फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

DC vs LSG Highlights: दिल्ली की जीत से राजस्थान प्लेऑफ में, रोमांचक मुकाबले में डीसी ने लखनऊ को 19 रन से हराया

Tue, 14 May 2024 11:58 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

DC vs LSG Indian Premier League 2024 Highlights: आईपीएल 2024 के 64वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स का सामना लखनऊ सुपर जाएंट्स से था। यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 208 रन बनाए। जवाब में लखनऊ की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 189 रन बना सकी।
विज्ञापन
दिल्ली की टीम - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:25 PM, 14-May-2024

दिल्ली की 19 रन से जीत

आईपीएल 2024 के 64वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को 19 रन से हरा दिया है। इस जीत के साथ दिल्ली की टीम अभी भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। वहीं, दिल्ली की जीत से राजस्थान रॉयल्स को फायदा हुआ। राजस्थान की टीम प्लेऑफ में पहुंच गई है। उसके 16 अंक हैं। राजस्थान के अलावा सिर्फ दो और टीम ही 16 या इससे ज्यादा अंक प्राप्त कर सकती है। राजस्थान का एक और मैच बचा है। वहीं, चेन्नई के 13 मैचों में 14 अंक और सनराइजर्स हैदराबाद के 12 मैचों में 14 अंक हैं। इसके अलावा कोई और टीम 14 से ज्यादा अंक नहीं बना पाएगी।

लखनऊ की टीम अभी भी तकनीकी तौर पर आईपीएल में बनी हुई है। हालांकि, उसका एक मैच बचा है और टीम अधिकतक 14 अंक तक ही पहुंच सकती है। उसके 13 मैचों में 14 अंक हैं। वहीं, दिल्ली ने लीग राउंड में अपना अभियान समाप्त कर लिया। उसने 14 मैचों में सात जीत और सात हार के साथ 14 अंक लेकर अपना अभियान समाप्त किया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 12 अंक लेकर प्लेऑफ की रेस में है। उसे 18 मई को चेन्नई सुपर किंग्स से भिड़ना है। इस मैच को जीतने वाली टीम प्लेऑफ में जगह पक्की कर सकती है, क्योंकि दोनों का नेट रन रेट पॉजिटिव है, जबकि दिल्ली और लखनऊ का नेट रन रेट निगेटिव है।

मैच की बात करें तो दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 208 रन बनाए थे। अभिषेक पोरेल ने 33 गेंद में 58 रन और ट्रिस्टन स्टब्स ने 25 गेंद में 57 रन की नाबाद पारी खेली थी। जवाब में लखनऊ की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 189 रन ही बना पाई। निकोलस पूरन ने 27 गेंद में 61 रन की पारी खेली। वहीं, अरशद खान 33 गेंद में 58 रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली की ओर से ईशांत शर्मा ने तीन विकेट झटके।

11:17 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: लखनऊ को नौवां झटका

19वें ओवर में 183 के स्कोर पर लखनऊ को नौवां झटका लगा। रवि बिश्नोई रन आउट हो गए। दो रन लेने के चक्कर में और अरशद को स्ट्राइक देने के चक्कर में बिश्नोई रन आउट हो गए। 19 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर नौ विकेट पर 186 रन है। लखनऊ को छह गेंद में 23 रन की जरूरत है।

11:13 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: अरशद की तूफानी पारी

लखनऊ को आखिरी दो ओवर में 29 रन बनाने हैं। अरशद खान तूफानी पारी खेल रहे हैं। उन्होंने 25 गेंद में अपने आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया। फिलहाल अरशद 26 गेंद में 52 रन और रवि बिश्नोई एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर आठ विकेट पर 180 रन है।

विज्ञापन
10:55 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: लखनऊ को सातवां झटका

लखनऊ को 134 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। कुलदीप यादव ने क्रुणाल पांड्या को विकेटकीपर पंत के हाथों स्टंप कराया। वह 18 गेंद में 18 रन बना सके। फिलहाल अरशद खान और युद्धवीर सिंह चरक क्रीज पर हैं। लखनऊ को 30 गेंद में 74 रन की जरूरत है।

10:39 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: निकोलस पूरन आउट

लखनऊ की टीम को 12वें ओवर में 101 के स्कोर पर छठा झटका लगा। शानदार बल्लेबाजी कर रहे निकोलस पूरन 27 गेंद में छह चौके और चार छक्के की मदद से 61 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मुकेश कुमार ने अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। फिलहाल अरशद खान और क्रुणाल पांड्या क्रीज पर हैं। लखनऊ के लिए स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। उन्हें 48 गेंद में 104 रन की जरूरत है। 

विज्ञापन
10:26 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: पूरन का अर्धशतक

नौ ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर पांच विकेट पर 85 रन है। फिलहाल निकोलस पूरन 22 गेंद में 53 रन और क्रुणाल पांड्या दो रन बनाकर क्रीज पर हैं। पूरन ने 20 गेंद में आईपीएल करियर का आठवां अर्धशतक लगाया। यह लखनऊ की तरह से सबसे तेज अर्धशतक है। लखनऊ को अब 66 गेंद में 124 रन की जरूरत है।

10:22 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: लखनऊ को पांचवां झटका

लखनऊ की टीम को आठवें ओवर में 71 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। ट्रिस्टन स्टब्स ने आयुष बदोनी को गुलबदीन नईब के हाथों कैच कराया। वह छह रन बना सके। फिलहाल निकोलस पूरन 17 गेंद में 42 रन और क्रुणाल पांड्या एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। लखनऊ को 72 गेंद में 136 रन की जरूरत है।

10:06 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: हुड्डा भी आउट

पांचवें ओवर में लखनऊ की टीम को चौथा झटका लगा। ईशांत शर्मा ने राहुल और डिकॉक के बाद दीपक हुड्डा को भी पवेलियन भेजा। हुड्डा खाता भी नहीं खोल सके। इसके अलावा अक्षर पटेल ने मार्कस स्टोइनिस को आउट किया था। फिलहाल निकोलस पूरन और आयुष बदोनी क्रीज पर हैं। पांच ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर चार विकेट पर 48 रन है।

09:58 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: लखनऊ को तीसरा झटका

लखनऊ को चौथे ओवर में तीसरा झटका लगा। अक्षर पटेल ने पहली ही गेंद पर मार्कस स्टोइनिस को विकेटकीपर पंत के हाथों स्टंप कराया। स्टोइनिस पांच रन बना सके। इससे पहले केएल राहुल और क्विंटन डिकॉक भी पवेलियन लौट चुके हैं।

09:55 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: लखनऊ को दूसरा झटका

लखनऊ को तीसरे ओवर में 24 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। केएल राहुल के बाद क्विंटन डिकॉक भी पवेलियन लौट चुके हैं। इन दोनों को ईशांत शर्मा ने आउट किया। राहुल पांच और डिकॉक 12 रन बना सके। फिलहाल दीपक हुड्डा और मार्कस स्टोइनिस क्रीज पर हैं।

09:44 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: लखनऊ को पहला झटका

लखनऊ को पहले ही ओवर में सात के स्कोर पर झटका लगा। ईशांत शर्मा ने केएल राहुल को मुकेश कुमार के हाथों कैच कराया। मुकेश ने पीछे दौड़ते हुए शानदार कैच लपका। राहुल पांच रन बना सके। उनका खराब फॉर्म जारी है। फिलहाल क्विंटन डिकॉक और मार्कस स्टोइनिस क्रीज पर हैं।

09:25 PM, 14-May-2024

दिल्ली ने 208 रन बनाए

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के सामने 209 रन का लक्ष्य रखा है। दिल्ली ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 208 रन बनाए। ट्रिस्टन स्टब्स ने 25 गेंद में 57 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं, अभिषेक पोरेल ने 33 गेंद में 58 रन बनाए। लखनऊ की ओर से नवीन उल हक ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए। एक सीजन में सबसे ज्यादा बार 200+ के स्कोर के मामले में इस सीजन ने 2023 की बराबरी कर ली है। पिछले सीजन 37 बार 200+ के स्कोर बने थे। इस सीजन भी 37 200+ के स्कोर बन चुके हैं। अगर लखनऊ इसे चेज कर जाती है तो पिछले सीजन का रिकॉर्ड टूट जाएगा।

09:08 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: दिल्ली को चौथा झटका

दिल्ली ने 17 ओवर के बाद चार विकेट गंवाकर 163 रन बना लिए हैं। फिलहाल ट्रिस्टन स्टब्स 15 गेंद में 24 रन और अक्षर पटेल दो रन बनाकर क्रीज पर हैं। इस ओवर में नवीन उल हक ने कप्तान ऋषभ पंत को दीपक हुड्डा के हाथों कैच कराया। वह 23 गेंद में पांच चौके की मदद से 33 रन बनाकर आउट हुए। 

08:47 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: पंत-स्टब्स क्रीज पर

14 ओवर के बाद दिल्ली ने तीन विकेट गंवाकर 132 रन बना लिए हैं। फिलहाल ट्रिस्टन स्टब्स पांच रन और कप्तान ऋषभ पंत 24 रन बनाकर क्रीज पर हैं। इससे पहले अभिषेक पोरेल ने 33 गेंद में 58 रन की पारी खेली थी। हालांकि, पोरेल के आउट होने के बाद से दिल्ली का रन रेट गिर गया है। पोरेल के समय दिल्ली की टीम 11 के रन रेट से रन बना रही थी। अभी टीम का रन रेट 9.43 का है।

08:32 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: दिल्ली को तीसरा झटका

दिल्ली को 12वें ओवर में 111 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। अभिषेक पोरेल 33 गेंद में पांच चौके और चार छक्के की मदद से 58 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें नवीन उल हक ने निकोलस पूरन के हाथों कैच कराया। फिलहाल कप्तान ऋषभ पंत और ट्रिस्टन स्टब्स क्रीज पर हैं।

08:22 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: शाई होप आउट

दिल्ली को नौवें ओवर में 94 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। शाई होप 27 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अभिषेक पोरेल के साथ दूसरे विकेट के लिए 49 गेंद में 92 रन की साझेदारी निभाई। इससे पहले मैकगर्क खाता खोले बिना पवेलियन लौटे थे। होप को रवि बिश्नोई ने केएल राहुल के हाथों कैच कराया। फिलहाल अभिषेक पोरेल 24 गेंद में 52 रन और कप्तान ऋषभ पंत एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।

08:16 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: पोरेल का अर्धशतक

अभिषेक पोरेल ने 21 गेंद में आईपीएल करियर का दूसरा अर्धशतक जड़ा। उन्होंने शाई होप के साथ 80 से ज्यादा रन की साझेदारी कर ली है। आठ ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर एक विकेट पर 88 रन है। 

08:06 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: पावरप्ले खत्म

पावरप्ले खत्म हो चुका है और दिल्ली ने अब तक आक्रामक बल्लेबाजी की है। उन्होंने छह ओवर में एक विकेट गंवाकर 73 रन बना लिए हैं। शाई होप 18 गेंद में 25 रन और अभिषेक पोरेल 16 गेंद में 43 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दो के स्कोर पर दिल्ली का पहला विकेट गिरा था। जेक फ्रेजर मैकगर्क खाता खोले बिना आउट हुए थे।

07:49 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: पोरेल की आक्रामक बल्लेबाजी

तीन ओवर के बाद दिल्ली ने एक विकेट गंवाकर 35 रन बना लिए हैं। पहले ओवर में जेक फ्रेजर मैकगर्क का विकेट गंवाने के बाद दिल्ली ने जबरदस्त वापसी की है। अभिषेक पोरेल आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं। फिलहाल पोरेल नौ गेंद में 26 रन और शाई होप सात गेंद में पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। अरशद के तीसरे ओवर में 21 रन आए।

07:34 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: दिल्ली को पहला झटका

दिल्ली को पहले ही ओवर में पहला झटका लगा। टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी करने वाले जेक फ्रेजर मैकगर्क खाता भी नहीं खोल सके। उन्हें अरशद खान ने नवीन उल हक के हाथों कैच कराया। फिलहाल शाई होप और अभिषेक पोरेल क्रीज पर हैं।

07:07 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

लखनऊ सुपर जाएंट्स: केएल राहुल (विकेटकीपर/कप्तान), क्विंटन डिकॉक, मार्कस स्टोइनिस, दीपक हुड्डा, निकोलस पूरन, क्रुणाल पांड्या, युद्धवीर सिंह चरक, अरशद खान, रवि बिश्नोई, नवीन-उल-हक, मोहसिन खान। इम्पैक्ट सब: एम सिद्धार्थ, देवदत्त पडिक्कल, आयुष बदोनी, प्रेरक मांकड़, कृष्णप्पा गौतम।

दिल्ली कैपिटल्स: अभिषेक पोरेल, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, शाई होप, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, गुलबदीन नईब, रसिख डार सलाम, मुकेश कुमार, कुलदीप यादव, खलील अहमद। इम्पैक्ट सब: ईशांत शर्मा, कुमार कुशाग्र, प्रवीण दुबे, स्वास्तिक चिकारा, ललित यादव।

07:02 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: लखनऊ ने जीता टॉस

लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। राहुल ने बताया कि युद्धवीर सिंह चरक और अरशद खान की टीम में वापसी हुई है। वहीं, दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा कि उनकी प्लेइंग-11 में भी दो बदलाव हैं। कुमार कुशाग्र की जगह पंत की वापसी हुई है। वह पिछले मैच में बैन की वजह से नहीं खेले थे। वहीं, डेविड वॉर्नर की जगह गुलबदीन नईब की टीम में वापसी हुई है।

06:49 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: पंत की वापसी से दिल्ली को मिलेगा बल

पंत की वापसी से दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी को बल मिलेगा। दूसरी तरफ दिल्ली की टीम को एक मैच के निलंबन के बाद कप्तान ऋषभ पंत की वापसी से मजबूती मिलेगी। टीम को सुपरजाएंट्स के खिलाफ क्षेत्ररक्षण में सुधार करना होगा क्योंकि टीम ने आरसीबी के खिलाफ कई कैच टपकाए। गेंदबाजों ने आरसीबी के बल्लेबाजों को अच्छी शुरुआत करने का मौका दिया जबकि उसके बल्लेबाजों ने पावरपले में चार ओवर के भीतर ही चार विकेट गंवा दिए जिससे टीम मौजूदा आईपीएल में 140 रन के अपने न्यूनतम स्कोर पर सिमट गई। दिल्ली ने हालांकि मौजूदा सत्र में चार बार 200 से अधिक रन बनाए हैं और टीम को यह प्रदर्शन दोहराने की उम्मीद होगी जिससे कि प्लेऑफ में जगह बनाने की उम्मीद बरकरार रख सके। जैक फ्रेजर मैकगर्क सात मैच में 237.41 के स्ट्राइक रेट से 330 रन बनाकर टीम के सबसे प्रभावी बल्लेबाज रहे हैं।

06:49 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: स्टोइनिस और पूरन पर दारोमदार

राहुल के अलावा क्विंटन डिकॉक की खराब फॉर्म के कारण भी सुपरजाएंट्स को मौजूदा सीजन में पावरप्ले में जूझना पड़ा है जिससे मार्कस स्टोइनिस और निकोलस पूरन जैसे खिलाड़ियों पर दबाव बड़ा है। पूरन और आयुष बदोनी पिछले मैच में टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाने में सफल रहे थे लेकिन गेंदबाज बुरी तरह से विफल रहे जब ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने 9.4 ओवर में ही 167 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया जो टी-20 क्रिकेट में रिकॉर्ड है। टीम को तेज गेंदबाज मयंक यादव के चोटिल होने का खामियाजा भी भुगतना पड़ रहा है क्योंकि यश ठाकुर और नवीन उल हक उनकी कमी को पूरा करने में नाकाम रहे हैं। मोहसिन खान भी चोट के कारण पिछले मैच में नहीं खेले थे। क्रुणाल पांड्या और रवि बिश्नोई की स्पिन जोड़ी भी सनराइजर्स के खिलाफ पूरी तरह से नाकाम रही।

06:48 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: राहुल के भविष्य को लेकर लगाई जा रही अटकलें 

लखनऊ सुपरजाएंट्स के कप्तान के रूप में केएल राहुल के भविष्य को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं क्योंकि बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 10 विकेट की हार के बाद टीम के मालिक ने उन्हें सार्वजनिक तौर पर फटकार लगाई थी। इस तरह की अटकलें हैं कि राहुल पद छोड़ सकते हैं या टीम का साथ छोड़ने से पहले अंतिम दो मैच में कप्तानी की जिम्मेदारी निभा सकते हैं। दोनों ही स्थितियों में राहुल बल्ले से जवाब देकर सीजन का शानदार अंत करना चाहेंगे। राहुल अच्छी फॉर्म में नहीं हैं और भारत की टी-20 विश्वकप टीम में भी जगह नहीं बना पाए हैं। लखनऊ की टीम भी 12 अंक के साथ सातवें स्थान पर चल रही है और दिल्ली तथा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के साथ अभी शीर्ष चार से बाहर है। दिल्ली और आरसीबी के भी 12-12 अंक हैं। राहुल और उनकी टीम को अपनी कमजोरियों को दूर करने के लिए पांच दिन का समय मिला है और रविवार रात आरसीबी के खिलाफ शिकस्त झेलने वाली दिल्ली की टीम के खिलाफ अपना सब कुछ झोंकना चाहेगी।

06:47 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Live: ऋषभ पंत की वापसी

खराब फॉर्म से जूझ रही लखनऊ सुपरजाएंट्स की टीम आईपीएल प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने की उम्मीदें जीवंत रखने के लिए मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी जिसकी नॉकआउट में जगह बनाने की मामूली उम्मीद बरकरार है। दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत एक मैच का निलंबन झेलने के बाद इस मैच से वापसी करेंगे। दिल्ली को भी प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। 

06:41 PM, 14-May-2024

DC vs LSG Highlights: दिल्ली की जीत से राजस्थान प्लेऑफ में, रोमांचक मुकाबले में डीसी ने लखनऊ को 19 रन से हराया

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2024 के 64वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स का सामना लखनऊ सुपर जाएंट्स से है। यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। दिल्ली के लिए यह एक करो या मरो वाला मैच है। हारने पर टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो जाएगी। वहीं, दिल्ली की टीम को सिर्फ जीत नहीं, बल्कि नेट रन रेट पॉजिटिव करने के लिए बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी। दिल्ली और लखनऊ दोनों के 12-12 अंक हैं। दिल्ली का यह 14वां मैच, जबकि लखनऊ का 13वां मैच है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें