क्रुणाल पांड्या और विराट कोहली की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से हराकर सत्र की सातवीं जीत दर्ज की। वहीं, यह उनकी घर से बाहर लगातार छठी जीत है। इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 162 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने 18.3 ओवर में चार विकेट खोकर 164 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। दिल्ली के लिए अक्षर पटेल ने दो और दुष्मंथा चमीरा ने एक विकेट लिया।
इस जीत के साथ आरसीबी 14 अंक और 0.521 के नेट रन रेट के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई। रजत पाटीदार के नेतृत्व में बेंगलुरु ने 10 में से सात मुकाबले जीते हैं। वहीं, नौ में से छह मैच जीतने और तीन हारने वाली दिल्ली 12 अंक और 0.482 नेट रन रेट के साथ तालिका में चौथे स्थान पर है। दूसरे और तीसरे स्थान पर क्रमश: गुजरात और मुंबई इंडियंस हैं। दोनों के खाते में 12-12 अंक हैं।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की इस मैच में खराब शुरुआत हुई थी। 26 के स्कोर पर टीम ने तीन विकेट गंवा दिए थे। अक्षर पटेल ने जैकब बेथेल (12) और देवदत्त पडिक्कल (0) को अना शिकार बनाया। वहीं, करुण नायर ने कप्तान रजत पाटीदार को रनआउट कर आरसीबी को तीसरा झटका दिया। इसके बाद विराट कोहली और क्रुणाल पांड्या ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 119 रन की साझेदारी हुई जो आरसीबी की किसी भी जोड़ी के द्वारा निभाई गई सबसे बड़ी पार्टनरशिप है और चौथे विकेट के लिए इस सत्र की सबसे बड़ी साझेदारी भी है। दोनों ने दिल्ली के गेंदबाजों पर शिकंजा कसते हुए आरसीबी को शानदार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
इस दौरान क्रुणाल पांड्या ने 38 गेंदों में अपने करियर का दूसरा अर्धशतक पूरा किया। इससे पहले उन्होंने 2016 में पचासा जड़ा था। वह 47 गेंदों में 73 रन बनाकर नाबाद रहे। इस दौरान उनके बल्ले से पांच चौके और चार गगनचुंबी छक्के निकले। वहीं, किंग कोहली भी मौजूदा सत्र का छठा अर्धशतक पूरा करने में कामयाब रहे। उन्होंने 45 गेंदों में इस आईपीएल में तीसरा पचासा जड़ा। वह चार चौके की मदद से 51 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलने में कामयाब हुए। टिम डेविड पांच गेंदों में 19 रन बनाकर नाबाद रहे।
आरसीबी को चौथा झटका विराट कोहली के रूप में लगा। वह 51 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर टिम डेविड आए हैं।
क्रुणाल पांड्या के बाद विराट कोहली ने भी इस मैच में शानदार अर्धशतक जड़ा है। उन्होंने 45 गेंदों में इस सीजन का लगातार तीसरा पचासा पूरा किया। अब आरसीबी को जीत के लिए 20 गेंदों में 30 रन की जरूरत है।
आरसीबी के स्टार ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या ने 38 गेंदों में अर्धशतक जड़ा है। उन्होंने नौ साल बाद आईपीएल में पचासा पूरा किया है। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं।
विराट कोहली और क्रुणाल पांड्या ने मोर्चा संभाल लिया है। दोनों शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और 70 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुके हैं। 14 ओवर के बाद टीम का स्कोर 105/3 है।
आरसीबी की इस मैच में खराब शुरुआत हुई है। अक्षर पटेल ने तीसरे ओवर में पहले जैकब बैथल (12) को अपना शिकार बनाया। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल (0) को बोल्ड किया। वहीं, चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए कप्तान रजत पाटीदार को करुण नायर ने रनआउट कर दिया। वह सिर्फ छह रन बना पाए। अब क्रीज पर विराट कोहली और क्रुणाल पांड्या आए हैं। शुरुआती छह ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 35/3 है।
बेंगलुरु की पारी शुरू हो चुकी है। विराट कोहली और जैकब बेथेल क्रीज पर मौजूद हैं। दिल्ली के लिए पारी का पहला ओवर अक्षर पटेल फेंक रहे हैं।
केएल राहुल की 41 और ट्रिस्टन स्टब्स की 34 रनों की धमाकेदार पारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के सामने 163 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 162 रन बनाए। आरसीबी के लिए भुवनेश्वर कुमार ने तीन विकेट लिए जबकि हेजलवुड को दो विकेट मिले। इसके अलावा यश दयाल और क्रुणाल पांड्या को एक-एक सफलता मिली।
इस मैच में दिल्ली की शुरुआत अच्छी हुई थी। अभिषेक पोरेल और फाफ डु प्लेसिस के बीच पहले विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी हुई। हेजलवुड ने पोरेल को अपना शिकार बनाया। वह 11 गेंदों में दो चौके और दो छक्के की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद यश दयाल ने तीसरे नंबर पर आए करुण नायर को पवेलियन लौटा दिया। वह सिर्फ चार रन बना सके। उनके अलावा केएल राहुल ने तीन चौके की मदद से 41 रन बनाए जबकि स्टब्स ने 188.88 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 34 रन बनाए। कप्तान अक्षर पटेल ने 15, आशुतोष शर्मा ने दो और विप्रज निगम ने 12 रन बनाए। वहीं, मिचेल स्टार्क और दुष्मंथा चमीरा खाता खोले बिना नाबाद रहे।
120 पर दिल्ली को छठा झटका लगा। भुवनेश्वर कुमार ने आशुतोष शर्मा को बोल्ड किया। वह सिर्फ दो रन बना सके। अब क्रीज पर स्टब्स और निगम हैं।
केएल राहुल 41 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें भुवनेश्वर कुमार ने अपना शिकार बनाया।
जोश हेजलवुड ने दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल को अपना शिकार बना लिया। वह 13 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर ट्रिस्टन स्टब्स आए हैं।
दिल्ली को तीसरा झटका क्रुणाल पांड्या ने दिया। उन्होंने फाफ डुप्लेसिस को अपना शिकार बनाया। वह 22 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर अक्षर पटेल मौजूद हैं। 10 ओवर के बाद स्कोर 72/3 है।
दिल्ली को दूसरा झटका करुण नायर के रूप में लगा। उन्हें यश दयाल ने भुवनेश्वर कुमार के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ चार रन बना सके। अब क्रीज पर बल्लेबाजी के लिए केएल राहुल आए हैं।
दिल्ली को पहला झटका जोश हेजलवुड ने दिया। उन्होंने अभिषेक पोरेल को अपना शिकार बनाया। वह 11 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए करुण नायर आए हैं।
दिल्ली की पारी शुरू हो चुकी है। अभिषेक पोरेल और फाफ डुप्लेसिस क्रीज पर मौजूद हैं।
दिल्ली कैपिटल्स: फाफ डुप्लेसिस, अभिषेक पोरेल, करुण नायर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, विप्रज निगम, मिचेल स्टार्क, दुष्मंथा चमीरा, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: आशुतोष शर्मा, मोहित शर्मा, जेक फ्रेजर मैकगर्क, माधव तिवारी, त्रिपुराना विजय।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, जैकब बेथेल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जोश हेजलवुड, यश दयाल।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: देवदत्त पडिक्कल, लियाम लिविंगस्टोन, रसिख दार सलाम, मनोज भंडागे, स्वप्निल सिंह।
आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान रजत पाटीदार ने बताया कि जैकब बेथेल की वापसी हुई है। फिल सॉल्ट इस मैच में नहीं खेलेंगे। वहीं, दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने बताया कि फाफ डुप्लेसिस को प्लेइंग 11 में शामिल किया गया है।
जेक-फ्रेजर मैकगर्क को बाहर करने के बाद से दिल्ली केवल तीन विदेशी खिलाड़ियों के साथ खेल रहा है तथा पूरी संभावना है कि अभिषेक पोरेल और करुण नायर ही पारी की शुरुआत करेंगे। हालांकि, फाफ डुप्लेसिस ने नेट्स सेशन में हिस्सा लिया था और अगर वह खेले तो पोरेल के साथ ओपनिंग करते दिखेंगे। डुप्लेसिस पिछले सीजन तक आरसीबी के कप्तान थे और ऐसे में वह रणनीति बनाने में कारगर साबित हो सकते हैं।
दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने आगे बढ़कर नेतृत्व किया है। भले ही उन्होंने चोट के कारण प्रतियोगिता में बहुत अधिक गेंदबाजी नहीं की है, लेकिन पिछले मैच में उन्होंने अपने ओवरों का पूरा कोटा पूरा किया जो टीम के लिए एक और सकारात्मक संकेत है। क्रुणाल पांड्या आरसीबी के लिए इसी तरह की भूमिका निभाएंगे। नौ मैचों में 12 विकेट लेने वाले बाएं हाथ के स्पिनर ने अपनी नई फ्रेंचाइजी के लिए अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है।
अगर स्पिन विभाग की बात करें तो दिल्ली के कुलदीप यादव ने पूरे आईपीएल में बीच के ओवरों में अपनी गुगली से बल्लेबाजों को परेशान किया है और विपक्षी टीम को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। आठ मैचों में 12 विकेट लेने के अलावा बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर ने 6.50 रन प्रति ओवर की किफायती दर से रन दिए हैं। आरसीबी के बल्लेबाजों के लिए उनका सामना करना आसान नहीं होगा। दिल्ली के रहने वाले सुयश शर्मा ने भी आरसीबी की तरफ से अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है। वह स्थानीय परिस्थितियों से अच्छी तरह परिचित हैं जिसका फायदा वह दिल्ली के बल्लेबाजों के खिलाफ उठाना चाहेंगे।
हेजलवुड टूर्नामेंट में 16 विकेट के साथ सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने पिछले मैच में 19वें ओवर में शानदार प्रदर्शन करके आरसीबी की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उनके हमवतन स्टार्क भी प्रभाव छोड़ने में पीछे नहीं रहे हैं। संयोग से उन्होंने भी राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करके अपनी टीम को जीत दिलाई थी। इसे देखते हुए कम से कम यह तो कहा ही जा सकता है कि दोनों के बीच अपनी-अपनी टीमों को जीत दिलाने के लिए जबरदस्त टक्कर दिखेगी।
इस मैच में भारत के दो धुरंधर बल्लेबाज विराट कोहली और केएल राहुल के बीच जंग देखने को मिलेगी। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के दो खतरनाक तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड भी आकर्षण का केंद्र होंगे। ऑस्ट्रेलिया के दोनों तेज गेंदबाज हेजलवुड और स्टार्क पहले ही दिखा चुके हैं कि वे अपनी-अपनी आईपीएल टीमों के लिए कितना महत्व रखते हैं।
आईपीएल में चीजें तेजी से बदल सकती हैं, लेकिन मौजूदा फॉर्म को देखते हुए दिल्ली और आरसीबी दोनों के प्ले-ऑफ में पहुंचने की उम्मीद है। दोनों ही टीमों के बीच हेड टु हेड रिकॉर्ड को देखें तो अब तक 32 मैच खेले जा चुके हैं। इनमें से दिल्ली ने 12 और बेंगलुरु ने 19 मैच जीते हैं। एक का कोई नतीजा नहीं निकला। साल 2021 से दिल्ली ने आरसीबी के खिलाफ सात में से सिर्फ दो ही मैच जीते हैं। अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली ने आरसीबी के खिलाफ 10 मैच खेले हैं और छह में उन्हें हार मिली है। आरसीबी के खिलाफ होम ग्राउंट पर दिल्ली की टीम सिर्फ चार ही मैच जीत सकी है।
आईपीएल 2025 में रविवार को डबल हेडर खेला जाना है। पहला मैच मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपरजाएंट्स के बीच वानखेड़े में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है। इसमें दिल्ली कैपिटल्स के सामने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की चुनौती होगी। दोनों ही टीमें शानदार फॉर्म में हैं और आज का मुकाबला शीर्ष स्थान पर अपना दावा मजबूत करने के लिए होगा। फिलहाल दिल्ली की टीम 12 अंक और बेहतर नेट रन रेट के साथ शीर्ष पर है, जबकि बेंगलुरु के भी 12 अंक हैं, लेकिन गुजरात से खराब नेट रन रेट की वजह से यह टीम तीसरे स्थान पर है। आज जीतने वाली टीम के 14 अंक हो जाएंगे।
IPL Live Cricket Score, DC vs RCB Indian Premier League 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2025 का 46वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में आरसीबी की नजर दिल्ली से उसके घर में बदला लेने पर है।