फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

DC vs KKR Highlights: दिल्ली को मिली इस सीजन की पहली जीत, कोलकाता को चार विकेट से हराया, वॉर्नर का अर्धशतक

Fri, 21 Apr 2023 12:38 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

IPL DC vs KKR 2023 Highlights : आईपीएल 2023 के 28वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को चार विकेट से हरा दिया। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया। दिल्ली के कप्तान डेविड वॉर्नर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने 20 ओवर में 127 रन बनाए। दिल्ली ने 19.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
विज्ञापन
दिल्ली बनाम कोलकाता - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:22 AM, 21-Apr-2023

दिल्ली ने कोलकाता को हराया

आईपीएल 2023 के 28वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को चार विकेट से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने 20 ओवर में 127 रन बनाए थे। जेसन रॉय ने 39 गेंदों में 43 रन और आंद्रे रसेल ने 31 गेंदों में 38 रन की नाबाद पारी खेली थी। जवाब में दिल्ली की टीम एक वक्त आसानी से जीत की ओर बढ़ रही थी। डेविड वॉर्नर 57 रन बनाकर आउट हुए थे। हालांकि, इसके बाद लगातार नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और कोलकाता ने मैच में वापसी की। आखिर में दिल्ली को छह गेंदों में सात रन की जरूरत थी। अक्षर पटेल ने जीत दिला दी। अक्षर ने 22 गेंदों में 19 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं, ललित यादव चार रन बनाकर नाबाद रहे।

यह इस सीजन दिल्ली की पहली जीत रही। इससे पहले टीम लगातार पांच मैच हार चुकी है। उनके छह मैचों में एक जीत और पांच हार के साथ दो अंक हैं। टीम अंक तालिका में सबसे नीचे 10वें स्थान पर है। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स की यह छह मैचों में चौथी हार रही। टीम दो जीत और चार अंक के साथ आठवें स्थान पर है। राजस्थान की टीम आठ अंकों के साथ शीर्ष पर है। लखनऊ भी आठ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स छह अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है।

12:01 AM, 21-Apr-2023

DC vs KKR Live: मनीष के बाद अमन भी आउट

16वें ओवर में 110 के स्कोर पर दिल्ली को पांचवां झटका लगा। मनीष पांडे 23 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें अनुकूल रॉय ने रिंकू सिंह के हाथों कैच कराया। इसके बाद 17वें ओवर में नीतीश राणा ने अमन खान को क्लीन बोल्ड किया। वह खाता भी नहीं खोल सके। फिलहाल ललित यादव और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं। 17 ओवर के बाद दिल्ला का स्कोर छह विकेट पर 113 रन है। टीम को 18 गेंदों में 15 रन की जरूरत है।

11:40 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live: दिल्ली को चौथा झटका

दिल्ली को 14वें ओवर में 93 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। डेविड वॉर्नर 41 गेंदों पर 11 चौके की मदद से 57 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें वरुण चक्रवर्ती ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। फिलहाल अक्षर पटेल और मनीष पांडे क्रीज पर हैं। दिल्ली को अब 36 गेंदों में 35 रन की जरूरत है। 

विज्ञापन
11:35 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live: वॉर्नर का अर्धशतक

12 ओवर के बाद दिल्ली ने तीन विकेट गंवाकर 87 रन बना लिए हैं। फिलहाल मनीष पांडे 10 रन और डेविड वॉर्नर 55 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। वॉर्नर ने 33 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। यह इस सीजन उनका चौथा अर्धशतक रहा और आईपीएल में ओवरऑल 59वां अर्धशतक रहा। दिल्ली को 48 गेंदों में 41 रन की जरूरत है।

11:22 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live: दिल्ली को तीसरा झटका

दिल्ली की टीम मुश्किल में पड़ती जा रही है। पृथ्वी शॉ और मिचेल मार्श के बाद आईपीएल में डेब्यू कर रहे फिलिप सॉल्ट भी अपना विकेट गंवा बैठे। वह तीन गेंदों में पांच रन बना सके। नौ ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर तीन विकेट पर 69 रन है। डेविड वॉर्नर 46 रन और मनीष पांडे एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। दिल्ली को अब 66 गेंदों में 59 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
11:18 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live: दिल्ली को दूसरा झटका

आठवें ओवर में 62 के स्कोर पर दिल्ली को दूसरा झटका लगा। नीतीश राणा ने मिचेल मार्श को कैच आउट कराया। मार्श अब तक इस टूर्नामेंट में कुछ खास नहीं कर सके हैं। इस मैच में भी मार्श नौ गेंदों में दो रन बनाकर आउट हुए। आठ ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर दो विकेट पर 67 रन है। फिलिप सॉल्ट पांच रन और डेविड वॉर्नर 45 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

11:11 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live: वॉर्नर की तूफानी पारी

सात ओवर के बाद दिल्ली ने एक विकेट गंवाकर 62 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान डेविड वॉर्नर 25 गेंदों में 45 रन और मिचेल मार्श सात गेंदों में दो रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। पृथ्वी शॉ एक बार फिर फेल रहे। वह 11 गेंदों में 13 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए।

11:04 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live: दिल्ली को पहला झटका

पांचवें ओवर में 38 के स्कोर पर दिल्ली को पहला झटका लगा। पृथ्वी शॉ एक बार फिर फ्लॉप रहे। उन्हें वरुण चक्रवर्ती ने क्लीन बोल्ड किया। वह 11 गेंदों में 13 रन बना सके। पांच ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर एक विकेट पर 44 रन है। दिल्ली को 90 गेंदों में 84 रन की जरूरत है। फिलहाल कप्तान डेविड वॉर्नर 19 गेंदों में 29 रन और मिचेल मार्श एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

10:55 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live: दिल्ली की तेज शुरुआत

दिल्ली को कप्तान डेविड वॉर्नर और पृथ्वी शॉ ने तेज शुरुआत दिलाई है। तीन ओवर के बाद दिल्ली ने बिना कोई विकेट गंवाए 31 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेविड वॉर्नर 15 गेंदों में 23 रन और शॉ चार गेंदों में सात रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

10:24 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live: कोलकाता ने 128 रन का लक्ष्य दिया

कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने 128 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता की टीम 20 ओवर में 127 रन पर सिमट गई। कोलकाता की शुरुआत बेहद खराब रही थी और टीम ने शुरू से ही नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। लिटन दास चार रन, कप्तान नीतीश राणा चार, मनदीप सिंह 12 रन, रिंकू सिंह छह रन और सुनील नरेन चार रन बनाकर आउट हुए। वेंकटेश अय्यर और अनुकूल रॉय खाता भी नहीं खोल सके।

एक वक्त कोलकाता ने 96 रन पर नौ विकेट गंवा दिए थे। इन 96 में से 43 रन जेसन रॉय का रहा। जेसन ने 39 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 43 रन की पारी खेली। कुलदीप हैट्रिक से चूक गए। उन्होंने 15वें ओवर में लगातार दो गेंदों पर दो विकेट झटके। जेसन को अमन खान के हाथों कैच कराने के बाद कुलदीप ने इम्पैक्ट प्लेयर अनुकूल रॉय को एल्बीडब्ल्यू आउट कराया। उमेश यादव तीन रन बनाकर आउट हुए। आखिरी ओवर में आंद्रेस रसेल ने मुकेश कुमार की लगातार तीन गेंदों पर तीन छक्के जड़े। इनमें से एक छक्का 109 मीटर का रहा। आखिरी गेंद पर वरुण चक्रवर्ती (1) रन आउट हो गए। रसेल 31 गेंदों पर एक चौका और चार छक्के की मदद से 38 रन बनाकर नाबाद रहे। 

23 महीने बाद आईपीएल में कोई मैच खेल रहे ईशांत शर्मा ने शानदार वापसी की। उन्होंने चार ओवर में 19 रन देकर दो विकेट झटके। इसके अलावा एनरिक नॉर्त्ज, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव ने भी दो-दो विकेट झटके। मुकेश कुमार को एक विकेट मिला। 

10:02 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live: उमेश यादव भी आउट

16वें ओवर में एनरिक नॉर्त्जे ने उमेश यादव का कैच अपनी ही गेंद पर लपका। उमेश तीन रन बना सके। फिलहाल आंद्रे रसेल और वरुण चक्रवर्ती क्रीज पर हैं।

09:48 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live: कोलकाता को लगातार दो गेंदों पर दो झटके

15वें ओवर में कुलदीप यादव ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट झटके। उन्होंने ओर की चौथी गेंद पर जेसन रॉय को अमन हकीम खान के हाथों कैच कराया। जेसन 39 गेंदों में 43 रन बना सके। अपनी पारी में उन्होंने पांच चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, अगली गेंद पर कुलदीप ने अनुकूल रॉय को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। अनुकूल खाता भी नहीं खोल सके। 

09:32 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live: मैच देखने पहुंचे एपल के सीईओ

कोलकाता को 12वें ओवर में 70 के स्कोर पर छठा झटका लगा। ईशांत शर्मा ने सुनील नरेन को वॉर्नर के हाथों कैच कराया। नरेन चार रन बना सके। 12 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर छह विकेट पर 73 रन है। जेसन रॉय और आंद्रे रसेल क्रीज पर मौजूद हैं। इस मैच को देखने एपल के सीईओ टिम कुक भी पहुंचे हैं। उनके साथ सोनम कपूर और उनके पति आनंद आहूजा भी मौजूद हैं।




09:26 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live Score: कोलकाता को पांचवां झटका

कोलकाता नाइट राइडर्स को 11वें ओवर में 64 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। अक्षर पटेल ने रिंकू सिंह को ललित यादव के हाथों कैच कराया। वह छह रन बना सके थे। 11 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर पांच विकेट पर 68 रन है। फिलहाल जेसन रॉय और सुनील नरेन क्रीज पर हैं।

09:17 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live Score: मनदीप सिंह भी आउट

नौवें ओवर में 50 के स्कोर पर कोलकाता को चौथा झटका लगा। मनदीप सिंह 11 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें अक्षर पटेल ने क्लीन बोल्ड किया। नौ ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर चार विकेट पर 54 रन है। फिलहाल रिंकू सिंह चार रन और जेसन रॉय 26 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

09:01 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live Score: कोलकाता को तीसरा झटका

कोलकाता नाइट राइडर्स को छठे ओवर में 32 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। ईशांत शर्मा ने कप्तान नीतीश राणा को मुकेश कुमार के हाथों कैच कराया। नीतीश सात गेंदों में चार रन बना सके। इससे पहले लिटन दास (4) और वेंकटेश अय्यर (0) भी पवेलियन लौट चुके हैं। छह ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर तीन विकेट पर 35 रन है। फिलहाल जेसन रॉय 22 रन और मनदीप सिंह दो रन बनाकर क्रीज पर हैं।

08:49 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live Score: कोलकाता नाइट राइडर्स का दूसरा विकेट गिरा

25 रन के स्कोर पर कोलकाता नाइट राइडर्स का दूसरा विकेट गिरा है। वेंकटेश अय्यर खाता खोले बिना आउट हो चुके हैं। उन्होंने दो गेंदों का सामना किया और एनरिच नोर्त्जे ने उन्हें स्लिप में मिचेल मार्श के हाथों कैच कराया। अब जेसन रॉय के साथ कप्तान नीतीश राणा क्रीज पर हैं। चार ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर दो विकेट पर 29 रन है।

08:41 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live Score: कोलकाता नाइट राइडर्स का पहला विकेट गिरा

15 रन के स्कोर पर कोलकाता नाइट राइडर्स का पहला विकेट गिरा है। लिटन दास चार गेंद में चार रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मुकेश कुमार ने उन्हें ललित यादव के हाथों कैच कराया। अब जेसन रॉय के साथ वेंकटेश अय्यर क्रीज पर हैं।

08:37 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live Score: कोलकाता नाइट राइडर्स की बल्लेबाजी शुरू

कोलकाता नाइट राइडर्स बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। जेसन रॉय और लिटन दास ने पारी की शुरुआत की है। वहीं, दिल्ली के लिए ईशांत शर्मा ने दिल्ली के लिए पहला ओवर किया। दो ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर 15 रन है।

08:21 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

दिल्ली कैपिटल्स: डेविड वॉर्नर (कप्तान), फिलिप सॉल्ट (विकेटकीपर), मिचेल मार्श, मनीष पांडे, अक्षर पटेल, अमन हाकिम खान, ललित यादव, कुलदीप यादव, एनरिक नॉर्त्जे, ईशांत शर्मा, मुकेश कुमार।

पांच संभावित इम्पैक्ट प्लेयर्स के नाम इस प्रकार हैं: पृथ्वी शॉ, यश ढुल, सरफराज खान, रिपल पटेल और चेतन साकरिया।

कोलकाता नाइट राइडर्स: जेसन रॉय, लिटन दास (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, नीतीश राणा (कप्तान), मनदीप सिंह, आंद्रे रसेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, कुलवंत खेजरोलिया, उमेश यादव, वरुण चक्रवर्ती।

पांच संभावित इम्पैक्ट प्लेयर्स के नाम इस प्रकार हैं: सुयश शर्मा, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, एन जगदीशन, डेविड वीज।

08:18 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live: दिल्ली ने जीता टॉस, गेंदबाजी का फैसला

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान डेविड वॉर्नर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। कप्तान वॉर्नर ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। अभिषेक पोरेल की जगह ईशांत शर्मा की वापसी हुई है। ईशांत 23 महीने बाद आईपीएल में कोई मैच खेलते दिखेंगे। पिछला मैच उन्होंने दो मई, 2021 को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेला था। वहीं, मुस्तफिजुर रहमान की जगह विकेटकीपर बल्लेबाज फिल सॉल्ट खेल रहे हैं। कोलकाता के कप्तान नीतीश राणा ने प्लेइंग-11 में चार बदलाव किए हैं। रहमनुल्लाह गुरबाज, लोकी फर्ग्यूसन, शार्दुल ठाकुर और सुयश शर्मा को बाहर किया गया है। बारिश की वजह से ओवर्स में कोई कटौती नहीं की गई है। यानी 20-20 ओवर के मैच खेले जाएंगे।

07:44 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live: पिच को ढका गया

बारिश धीमी हो चुकी है, लेकिन अभी भी हल्के-हल्के फुहारें पड़ रही हैं। दिल्ली के खिलाड़ी फुटबॉल खेलकर मौसम का आनंद ले रहे हैं। वहीं, कोलकाता के खिलाड़ी भी फुटबॉल खेल रहे हैं। पिच को कवर्स से ढका गया है।

07:02 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live: बारिश की वजह से टॉस में देरी

दिल्ली में फिलहाल बारिश हो रही है। इसकी वजह से टॉस में देरी हो रही है। अरुण जेटली स्टेडियम की पिच ड्राय है और इस पर स्पिनर्स को कुछ खास मदद नहीं मिलेगी। मैच की शुरुआत में पावरप्ले में तेज गेंदबाजों को स्विंग मिल सकती है। हालांकि, पिच पूरी तरह से बल्लेबाजों के लिए बनी है और इस मैच में बड़ा स्कोर देखने को मिल सकता है।

06:46 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live: दोनों टीमों के आंकड़े

दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 31 मैच खेले गए हैं। इनमें से दिल्ली ने 14 मैच और कोलकाता ने 16 मैच जीते हैं। एक मैच बेनतीजा रहा है।

06:46 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live: सुयश का कोटला पर होगा पहला मैच

कोलकाता का मजबूत पक्ष वेंकटेश अय्यर हैं। वह शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। वेंकटेश ने मुंबई के खिलाफ 104 रन बनाए थे और गुजरात के खिलाफ भी उन्होंने 83 रन की पारी खेली थी। फिर दिल्ली के सुयश शर्मा का भी फिरोजशाह कोटला पर यह पहला मैच होगा। वह भी यहां की परिस्थितियों से वाकिफ हैं।

06:45 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live: रिंकू पर होंगी निगाहें

केकेआर को पिछले मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार मिली। उसकी कोशिश हर हाल में जीत के क्रम में वापस आना होगा। कप्तान नीतीश राणा और गुजरात के खिलाफ पांच छक्के लगाने वाले रिंकू सिंह फॉर्म में हैं। अच्छी बात यह है कि आंद्रे रसेल ने भी रन बनाने शुरू कर दिए गए हैं।

दिल्ली के नीतीश फिरोजशाह कोटला से अच्छी तरह वाकिफ हैं। वह यहां जरूर अपना प्रभाव छोड़ना चाहेंगे। केकेआर भी इस मुकाबले में कुछ प्रयोग कर सकती है। इंग्लिश ओपनर जेसन रॉय को मौका दिया जा सकता है और रहमानुल्लाह गुरबाज की जगह एन जगदीशन को विकेट कीपिंग की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

06:45 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live: वॉर्नर का स्ट्राइक रेट भी है परेशानी

मिचेल मार्श की बल्ले से फॉर्म दिल्ली के लिए चिंता बनी हुई है। उन्होंने तीन मैचों में 0,4,0 की पारियां खेली हैं। देखने वाली बात यह होगी कि उन्हें नंबर तीन पर फिर आजमाया जाता है या फिर रिले रूसो, रोवमन पॉवेल को मौका मिलता है। वहीं, कप्तान डेविड वॉर्नर ने जरूर पांच मैचों में 228 रन बनाए हैं, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट 116 का रहा है। इसके लिए उनकी आलोचना भी हो चुकी है। हालांकि ,दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहने की वजह से उन्हें खुलकर खेलने की स्वतंत्रता भी नहीं मिली है।

06:40 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Live: पृथ्वी की ओपनिंग खतरे में

2021 में 479 और 2022 में 283 रन बनाने वाले पृथ्वी शॉ टीम की सबसे बड़ी समस्या बन गए हैं। उन्होंने पांच मैचों में 15 के उच्चतम के साथ सिर्फ 34 रन बनाए हैं। आरसीबी के खिलाफ पिछले मैच में वह शून्य पर रन आउट हुए। ऐसे में उनके स्थान पर सरफराज खान को बतौर ओपनर उतारा जा सकता है। हालांकि, तेज गेंदबाजों के खिलाफ जो समस्या पृथ्वी की है वही समस्या सरफराज की भी है, लेकिन दिल्ली के पास ऐसे विकल्प मौजूद नहीं हैं, जिन्हें मौका दिया जा सके। मनीष पांडे को भी उच्च क्रम में मौका दिया जा सकता है। यश ढुल को आजमाया गया, लेकिन वह दो मैचों में कोई खास छाप नहीं छोड़ सके।

06:33 PM, 20-Apr-2023

DC vs KKR Highlights: दिल्ली को मिली इस सीजन की पहली जीत, कोलकाता को चार विकेट से हराया, वॉर्नर का अर्धशतक

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2023 के 28वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से है। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। दिल्ली की टीम बेहद खराब फॉर्म में है और उसने अब तक अपने पांचों मैच गंवाए हैं। वहीं, कोलकाता की टीम ने पांच में से दो मुकाबले जीते हैं और तीन में हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली की टीम अभी भी पहली जीत की तलाश में है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें