन बनाकर आउट हुए। यह अश्विन की तीसरी सफलता रही। इससे पहले वह जेक फ्रेजर मैकगर्क और अक्षर पटेल को पवेलियन भेज चुके हैं। शाई होप रन आउट हुए थे। 13 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर चार विकेट पर 146 रन है।

08:18 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: अश्विन ने अक्षर को आउट किया

पारी के 10वें ओवर में अश्विन ने अक्षर पटेल को रियान पराग के हाथों कैच कराया। वह 10 गेंद में एक चौका और एक छक्के की मदद से 15 रन बनाकर आउट हुए। अक्षर ने अभिषेक पोरेल के साथ 25 गेंद में 42 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल अभिषेक के साथ कप्तान ऋषभ पंत क्रीज पर हैं। 10 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर तीन विकेट पर 115 रन है।

08:13 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: पोरेल-अक्षर क्रीज पर

आठ ओवर के बाद दिल्ली ने दो विकेट पर 98 रन बना लिए हैं। फिलहाल अभिषेक पोरेल 22 गेंद में 40 रन और अक्षर पटेल पांच गेंद में सात रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले जेक फ्रेजर मैकगर्क 20 गेंद में 50 रन और शाई होप एक रन बनाकर आउट हुए थे।

08:00 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: दिल्ली को दूसरा झटका

दिल्ली को छठे ओवर में 68 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। संदीप शर्मा इस ओवर में गेंदबाजी कर रहे थे। अभिषेक ने सीधा शॉट खेला, जो संदीप के हाथ से लगकर नॉन स्ट्राइकर एंड पर विकेट पर जा लगी। होप काफी आगे निकल चुके थे। ऐसे में थर्ड अंपायर ने उन्हें रन आउट करार दिया। होप एक रन बना सके। फिलहाल अक्षर पटेल और अभिषेक पोरेल क्रीज पर हैं। छह ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर दो विकेट पर 78 रन है।

07:52 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: मैकगर्क तूफानी अर्धशतक लगाकर आउट

जेक फ्रेज मैकगर्क ने 19 गेंद में अर्धशतक जड़ दिया। उन्होंने आवेश खान के चौथे ओवर में चार चौके और दो छक्के लगाए और अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, इसके बाद अश्विन गेंदबाजी के लिए आए और उन्होंने मैकगर्क को फरेरा के हाथों कैच कराया। मैकगर्क ने 20 गेंद में सात चौके और तीन छक्के की मदद से 50 रन की पारी खेली। पांच ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर एक विकेट पर 68 रन है। फिलहाल अभिषेक पोरेल और शाई होप क्रीज पर हैं।

07:36 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: दिल्ली की पारी शुरू

दिल्ली कैपिटल्स की पारी की शुरुआत हो चुकी है। फिलहाल जेक फ्रेजर मैकगर्क और अभिषेक पोरेल क्रीज पर हैं। मैकगर्क को ओवर की तीसरी गेंद पर प्राइवेट पार्ट पर चोट लगी। ट्रेंट बोल्ट की गेंद सीधे जाकर प्राइवेट पर लगी। इसके बाद मैकगर्क दर्द में दिखे और वह जमीन पर बैठ गए। इसके बाद दिल्ली के फीजियो मैदान पर आए। इस वजह से कुछ मिनट तक मैच रुका रहा। एक ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर बिना किसी विकेट के छह रन है।

07:05 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

राजस्थान रॉयल्सः यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), रियान पराग, शुभम दुबे, रोवमन पॉवेल, डोनोवन फरेरा, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, आवेश खान, संदीप शर्मा, युजवेंद्र चहल। इम्पैक्ट सब: जोस बटलर, कुलदीप सेन, टॉम कोहलर-कैडमोर, तनुश कोटियन, कुणाल सिंह राठौड़।

दिल्ली कैपिटल्सः जेक फ्रेजर मैकगर्क, अभिषेक पोरेल, शाई होप, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), ट्रिस्टन स्टब्स, गुलबदीन नईब, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, खलील अहमद, ईशांत शर्मा, मुकेश कुमार। इम्पैक्ट सब: रसिख डार सलाम, प्रवीण दुबे, ललित यादव, सुमित कुमार, कुमार कुशाग्र।

07:01 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: राजस्थान ने जीता टॉस

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। विकेटकीपर ध्रुव जुरेल और शिमरोन हेटमायर नहीं खेल रहे हैं। इनकी जगह शुभम दुबे और डोनोवन फरेरा की टीम में एंट्री हुई है। वहीं, दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने भी प्लेइंग-11 में कुछ बदलाव किए हैं। लिजाड विलियम्सन और पृथ्वी शॉ को बाहर किया गया है। उनकी जगह ईशांत शर्मा और गुलबदीन नईब को मौका दिया गया है। अफगानिस्तान के गुलबदीन नईब और दक्षिण अफ्रीका के डोनोवन फरेरा का यह आईपीएल डेब्यू मैच है।

06:16 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: राजस्थान के गेंदबाजों का अच्छा रहा है प्रदर्शन 

दिल्ली के बल्लेबाजों के लिए युजवेंद्र चहल और रविचंद्रन अश्विन को खेलना आसान नहीं होगा। उनके अलावा संदीप शर्मा के रूप में रॉयल्स के पास एक और उपयोगी गेंदबाज है। राजस्थान के गेंदबाजों का इकॉनामी रेट भी अच्छा रहा है लेकिन दिल्ली के पास अक्षर पटेल और कुलदीप यादव ही ऐसे गेंदबाज हैं जिनका इकॉनामी रेट नौ से नीचे रहा है। खलील अहमद, मुकेश कुमार, लिजाड विलियम्स और एनरिच नॉर्त्जे काफी महंगे साबित हुए हैं। पिछली बार दोनों टीमें मार्च में जयपुर भिड़ी थीं जिसमें दिल्ली को पराजय का सामना करना पड़ा था।

06:14 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: पंत के लिए होगी दोहरी चुनौती 

अरुण जेटली स्टेडियम की सपाट पिच पर पंत के लिए दोहरी चुनौती होगी। वह चाहेंगे कि खलील अहमद, ईशांत शर्मा और कुलदीप यादव जैसे उनके गेंदबाज यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन और रियान पराग को सस्ते में आउट कर दें, लेकिन सिर्फ 60 मीटर की सीमारेखा होने से ऐसा करना कठिन होगा। अब तक तीन अर्धशतक समेत 380 रन बना चुके पंत पर एक बार फिर अच्छे प्रदर्शन का दारोमदार होगा। उनके पास आस्ट्रेलिया के युवा फ्रेजर मैकगर्क जैसा आक्रामक बल्लेबाज है। ये दोनों मिलकर मैच का नक्शा पलट सकते हैं। दिल्ली को हालांकि रॉयल्स के गेंदबाजी आक्रमण से कड़ी चुनौती मिलेगी।

06:14 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: अंक तालिका में दोनों टीमों की स्थिति

दिल्ली ने अभी तक 11 में से पांच मैच जीते और छह हारे हैं। बाकी तीन मैच दिल्ली को हर हाल में जीतने होंगे, हालांकि उसके बाद भी उसके 16 ही अंक रहेंगे जो प्लेऑफ में पहुंचने के लिए शायद काफी नहीं हों। केकेआर ( 11 मैचों में 16 अंक ) और राजस्थान रॉयल्स ( 10 मैचों में 16 अंक ) के अलावा चेन्नई सुपर किंग्स ( 11 मैचों में 12 अंक), सनराइजर्स हैदराबाद ( 10 मैचों में 12 अंक ) और लखनऊ सुपरजाएंट्स ( 11 मैचों में 12 अंक ) 16 अंक के पार जा सकती हैं। ऐसे में दिल्ली शायद सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के बाद भी क्वालीफाई नहीं कर सके, लेकिन पंत का भरोसा महेंद्र सिंह धोनी की उस नीति पर है कि जिस पर नियंत्रण किया जा सकता है, उसी पर किया जाए। 

06:14 PM, 07-May-2024

DC vs RR Live: दिल्ली को जीतना जरूरी

आईपीएल प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए दिल्ली कैपिटल्स को मंगलवार को हर हालत में राजस्थान रॉयल्स जैसी जबरदस्त फॉर्म में चल रही टीम को हराना होगा और नजरें कप्तान ऋषभ पंत तथा जैक फ्रेजर मैकगर्क के बल्ले पर लगी होंगी। दिल्ली को अगर प्लेऑफ की दौड़ में बने रहना है तो अपने घरेलू मैदान पर हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी, जबकि राजस्थान के पास इस मैच को जीतकर आधिकारिक रूप से नॉकआउट में पहुंचने का अवसर होगा। 

06:10 PM, 07-May-2024

DC vs RR Highlights: राजस्थान की लगातार दूसरी हार, दिल्ली ने 20 रन से हराया, सैमसन की 86 रन की पारी बेकार

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2024 के 56वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स का सामना राजस्थान रॉयल्स से है। यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। दिल्ली की टीम के लिए यहां से हर मैच करो या मरो वाला है। एक भी हार उसके लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है। वहीं, राजस्थान प्लेऑफ में पहुंचने की दहलीज पर खड़ा है। उसका अंतिम चार में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें