फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

DC vs MI Highlights: दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को छह विकेट से हराया, लगातार दूसरे मैच में चमके रिजवी

Sat, 04 Apr 2026 07:03 PM IST
Sovit Chaturvedi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

DC vs MI IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2026 सीजन की शानदार शुरुआत की है। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे समीर रिजवी ने लगातार दूसरे मैच में अर्धशतक लगाकर टीम को जीत दिलाई। समीर के दम पर ही दिल्ली मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत दर्ज करने में सफल रही।
विज्ञापन
समीर रिजवी - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:03 PM, 04-Apr-2026

Live Score DC vs MI: दिल्ली कैपिटल्स की दूसरी जीत

समीर रिजवी के शानदार प्रदर्शन की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को छह विकेट से हरा दिया है। दिल्ली ने इस सीजन लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 162 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली ने समीर रिजवी के 90 रन की पारी के दम पर 18.1 ओवर में चार विकेट पर 164 रन बनाकर अपने नाम किया। समीर इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलने उतरे थे और उन्होंने लगातार दूसरे मैच में प्रभाव छोड़ा। 

समीर ने इस मैच में दमदार बल्लेबाजी की और डेविड मिलर के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 78 रनों की साझेदारी की। लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और उसने जल्द ही दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद दिल्ली ने रिजवी को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतारा। रिजवी ने पहले पाथुम निसांका के साथ तीसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़े और फिर मिलर के साथ मिलकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। समीर हालांकि, शतक पूरा नहीं कर सके और 51 गेंदों पर सात चौकों और सात छक्कों की मदद से 90 रन बनाकर आउट हुए। दिल्ली के लिए निसांका ने 44 रन बनाए, जबकि डेविड मिलर 21 रन बनाकर नाबाद रहे और ट्रिस्टन स्टब्स ने नाबाद तीन रन बनाए।

06:53 PM, 04-Apr-2026

Live Score DC vs MI: रिजवी शतक से चूके

इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे समीर रिजवी शतक लगाने से चूक गए हैं। कॉर्बिन बॉश ने रिजवी को आउट किया जो 51 गेंदों पर सात चौकों और सात छक्कों की मदद से 90 रन बनाकर आउट हुए। रिजवी और मिलर के बीच चौथे विकेट के लिए 78 रनों की साझेदारी हुई।

06:41 PM, 04-Apr-2026

Live Score DC vs MI: मिलर-रिजवी की साझेदारी

समीर रिजवी ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखी है और डेविड मिलर के साथ चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली है। समीर इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे हैं और अपना प्रभाव छोड़ने में सफल रहे हैं।

विज्ञापन
06:26 PM, 04-Apr-2026

Live Score DC vs MI: रिजवी का पचासा

दिल्ली कैपिटल्स के लिए इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलने उतरे समीर रिजवी ने लगातार दूसरे मैच में अर्धशतक लगाया है। रिजवी ने 31 गेंदों पर पचासा पूरा किया। रिजवी ने इससे पहले लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ नाबाद 70 रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई थी।

06:18 PM, 04-Apr-2026

Live Score DC vs MI: निसांका अर्धशतक से चूके

मिचेल सैंटनर ने पाथुम निसांका को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को तीसरा झटका दिया है। निसांका शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 30 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 44 रन बनाकर आउट हो गए। निसांका और समीर रिजवी के बीच तीसरे विकेट के लिए 66 रनों की साझेदारी हुई।

विज्ञापन
06:00 PM, 04-Apr-2026

Live Score DC vs MI: निसांका ने संभाली पारी

शुरुआती झटके लगने के बाद पाथुम निसांका ने दिल्ली कैपिटल्स की पारी को संभाल लिया है। दिल्ली के लिए समीर रिजवी इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे हैं। पावरप्ले के बाद दिल्ली का स्कोर दो विकेट पर 42 रन है।

05:39 PM, 04-Apr-2026

Live Score DC vs MI: नीतीश राणा रन आउट

मुंबई के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को शुरुआती झटके लगे हैं। राहुल चाहर ने पहले केएल राहुल को आउट किया और अब नीतीश राणा रन आउट होकर पवेलियन लौटे। नीतीश खाता भी नहीं खोल सके। 

05:34 PM, 04-Apr-2026

Live Score DC vs MI: दिल्ली को पहला झटका

दिल्ली कैपिटल्स को पहले ही ओवर में झटका लगा है। दीपक चाहर ने केएल राहुल को आउट कर पवेलियन की राह दिखाई। राहुल तीन गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हुए।

05:15 PM, 04-Apr-2026

Live Score DC vs MI: मुंबई ने दिया 163 रनों का लक्ष्य

कप्तान सूर्यकुमार यादव के अर्धशतक की मदद से मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 163 रनों का लक्ष्य दिया है। दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर मुंबई को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। मुंबई ने 20 ओवर में छह विकेट पर 162 रन बनाए। मुंबई के लिए सूर्यकुमार ने सबसे ज्यादा 51 रन की पारी खेली, जबकि रोहित शर्मा ने 35 रन बनाए। दिल्ली की ओर से मुकेश कुमार ने दो विकेट लिए। वहीं, लुंगी एनगिडी, अक्षर पटेल, विपरज निगम और टी. नटराजन को एक-एक सफलता मिली।

05:04 PM, 04-Apr-2026

Live Score DC vs MI: मुंबई को छठा झटका

नटराजन ने मुंबई इंडियंस को छठा झटका दिया है। नटराजन ने नमन धीर को आउट किया जो 21 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 28 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

04:46 PM, 04-Apr-2026

Live Score DC vs MI: सूर्यकुमार यादव आउट

सूर्यकुमार यादव अर्धशतक लगाकर पवेलियन लौट गए हैं। लुंगी एनगिडी ने सूर्यकुमार को आउट किया जो 36 गेंदों पर तीन चौका और दो छक्के की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए। 

04:44 PM, 04-Apr-2026

Live Score DC vs MI: सूर्यकुमार का पचासा

मुंबई इंडियंस के स्टैंड इन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 35 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर लिया है। सूर्यकुमार पिछले कुछ समय से रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे, लेकिन दिल्ली के खिलाफ उनका बल्ला जमकर बोला। 

04:27 PM, 04-Apr-2026

Live Score DC vs MI: रदरफोर्ड आउट हुए

विपरज निगम ने शेरफेन रदरफोर्ड को आउट कर मुंबई इंडियंस को चौथा झटका दिया है। मुंबई ने 85 रन के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए हैं। रदरफोर्ड सात गेंदों पर एक चौके की मदद से पांच रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल क्रीज पर सूर्यकुमार यादव और नमन धीर मौजूद हैं।

04:17 PM, 04-Apr-2026

Live Score DC vs MI: रोहित शर्मा आउट

अक्षर पटेल ने रोहित शर्मा को आउट कर मुंबई इंडियंस को तीसरा झटका दिया है। रोहित 26 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए। रोहित और सूर्यकुमार यादव के बीच तीसरे विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी हुई।

04:00 PM, 04-Apr-2026

DC vs MI Live Score: पावरप्ले समाप्त

मुंबई इंडियंस ने पावरप्ले में 40 के पार स्कोर बनाया, जबकि मुकेश कुमार ने दिल्ली को दो सफलताएं दिलाई। छह ओवर के बाद मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 41 रन है। फिलहाल रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर मौजूद हैं।

03:45 PM, 04-Apr-2026

DC vs MI Live Score: तिलक खाता खोले बिना आउट

मुकेश कुमार ने एक ही ओवर में मुंबई को दो झटके दिए। मुकेश ने पहले तीसरी गेंद पर रिकेल्टन को आउट किया और फिर पांचवीं गेंद पर तिलक वर्मा को पवेलियन भेजा। तिलक खाता खोले बिना आउट हुए।

03:42 PM, 04-Apr-2026

DC vs MI Live Score: मुंबई को पहला झटका

मुकेश कुमार ने रेयान रिकेल्टन को आउट कर मुंबई इंडियंस को पहला झटका दिया। रिकेल्टन 11 गेंदों पर दो चौकों की मदद से नौ रन बनाकर आउट हुए।

03:37 PM, 04-Apr-2026

DC vs MI Live Score: मुंबई की पारी शुरू

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस की पारी शुरू हो गई है। मुंबई के लिए रोहित शर्मा के साथ रेयान रिकेल्टन पारी की शुरुआत करने उतरे हैं।

03:11 PM, 04-Apr-2026

DC vs MI Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

दिल्ली कैपिटल्स: केएल राहुल (विकेटकीपर), पाथुम निसांका, नीतीश राणा, अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, विपराज निगम, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी. नटराजन, मुकेश कुमार।
इम्पैक्ट प्लेयर: आशुतोष शर्मा, औकिब नबी डार, समीर रिजवी, करुण नायर।

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, रेयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), नमन धीर, शेरफाने रदरफोर्ड, मिचेल सैंटनर, कॉर्बिन बॉश, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह।
इम्पैक्ट प्लेयर: मयंक मारकंडे, रॉबिन मिंज, राज बाजवा, ट्रेंट बोल्ट, अश्विनी कुमार।

03:03 PM, 04-Apr-2026

DC vs MI Live Score: दिल्ली ने जीता टॉस

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। मुंबई के लिए इस मैच में हार्दिक पांड्या नहीं खेल रहे हैं। स्टैंड इन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि हार्दिक की तबीयत ठीक नहीं है जिस कारण वह इस मैच का हिस्सा नहीं है। दिल्ली ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में कोआ बदलाव नहीं किया है, जबकि मुंबई टीम में दीपक चाहर, कॉर्बिन बॉश और मिचेल सैंटनर की वापसी हुई है।

02:59 PM, 04-Apr-2026

DC vs MI Live Score: हार्दिक नहीं रहेंगे उपलब्ध

मुंबई इंडियंस के लिए इस मैच में कप्तान हार्दिक पांड्या उपलब्ध नहीं होंगे। उनकी जगह सूर्यकुमार यादव टॉस करने आए हैं।

02:36 PM, 04-Apr-2026

DC vs MI Live Score: आत्मविश्वास से लबरेज मुंबई

मुंबई इंडियंस इस बार आत्मविश्वास से भरी हुई है। टीम ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीत दर्ज कर अपने पहले मैच में हार के 14 साल पुराने सिलसिले को खत्म किया। रोहित शर्मा ने 78 रन की शानदार पारी खेली, जबकि रयान रिकेल्टन ने 81 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया।

02:28 PM, 04-Apr-2026

DC vs MI Live Score: दिल्ली की गेंदबाजी में दम

गेंदबाजी में दिल्ली की टीम मजबूत नजर आई है, भले ही मिचेल स्टार्क इस मैच में उपलब्ध नहीं होंगे। लुंगी एनगिडी ने धीमी गेंदों से प्रभावित किया है, जबकि टी नटराजन ने वापसी करते हुए तीन विकेट लिए। मुकेश कुमार ने भी किफायती गेंदबाजी की। स्पिन विभाग में कुलदीप यादव और कप्तान अक्षर पटेल ने बीच के ओवरों में दबाव बनाए रखा। अब दिल्ली के गेंदबाजों के सामने रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा जैसे खतरनाक बल्लेबाज होंगे, इसलिए उन्हें अपनी गेंदबाजी में विविधता बनाए रखनी होगी।

02:21 PM, 04-Apr-2026

DC vs MI Live Score: दिल्ली की ओपनिंग जोड़ी पर नजर

दिल्ली कैपिटल्स का मुकाबला अपने घरेलू मैदान पर मुंबई इंडियंस से है। इस मैच में सबसे ज्यादा नजरें दिल्ली के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों पर रहेंगी। पिछले सीजन में दिल्ली ने ओपनिंग के लिए कई संयोजन आजमाए थे, लेकिन स्थिरता नहीं मिल पाई। इस साल भी शुरुआत में वही समस्या दिखाई दी है।

02:17 PM, 04-Apr-2026

DC vs MI Highlights: दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को छह विकेट से हराया, लगातार दूसरे मैच में चमके रिजवी

IPL Live Cricket Score, DC vs MI Indian Premier League 2026: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2026 का आज पहला डबल हेडर है। दिल्ली कैपिटल्स का मुंबई इंडियंस से सामना हो रहा है। दोनों टीमों के बीच यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। दिल्ली और मुंबई ने जीत से सीजन की शुरुआत की थी और अब दोनों टीमों के सामने इस लय को बरकरार रखने की चुनौती है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें