फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CSK vs SRH Highlights : चेन्नई सुपर किंग्स ने हैदराबाद को 78 रनों से हराया, तुषार देशपांडे ने झटके चार विकेट

Sun, 28 Apr 2024 11:43 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई

खास बातें

CSK vs SRH Indian Premier League 2024 : चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने होम ग्राउंड पर शानदार प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को 78 रनों के बड़े अंतर से हराया। चेन्नई के लिए एक बार फिर कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने शानदार पारी खेली। चेन्नई को पिछले दो मैचों में हार मिली थी, लेकिन वह जीत की पटरी पर लौटने में सफल रही, जबकि हैदराबाद को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा। 
विज्ञापन
चेन्नई सुपर किंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद लाइव स्कोर - फोटो : IPL
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:30 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : चेन्नई सुपर किंग्स ने दर्ज की बड़ी जीत

कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और डेरिल मिचेल की शानदार पारियों के बाद तुषार देशपांडे की अगुआई में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से चेन्नई सुपर किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 78 रनों से हराया। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए गायकवाड़ और मिचेल की अर्धशतकीय पारी और दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी के दम पर 20 ओवर में तीन विकेट पर 212 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद की बल्लेबाजी बेहद खराब रही और पूरी टीम 18.5 ओवर में 134 रन पर सिमट गई। 

हैदराबाद पर बड़ी जीत से चेन्नई ने अंक तालिका में तीन स्थान की बड़ी छलांग लगाई और वह पांच जीत के साथ 10 अंक लेकर तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि हैदराबाद की टीम लगातार दो हार के साथ चौथे स्थान पर है। 

11:27 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : चेन्नई को मिली नौवीं सफलता

मुस्तफिजुर रहमान ने शाहबाज अहमद को आउट कर हैदराबाद को नौवां झटका दिया। शाहबाज अहमद पांच गेंदों पर सात रन बनाकर आउट हुए। हैदराबाद को फिलहाल जीत के लिए 10 गेंदों पर 81 रन बनाने हैं। डेरिल मिचेल ने इस मैच का पांचवां कैच पकड़ा। उन्होंने इस मैच में बल्लेबाजी के साथ-साथ शानदार फील्डिंग की। 

11:21 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : तुषार देशपांडे को मिली चौथी सफलता

तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस को आउट कर हैदराबाद को आठवां झटका दिया। तुषार का इस मैच का यह चौथा विकेट है। 213 रनों का लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद का बल्लेबाजी क्रम लड़खड़ा गया है और उसे अभी 14 गेंदों पर 88 रन बनाने हैं। 

विज्ञापन
11:15 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : शार्दुल ने समद को किया आउट

इंपैक्ट सब के तौर पर खेलने उतरे शार्दुल ठाकुर ने अब्दुल समद को आउट कर हैदराबाद को सातवां झटका दिया। समद 18 गेंदों पर 19 रन बनाकर आउट हुए। समद के आउट होने के बाद कप्तान पैट कमिंस क्रीज पर उतरे हैं और उनके साथ शाहबाज अहमद मौजूद हैं। 

11:10 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : क्लासेन पवेलियन लौटे

मथीशा पथिराना ने हेनरिच क्लासेन को आउट कर हैदराबाद को छठा झटका दिया। क्लासेन 21 गेंदों पर 20 रन बनाकर आउट हुए। हैदराबाद को जीत के लिए 25 गेंदों पर 96 रन बनाने हैं और उसके चार विकेट ही शेष हैं। अब्दुल समद क्रीज पर मौजूद हैं और उनका साथ देने शाहबाज अहमद मैदान पर उतरे हैं। 

विज्ञापन
10:54 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : हैदराबाद की पारी धीमी पड़ी

चेन्नई के गेंदबाजों ने हैदराबाद को लगारात झटके दिए जिससे उसकी पारी धीमी पड़ गई है। 14 ओवर की समाप्ति के बाद हैदराबाद ने पांच विकेट पर 106 रन बनाए हैं। हैदराबाद को जीत के लिए 36 गेंदों पर 107 रन बनाने की जरूरत है। क्रीज पर हेनरिच क्लासेन 17 रन और अब्दुल समद 11 रन बनाकर मौजूद हैं। 

10:37 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : पथिराना ने मार्करम को बोल्ड किया

तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना ने एडेन मार्करम को बोल्ड कर हैदराबाद को पांचवां झटका दिया। मार्करम 26 गेंदों पर 32 रन बनाकर आउट हुए। हैदराबाद की पारी लड़खड़ा गई है और उसने 85 रन पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। हैदराबाद को अब भी जीत के लिए 55 गेंदों पर 128 रनों की जरूरत है। क्रीज पर फिलहाल हेनरिच क्लासेन के साथ अब्दुल समद मौजूद हैं। 

10:23 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : नीतीश रेड्डी बने जडेजा का शिकार

रवींद्र जडेजा ने नीतीश रेड्डी को आउट कर हैदराबाद को चौथा झटका दिया। 213 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद की पारी लड़खड़ा गई है। नीतीश रेड्डी 15 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हुए। 

10:11 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : हैदराबाद का स्कोर 50 के पार

सनराइजर्स हैदराबाद को एडेन मार्करम और नीतीश रेड्डी ने शुरुआती झटकों से उबारने की कोशिश की। हैदराबाद ने पावरप्ले की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 53 रन बना लिए हैं। मार्करम 19 और नीतीश छह रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। इससे पहले, तुषार देशपांडे ने पावरप्ले में चेन्नई की तीन सफलता दिलाई। वह इस सीजन पहले छह ओवर में तीन विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। तुषार से पहले राजस्थान रॉयल्स के ट्रेंट बोल्ट और संदीप वारियर भी ऐसा कर चुके हैं। 

10:00 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : अभिषेक शर्मा भी पवेलियन लौटे

तुषार देशपांडे ने शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए हैदराबाद को अभिषेक शर्मा को आउट कर तीसरा झटका दिया। चेन्नई के लिए अब तक सभी तीन विकेट तुषार ने ही झटके हैं। अभिषेक नौ गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हुए। अभिषेक का कैच डेरिल मिचेल ने पकड़ा जो उनके करियर का 101वां कैच था। 

09:51 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : अनमोलप्रीत सिंह खाता खोले बिना आउट

तुषार देशपांडे ने लगातार दूसरी गेंद पर हैदराबाद को झटका दिया। इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे अनमोलप्रीत सिंह खाता खोले बिना आउट हुए। 213 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही है और टीम ने 22 रन पर दो विकेट गंवा दिए हैं। अब एडेन मार्करम के साथ अभिषेक क्रीज पर मौजूद हैं। 

09:48 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : ट्रेविस हेड पवेलियन लौटे

तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे ने ट्रेविस हेड को आउट कर हैदराबाद को पहला झटका दिया। ट्रेविस हेड सात गेंदों पर 13 रन बनाकर आउट हुए। हेड के आउट होने के बाद अनमोलप्रीत सिंह इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर क्रीज पर उतरे हैं। 

09:42 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : हैदराबाद की पारी शुरू

चेन्नई के 213 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के लिए हैदराबाद की पारी शुरू हो गई है। हैदराबाद के लिए ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा पारी की शुरुआत करने उतरे हैं, जबकि चेन्नई के लिए दीपक चाहर गेंदबाजी की शुरुआत करने आए हैं। 

09:25 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : हैदराबाद को मिला 213 रनों का लक्ष्य

चेन्नई सुपर किंग्स ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के 98 रन और डेरिल मिचेल के 52 रन की बदौलत 20 ओवर में तीन विकेट पर 212 रन बनाए। हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था और तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने सलामी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे को आउट कर चेन्नई को पहला झटका दिया। इसके बाद हालांकि ऋतुराज और डेरिल मिचेल ने शानदार बल्लेबाजी की और दूसरे विकेट के लिए दूसरे विकेट के लिए 107 रनों की शतकीय साझेदारी कर टीम को संभाला। गायकवाड़ ने इस सीजन का अपना तीसरा अर्धशतक जड़ा, वहीं डेरिल भी पीछे नहीं रहे और वह भी पचासा पूरा करने में सफल रहे। 

जयदेव उनादकट ने हालांकि डेरिल मिचेल को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। मिचेल ने 32 गेंदों की अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया। इसके बाद शिवम दुबे ने गायकवाड़ का अच्छा साथ दिया। गायकवाड़ ने दूसरे छोर से अपनी आक्रमक पारी जारी रखी और वह लगातार दूसरा शतक बनाने के करीब पहुंच गए थे। हालांकि टी. नटराजन ने अंतिम ओवर की दूसरी गेंद पर गायकवाड़ को आउट कर उन्हें शतक बनाने से रोका। गायकवाड़ ने अपनी पारी में 54 गेंदों पर 10 चौके और तीन छक्के लगाए। इसके बाद मैदान पर धोनी उतरे और चेन्नई के दर्शकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। 

शिवम दुबे ने भी आक्रमक अंदाज में बल्लेबाजी की और 20 गेंदों पर एक चौके और चार छक्कों की मदद से 39 रन बनाकर नाबाद लौटे। धोनी भी दो गेंदों पर एक चौके के सहारे पांच रन बनाकर नाबाद रहे। गायकवाड़ और मिचेल के दम पर सीएसके मजबूत स्कोर खड़ा करने में सफल रहा। सीएसके की टीम इसके साथ ही टी20 में सर्वाधिक बार 200 से ज्यादा स्कोर बनाने वाली टीम बन गई है। सीएसके ने 35वीं बार टी20 क्रिकेट में 200 से अधिक स्कोर बनाया और इस मामले में इंग्लिश काउंटी क्लब समरसेट को पीछे छोड़ा जिसने टी20 में 34 बार 200 से ज्यादा स्कोर खड़ा किया है। 

09:20 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : ऋतुराज गायकवाड़ शतक से चूके

सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ लगातार दूसरा शतक लगाने से चूक गए और 98 रन बनाकर पवेलियन लौटे। टी नटराजन ने गायकवाड़ को आउट कर शिवम दुबे के साथ तीसरे विकेट के लिए उनकी साझेदारी को तोड़ा। ऋतुराज के आउट होने के बाद महेंद्र सिंह धोनी क्रीज पर उतरे हैं और एक बार फिर दर्शकों ने जोर-शोर से उनका स्वागत किया है। 

09:12 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : गायकवाड़ और शिवम की शानदार साझेदारी

सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और शिवम दुबे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बेहतरीन साझेदारी की। ऋतुराज शतक बनाने के करीब पहुंच गए हैं। सीएसके ने 18 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 192 रन बना लिए हैं। गायकवाड़ 93 रन और शिवम 29 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

08:58 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : ऋतुराज गायकवाड़ शतक लगाने के करीब

सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखी है और वह शतक लगाने के करीब पहुंच गए हैं। 16 ओवर की समाप्ति के बाद चेन्नई ने दो विकेट पर 159 रन बना लिए हैं। गायकवाड़ 46 गेंदों पर 89 रन और शिवम दुबे चार रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

08:45 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : उनादकट ने मिचेल को किया आउट

तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने शानदार पारी खेल रहे डेरिल मिचेल को आउट कर हैदराबाद को महत्वपूर्ण विकेट दिलाया। इसी के साथ मिचेल और गायकवाड़ के बीच दूसरे विकेट के लिए हुई शतकीय साझेदारी का अंत हो गया। मिचेल 32 गेंदों पर 52 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर कप्तान गायकवाड़ का साथ देने शिवम दुबे आए हैं। 

08:38 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : डेरिल मिचेल का भी पचासा

सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के बाद डेरिल मिचेल ने भी अर्धशतक जड़ दिया है। गायकवाड़ और मिचेल के बीच दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी पूरी हो चुकी है। 13 ओवर की समाप्ति के बाद सीएसके ने एक विकेट पर 123 रन बना लिए हैं। गायकवाड़ 36 गेंदों पर 60 रन और मिचेल 30 गेंदों पर 51 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

08:29 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : चेन्नई का स्कोर 100 के पार

सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और डेरिल मिचेल ने हैदराबाद के खिलाफ शानदार पारी जारी रखी और 11 ओवर की समाप्ति के बाद स्कोर 100 के पार पहुंचा दिया। गायकवाड़ 33 गेंदों पर 57 रन और मिचेल 21 गेंदों पर 32 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

08:16 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : गायकवाड़ ने जड़ा अर्धशतक

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने एक बार फिर कप्तानी पारी खेलते हुए हैदराबाद के खिलाफ अर्धशतक जड़ा। गायकवाड़ का इस सीजन यह तीसरा पचासा है। गायकवाड़ और डेरिल मिचेल ने चेन्नई को शुरुआती झटके से उबारा और नौ ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 82 रन बना लिए हैं। गायकवाड़ 27 गेंदों पर 51 रन और मिचेल 15 गेंदों पर 20 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

08:01 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : चेन्नई ने पूरा किया 50 रनों का आंकड़ा

चेन्नई ने पावरप्ले की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 50 रन पूरे कर लिए हैं। हैदराबाद ने अजिंक्य रहाणे को आउट कर सीएसके को शुरुआती झटका दिया था, लेकिन ऋतुराज गायकवाड़ और डेरिल मिचेल ने पारी को संभाला और पावरप्ले के दौरान हैदराबाद को अन्य सफलता नहीं हासिल करने दी। ऋतुराज गायकवाड़ 33 रन और मिचेल छह रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

07:46 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : रहाणे हुए आउट

सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने सलामी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे को आउट कर चेन्नई को पहला झटका दिया। रहाणे लंबा शॉट लगाने के चक्कर में बाउंड्री पर खड़े शाहबाज अहमद को कैच थमा बैठे। रहाणे ने 12 गेंदों पर नौ रन बनाए। रहाणे के आउट होने के बाद गायकवाड़ का साथ देने डेरिल मिचेल उतरे हैं। चेन्नई ने तीन ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 19 रन बनाए हैं। 

07:31 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : चेन्नई की पारी शुरू

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स की पारी शुरू हो चुकी है। चेन्नई के लिए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ अजिंक्य रहाणे पारी की शुरुआत करने आए हैं। हैदराबाद की ओर से तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार गेंदबाजी की शुरुआत करने आए हैं। 

07:07 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : दोनों टीमों की प्लेइंग-11

चेन्नई सुपरकिंग्सः अजिंक्य रहाणे, ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेरिल मिचेल, मोइन अली, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), दीपक चाहर, तुषार देशपांडे, मुस्तफिजुर रहमान, मथीशा पथिराना। इंपैक्ट सबः समीर रिजवी, शार्दुल ठाकुर, शाइक रशीद, रचिन रवींद्र, मिचेल सैंटनर। 

सनराइजर्स हैदराबादः अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, एडेन मार्करम, हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), नीतीश रेड्डी, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, पैट कमिंस (कप्तान), भुवनेश्वर कुमार, जयदेव उनादकट, टी. नटराजन। इंपैक्ट सबः उमरान मलिक, मयंक मारकंडे, अनमोलप्रीत सिंह, ग्लेन फिलिप्स, वॉशिंगटन सुंदर।
 

07:02 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : हैदराबाद का टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला

सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। हैदराबाद ने इस मैच के लिए मयंक मारकंडे को प्लेइंग-11 से बाहर रखा है। 

06:39 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : हैदराबाद को गेंदबाजी में करना होगा सुधार

बल्लेबाजी की तुलना में हैदराबाद की गेंदबाजी कुछ खास नहीं रही है। टीम ने 250+ रन अगर बनाए हैं तो खर्च भी 20-30 रन कम ही किए हैं। चेन्नई को उनके होम ग्राउंड पर हराना आसान नहीं है। इस मैदान पर दोनों के बीच चारों मुकाबले सीएसके ने ही जीते हैं। वहीं, ओवरऑल दोनों के बीच 20 मैच खेले गए हैं। इनमें से चेन्नई ने 14 और सनराइजर्स ने छह मैच जीते हैं।

06:38 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : चेन्नई को हेड और अभिषेक से रहना होगा सावधान

हैदराबाद की बल्लेबाजी अच्छी चल रही है। टीम दो बार आईपीएल का सर्वाधिक स्कोर का रिकॉर्ड बना चुकी है। हालांकि, आरसीबी के खिलाफ उन्हें पिछले मैच में 35 रन से हार का सामना करना पड़ा। सत्र में अभी तक हैदराबाद तीन मैच ही हारी है। हैदराबाद की टीम में फिलहाल सबकुछ ठीक चल रहा है। टीम का माइंडसेट ठीक है और खिलाड़ी आत्मविश्वास से भरे हैं। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा जिस अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं, वह विपक्षी टीम को डरा सकता है। सीएसके के खिलाफ इसी सीजन खेले गए पिछले मुकाबले में भी अभिषेक ने तूफानी बल्लेबाजी कर मैच सनराइजर्स की तरफ मोड़ दिया था। चेन्नई को इन दोनों से बचकर रहने की जरूरत है।

06:36 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Live : लय में चल रहे हैं ऋतुराज गायकवाड़

चेन्नई के कप्तान ऋतुराज की बल्लेबाजी लय में चल रही है। वह शतकीय पारी खेल चुके हैं। शिवम दुबे भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा भी उपयोगी योगदान कर रहे हैं। शीर्ष क्रम में रचिन रविंद्र की फॉर्म जरूर चिंता का सबब है। प्लेऑफ की रेस कड़ी होती जा रही है और ऐसे में चेन्नई के लिए भी हर जीत महत्वपूर्ण है।

06:31 PM, 28-Apr-2024

CSK vs SRH Highlights : चेन्नई सुपर किंग्स ने हैदराबाद को 78 रनों से हराया, तुषार देशपांडे ने झटके चार विकेट

IPL Live Cricket Score, CSK vs SRH Indian Premier League 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल के 46वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से है। यह मुकाबला चेन्नई के होम ग्राउंड एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। दोनों टीमों को उनके पिछले मैच में हार का सामना करना पड़ा है। चेन्नई की कोशिश अपने घरेलू मैदान पर जीत की राह पर लौटने की होगी, जबकि मौजूदा आईपीएल सीजन में लगातार रिकॉर्ड बना रही हैदराबाद भी वापसी करने को बेताब होगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें