चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 77 रन से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई की टीम ने तीन विकेट पर 223 रन बनाए थे। डेवोन कॉन्वे ने 87 और ऋतुराज गायकवाड़ ने 79 रन की पारी खेली थी। इसके जवाब में दिल्ली की टीम 146 रन ही बना सकी। चेन्नई के लिए गेंद के साथ दीपक चाहर ने तीन विकेट लिए। मथीशा पाथिराना और महेश तीक्ष्णा ने दो-दो विकेट लिए। कप्तान वॉर्नर ने 86 रन बनाए। इस जीत के साथ ही चेन्नई प्लेऑफ में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है। चेन्नई ने लीग स्टेज में 17 अंक हासिल किए हैं। अब यह टीम दूसरे या तीसरे स्थान पर रहकर प्लेऑफ में अगला मैच खेलेगी। अब चेन्नई के खिलाड़ी दुआ करेंगे कि लखनऊ अपना आखिरी मैच हार जाए। इस स्थिति में चेन्नई दूसरे स्थान पर रहकर पहला क्वालिफायर खेलेगी और इस टीम को फाइनल में पहुंचने के दो मौके मिलेंगे।
146 रन के स्कोर पर दिल्ली का नौवां विकेट गिरा है। कुलदीप यादव खाता खोले बिना पहली ही गेंद पर आउट हो गए। तीक्ष्णा ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब एनरिच नोर्त्जे के साथ चेतन साकरिया क्रीज पर हैं। तीक्ष्णा के पास हैट्रिक पूरी करने का मौका है।
146 रन पर दिल्ली का आठवां विकेट गिरा है। ललित यादव 12 गेंद में छह रन बनाकर आउट हो चुके हैं। महेष तीक्ष्णा ने उन्हें मोईन अली के हाथों कैच कराया। अब दिल्ली की हार तय हो चुकी है। इस मैच में सिर्फ औपचारिकता बाकी है।
144 रन के स्कोर पर दिल्ली की टीम का सातवां विकेट गिरा है डेविड वॉर्नर 58 गेंद पर 86 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मथीशा पाथिराना ने उन्हें ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। वॉर्नर ने अपनी पारी में सात चौके और पांच छक्के लगाए। अब ललित यादव के साथ एनरिच नोर्त्जे क्रीज पर हैं। 19 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर सात विकेट पर 146 रन है। चेन्नई की टीम बड़ी जीत की दहलीज पर पहुंच चुकी है।
131 रन के स्कोर पर दिल्ली का छठा विकेट गिरा है। अमन खान नौ गेंद में सात रन बनाकर आउट हो चुके हैं। पाथिराना ने उन्हें मोईन अली के हाथों कैच कराया। अब डेविड वॉर्नर के साथ ललित यादव क्रीज पर हैं। 17 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर छह विकेट पर 137 रन है।
109 रन के स्कोर दिल्ली की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। अक्षर पटेल आठ गेंद में 15 रन बनाकर आउट हुए। दीपक चाहर ने उन्हें ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। अक्षर ने अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया। 14 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर पांच विकेट पर 110 रन है।
चार विकेट के नुकसान पर दिल्ली का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। डेविड वॉर्नर और अक्षर पटेल की जोड़ी क्रीज पर है। दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं। इन दोनों ने रवींद्र जडेजा के एक ओवर में 23 रन बटोर और दिल्ली का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। 13 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर चार विकेट पर 107 रन है।
75 रन के स्कोर पर दिल्ली कैपिटल्स का चौथा विकेट गिरा है। यश ढुल 15 गेंद में 13 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। रवींद्र जडेजा ने उन्हें तुषार देशपांडे के हाथों कैच कराया। अब डेविड वॉर्नर और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं। 11 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर चार विकेट पर 76 रन है।
दिल्ली के कप्तान डेविड वॉर्नर ने 32 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में अब तक चार चौके और तीन छक्के लगाए हैं। उनकी शानदार पारी के चलते दिल्ली का स्कोर 70 रन के पार जा चुका है। हालांकि, मैच में दिल्ली की टीम पिछड़ रही है।
तीन विकेट के नुकसान पर दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। कप्तान डेविड वॉर्नर के साथ यश ढुल क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है और ये दोनों बड़ी पारियां खेलकर अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जाना चाहेंगे। 10 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर तीन विकेट पर रन है।
26 रन के स्कोर पर ही दिल्ली की टीम का तीसरा विकेट गिरा है। राइली रूसो खाता खोले बिना आउट हो चुके हैं। उन्हें पहली ही गेंद पर दीपक चाहर ने क्लीन बोल्ड किया। उन्होंने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर दिल्ली को मैच में पीछे ढकेल दिया है। अब दिल्ली के लिए 224 रन के लक्ष्य का पीछा करना बेहद मुश्किल होगा। पावरप्ले खत्म होने के बाद दिल्ली का स्कोर 34/3 है। डेविड वॉर्नर के साथ यश ढुल क्रीज पर हैं।
26 रन के स्कोर पर दिल्ली का दूसरा विकेट गिरा है। फिलिप सॉल्ट छह गेंद में तीन रन बनाकर आउट हो चुके हैं। दीपक चाहर ने उन्हें अजिंक्य रहाणे के हाथों कैच कराया।
224 रन के बड़े स्कोर का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत खराब रही है। पांच रन के स्कोर पर टीम का पहला विकेट गिरा है। पृथ्वी शॉ सात गेंद में पांच रन बनाकर आउट हो चुके हैं। तुषार देशपांडे ने उन्हें अंबाती रायुडू के हाथों कैच कराया। अब डेविड वॉर्नर के साथ फिलिप सॉल्ट क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर एक विकेट पर छह रन है।
224 रन के विशाल स्कोर का पीछा करते हुए दिल्ली की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। डेविड वॉर्नर और पृथ्वी शॉ की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। चेन्नई के लिए दीपक चाहर ने पहला ओवर किया। एक ओवर का खेल होने के बाद दिल्ली का स्कोर बिना किसी नुकसान के पांच रन है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स टीम ने तीन विकेट खोकर 223 रन बनाए हैं। चेन्नई के लिए सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ ने 79 और डेवोन कॉन्वे ने 87 रन की पारी खेली। अंत में शिवम दुबे ने 22 और रवींद्र जडेजा ने 20 रन की तेज तर्रार पारियां खेलीं। दिल्ली के लिए खलील अहमद, एनरिच नोर्त्जे और चेतन साकरिया ने एक-एक विकेट लिए। दिल्ली की टीम के लिए 224 रन के लक्ष्य का पीछा करना मुश्किल होगा।
195 रन के स्कोर पर ही चेन्नई की टीम का तीसरा विकेट गिरा है। डेवोन कॉन्वे 87 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और तीन छक्के लगाए। एनरिच नोर्त्जे ने उन्हें अमन हकीम खान के हाथों कैच कराया। अब धोनी और जडेजा क्रीज पर हैं। 19 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर तीन विकेट पर 207 रन है।
195 रन के स्कोर पर चेन्नई की टीम का दूसरा विकेट गिरा है। शिवम दुबे नौ गेंद में 22 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में तीन छक्के लगाए। खलील अहमद ने उन्हें ललित यादव के हाथों कैच कराया। अब डेवोन कॉन्वे के साथ महेंद्र सिंह धोनी क्रीज पर हैं।
एक विकेट के नुकसान पर चेन्नई सुपर किंग्स का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। डेवोन कॉन्वे और ऋतुराज गायकवाड़ क्रीज पर हैं। दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं और अपनी टीम को बड़े स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। 16 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर एक विकेट पर 167 रन है।
141 रन के स्कोर पर चेन्नई सुपर किंग्स का पहला विकेट गिरा है। ऋतुराज गायकवाड़ 50 गेंद में 79 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और सात छक्के लगाए। उनकी शानदार पारी के चलते चेन्नई का स्कोर 150 रन के करीब पहुंच गया है और यह टीम 200 रन से ज्यादा का स्कोर बना सकती है।
डेवोन कॉन्वे ने 33 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और दो छक्के लगाए हैं। उनकी शानदार पारी के चलते चेन्नई का स्कोर 150 रन के करीब पहुंच गया है। 14 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर बिना किसी नुकसान के 140 रन है।
ऋतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉन्वे के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर चेन्नई को बेहतर स्थिति में ला दिया है। खासकर गायकवाड़ अर्धशतक लगाने के बाद आक्रामक अंदाज में खेल रहे हैं। 12 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर बिना किसी नुकसान के 117 रन है।
ऋतुराज गायकवाड़ ने 37 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने इस मैच में शानदार पारी खेली है और उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी के चलते चेन्नई का स्कोर 10 ओवर के बाद बिना किसी नुकसान के 87 रन है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत शानदार रही है। गायकवाड़ और कॉन्वे की जोड़ी ने तेजी से रन बनाए हैं और अपनी टीम को बेहतर स्थिति में पहुंचा दिया है। पावरप्ले में चेन्नई ने बिना कोई विकेट खोए 50 रन से ज्यादा का स्कोर बनाया है। दोनों बल्लेबाज धीरे-धीरे अपने अर्धशतक की तरफ बढ़ रहे हैं। आठ ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर बिना किसी नुकसान के 66 रन है।
चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। ऋतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉन्वे की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। दिल्ली के लिए खलील अहमद पहला ओवर कर रहे हैं। चेन्नई ने अच्छी शुरुआत की है। तीन ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर बिना किसी नुकसान के 30 रन है।
चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड़, डेवोन कॉन्वे, अजिंक्य रहाणे, अंबाती रायुडू, शिवम दुबे, मोईन अली, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी (विकेटकीपर/कप्तान), दीपक चाहर, तुषार देशपांडे, महेश तीक्ष्णा।
सब्सीट्यूट्सः मथीशा पथिराना, मिचेल सेंटनर, सुभ्रांशु सेनापति, शेख रशीद, आकाश सिंह।
दिल्ली कैपिटल्स: डेविड वार्नर (कप्तान), फिलिप सॉल्ट (विकेटकीपर), राइली रूसो, यश ढुल, अमन हकीम खान, अक्षर पटेल, ललित यादव, कुलदीप यादव, चेतन साकरिया, खलील अहमद, एनरिच नार्त्जे।
सब्सीट्यूट्सः पृथ्वी शॉ, मुकेश कुमार, प्रवीण दुबे, रिपल पटेल, अभिषेक पोरेल।
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। चेन्नई की टीम इस मैच में भी बिना किसी बदलाव के उतरी है। वहीं, दिल्ली की टीम में एक बदलाव किया गया है। ललित यादव यह मैच खेल रहे हैं।
आईपीएल 2023 में यह दिल्ली कैपिटल्स का आखिरी मुकाबला है। यह टीम इस मैच में जीत के साथ टूर्नामेंट में अपना सफर खत्म करना चाहेगी। 13 मैच के बाद दिल्ली के खाते में 10 अंक हैं और यह टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर है। दिल्ली के सभी खिलाड़ी पिछले मैच में बेखौफ होकर खेले थे और पंजाब को 15 रन से हराया था। इस मैच में भी दिल्ली कैपिटल्स तनावमुक्त होकर मैदान में उतरेगी।
चेन्नई की टीम भले ही अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है, लेकिन अब तक प्लेऑफ में इस टीम की जगह पक्की नहीं है। चेन्नई ने 13 में से सात मैच जीते हैं और एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। चेन्नई के खाते में 15 अंक हैं। यह मैच जीतकर चेन्नई 17 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। वहीं, हारने पर यह टीम लखनऊ, आरसीबी और मुंबई के हारने की भी दुआ करेगी।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2023 में आज पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच है। चेन्नई की टीम यह मैच जीतकर प्लेऑफ में जगह बनाना चाहेगी। वहीं, दिल्ली की टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर है और चेन्नई का खेल खराब करने की कोशिश में रहेगी। अपने पिछले मैच में यह टीम पंजाब किंग्स को हरा चुकी है। इस मैच में चेन्नई को सावधान रहना होगा।