फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

DC vs PBKS Highlights: पंजाब ने हासिल किया आईपीएल का सबसे बड़ा रन चेज, दिल्ली को छह विकेट से हराया

Sat, 25 Apr 2026 07:46 PM IST
Sovit Chaturvedi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

DC vs PBKS Indian Premier League 2026: पंजाब किंग्स ने कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की मदद से दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से हराया है। दिल्ली ने पंजाब को 265 रनों का लक्ष्य दिया था, लेकिन पंजाब ने सात गेंद शेष रहते ही मुकाबला अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन
श्रेयस अय्यर - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:45 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: आईपीएल का सबसे सफल रन चेज

पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से हराकर आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज किया है। दिल्ली ने केएल राहुल के नाबाद 152 रन की बदौलत 20 ओवर में दो विकेट पर 264 रन बनाए। जवाब में पंजाब के लिए प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर ने अर्धशतक लगाए जिससे टीम ने 18.5 ओवर में चार विकेट पर 265 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। आईपीएल का यह सबसे  बड़ा रन चेज है। ये रिकॉर्ड पहले भी पंजाब के ही नाम था जिन्होंने 2024 में केकेआर के खिलाफ दो विकेट पर 262 रन बनाए थे। अब पंजाब ने अपने इस रिकॉर्ड में सुधार किया है। 

पंजाब का आईपीएल 2026 में अजेय अभियान जारी है और वह अंक तालिका में शीर्ष पर बरकरार है। पंजाब के लिए प्रभसिमरन सिंह ने सबसे ज्यादा 26 गेंदों पर नौ चौकों और पांच छक्कों की मदद से 76 रन बनाए, जबकि श्रेयस 36 गेंदों पर तीन चौकों और सात छक्कों के सहारे 71 रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली के लिए कुलदीप यादव ने दो विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल और विपराज निगम को एक-एक सफलता मिली। 

07:30 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: श्रेयस का अर्धशतक

श्रेयस अय्यर ने खुद को दो बार मिले जीवनदान का फायदा उठाया और 26 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। श्रेयस शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं जिससे टीम का स्कोर 220 के पार पहुंच गया है।

07:21 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: पंजाब को चौथा झटका

विपराज निगम ने इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे नेहाल वढेरा को आउट कर पंजाब को चौथा झटका दिया है। विपराज 15 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 25 रन बनाकर आउट हुए। विपराज और श्रेयस के बीच चौथे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी हुई।

विज्ञापन
07:09 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: श्रेयस-वढेरा की साझेदारी

तीन झटके लगने के बाद श्रेयस अय्यर और इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे नेहाल वढेरा के बीच साझेदारी पनप रही है। पंजाब का स्कोर भी 200 रन के करीब पहुंच गया है।

06:50 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: कोनोली आउट हुए

कुलदीप यादव ने कूपर कोनोली को बोल्ड कर पंजाब को तीसरा झटका दिया है। कोनोली को मुकेश कुमार ने एक जीवनदान दिया था, लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा सके और 10 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 17 रन बनाकर आउट हुए। 

विज्ञापन
06:42 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: प्रभसिमरन पवेलियन लौटे

कुलदीप यादव ने प्रभसिमरन सिंह को आउट कर पंजाब को दूसरा झटका दिया है। प्रभसिमरन शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 26 गेंदों पर नौ चौकों और पांच छक्कों की मदद से 76 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 

06:37 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: पंजाब को पहला झटका

पंजाब किंग्स को प्रियांश आर्या के रूप में पहला झटका लगा है। प्रियांश को अक्षर पटेल ने अपना शिकार बनाया जो 17 गेंदों पर दो चौकों और पांच छक्कों की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। प्रियांश और प्रभसिमरन के बीच पहले विकेट के लिए 126 रनों की साझेदारी हुई। 

06:30 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: पावरप्ले का दूसरा सर्वोच्च स्कोर

पंजाब किंग्स ने आईपीएल में पावरप्ले का दूसरा सर्वोच्च स्कोर बना डाला है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 265 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या ने पंजाब को धुआंधार शुरुआत दिलाई है। पंजाब ने पहले छह ओवर में ही बिना किसी नुकसान के 116 रन बनाए हैं। ये आईपीएल में पावरप्ले में बना दूसरा सर्वोच्च स्कोर है। 

06:27 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: प्रभसिमरन का पचासा

प्रभसिमरन सिंह ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अर्धशतक लगा दिया है। पंजाब किंग्स ने पावरप्ले खत्म होने से पहले ही 100 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। 

06:09 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: मैच दोबारा शुरू

एनगिडी के चोटिल होने के कारण मैच कुछ देर तक रुका रहा, लेकिन अब मैच दोबारा शुरू हो चुका है। एनगिडी फील्डिंग करते वक्त गंभीर रूप से चोटिल हो गए थे जिन्हें एंबुलेंस के जरिये अस्पताल ले जाया गया है। एनगिडी की जगह दुष्मंता चमीरा मैदान पर उतरे हैं। लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने शानदार शुरुआत की है और चार ओवर में 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। 

05:55 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: फील्डिंग करते वक्त गंभीर रूप से चोटिल हुए एनगिडी

दिल्ली कैपिटल्स के घातक गेंदबाज लुंगी एनगिडी फील्डिंग करते वक्त चोटिल हो गए। फिलहाल मैदान पर फीजियो मौजूद हैं। एनगिडी की चोट ज्यादा गंभीर मालूम पड़ रही है। शुरुआत में वह डॉक्टर से कुछ बात कर रहे थे, लेकिन फिलहाल स्थिति गंभीर लग रही है। मैदान पर पंजाब किंग्स के कोच रिकी पोंटिंग भी मौजूद हैं और दर्शक भी इस दृष्य से चिंता में दिख रहे हैं। मैच फिलहाल रुका हुआ है। स्थिति कितनी गंभीर से इस बात का अंदाजा इससे ही लगाया जा सकता है कि मैदान के अंदर एंबुलेंस भी आ गई है। 

05:44 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: पंजाब की पारी जारी

पंजाब किंग्स की पारी जारी है। प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या क्रीज पर मौजूद हैं। 

05:23 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: दिल्ली की पारी समाप्त

केएल राहुल और नीतीश राणा के बीच दूसरे विकेट के लिए हुई 220 रनों की साझेदारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 265 रनों का लक्ष्य दिया है। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में दो विकेट पर 264 रन बनाए। केएल राहुल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आईपीएल का अपना छठा शतक लगाया। राहुल और नीतीश ने दमदार साझेदारी की जिससे दिल्ली पंजाब के सामने विशाल लक्ष्य रखने में सफल रही। 

दिल्ली के लिए केएल राहुल ने 67 गेंदों पर 16 चौकों और नौ छक्कों की मदद से नाबाद 152 रन बनाए, जबकि नीतीश 44 गेंदों पर 11 चौकों और चार छक्कों की मदद से 91 रन बनाकर पवेलियन लौटे। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और अर्शदीप सिंह ने जल्द ही पाथुम निसांका को आउट कर दिया था जो सात गेंदों पर दो चौकों की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद राहुल और नीतीश ने दिल्ली की पारी को संभाला और पंजाब के गेंदबाजों को जमकर परेशान करते हुए दबाव बनाया। राहुल ने 47 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया, लेकिन नीतीश सैकड़ा जड़ने से पहले ही आउट हो गए। डेविड मिलर तीन रन बनाकर नाबाद रहे। पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह और जैवियर बार्टलेट को एक-एक विकेट मिला। 

05:15 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: नीतीश शतक से चूके

नीतीश राणा शतक से चूक गए और जैवियर बार्टलेट ने उन्हें अपना शिकार बनाया। नीतीश शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 44 गेंदों पर 11 चौकों और चार छक्कों की मदद से 91 रन बनाकर पवेलियन लौटे। नीतीश और केएल राहुल के बीच दूसरे विकेट के लिए 220 रनों की साझेदारी हुई। 

05:08 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: केएल-नीतीश के बीच 200+ की साझेदारी

केएल राहुल और नीतीश राणा के बीच 200+ रनों की साझेदारी हो गई है। राहुल और नीतीश दोनों ही शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। इन दोनों ने पंजाब के गेंदबाजों पर लगातारा दबाव बनाया हुआ है।

04:48 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: केएल राहुल का शतक

केएल राहुल ने पंजाब किंग्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 47 गेंदों पर शतक जड़ दिया है। राहुल और नीतीश राणा के बीच अब तक 160+ रनों की साझेदारी हो चुकी है जिससे दिल्ली बड़े स्कोर की ओर बढ़ गई है। 

04:30 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: नीतीश का अर्धशतक

नीतीश राणा ने 29 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर लिया है। राणा ने केएल राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 100+ रनों की साझेदारी भी कर ली है। दोनों बल्लेबाज शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं।

04:18 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: राहुल का पचासा

केएल राहुल ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 26 गेंदों पर अर्धशतक लगा दिया है। राहुल ने शुरुआती झटके के बाद नीतीश राणा के साथ मिलकर पारी को संभाला। राहुल और नीतीश के बीच 60+ रनों की साझेदारी हो चुकी है। 

04:00 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: पावरप्ले समाप्त

दिल्ली की पारी का पावरप्ले समाप्त हो गया है। दिल्ली ने पहला झटका लगने के बाद केएल राहुल और नीतीश राणा की मदद से पारी को संभाल लिया है। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए साझेदारी जारी है जिससे टीम का स्कोर 65 के पार पहुंच गया है। पावरप्ले में पंजाब को एक सफलता मिली है।

03:43 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: दिल्ली को पहला झटका

अर्शदीप सिंह ने पाथुम निसांका को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को पहला झटका दिया है। दिल्ली ने सधी शुरुआत की थी, लेकिन निसांका ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और सात गेंदों पर दो चौकों की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुए। 

03:31 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: दिल्ली की बल्लेबाजी शुरू

पंजाब किंग्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। दिल्ली के लिए पाथुम निसांका के साथ केएल राहुल उतरे हैं। 

03:08 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्या, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसेन, जैवियर बार्टलेट, विजयकुमार विशाक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल। 
इम्पैक्ट सब: नेहल वढेरा, हरप्रीत बरार, सूर्यांश शेडगे, यश ठाकुर, विष्णु विनोद। 

दिल्ली कैपिटल्स: केएल राहुल (विकेटकीपर), पाथुम निसांका, समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), नीतीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी. नटराजन, मुकेश कुमार।
इम्पैक्ट सब: विपराज निगम, करुण नायर, दुश्मंता चमीरा, आशुतोष शर्मा, आकिब नबी डार।

03:02 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: दिल्ली ने जीता टॉस

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने पंजाब किंग्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। दिल्ली और पंजाब ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। 

02:35 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: कहां फंस रही दिल्ली?

सलामी बल्लेबाज पाथुम निसांका शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में असफल रहे हैं, जिससे मध्यक्रम पर दबाव बढ़ गया है। कप्तान अक्षर पटेल से भी उम्मीद की जा रही है कि वह बल्ले और रणनीति दोनों में अधिक जिम्मेदारी निभाएं। पिछले मैच में उनके कुछ निर्णयों पर भी सवाल उठे हैं, खासकर गेंदबाजी बदलावों को लेकर। विस्फोटक अभिषेक शर्मा के खिलाफ उन्होंने कामचलाऊ गेंदबाज नितीश राणा को लगातार इस्तेमाल किया, जो असरदार साबित नहीं हुआ। दिल्ली का क्षेत्ररक्षण भी चिंता का विषय रहा है। टीम ने कुछ मैचों में स्टंपिंग के मौके गंवाए, रन-आउट में गलतियां कीं और आसान कैच छोड़े, जिसका उसे काफी नुकसान हुआ है।

02:12 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: अंक तालिका में दोनों टीमों की स्थिति

छह मैचों में तीन जीत और तीन हार के साथ दिल्ली फिलहाल अंक तालिका के छठे स्थान पर है, जबकि पंजाब किंग्स छह मुकाबलों में 11 अंकों के साथ शीर्ष पर काबिज है। उनका एकमात्र अंक तब गया था जब कोलकाता में मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। पंजाब की टीम टूर्नामेंट की एकमात्र टीम है जो अब तक अजेय चल रही है। दिल्ली के लिए राहत की बात यह है कि उसके स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क आईपीएल में खेलने के लिए फिट हो गए हैं, लेकिन वह इस मैच में शायद ही हिस्सा ले पाएंगे। 

02:11 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Live Score: दिल्ली के सामने कठिन चुनौती

दिल्ली कैपिटल्स को आईपीएल के अपने अभियान को फिर से पटरी पर लाने के लिए शनिवार को होने वाले मुकाबले में तालिका में शीर्ष पर चल रही पंजाब किंग्स के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद से 47 रन से हार का सामना करने वाली दिल्ली के लिए वापसी की राह काफी चुनौतीपूर्ण होगी। इसके लिए उसके ज्यादातर खिलाड़ियों को एक साथ अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

01:59 PM, 25-Apr-2026

DC vs PBKS Highlights: पंजाब ने हासिल किया आईपीएल का सबसे बड़ा रन चेज, दिल्ली को छह विकेट से हराया

IPL Live Cricket Score, DC vs PBKS Indian Premier League 2026: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2026 में आज पंजाब किंग्स का सामना दिल्ली कैपिटल्स से है। दिल्ली के सामने पंजाब किंग्स को रोकने की चुनौती है जो इस सीजन अब तक अजेय बनी हुई है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें