फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

DC vs RCB Final: बैंगलोर ने जीता महिला प्रीमियर लीग का खिताब, फाइनल में दिल्ली को आठ विकेट से हराया

Sun, 17 Mar 2024 10:50 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

WPL, DC vs RCB Women’s Final 2024 :  महिला प्रीमियर लीग 2024 के फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से हुआ। यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया। इसके साथ ही महिला प्रीमियर लीग को नया चैंपियन मिल गया है। बैंगलोर ने दिल्ली को हराकर दूसरे सीजन का खिताब अपने नाम किया। पिछले साल मुंबई इंडियंस ने खिताब पर कब्जा जमाया था। 
विज्ञापन
मैच के दौरान आरसीबी की टीम - फोटो : WPL
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:37 PM, 17-Mar-2024

बैंगलोर ने जीता खिताब

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल )के फाइनल मुकाबले में रविवार को दिल्ली कैपिटल्स को आठ विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.3 ओवर में 113 रन बनाए थे। आरसीबी ने 19.3 ओवर में दो विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य प्राप्त कर लिया। आरसीबी का यह पहला खिताब है। बैंगलोर की पुरुष टीम ने कभी आईपीएल की ट्रॉफी नहीं जीती है, लेकिन महिला टीम डब्ल्यूपीएल के दूसरे सीजन में ही विजेता बनकर उभरी। लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी को सोफी डिवाइन और स्मृति मंधाना ने अच्छी शुरुआत दिलाई और दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े। इस साझेदारी को शिखा पांडे ने डिवाइन को आउट करके तोड़ा जिन्होंने 32 रन बनाए। इसके बाद कप्तान मंधाना ने पारी संभाली, लेकिन उन्हें मिन्नू मणि ने 31 रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा। फिर एलिस पैरी और ऋचा घोष ने आखिरी ओवर में टीम को जीत दिलाई।

10:17 PM, 17-Mar-2024

DC vs RCB Final Live: आरसीबी ने गंवाया दूसरा विकेट

दिल्ली कैपिटल्स ने फाइनल मैच में आरसीबी को दूसरा झटका दिया। सलामी बल्लेबाज सोफी डिवाइन के आउट होने के बाद कप्तान स्मृति मंधाना भी पवेलियन लौट गई हैं। मंधाना ने 31 रन बनाए और उनकी पारी का अंत मिन्नू मणि ने किया। 

09:50 PM, 17-Mar-2024

DC vs RCB Final Live: आरसीबी को लगा पहला झटका

दिल्ली कैपिटल्स ने आरसीबी को पहला झटका देते हुए सलामी बल्लेबाज सोफी डिवाइन को पवेलियन भेजा। दिल्ली के लिए शिखा पांडे ने डिवाइन को आउट किया। अच्छी लय में दिख रहीं डिवाइन 32 रन बनाकर आउट हुईं। फिलहाल स्मृति मंधाना और एलिस पैरी क्रीज पर मौजूद हैं। आरसीबी ने नौ ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 53 रन बना लिए हैं और उसे अभी 66 गेंदों पर 61 रनों की जरूरत है। 

विज्ञापन
09:43 PM, 17-Mar-2024

DC vs RCB Final Live: आरसीबी की सधी शुरुआत

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 114 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने सधी हुई शुरुआत की। आरसीबी ने पहले सात ओवर में बिना किसी नुकसान के 43 रन बना लिए हैं। आरसीबी के लिए सोफी डिवाइन 31 और स्मृति मंधाना 12 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

09:20 PM, 17-Mar-2024

DC vs RCB Final Live: बैंगलोर की पारी शुरू

बैंगलोर की पारी शुरू हो चुकी है। टीम मैनेजमेंट ने प्लान में बदलाव करते हुए फाइनल में स्मृति मंधाना के साथ सोफी डिवाइन को ओपनिंग के लिए भेजा है। इससे पहले मंधाना के साथ मोलीन्यूक्स ओपनिंग के लिए आ रही थीं। दो ओवर के बाद बैंगलोर का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए आठ रन है। फिलहाल मंधाना तीन और डिवाइन पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
09:03 PM, 17-Mar-2024

DC vs RCB Final Live: दिल्ली ने 113 रन बनाए

दिल्ली कैपिटल्स और रायल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में डब्ल्यूपीएल का फाइनल मैच खेला जा रहा है। आरसीबी ने श्रेयांका पाटिल और मोलीन्यूक्स की शानदार गेंदबाजी के दम पर दिल्ली की पारी 18.3 ओवर में 113 रन पर ऑलआउट कर दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम को शेफाली वर्मा और कप्तान मेग लैनिंग की सलामी जोड़ी ने शानदर शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में खेलकर आरसीबी के गेंदबाजों पर दबाव बनाया, लेकिन आठवां ओवर डालने आईं बाएं हाथ की स्पिनर मोलीन्यूक्स ने इस ओवर में शेफाली, कैप्सी और जेमिमा को आउट कर दिल्ली की पारी लड़खड़ा दी। इसके बाद श्रेयांका पाटिल ने दिल्ली के बल्लेबाजों को जमने का मौका नहीं दिया। दिल्ली की बल्लेबाजी इतनी खराब रही कि एक समय बिना किसी नुकसान के 64 रन बनाने वाली टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 113 रन पर सिमट गई। आरसीबी के लिए श्रेयंका पाटिल ने चार, मोलीन्यूक्स तीन और आशा ने दो विकेट लिए। दिलचस्प बात यह रही है कि नौ विकेट आरसीबी के स्पिनरों ने लिए जबकि राधा यादव रन आउट हुईं।

08:58 PM, 17-Mar-2024

DC vs RCB Final Live: दिल्ली को नौवां झटका

आरसीबी के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स की पारी लगातार लड़खड़ाती जा रही है और उसका नौवां विकेट भी गिर चुका है। 64 रन के स्कोर पर पहला विकेट गंवाने वाली दिल्ली की टीम ने 113 रन के स्कोर पर नौ विकेट गंवा दिए हैं। 

08:51 PM, 17-Mar-2024

DC vs RCB Final Live: दिल्ली को लगा आठवां झटका

दिल्ली कैपिटल्स को 101 रन के स्कोर पर आठवां झटका लगा। 64 पर टीम को पहला झटका लगा था और अब 101 रन तक आते-आते टीम ने आठ विकेट गंवा दिए हैं। फिलहाल शिखा पांडे और अरुंधति क्रीज पर हैं। आरसीबी के लिए बाएं हाथ की स्पिनर मोलीन्यूक्स ने तीन विकेट लिए, जबकि श्रेयांका और आशा शोभना को दो-दो विकेट मिले। 

08:41 PM, 17-Mar-2024

DC vs RCB Final Live: दिल्ली को सातवां झटका

दिल्ली कैपिटल्स को 87 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। 64 पर टीम को पहला झटका लगा था और अब 87 तक आते-आते टीम ने सात विकेट गंवा दिए हैं। यानी 24 रन बनाने में दिल्ली ने सात विकेट गंवाए। फिलहाल राधा और अरुंधति क्रीज पर हैं। 64 पर शेफाली के रूप में टीम को पहला झटका लगा था। वह 27 गेंद में 44 रन बनाकर आउट हुई थीं। इसके बाद तो विकेट की झड़ी लग गई। 64 के स्कोर पर ही दिल्ली ने जेमिमा रॉड्रिग्स और फिर एलिस कैप्सी को गंवा दिया। सोफी मोलीन्यूक्स ने एक ही ओवर में तीनों को पवेलियन भेजा। फिर मेग लैनिंग 23 रन बनाकर आउट हुईं। मरिजाने कैप आठ रन, जेस जोनासेन तीन रन और मिन्नू मणि पांच रन बनाकर आउट हुईं। आशा शोभना ने जेस और मरिजाने को एक ही ओवर में पवेलियन भेजा।

08:34 PM, 17-Mar-2024

DC vs RCB Final Live: दिल्ली को एक ओवर में दो झटके

दिल्ली कैपिटल्स की पारी आरसीबी के खिलाफ तेज शुरुआत के बाद एकदम से लड़खड़ा गई। दिल्ली ने महज 16 रन बनाने में छह विकेट गंवा दिए हैं। दिल्ली को पहला झटका 64 रन पर लगा था, जबकि 80 रन के स्कोर पर आते-आते उसने अपने छह बल्लेबाज खो दिए हैं। शेफाली, मेग लैनिंग, एलिस कैप्सी, जेमिमा रॉड्रिग्स, मरिजाने कैप और जेस जोनासेन पवेलियन लौट चुकी हैं। फिलहाल राधा यादव और मिन्नू मणि क्रीज पर हैं।  

08:22 PM, 17-Mar-2024

DC vs RCB Final Live: तेज शुरुआत के बाद लड़खड़ाई दिल्ली कैपिटल्स की पारी

दिल्ली कैपिटल्स की पारी आरसीबी के खिलाफ तेज शुरुआत के बाद एकदम से लड़खड़ा गई। दिल्ली ने 7.4 ओवर में 64 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवाया था, लेकिन इसके बाद बाएं हाथ की स्पिनर मोलीन्यूक्स ने अर्धशतक की ओर बढ़ रहीं शेफाली वर्मा को आउट कर दिल्ली को पहला झटका दिया। इसके बाद इसी ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर उन्होंने जेमिमा और कैप्सी को पवेलियन भेजा। दिल्ली की पारी इन झटकों से उबर ही रही थी कि श्रेयांका पाटिल ने दिल्ली की कप्तान मेग लैनिंग को आउट कर उसे चौथा झटका दिया। इस तरह दिल्ली ने महज 10 रन के अंदर अपने चार विकेट गंवा दिए हैं। 

08:06 PM, 17-Mar-2024

DC vs RCB Final Live: दिल्ली को एक ही ओवर में तीन झटके

आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार वापसी करते हुए मेजबान टीम को एक ही ओवर में तीन झटके दिए। आठवां ओवर डालने आईं बाएं हाथ की स्पिनर मोलीन्यूक्स ने कहर बरपा देते हुए दिल्ली को लगातार झटके दिए। मोलीन्यूक्स ने शानदार फॉर्म में दिख रहीं सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा को कैच आउट कराया और फिर नए बल्लेबाज के तौर पर उतरीं जेमिमा रोड्रिग्स अगली गेंद पर कोई रन नहीं बना पाईं। इसकी अगली दो गेंद पर मोलीन्यूक्स ने पहले जेमिमा और फिर एलिस कैप्सी को पवेलियन भेजकर दिल्ली की पारी लड़खड़ा दी। शेफाली अर्धशतक से चूक गईं उन्होंने 27 गेंदों पर 44 रन की पारी खेली। 

07:54 PM, 17-Mar-2024

DC vs RCB Final Live: लैनिंग-शेफाली की अर्धशतकीय साझेदारी

दिल्ली कैपिटल्स ने आरसीबी के खिलाफ तेज शुरुआत की है। कप्तान मेग लैनिंग और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने आक्रामक पारी खेलते हुए दिल्ली को अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया है। पांच ओवर के बाद स्कोर बिना किसी नुकसान के 52 रन हो गया है। पांचवें ओवर की समाप्ति के बाद शेफाली ने 18 गेंदों पर 37 रन और लैनिंग ने 12 गेंदों पर 13 रन बनाए हैं। 

07:41 PM, 17-Mar-2024

DC vs RCB Final Live: दिल्ली कैपिटल्स की तेज शुरुआत

आरसीबी के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स ने तेज शुरुआत करते हुए दो ओवर में बिना किसी नुकसान के 19 रन बना लिए हैं। कप्तान मेग लैनिंग छह गेंदों पर चार रन और शेफाली वर्मा छह गेंदों पर 13 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। शेफाली ने इस दौरान मोलीन्यूक्स पर शानदार छक्का जड़ा जो दिल्ली की पारी का पहला छक्का रहा। 

07:30 PM, 17-Mar-2024

DC vs RCB Final Live: लैनिंग-शेफाली क्रीज पर

आरसीबी के खिलाफ फाइनल मैच में दिल्ली कैपिटल्स की पारी की शुरुआत हो चुकी है। पहले बल्लेबाजी करने दिल्ली की कप्तान मेग लैनिंग के साथ शेफाली वर्मा उतरी हैं। वहीं, पहले ओवर में आरसीबी की ओर से गेंदबाजी के लिए तेज गेंदबाज रेणुका सिंह आईं। 

07:04 PM, 17-Mar-2024

DC vs RCB Final Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

दिल्ली कैपिटल्स: मेग लैनिंग (कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रॉड्रिग्स, एलिस कैप्सी, तानिया भाटिया (विकेटकीपर), मारिजाने कैप, शिखा पांडे, जेस जोनासेन, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव, मिन्नू मणि।

रॉयल चैलेंजर्स बैंग्लोर: स्मृति मंधाना (कप्तान), एस मेघना, एलिस पेरी, सोफी डिवाइन, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जॉर्जिया वेयरहैम, दिशा कसाट, सोफी मोलिन्यूक्स, श्रेयंका पाटिल, शोभना आशा, रेणुका सिंह।

07:01 PM, 17-Mar-2024

DC vs RCB Final Live: दिल्ली ने जीता टॉस

महिला प्रीमियर लीग के फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान मेग लैनिंग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। लैनिंग ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर में श्रद्धा पोखरकर की जगह एस मेघना को प्लेइंग-11 में एंट्री मिली है। बैंगलोर की कप्तान मंधाना ने कहा कि वह भी पहले बल्लेबाजी करना चाहती थीं।

06:44 PM, 17-Mar-2024

DC vs RCB Final Live: पुरुष टीमों ने भी नहीं जीता फाइनल

आरसीबी और दिल्ली के फैंस के लिए आज बहुत बड़ा दिन है। दोनों फ्रेंचाइजियों की पुरुष टीमें भी आज तक फाइनल मुकाबला नहीं जीत पाई हैं। ऐसे में दुनिया को नया विजेता मिलने जा रहा है। आरसीबी की पुरुष टीम तीन बार आईपीएल की उपविजेता रह चुकी है। 2009 में टीम को डेक्कन चार्जर्स ने फाइनल में मात दी थी। इसके बाद 2011 में चेन्नई ने टीम को शिकस्त देकर खिताब पर कब्जा जमाया जबकि पांच साल बाद 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद ने विराट कोहली की सेना को हराकर खिताब जीतने का मौका उससे छीन लिया। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स को सिर्फ एक बार फाइनल खेलने का मौका मिला। टीम पहली बार आईपीएल 2020 में फाइनल में पहुंची थी। इस दौरान मुंबई के हाथों टीम को करारी शिकस्त मिली थी। 

06:43 PM, 17-Mar-2024

DC vs RCB Final Live: दिल्ली का पलड़ा भारी

दिल्ली ने इस मैदान पर कुल चार मुकाबले खेले हैं। इनमें तीन मैचों में टीम को घरेलू कंडीशंस का फायदा हुआ है। टीम ने तीन मुकाबले अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की है जबकि एक मैच में यूपी के हाथों टीम को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। वहीं, आरसीबी को इस मैदान पर चार मैचों में सिर्फ दो बार जीत मिली है। ऐसे में दिल्ली का पलड़ा भारी है। 

06:43 PM, 17-Mar-2024

DC vs RCB Final Live: हेड टु हेड

इस सीजन में दोनों टीमों का प्रदर्शन शानदार रहा है। दिल्ली ने आठ मुकाबलो में कुल छह मैच जीते जबकि आरसीबी को चार मैचों में जीत मिली है। दोनों टीमों की लीग स्टेज पर दो बार भिड़ंत हुई है जिसमें टीम मेग लैनिंग के नेतृत्व वाली टीम को दोनों मैचों में जीत मिली। आज इस सीजन में तीसरी बार दोनों टीमों का आमना-सामना होगा। 

06:41 PM, 17-Mar-2024

DC vs RCB Final Live: दोनों टीमों के बीच देखने को मिलेगी कड़ी टक्कर

स्मृति मंधाना की अगुवाई वाली टीम ने शु्क्रवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में पांच रन से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, दिल्ली इस सीजन में एक बार फिर अंक तालिका पर रही और प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बनी। आज दोनों टीमों के बीच खिताब के लिए जबरदस्त जंग देखने को मिलेगी। 

06:36 PM, 17-Mar-2024

DC vs RCB Final: बैंगलोर ने जीता महिला प्रीमियर लीग का खिताब, फाइनल में दिल्ली को आठ विकेट से हराया

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज महिला प्रीमियर लीग 2024 के फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से है। यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। दोनों ही टीमों की नजरें अपने पहले खिताब पर हैं। इनकी पुरुष टीमें भी कभी खिताब नहीं जीत पाई हैं। इसके साथ ही महिला प्रीमियर लीग को नया चैंपियन मिलेगा। पिछले साल मुंबई इंडियंस ने खिताब पर कब्जा जमाया था। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें