फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

DC vs RR Live: रोमांच और ड्रामे के बीच हारी दिल्ली, राजस्थान ने 15 रन से जीता मुकाबला

Fri, 22 Apr 2022 11:54 PM IST
Rajeev Rai स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

DC vs RR (Delhi vs Rajasthan): राजस्थान रॉयल्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 15 रन से हराकर सीजन की पांचवीं जीत हासिल की। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में राजस्थान ने 222 रनों का सफलतापूर्वक बचाव किया। दिल्ली की टीम 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 207 रन बना पाई। 
विज्ञापन
राजस्थान रॉयल्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:47 PM, 22-Apr-2022

आखिरी ओवर में ड्रामा और रोमांच दोनों देखने को मिले

दिल्ली को जीत के लिए आखिरी ओवर में 36 रन की दरकार थी। उसकी तरफ से रोवमन पॉवेल क्रीज पर थे तो वहीं राजस्थान ने ओबेड मकॉय को गेंद थमाई थी। पॉवेल ने इसके बाद शुरू की तीन गेंदों पर छक्के जड़े। हालांकि मकॉय की तीसरी गेंद पॉवेल की कमर की ऊंचाई पर गई। इसपर डगआउट में बैठे दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत और बाकी खिलाड़ियों ने नो बॉल की मांग की और थर्ड अंपायर की मदद मांगी लेकिन फील्ड अंपायर ने ऐसा नहीं किया। इसके बाद पंत ने नाराजगी जताते हुए पॉवेल और कुलदीप को मैदान से बाहर आने का इशारा किया। इस पूरी घटना की वजह से मैच थोड़ी देर तक रूका रहा। जल्दी ही अंपायर और राजस्थान के खिलाड़ियों द्वारा पंत को समझाने के बाद मैच दोबारा शुरू हुआ।  हालांकि, पॉवेल अगली तीन गेद पर दो रन बना पाए और आखिरी गेंद पर आउट हो गए। 

11:35 PM, 22-Apr-2022

राजस्थान ने दिल्ली को 15 रन से हराया

राजस्थान रॉयल्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 15 रन से हराकर सीजन की पांचवीं जीत हासिल की। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में राजस्थान ने 222 रनों का सफलतापूर्वक बचाव किया। दिल्ली की टीम 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 207 रन बना पाई। राजस्थान की टीम जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है।

11:24 PM, 22-Apr-2022

प्रसिद्ध का विकेट मेडन

प्रसिद्ध कृष्णा ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 19वें ओवर में एक विकेट लिया और मेडन डाला। उन्होंने ललित यादव को 37 के स्कोर पर सैमसन के हाथों कैच कराया। 

विज्ञापन
11:18 PM, 22-Apr-2022

बोल्ट ने लुटाए 15 रन, रोमांचक हुआ मैच

ट्रेंट बोल्ट का 18वां ओवर राजस्थान के लिए महंगा साबित हुआ। उनके इस ओवर से 15 रन आए। दिल्ली को जीत के लिए आखिरी 12 गेदों में 36 रन की जरूरत है। 

11:12 PM, 22-Apr-2022

आखिरी 18 गेंदें बाकी

दिल्ली को जीत के लिए आखिरी 18 गेंदों में 51 रन की जरुरत है। ललित यादव और रोवमन पॉवेल क्रीज पर हैं। 17 ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर: 172/6, ललित यादव (36*), रोवमन पॉवेल (3*)

विज्ञापन
11:06 PM, 22-Apr-2022

आखिरी 24 गेंदों का खेल बाकी

दिल्ली कैपिटल्स ने भले ही अपने छह विकेट गंवा दिए हैं लेकिन उसकी तरफ से रोवमन पॉवेल और ललित यादव अभी भी क्रीज पर हैं। दिल्ली को जीत के लिए 24 गेंदों में फिलहाल 61 रन की दरकार है। 16 ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर: 162/6, ललित यादव (29*), रोवमन पॉवेल (1*)

11:04 PM, 22-Apr-2022

शार्दुल ठाकुर रन आउट

दिल्ली की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। इस बार शार्दुल ठाकुर रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। उन्हें रियान की थ्रो पर सैमसन ने आउट किया। शार्दुल ने आउट होने से पहले सात गेंदों पर 10 रन बनाए। 

10:54 PM, 22-Apr-2022

चहल की गेंद पर बोल्ड हुए अक्षर

युजवेंद्र चहल ने अक्षर पटेल को अपनी फिरकी में फंसाया और गिल्लियां बिखेर दी। अक्षर सिर्फ एक रन बना पाए। 13 ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर: 127/5, ललित यादव (5*), शार्दुल ठाकुर (0*)

10:45 PM, 22-Apr-2022

पंत नहीं उठा पाए जीवनदान का फायदा

ऋषभ पंत को प्रसिद्ध कृष्णा के तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर जीवनदान मिला जब युजवेंद्र चहल ने उनका आसान कैच छोड़ दिया। हालांकि दो गेंद बाद ही पंत ने एक और हवाई शॉट खेला और देवदत्त पडिक्कल ने उनका एक शानदार कैच पकड़ा। पंत 24 गेंद में 44 रन बनाकर आउट हुए। 12 ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर: 124/4, अक्षर पटेल (0*), ललित यादव (3*)

10:39 PM, 22-Apr-2022

दिल्ली के 100 रन पूरे, रियान के ओवर में बने 22 रन

रियान पराग का पहला ओवर बेहद महंगा साबित हुआ। उनके इस ओवर में पंत ने दो छक्के और एक चौका लगाया और कुल 22 रन बटोर। दिल्ली ने इसी के साथ अपने 100 रन भी पूरे कर लिए। 11 ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर: 121/3, ऋषभ पंत (43*), ललित यादव (1*)

10:33 PM, 22-Apr-2022

शॉ 37 रन बनाकर आउट, अश्विन को दूसरी सफलता

रविचंद्रन अश्विन ने दूसरी सफलता हासिल करते हुए पृथ्वी शॉ को अपना शिकार बनाया। अश्विन ने अपने तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर पृथ्वी शॉ को 37 के स्कोर पर बोल्ट के हाथों कैच कराया। 10 ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर: 99/3, ऋषभ पंत (24*), ललित यादव (0*)

10:31 PM, 22-Apr-2022

पंत-शॉ के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

कप्तान ऋषभ पंत और पृथ्वी शॉ ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की और टीम को शुरुआती झटके से उबारा। 

10:25 PM, 22-Apr-2022

मकॉय ने लुटाए 26 रन

ओबेड मकॉय अपने दूसरे ओवर में बेहद महंगे साबित हुए। उन्होंने अपने इस ओवर में कुल 26 रन लुटाए। उनके ओवर में पृथ्वी शॉ और ऋषभ पंत ने मिलकर तीन चौके और एक छक्का लगाया। नौ ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर: 95/2, ऋषभ पंत (22*), पृथ्वी शॉ (35*)

10:09 PM, 22-Apr-2022

दिल्ली के 50 रन पूरे

दिल्ली ने पहले पावरप्ले में 55 रन बनाए लेकिन इस दौरान उनके दो विकेट भी गिरे। अश्विन ने अपने पहले ओवर में सात रन देकर एक विकेट लिया। जबकि दिल्ली ने अपने 50 रन पूरे कर लिए। छह ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर: 55/2, ऋषभ पंत (6*), पृथ्वी शॉ (20*) 

10:07 PM, 22-Apr-2022

सरफराज आउट, अश्विन को पहली सफलता

रविचंद्रन अश्विन ने अपने पहले ही ओवर में पहला शिकार किया। उन्होंने पहली गेंद पर सरफराज खान को प्रसिद्ध कृष्णा के हाथों कैच कराया। सरफराज तीन गेंद में एक रन बनाकर आउट हुए। 

10:01 PM, 22-Apr-2022

वॉर्नर 28 रन बनाकर आउट

प्रसिद्ध कृष्णा ने राजस्थान को पहली सफलता दिलाते हुए दिल्ली को बड़ा झटका दिया है। प्रसिद्ध ने अपने दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर वॉर्नर को सैमसन के हाथों कैच कराया। वॉर्नर 14 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। पांच ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर: 48/1, सरफराज खान (1*), पृथ्वी शॉ (19*)

09:54 PM, 22-Apr-2022

बोल्ट के ओवर में आए 11 रन

ट्रेंट बोल्ट अपने पहले ओवर में आठ रन देने के बाद दूसरे ओवर में भी महंगे साबित हुए और 11 रन खर्चे। उनके ओवर में वॉर्नर ने एक चौका और एक छक्का लगाया। तीन ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर: 25/0, डेविड वॉर्नर (15*), पृथ्वी शॉ (10*)

09:50 PM, 22-Apr-2022

वार्नर-शॉ क्रीज पर

दिल्ली के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर और पृथ्वी शॉ ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई है। दोनों ने दो ओवर में 14 रन बना लिए हैं। वार्नर पांच रन और शॉ नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं।  

09:26 PM, 22-Apr-2022

राजस्थान ने बनाए 222 रन

राजस्थान रॉयल्स ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने जीत के लिए 223 रन का विशाल लक्ष्य रखा है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में दो विकेट खोकर 222 रन बनाए। यह इस सीजन का सबसे बड़ा स्कोर बन गया है। राजस्थान की तरफ से जोस बटलर ने 116 रन का अपना श्रेष्ठ स्कोर बनाया तो वहीं देवदत्त पडिक्कल ने 54 रन बनाए। जबकि कप्तान संजू सैमसन 19 गेंद में 46 रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली की तरफ से खलील अहमद और मुस्तफिजुर रहमान ने एक-एक विकेट लिए। 
 

09:16 PM, 22-Apr-2022

बटलर 116 रन बनाकर आउट

मुस्तफिजुर रहमान ने आखिरकार बटलर के तूफान को रोकने में सफलता हासिल कर ली है। मुस्तफिजुर ने अपने आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर बटलर को वॉर्नर के हाथों कैच कराया। बटलर ने आउट होने से पहले 65 गेंदों में 116 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने नौ चौके और इतने ही छक्के लगाए। 19 ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर: 202/2, संजू सैमसन (29*), शिमरोन हेटमायर (0*)

09:13 PM, 22-Apr-2022

राजस्थान के 200 रन पूरे

राजस्थान ने 19वें ओवर में अपने 200 रन पूरे कर लिए हैं। जबकि जोस बटलर अपने आईपीएल करियर का श्रेष्ठ स्कोर बनाकर खेल रहे हैं।  

09:07 PM, 22-Apr-2022

सैमसन को जीवनदान

संजू सैमसन को जीवनदान के साथ-साथ खलील ने 21 रन भी लुटाए। खलील अहमद ने अपनी ही गेंद पर सैमसन को जीवनदान दे दिया। खलील ने अपने आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर सैमसन का आसान कैच छोड़ दिया। सैमसन को 28 के स्कोर पर यह जीवनदान मिला। 18 ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर: 188/1, जोस बटलर (103*), संजू सैमसन (28*)

08:57 PM, 22-Apr-2022

बटलर का लगातार दूसरा शतक

राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज जोस बटलर ने लगातार दूसरा और सीजन का तीसरा शतक लगा दिया है। उन्होंने 57 गेंदों पर आठ चौके और आठ छक्के की मदद से अपने आईपीएल करियर का चौथा शतक पूरा किया। 
 

08:50 PM, 22-Apr-2022

खलील ने तोड़ी साझेदारी, पडिक्कल आउट

खलील अहमद ने दिल्ली को पहली सफलता दिलाते हुए देवदत्त पडिक्कल को अपना शिकार बनाया। उन्होंने अपने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर पडिक्कल को 54 के स्कोर पर एलबीडब्ल्यू आउट किया। दिल्ली ने यहां पर एक सफल रिव्यू लिया। 

08:46 PM, 22-Apr-2022

राजस्थान के 150 र पूरे

जोस बटलर ने कुलदीप यादव की भी जमकर धुनाई की और उनके तीसरे ओवर में दो छक्के और एक चौका समेत 18 रन बटोरे। राजस्थान ने भी अपने 150 रन पूरे कर लिए। 15 ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर:  155/0, जोस बटलर (99*), देवदत्त पडिक्कल (54*) 

08:41 PM, 22-Apr-2022

पडिक्कल ने 31 गेंदों मे लगाया अर्धशतक

देवदत्त पडिक्कल ने 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने राजस्थान के लिए पहला और आईपीएल का अपना सातवां अर्धशतक लगाया। 14 ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर:  137/0, जोस बटलर (82*), देवदत्त पडिक्कल (53*)
 

08:37 PM, 22-Apr-2022

बटलर ने की ललित की धुनाई

जोस बटलर ने ललित यादव के आखिरी ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाया और कुल 18 रन बटोरे। 13 ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर:  128/0, जोस बटलर (77*), देवदत्त पडिक्कल (49*)

08:30 PM, 22-Apr-2022

बटलर-पडिक्कल के बीच शतकीय साझेदारी

जोस बटलर और देवदत्त पडिक्कल के बीच पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों ने मिलकर ललित यादव के ओवर में कुल 17 रन बटोरे और टीम के स्कोर को 100 के पार पहुंचा दिया। 
 

08:25 PM, 22-Apr-2022

बटलर का 36 गेंदों में अर्धशतक

जोस बटलर ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए एक और अर्धशतक लगा दिया है। उन्होंने 36 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की। 11 ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर:  104/0, जोस बटलर (55*), देवदत्त पडिक्कल (47*)

08:22 PM, 22-Apr-2022

विकेट को तरसी दिल्ली कैपिटल्स

राजस्थान रॉयल्स की बटलर और पडिक्कल की सलामी जोड़ी ने दिल्ली के गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया है। बटलर ने शार्दुल के दूसरे ओवर में बटोरे 9 रन। 10 ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर:  87/0, जोस बटलर (49*), देवदत्त पडिक्कल (36*)

08:16 PM, 22-Apr-2022

कुलदीप ने लुटाए 15 रन

कुलदीप यादव अपने दूसरे ओवर में महंगे साबित हुए और कुल 15 रन खर्च दिए। उनके इस ओवर में बटलर ने लगातार गेंदों में एक छक्का और एक चौका लगाया। नौ ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर: 78/0, जोस बटलर (41*), देवदत्त पडिक्कल (35*)

08:11 PM, 22-Apr-2022

पडिक्कल ने लगाई अक्षर की क्लास

देवदत्त पडिक्कल ने अक्षर पटेल को उनके पहले ओवर में आड़े हाथ लिया और लगातार दो गेंदों पर एक चौका और छक्का लगाया। अक्षर ने अपने पहले ओवर में 12 रन खर्चे। आठ ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर: 63/0, जोस बटलर (29*), देवदत्त पडिक्कल (33*)

08:09 PM, 22-Apr-2022

राजस्थान के 50 रन पूरे

जोस बटलर और देवदत्त पडिक्कल की सलामी जोड़ी ने राजस्थान को मजबूत शुरुआत दिलाई है। दोनों ने पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है और राजस्थान के स्कोर को 50 के पार पहुंचा दिया है। सात ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर: 51/0, जोस बटलर (28*), देवदत्त पडिक्कल (22*)

08:03 PM, 22-Apr-2022

बटलर ने खलील के ओवर में लगाए दो छक्के

जोस बटलर ने खलील अहमद के ओवर में अपना आक्रामक रूप दिखाते हुए दो छक्के लगाए। राजस्थान को इस ओवर से 15 रन का फायदा हुआ। इसके साथ ही पावरप्ले भी समाप्त हुआ जो राजस्थान के नाम रहा। छह ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर: 44/0, जोस बटलर (26*), देवदत्त पडिक्कल (17*)

07:57 PM, 22-Apr-2022

सैमसन का राजस्थान के लिए 100वां मैच

संजू सैमसन आज राजस्थान रॉयल्स के लिए अपना 100वां मैच खेल रहे हैं। 
 

07:52 PM, 22-Apr-2022

पडिक्कल ने जड़े लगातार तीन चौके

देवदत्त पडिक्कल ने मुस्तफिजुर रहमान के पहले ओवर में लगातार तीन चौके लगाए। मुस्तफिजुर के पहले ओवर से आए 14 रन। चार ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर: 26/0, जोस बटलर (9*), देवदत्त पडिक्कल (16*)

07:45 PM, 22-Apr-2022

शार्दुल ठाकुर का पहला ओवर मेडन

शार्दुल ठाकुर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने पहले ओवर में कोई रन नहीं दिया। उन्होंने बटलर को अपने ओवर में एक भी रन लेने नहीं दिया और मेडन डाला। दो ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर: 9/0, जोस बटलर (8*), देवदत्त पडिक्कल (0*)

07:36 PM, 22-Apr-2022

बटलर की शानदार शुरुआत

जोस बटलर ने आक्रामक शुरुआत करते हुए पहले ही ओवर में दो चौके लगाए। उन्होंने खलील अहमद के ओवर की चौथी और छठी गेंद पर चौका लगाया और कुल आठ रन बटोरे। एक ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर: 8/0, जोस बटलर (8*), देवदत्त पडिक्कल (0*)

07:31 PM, 22-Apr-2022

मैच शुरू

राजस्थान रॉयल्स की तरफ से जोस बटलर और देवदत्त पडिक्कल की सलामी जोड़ी क्रीज पर है जबकि दिल्ली ने खलील अहमद को नई गेंद थमाई है।

07:08 PM, 22-Apr-2022

दोनों टीमों की प्लेइंग XI

दिल्ली कैपिटल्स:
पृथ्वी शॉ,  डेविड वॉर्नर, सरफराज खान, ऋषभ पंत (कप्तान एवं विकेटकीपर), रोवमन पॉवेल, ललित यादव, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, खलील अहमद, मुस्तफिजुर रहमान

राजस्थान रॉयल्स:
जोस बटलर, करूण नायर, देवदत्त पडिक्कल, संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, रियान पराग, ट्रेंट बोल्ट, रविचंद्रन अश्विन, ओबेड मकॉय, प्रसिद्ध कृष्णा, युजवेंद्र चहल
 

07:05 PM, 22-Apr-2022

दोनों टीमों में कोई बदलाव नहीं

राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स ने इस मैच के लिए कोई भी बदलाव नहीं किया है। दोनों ही टीमों ने पिछली टीम पर ही भरोसा जताया है। 

07:02 PM, 22-Apr-2022

टॉस रिपोर्ट

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर राजस्थान के खिलाफ पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। 

06:55 PM, 22-Apr-2022

पिच रिपोर्ट

पिच पर थोड़ी सी घास है लेकिन उम्मीद की जा सकती है कि गेंद अच्छे से बल्ले पर आएगी। शुरुआती कुछ ओवरों के बाद पिच से स्पिन गेंदबाज़ों को मदद मिल सकती है। कुल मिलाकर आज एक और हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है। 

06:54 PM, 22-Apr-2022

दिल्ली में एक और कोरोना का मामला

दिल्ली कैपिटल्स के प्रमुख कोच रिकी पोंटिंग के परिवार का एक सदस्य कोरोना की चपेट में आ गया है और उन्हें पृथकवास में रखा गया है। कोच पोंटिंग भी आज के मैच में टीम के साथ नहीं हैं। 

06:31 PM, 22-Apr-2022

खिलाड़ियों की जंग

दिल्ली और राजस्थान दोनों टीमों में कई स्टार और फॉर्म में चल रहे क्रिकेटर हैं। ऐसे में इनके बीच में एक रोमांचक जंग देखने को मिलेगी। राजस्थान के जोस बटलर, युजवेंद्र चहल, संजू सैमसन, रविचंद्रन अश्विन और ट्रेंट बोल्ट तो वहीं दिल्ली की तरफ से डेविड वॉर्नर, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत, अक्षर पटेल और मुस्तफिजुर रहमान के बीच जोरदार भिड़ंत होने की पूरी उम्मीद है। 
 

06:28 PM, 22-Apr-2022

पिछले मैच का प्रदर्शन

दिल्ली और राजस्थान दोनों ने अपने पिछले मुकाबले में जीत हासिल की है। दिल्ली ने पंजाब किंग्स को एकतरफा मुकाबले में नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। जबकि राजस्थान  ने कोलकाता के खिलाफ करीबी मुकाबले में सात रन से जीत दर्ज की। 

06:25 PM, 22-Apr-2022

अंक तालिका में स्थिति

राजस्थान की टीम इस सीजन में अभी तक काफी मजबूत रही है। वह छह में चार मैच जीतकर, मजबूत रन रेट के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर काबिज है। जबकि दिल्ली के लिए यह सफर मिलाजुला रहा है। दिल्ली की टीम को छह में तीन जीत मिली है और वह छह अंकों के साथ छठे पायदान पर है। हालांकि दिल्ली का रन रेट बाकी टीमों की तुलना में ज्यादा मजबूत है।  

06:23 PM, 22-Apr-2022

पिछले पांच मैचों का हाल

राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए पिछले मैचों में दिल्ली का पलड़ा भारी रहा है। दिल्ली ने इस दौरान चार मुकाबले जीते हैं। जबकि राजस्थान की टीम सिर्फ एक मैच ही जीत पाई है। 

05:52 PM, 22-Apr-2022

DC vs RR Live: रोमांच और ड्रामे के बीच हारी दिल्ली, राजस्थान ने 15 रन से जीता मुकाबला

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आप सभी का स्वागत है। आईपीएल में आज 34वां मुकाबला खेला जा रहा है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स की टीम आमने-सामने है। राजस्थान की कमान संजू सैमसन के हाथों में है तो वहीं ऋषभ पंत दिल्ली की अगुआई कर रहे हैं। दोनों टीमें पिछला मुकाबला जीतकर आ रही हैं और यहां भी अपनी जीत की लय को बरकरार रखना चाहेंगी। 
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें