दिल्ली कैपिटल्स ने शिखर धवन की 92 रनों की शानदार पारी के दम पर पंजाब को छह विकेट से हराकर अपनी दूसरी जीत दर्ज की। पंजाब किंग्स के 196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली ने 10 गेंदें शेष रहते छह विकेट से बाजी अपने नाम कर ली।
मैच की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पंजाब किंग्स को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। लेकिन उनका यह फैसला गलत साबित हुआ जब केएल राहुल (61) और मयंक अग्रवाल (69) ने मिलकर पहले विकेट के लिए 122 रनों की साझेदारी की। दोनों ने अपने-अपने अर्धशतक भी पूरे किए। इन दोनों के आउट होने के बाद क्रिस गेल और निकोलस पूरन कुछ खास नहीं कर पाए और दोनों ही सस्ते में पवेलियन लौट गए। हालांकि इसके बाद दीपक हूडा ने 13 गेंदों में 22 और शाहरुख़ खान ने पांच गेंदों में 15 रन बनाकर पंजाब के स्कोर को 195 तक पहुँचाया।
इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की भी तेज शुरुआत हुई। पृथ्वी शॉ और शिखर धवन ने मिलकर तेजी से अर्धशतकीय साझेदारी की। दोनों ने मिलकर छठे ओवर में ही 59 रन जोड़ दिए। पृथ्वी ने आउट होने से पहले 17 गेंदों में 32 रन बनाए। शॉ के आउट होने के बाद स्मिथ और पंत कुछ खास नहीं कर पाए। उधर धवन एक छोर पर टिके रहे और तेजी से रन बनाते रहे। धवन ने आउट होने से पहले 49 गेंदों में 92 रन बनाए। अंत में मार्कस स्टोइनिस और ललित यादव ने मिलकर तेजी से रन बटोरे और मैच को 10 गेंद पहले ही दिल्ली की जीत के साथ खत्म कर दिया।
दिल्ली अब जीत के करीब है, उसे जीत के लिए आखिरी 12 गेंदों में आठ रन की दरकार है।
शमी के ओवर से पहले दिल्ली को 24 गेंदों में 36 रनों की दरकार थी। लेकिन अब उसे 18 गेंदों में 16 रनों की दरकार है। शमी ने 17वें ओवर में 20 रन लुटाये जिसने पंजाब के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। 17 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 180/3, ऋषभ पंत (15*), मार्कस स्टॉयनिस (22*)
दिल्ली के अनुभवी सलामी बल्लेबाज शिखर धवन सीजन के अपने पहले शतक से चूक गए हैं। वह अच्छी लय में नजर आ रहे थे लेकिन एक खराब शॉट खेलकर आउट हो गए। धवन स्क्वायर लेग की दिशा में स्वीप करना चाहते थे लेकिन झाय रिचर्डसन की सटीक यॉर्कर पर बोल्ड हो गए। धवन ने 49 गेंदों में 92 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। 16 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 160/3, ऋषभ पंत (13*), मार्कस स्टोइनिस (6*)
पंजाब के तेज गेंदबाज रिले मेरेडिथ का दूसरा ओवर काफी महंगा साबित हुआ। धवन उनके शुरू के तीन गेंदों पर लगातार तीन चौके लगाकर 18 रन बटोरे। 14 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 143/2, शिखर धवन (91*), ऋषभ पंत (4*)
दिल्ली के लिए पहला मैच खेलने उतरे स्टीव स्मिथ बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए। वह 12 गेंदों में 9 रन बनाकर मेरेडिथ की गेंद पर आउट हुए। 11 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 107/2, शिखर धवन (64*), ऋषभ पंत (0*)
पंजाब के तेज गेंदबाज झाय रिचर्डसन ने अपने दूसरे ओवर में भी 12 रन खर्चे। वह दो ओवर में 24 रन लुटा चुके हैं। 10 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 99/1, शिखर धवन (58*), स्टीव स्मिथ (8*)
शिखर धवन का ने अपना 43वां आईपीएल अर्धशतक पूरा किया। धवन ने इस सीजन में दूसरी बार अर्धशतक लगाया है। इस बार उन्होंने 31 गेंदों में अपनी फिफ्टी लगाई।
दीपक हूडा और जलज सक्सेना ने मिलकर दिल्ली के बल्लेबाजों पर काफी हद तक लगाम लगा रखी है। पिछले दो ओवरों में दोनों ने मिलकर 13 रन दिए हैं।
अर्शदीप ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने पृथ्वी का विकेट चटकाने के साथ ही सिर्फ पांच रन खर्चे। छह ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 62/1, शिखर धवन (28*), स्टीव स्मिथ (1*)
अर्शदीप सिंह ने पंजाब को पहली सफलता दिलाई है। उन्होंने पृथ्वी शॉ को गेल के हाथों कैच करवाया। शॉ ने 17 गेंदों में 32 रन बनाए।
शिखर धवन और पृथ्वी शॉ की जोड़ी ने एक बार फिर से अर्धशतकीय साझेदारी की. दोनों ने मिलकर 29 गेंदों में 53 रन की साझेदारी की।
पृथ्वी शॉ और शिखर धवन की सलामी जोड़ी ने दिल्ली को तेज शुरुआत दिलाई है। दोनों ने अभी तक हर मौके को भुनाने की कोशिश की है। तीन ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 31/0, पृथ्वी शॉ (20*), शिखर धवन (11*)
पंजाब किंग्स ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 195 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया है। किंग्स की तरफ से कप्तान केएल राहुल (61) और मयंक अग्रवाल (69) ने तूफानी अर्धशतक लगाए। दिल्ली की टीम को अब अपनी दूसरी जीत दर्ज करने के लिए 196 रनों की जरूरत है।
पहली गेंद पर छक्का खाने के बाद क्रिस वोक्स की शानदार वापसी। वोक्स ने 11 रन के स्कोर पर गेल को आउट किया। गेल इस बार भी कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए। अब हूडा का साथ देंगे पूरन। 17 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर: 162/3, दीपक हूडा (12*), निकोलस पूरन (2*)
रबाडा ने अपने तीसरे ओवर में जोरदार वापसी करते हुए राहुल का विकेट अपने नाम किया। उन्होंने अपने ओवर की दूसरी गेंद धीमी गति से डाली और राहुल ने स्टोइनिस को कैच दे दिया। राहुल 51 गेंदों में 61 रन बनाकर आउट हुए। 16 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर: 150/2, क्रिस गेल (5*), दीपक हूडा (9*)
पंजाब के कप्तान राहुल ने अपना 23वां आईपीएल अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 45 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। 14 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर: 128/1, केएल राहुल (50*), क्रिस गेल (3*)
दिल्ली कैपिटल्स को आखिरकार 13वें ओवर में पहली सफलता मिली। केएल राहुल और मयंक अग्रवाल ने पहले विकेट के लिए 122 रनों की साझेदारी की। अपना पहला मैच खेल रहे मेेरिवाला ने मयंक को धवन के हाथों कैच करवाया और पंंजाब को पहला झटका दिया। मयंक 36 गेंद में 69 रन बनाकर आउट हुए।
रबाडा के लिए दूसरे स्पेल की शुरुआत बेहद ख़राब हुई है। राहुल और मयंक ने उनके कोटे के दूसरे ओवर में 20 रन बटोरे। 11 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर: 114/0, मयंक अग्रवाल (66*), केएल राहुल (42*)
मयंक आज बिल्कुल ही अलग अंदाज में हैं। वह बिल्कुल भी ढिलाई देने के मूड में नहीं हैं। उन्होंने रबाडा दूसरे ओवर की पहली दो गेंदों पर दो छक्के जड़े।
पहले दो मुकाबलों में फेल रहने वाले मयंक अग्रवाल इस मुकाबले पूरे अलग अंदाज में नजर आए हैं। उन्होंने शुरू से ही आक्रामक रूख अपनाते हुए तेजी से रन बटोरा। मयंक ने महज 25 गेंदों में अपना 8वां आईपीएला अर्धशतक पूरा किया।
राहुल और मयंक इस बार किसी भी तरह से दिल्ली के गेंदबाजों को बख्शने के मूड में नहीं हैं। दोनों ही खिलाड़ी जमकर रन बटोर रहे हैं। राहुल की तुलना में आज मयंक ज्यादा आक्रामक हैं। 9 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर: 87/0, मयंक अग्रवाल (46*), केएल राहुल (35*)
अपना पहला मैच खेल रहे लुकमेन मेरीवाला के लिए पहला ओवर अच्छा नहीं साबित हुआ। उनके इस ओवर में पंजाब ने 20 रन बटोरे। दो ओवर के बाद पंजाब का स्कोर: 25/0, मयंक अग्रवाल (14*), केएल राहुल (10*)
दोनों टीमों ने अपनी प्लेइंग XI में बदलाव किए हैं।
दिल्ली कैपिटल्स:
ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, स्टीव स्मिथ, मार्कस स्टॉयनिस, ललित यादव, क्रिस वोक्स, रविचंद्रन अश्विन, कागिसो रबाडा, आवेश ख़ान, लुकमेन मेरीवाला
पंजाब किंग्स:
के एल राहुल, क्रिस गेल, मयंक अग्रवाल, निकोलस पूरन, दीपक हूडा, शाहरूख़ खान, झाय रिचर्डसन, जलज सक्सेना, मोहम्मद शमी, रायली मेरेडिथ, अर्शदीप सिंह
दिल्ली कैपिटल्स ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है, यानी वानखेड़े में पंजाब किंग्स पहले बल्लेबाजी करेगी।
पंजाब की तरफ से जलज सक्सेना तो दिल्ली की तरफ से स्टीव स्मिथ और लुकमान मेरीवाला को कैप मिली है यानि ये तीनों खिलाड़ी आज अपनी टीमों से डेब्यू कर रहे हैं।
दोनों टीमों के बीच पंंजाब का पलड़ा भारी।
नमस्कार, अमर उजाला डॉट कॉम के लाइव ब्लॉग में आप सभी का स्वागत है। सुपर संडे के दूसरे मुकाबले में दो विकेटकीपर कप्तान आमने-सामने हैं। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ऋषभ पंत दिल्ली कैपिटल्स की तो केएल राहुल पंजाब किंग्स की अगुवाई कर रहे हैं। दोनों ही टीमों ने अभी तक एक-एक मुकाबले जीते हैं और दोनों को ही उनके पिछले मैच में हार मिली है। ऐसे में पंत और राहुल यहां दूसरी जीत दर्ज करने के लिए पूरा जोर लगाएंगे।