गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को उसके होमग्राउंड अरुण जेटली स्टेडियम में हरा दिया। युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन के नाबाद अर्धशतक की बदौलत गुजरात ने मैच को छह विकेट से अपने नाम किया। गुजरात की सीजन में यह लगातार दूसरी जीत है। उसने पिछले मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स को हराया था। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स की दूसरी हार है। दिल्ली को पिछले मुकाबले में लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
गुजरात ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 162 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 18.2 ओवर में चार विकेट पर 163 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया। उसके लिए मोहम्मद शमी और राशिद खान ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, साई सुदर्शन ने 48 गेंद पर नाबाद 62 रन बनाए। डेविड मिलर 16 गेंद पर 31 रन बनाकर नाबाद रहे। विजय शंकर ने 23 गेंद पर 29 रन बनाए। उन्हें इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतारा गया था। ऋद्धिमान साहा और शुभमन गिल ने 14-14 रन बनाए। हार्दिक पांड्या ने पांच रन बनाए। दिल्ली कैपिटल्स के लिए एनरिच नोर्त्जे ने दो विकेट लिए। खलील अहमद और मिचेल मार्श को एक-एक सफलता मिली।
गुजरात टाइटंस ने 16 ओवर में चार विकेट पर 137 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए चार ओवर में 26 रन बनाने हैं। साई सुदर्शन 47 और डेविड मिलर 21 रन बनाकर नाबाद हैं।
गुजरात टाइटंस को चौथा झटका मिचेल मार्श ने दिया। उन्होंने 14वें ओवर की दूसरी गेंद पर विजय शंकर को एलबीडब्ल्यू कर दिया। शंकर 23 गेंद पर 29 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने चौथे विकेट के लिए साई सुदर्शन के साथ मिलकर 44 गेंद पर 53 रन की साझेदारी की। गुजरात ने 13.2 ओवर में चार विकेट पर 107 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 40 गेंद पर 56 रन बनाने हैं।
खलील अहमद ने दिल्ली कैपिटल्स को बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने छठे ओवर की आखिरी गेंद पर गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या को आउट कर दिया। हार्दिक का कैच विकेट के विकेट के पीछे अभिषेक पोरेल ने लिया। गुजरात के कप्तान चार गेंद पर पांच रन ही बना सके।
गुजरात टाइटंस को दूसरा झटका भी एनरिच नोर्त्जे ने दिया। उन्होंने इस बार शुभमन गिल को अपना शिकार बनाया। शुभमन पांचवें ओवर की पहली गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। उन्होंने 13 गेंद पर तीन चौकों की मदद से 14 रन बनाए। गुजरात ने पांच ओवर में दो विकेट पर 49 रन बना लिए हैं। साई सुदर्शन 13 और कप्तान हार्दिक पांड्या पांच रन बनाकर नाबाद हैं।
गुजरात टाइटंस को पहला झटका एनरिच नोर्त्जे ने दिया। उन्होंने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर ऋद्धिमान साहा को क्लीन बोल्ड कर दिया। साहा सात गेंद पर 12 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद साई सुदर्शन बल्लेबाजी के लिए आए हैं।
दिल्ली कैपिटल्स ने लगातार झटके लगने के बावजूद किसी तरह 20 ओवर में आठ विकेट पर 162 रन बना लिए हैं। गुजरात को जीत के लिए 163 रन का लक्ष्य मिला है। दिल्ली के लिए कप्तान डेविड वॉर्नर ने 32 गेंद पर 37 और उपकप्तान अक्षर पटेल ने 22 गेंद पर 36 रन बनाए। सरफराज खान 30 और अभिषेक पोरेल 20 रन बनाकर आउट हुए। 10 मे ंसिर्फ चार बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। गुजरात टाइटंस के लिए मोहम्मद शमी और राशिद खान ने कातिलाना गेंदबाजी की। दोनों ने तीन-तीन विकेट लिए। अल्जारी जोसेफ को दो सफलता मिली।
दिल्ली कैपिटल्स को छठा झटका राशिद खान ने दिया। उन्होंने 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर सरफराज खान को आउट कर दिया। सरफराज 34 गेंद पर 30 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने दो चौके लगाए। दिल्ली ने 17 ओवर में छह विकेट पर 132 रन बना लिए हैं। अक्षर पटेल 18 और अमन हकीम खान एक रन बनाकर खेल रहे हैं।
दिल्ली कैपिटल्स को पांचवां झटका राशिद खान ने दिया। उन्होंने 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर अभिषेक पोरेल को क्लीन बोल्ड कर दिया। पोरेल ने 11 गेंद पर 20 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में दो छक्के लगाए। सरफराज खान और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के 100 रन पूरे हो गए हैं। उसने 12 ओवर में चार विकेट पर 100 रन बना लिए हैं। सरफराज खान 20 गेंद पर 17 और अभिषेक पोरेल 10 गेंद पर 20 रन बनाकर खेल रहे हैं।
गुजरात को दोहरी सफलता अल्जारी जोसेफ ने दिलाई। उन्होंने नौवें ओवर की दूसरी गेंद पर दिल्ली के कप्तान डेविड वॉर्नर को क्लीन बोल्ड कर दिया। वॉर्नर 32 गेंद पर 37 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने सात चौके लगाए। वॉर्नर के बाद अगली ही गेंद पर रिले रूसो आउट हो गए। अल्जारी जोसेफ की उछाल वाली गेंद को वह संभाल नहीं पाए। गेंद उनके बल्ले से लगकर पॉइंट के तरफ चली गई। राहुल तेवतिया ने आगे की ओर डाइव लगाकर शानदार कैच लिया। सरफराज खान और अभिषेक पोरेल क्रीज पर हैं। दिल्ली का स्कोर नौ ओवर में चार विकेट पर 70 रन है।
दिल्ली कैपिटल्स को दूसरा झटका मिचेल मार्श के रूप में लगा। उन्हें मोहम्मद शमी ने पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया। मार्श चार गेंद पर एक चौके की मदद से चार रन ही बना सके। मार्श इससे पहले पिछले मुकाबले में लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ खाता भी नहीं खोल पाए थे।
गुजरात टाइटंस को पहली सफलता मोहम्मद शमी ने दिलाई। उन्होंने तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर पृथ्वी शॉ को आउट कर दिया। पृथ्वी पांच गेंद पर सात रन बनाकर पवेलियन लौटे। अल्जारी जोसेफ ने उनका कैच लिया। पृथ्वी के आउट होने के बाद मिचेल मार्श क्रीज पर आए हैं। दिल्ली ने तीन ओवर में एक विकेट पर 29 रन बना लिए हैं।
गुजरात टाइटंस के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। कप्तान डेविड वॉर्नर और पृथ्वी शॉ क्रीज पर हैं। गुजरात के लिए मोहम्मद शमी ने गेंदबाजी की शुरुआत की है।
दिल्ली कैपिटल्स: पृथ्वी शॉ, डेविड वार्नर (कप्तान), मिचेल मार्श, रिले रूसो, सरफराज खान (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, अभिषेक पोरेल, कुलदीप यादव, अमन हकीम खान, खलील अहमद, एनरिच नोर्त्जे।
गुजरात टाइटंस: ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), शुभमन गिल, साई सुदर्शन, हार्दिक पांड्या (कप्तान), डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, मोहम्मद शमी, जोशुआ लिटिल, यश दयाल, अल्जारी जोसेफ।
गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उन्होंने चोटिल केन विलियम्सन की जगह डेविड मिलर को टीम में शामिल किया है। वहीं, विजय शंकर की जगह बी साई सुदर्शन को जगह मिली है। दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स ने रोवमन पॉवेल को टीम से बाहर कर दिया है। उनके स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के एनरिच नोर्त्जे मैच में खेल रहे हैं। बंगाल के बाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक पोरेल को भी प्लेइंग-11 में रखा गया है।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल के 16वें सीजन के सातवें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के सामने गुजरात टाइटंस की टीम होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। दिल्ली को सीजन में पहली जीत की तलाश है। उसे पिछले मुकाबले में लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, गुजरात ने अपने पहले मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स को हराया था।