फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

DC vs KKR: दिल्ली ने कोलकाता को चार विकेट से हराया, सीजन में श्रेयस की टीम पर दूसरी बार भारी पड़ी पंत की सेना

Thu, 28 Apr 2022 11:36 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

DC vs KKR: आईपीएल 2022 में आज दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को चार विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की है। इस मैच में कोलकाता ने दिल्ली के सामने 147 रन का लक्ष्य रखा था और दिल्ली ने छह विकेट खोकर छह गेंद रहते इसका पीछा कर लिया। 
विज्ञापन
दिल्ली कैपिटल्स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:09 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: दिल्ली ने चार विकेट से जीता मैच

दिल्ली के रोवमैन पॉवेल ने छक्का लगाकर अपनी टीम को चार विकेट से जीत दिला दी है। दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर 19वां ओवर करने आए थे और उनके ओवर की आखिरी गेंद पर रोवमैंन पॉवेल ने छक्का लगाकर अपनी टीम को जीत दिला दी। इस सीजन में कोलकाता की टीम दूसरी बार दिल्ली से हारी है। इस हार के साथ ही कोलकाता के लिए प्लेऑफ की राह मुश्किल हो चुकी है। वानखेडे़ की पिच पर 146 रन बनाने के बाद ही कोलकाता की हार लगभग तय हो चुकी थी, लेकिन उमेश यादव ने शानदार गेंदबाजी कर अपनी टीम की मैच में वापसी कराई। अंत में रोवमैन पॉवेल ने 33 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिला दी। 

10:56 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: दिल्ली का छठा विकेट गिरा

113 रन के स्कोर पर दिल्ली का छठा विकेट गिर चुका है। अक्षर पटेल 17 गेंद में 24 रन बनाकर रन आउट हो चुके हैं। अब रोवमैन पॉवेल और शार्दुल ठाकुर के ऊपर मैच जिताने की जिम्मेदारी है। 16 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर छह विकेट पर 117 रन हो चुका है। 

10:52 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: दिल्ली का स्कोर 100 के पार

पांच विकेट के नुकसान पर दिल्ली का स्कोर 100 के पार जा चुका है। अब दिल्ली के लिए यह मैच बहुत आसान हो गया है। अक्षर पटेल शानदार लय में दिख रहे हैं। वहीं, रोवमैन पॉवेल भी सही तरीके से उनका साथ निभा रहे हैं। 15 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर छह विकेट पर 113 रन हो चुका है। 

विज्ञापन
10:35 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: कप्तान पंत दो रन बनाकर आउट

उमेश यादव ने मैच में तीसरा विकेट हासिल करते हुए दिल्ली को बड़ा झटका दिया है। उन्होंने दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत को विकेटकीपर बाबा इंद्रजीत के हाथों कैच कराया। पंत सिर्फ दो रन बनाकर आउट हुए। दिल्ली की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। अब कोलकाता ने मैच में वापसी कर ली है। 12 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर पांच विकेट पर 87 रन है। 

10:32 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: दिल्ली का चौथा विकेट गिरा

सुनील नरेन ने दिल्ली को चौथा झटका दिया है। उन्होंने ललित यादव को 22 के स्कोर पर आउट किया। ललित यादव ने धीमी लेकिन उपयोगी पारी खेली। उनके आउट होने के बाद दिल्ली की टीम मुश्किल में आ चुकी है। अब दो नए बल्लेबाज क्रीज पर हैं, लेकिन दिल्ली को ज्यादा तेजी से रन बनाने की जरूत नहीं है। ऐसे में पंत और बाकी बल्लेबाज अपना समय लेकर खेल सकते हैं। सुनील नरेन ने आईपीएल में अपने 150 विकेट भी पूरे कर लिए हैं। 

विज्ञापन
10:24 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: दिल्ली का तीसरा विकेट गिरा

उमेश यादव ने कोलकाता की टीम को तीसरी सफलता दिलाई है। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी कर रहे डेविड वॉर्नर को सुनील नरेन के हाथों कैच आउट कराया। इसके साथ ही कोलकाता के पास मैच में वापसी का मौका बना है। आउट होने से पहले वॉर्नर ने 26 गेंद में 42 रन बनाए और अपनी टीम के लिए यह मैच बहुत आसान कर दिया है। उमेश ने पांचवीं बार डेविड वॉर्नर का शिकार किया है। उनके अलावा आईपीएल में दूसरा कोई गेंदबाज पांच बार वॉर्नर को आउट नहीं कर पाया है। 

10:20 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: ललित यादव और वॉर्नर के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

ललित यादव और डेविड वॉर्नर के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। ये दोनों तेजी से दिल्ली की टीम को जीत की ओर ले जा रहे हैं। नौ ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर दो विकेट पर 80 रन हो चुका है। 

10:07 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: दिल्ली का स्कोर 50 के पार

डेविड वॉर्नर और ललित यादव दिल्ली का स्कोर 50 के पार ले जा चुके हैं। वॉर्नर 29 और यादव आठ रन बनाकर खेल रहे हैं। अब दिल्ली की टीम मजबूत स्थिति में आ चुकी है और कोलकाता को वापसी करने के लिए जल्दी ही विकेट निकालने होंगे। वॉर्नर और यादव के बीच 40 रन की साझेदारी हो चुकी है। 

09:59 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: पावरप्ले के बाद दिल्ली का स्कोर 47/2

पावरप्ले में दिल्ली की टीम ने दो विकेट के नुकसान पर 47 रन बना लिए हैं। पृथ्वी शॉ और मिशेल मार्श के आउट होने के बाद डेविड वॉर्नर और ललित यादव ने दिल्ली को तीसरा झटका नहीं लगने दिया है। 147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम अच्छी स्थिति में है। डेविड वॉर्नर शानदार लय में दिख रहे हैं। 

09:54 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: वॉर्नर की आक्रामक बल्लेबाजी

दिल्ली के दो विकेट गिरने के बावजूद डेविड वॉर्नर आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं। वो 10 गेंद में 18 रन बना चुके हैं और उनकी वजह से दिल्ली का स्कोर चार ओवर के बाद दो विकेट पर 36 रन हो चुका है। 

09:43 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: दिल्ली का दूसरा विकेट गिरा

हर्षित सक्सेना ने कोलकाता को दूसरी सफलता दिलाई है। 146 रन के छोटे स्कोर का बचाव करते हुए कोलकाता की टीम शानदार लय में दिख रही है। शुरुआती दो ओवरों मे ंदो विकेट लेकर कोलकाता ने मैच में वापसी की है। अब दिल्ली के बल्लेबाजों पर बड़ी साझेदारी करने का दबाव होगा। चौथे नंबर पर ललित यादव को बल्लेबाजी के लिए भेजा गया है। 

09:34 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: उमेश ने पहली गेंद पर झटका विकेट

उमेश यादव ने पहली गेंद पर ही कोलकाता को सफलता दिलाई है। उन्होंने अपनी ही गेंद पर पृथ्वी शॉ का कैच पकड़कर उन्हें पवेलियन भेज दिया। पृथ्वी शॉ अपना खाता तक नहीं खोल सके। पारी की दूसरी गेंद पर भी मिशेल मार्श के बल्ले का बाहरी किनारा लगा था, लेकिन गेंद स्लिप में खडे़ फील्डर तक नहीं पहुंची। पहले ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर एक विकेट पर 11 रन है। 

09:19 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: कोलकाता ने 146 रन बनाए

कोलकाता ने दिल्ली के सामने 147 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। दोनों सलामी बल्लेबाज पावरप्ले के अंदर पवेलियन लौट गए। इसके बाद श्रेयस अय्यर और नितीश राणा ने पारी को संभाला। अय्यर ने 42 और नितीश राणा ने 57 रन बनाए। इन दोनों के अलावा सिर्फ 23 रन बनाने वाले रिंकू सिंह ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। अंत में कोलकाता का स्कोर 20 ओवर के बाद नौ विकेट पर 146 रन रहा। दिल्ली के लिए कुलदीप यादव ने आईपीएल करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए तीन ओवर में 14 रन देकर चार विकेट लिए। उनके अलावा मुस्तफिजुर रहमान ने 18 रन देकर तीन विकेट झटके। 

09:16 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: कोलकाता का आठवां विकेट गिरा

मुस्तफिजुर रहमान ने आखिरी ओवर में दो सेट बल्लेबाजों को आउट करके कोलकाता के बड़े स्कोर बनाने की उम्मीदें खत्म कर दी हैं। इसके बाद उन्होंने टिम साउदी को भी पहली गेंद पर पवेलियन भेजा। अब कोलकाता के लिए 150 रन बनाना भी मुश्किल होगा। 

09:13 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: कोलकाता का सातवां विकेट गिरा

मुस्तफिजुर रहमान ने दिल्ली को सातवीं सफलता दिलाई है। उन्होंने रिंकू सिंह को रोवमन पॉवेल के हाथों कैच कराया। रिंकू ने 16 गेंद मे ं23 रन बनाए। अब नए बल्लेबाज उमेश यादव पर नितीश राणा को स्ट्राइक पर लाने की जिम्मेदारी रहेगी। 

09:09 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: नितीश ने आईपीएल करियर का 15वां अर्धशतक लगाया

नितीश राणा ने अपने आईपीएल करियर का 15वां अर्धशतक लगाया है। वो जब बल्लेबाजी के लिए आए थे, तब कोलकाता की टीम 35 रन पर चार विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। अब कोलकाता का स्कोर 19 ओवर के बाद 144 रन हो चुका है। नितीश ने पहले कप्तान अय्यर और फिर रिंकू सिंह के साथ शानदार साझेदारी की। रिंकू और राणा के बीच 61 रन की साझेदारी हो चुकी है। 

08:58 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: नितीश राणा और रिंकू सिंह ने संभाली पारी

कोलकाता के लिए आखिरी के ओवरों में नितीश राणा और रिंकू सिंह अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों 21 गेंद में 35 रन जोड़ चुके हैं। ललित यादव के एक ओवर में इन दोनों ने मिलकर 12 रन बनाए। अब कोलकाता की टीम सम्मानजनक स्कोर की तरफ बढ़ रही है। 17 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर छह विकेट पर 118 रन है।  

08:51 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: कोलकाता का स्कोर 100 के पार

छह विकेट के नुकसान पर कोलकाता की टीम का स्कोर 100 के पार जा चुका है। रिंकू सिंह और नितीश राणा अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। 16 ओवर के बाद कोलकाता ने 102 रन बना लिए हैं। नितीश 30 और रिंकू सिंह नौ रन बनाकर खेल रहे हैं। 

08:48 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: 15 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर 89 रन

कोलकाता की बल्लेबाजी एक बार फिर फ्लॉप रही है। इस मैच में आंद्रे रसेल भी कुछ खास नहीं कर पाए और 15 ओवर के बाद कोलकाता की टीम 89 रन बनाकर संघर्ष कर रही है। छह बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं और अब नितीश राणा के साथ रिंकू सिंह पर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी है। 

08:40 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: आंद्रे रसेल खाता खोले बिना पवेलियन लौटे

कुदलीप यादव ने इस मैच में दूसरी बार एक ओवर में दो विकेट लिए हैं। कप्तान श्रेयस के बाद उन्होंने आंद्रे रसेल को भी आउट किया। रसेल ने सिर्फ दो गेंदों का सामना किया और अपना खाता भी नहीं खोल सके। दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने रसेल को स्टंप आउट किया। 

08:34 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: कोलकाता की आधी टीम पवेलियन लौटी

कुलदीप यादव ने श्रेयस अय्यर को आउट करके कोलकाता को पांचवां झटका दिया है। इसके साथ ही कोलकाता की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। अब आंद्रे रसेल और नितीश राणा पर कोलकाता के लिए बड़ा स्कोर बनाने की जिम्मेदारी है। 

08:21 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: कोलकाता का स्कोर 50 के पार

कोलकाता का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 50 के पार जा चुका है। 10 ओवर के बाद केकेआर ने 56 रन बना लिए हैं। कप्तान श्रेयस अय्यर 27 और नितीश राणा 10 रन बनाकर खेल रहे हैं। अब इन दोनों पर ही कोलकाता को अच्छे स्कोर तक ले जाने की जिम्मेदारी है। 

08:06 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: कुलदीप ने दो गेंदों पर दो विकेट लिए

कुलदीप यादव ने कोलकाता की टीम को लगातार दो झटके दिए हैं। उन्होंने पहले बाबा इंद्रजीत को रोवमैन पॉवेल के हाथों कैच कराया फिर नए बल्लेबाज सुनील को भी पवेलियन भेजा। बाबा इंद्रजीत ने आठ गेंदो में छह रन बनाए, जबकि नरेन पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना आउट हो गए। आठ ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर चार विकेट पर 37 रन है। 

08:01 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: अक्षर ने टी20 में 150 विकेट पूरे किए

दिल्ली कैपिटल्स के स्पिन गेंदबाज अक्षर पटेल ने टी20 क्रिकेट में अपने 150 विकेट पूरे कर लिए हैं। उन्होंने वेंकटेश अय्यर को आउट करने के साथ ही यह उपलब्धि हासिल की। अक्षर दिल्ली से पहले पंजाब की टीम का हिस्सा रहे हैं और अपनी किफायती गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। 

07:53 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: कोलकाता का दूसरा विकेट गिरा

अक्षर पटेल ने वेंकटेश अय्यर को आउट करके कोलकाता को दूसरा झटका दिया है। कोलकाता की सलामी जोड़ी पावरप्ले के अंदर ही पवेलियन लौट चुकी है। वेंकटेश अय्यर 12 गेंद में छह रन बनाकर अक्षर का शिकार बने। उन्होंने बड़ा शॉट लगाकर दबाव कम करने की कोशिश की थी, लेकिन गेंद और बल्ले का संपर्क सही नहीं हुआ। डीप में खड़े चेतन साकरिया ने उनका कैच पकड़ा और उन्हें पवेलियन की राह दिखाई। 

07:50 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: दिल्ली की अच्छी शुरुआत

चेतन साकरिया ने अपने दूसरे ओवर में भी शानदार गेंदबाजी की और सिर्फ चार रन दिए। इस मैच में दिल्ली ने शानदार शुरुआत की है, ओपनिंग जोड़ी को तोड़ने के साथ ही दिल्ली के गेंदबाजों ने कंजूसी से रन खर्चे हैं। चार ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर एक विकेट पर 21 रन है। 

07:46 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: शार्दुल के ओवर में 11 रन बने

कप्तान श्रेयस अय्यर ने वेंकटेश के साथ मिलकर दिल्ली की पारी को संभाला है। शार्दुल ठाकुर के एक ओवर में 11 रन बनाकर उन्होंने अपनी टीम की वापसी कराई है। तीन ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर एक विकेट पर 17 रन है। 

07:37 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: कोलकाता का पहला विकेट गिरा

चेतन साकरिया ने कोलकाता नाइट राइडर्स को पहला झटका दिया है। उन्होंने कोलकाता के सलामी बल्लेबाज एरोन फिंच को तीन रन के स्कोर पर चलता किया। सात रन की अपनी पारी में फिंच कभी भी लय में नहीं दिखे। इससे ठीक पहले उन्हें जीवनदान मिला था, जब रोवमैने पॉवेल ने साकरिया के ओवर की पहली गेंद पर उनका कैच छोड़ा था। फिंच इसका फायदा नहीं उठा सके और अगली ही गेंद पर आउट हो गए। चार रन के स्कोर पर दिल्ली को पहला झटका लगा है। 

07:30 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: कोलकाता की बल्लेबाजी शुरू

कोलकाता नाइट राइडर्स की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। एरोन फिंच और वेंकटेश अय्यर ने पारी की शुरुआत की है। वहीं, मुस्तफिजुर रहमान दिल्ली के लिए पहला ओवर कर रहे हैं। एक ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर बिना किसी नुकसान के दो रन है। 

07:00 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: दिल्ली ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी

दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। दिल्ली में खलील अहम और सरफराज खान की जगह चेतन साकरिया और मिशेल मार्श को मौका दिया गया है। खलील को हैमस्ट्रिंग की चोट लगी है। वहीं कोलकाता की टीम में तीन बदलाव हुए हैं। एरोन फिंच, हर्षित राणा और बाबा इंद्रजीत को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, वरुण चक्रवर्ती कोलकाता की टीम से बाहर हो चुके हैं। दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत आज अपना 150वां टी20 मैच खेल रहे हैं। 

दिल्ली की टीम
पृथ्वी शॉ, डेविड वार्नर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), मिशेल मार्श, ललित यादव, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, रोवमैन पॉवेल, कुलदीप यादव, मुस्तफिजूर रहमान, चेतन सकारिया। 

कोलकाता की टीम
एरोन फिंच, सुनील नरेन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नितीश राणा, वेंकटेश अय्यर, बाबा इंद्रजीत (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, उमेश यादव, टिम साउदी, हर्षित राणा। 
 

06:54 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: कोलकाता के लिए बाबा इंद्रजीत और हर्षित राणा का डेब्यू

टॉस से पहले कोलकाता की टीम में हर्षित राणा और बाबा इंद्रजीत को कैप दी गई है। ये दोनों खिलाड़ी आज आईपीएल में अपना पहला मैच खेलेंगे। वहीं राजस्थान के लिए कमाल करने वाले चेतन साकरिया पहली बार दिल्ली के लिए खेलते दिखेंगे। हर्षित राणा दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं, जबकि इंद्रजीत दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और लेग स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। वहीं चेतन साकरिया बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं, वो इससे पहले राजस्थान के लिए खेलते हुए अपनी छाप छोड़ चुके हैं। 

06:39 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: कोलकाता के लिए कुछ भी सही नहीं

कोलकाता की टीम की बात करें तो टीम के लिए पिछले कुछ मैचों से कुछ भी सही नहीं हुआ है। अपने पहले चार मैचों में से तीन जीतकर टीम मजबूत स्थिति में थी। हालांकि, दिल्ली के खिलाफ मैच से टीम के प्रदर्शन में गिरावट आई और टीम लगातार चार मैच हा चुकी है। दिल्ली के अलावा हैदराबाद, राजस्थान और गुजरात ने कोलकाता को हराया था। अब टीम को अगर प्लेऑफ में जगह बनानी है तो यहां से सभी मैच जीतने होंगे।

गुजरात के खिलाफ पिछले मैच में आंद्रे रसेल के अलावा कोई भी बल्लेबाज नहीं चला था। टॉप ऑर्डर में सैम बिलिंग्स और कप्तान श्रेयस अय्यर को जिम्मेदारी लेनी होगी। वहीं, आउट ऑफ फॉर्म चल रहे नीतीश राणा को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा। रिंकू सिंह पिछले मैच में शानदार दिखे थे। वह इस मैच में भी अपने उस फॉर्म को जारी रखना चाहेंगे। वेंकटेश अय्यर भी इस सीजन कुछ खास नहीं कर सके हैं। वह फॉर्म में वापसी करना चाहेंगे।

06:39 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: लय में दिख रही है दिल्ली की टीम

दिल्ली की टीम की बात करें तो कोलकाता के खिलाफ मैच में उसके सभी बल्लेबाज फॉर्म में दिखे थे। पृथ्वी शॉ और डेविड वॉर्नर ने अर्धशतकीय पारी खेली थी। वहीं, पंत ने 14 गेंदों पर 27 रन बनाए। अक्षर ने तूफानी 22 रन और शार्दुल ठाकुर ने 29 रन की नाबाद पारी खेली थी। हालांकि, इसके बाद बैंगलोर और फिर राजस्थान के खिलाफ टीम की बल्लेबाजी धाराशाई हो गई। कोलकाता के खिलाफ इस मैच में भी शॉ और वॉर्नर से काफी उम्मीदें होंगी।

गेंदबाजी में खलील अहमद और कुलदीप यादव शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। कुलदीप पर्पल कैप की रेस में टॉप-10 में बने हुए हैं। उनके नाम सात मैचों में 13 विकेट हैं। हालांकि, राजस्थान के खिलाफ पिछले मैच में उनकी जमकर कुटाई हुई थी। इस मैच में कुलदीप वापसी करना चाहेंगे। वहीं, खलील छह मैचों में 11 विकेट ले चुके हैं। उन पर कोलकाता के खिलाफ एक बार टीम को पावरप्ले में विकेट दिलाने की जिम्मेदारी होगी।

06:34 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR Live: पिछली हार का बदला लेना चाहेगी दिल्ली

आईपीएल 2022 में दोनों टीमों के बीच पिछले मुकाबले में दिल्ली ने शानदार जीत दर्ज की थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने पांच विकेट खोकर 215 रन का बड़ा स्कोर बनाया था। उस समय यह सीजन का सबसे बड़ा स्कोर था। जवाब में कोलकाता की टीम सिर्फ 171 रन बना पाई थी और 44 रन से यह मैच हार गई थी। इस मैच में कोलकाता के खिलाड़ी पिछली हार का बदला लेना चाहेंगे। आईपीएल में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर रही है। दोनों के बीच 31 मैच हुए हैं। इनमें से 16 मैच कोलकाता और 14 मैच दिल्ली ने जीते हैं। वहीं, एक मैच बेनतीजा रहा है। 

06:23 PM, 28-Apr-2022

DC vs KKR: दिल्ली ने कोलकाता को चार विकेट से हराया, सीजन में श्रेयस की टीम पर दूसरी बार भारी पड़ी पंत की सेना

नमस्कार अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2022 का 41वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच है। दोनों टीमें इस सीजन में तीन-तीन मैच जीत चुकी हैं और प्लेऑफ की रेस में पिछड़ रही हैं। दिल्ली और कोलकाता के लिए इस मैच में जीत जरूरी है। मुंबई के वानखेडे़ स्टेडियम में होने वाले इस मैच दोनों टीमें जीत के साथ प्लेऑफ की उम्मीदें बनाए रखना चाहेंगी। कोलकाता की टीम आठ में से तीन मैच जीत पाई है, जबकि पांच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। यह टीम अंकतालिका में आठवें स्थान पर मौजूद है। 

दिल्ली ने सात में से तीन मैच जीते हैं और चार हार के साथ यही टीम अंक तालिका में कोलकाता से एक स्थान ऊपर सातवें नंबर पर है। दिल्ली यह मैच जीतकर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगी। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें