आईपीएल 2023 के 29वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद की टीम 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर महज 134 रन ही बना सकी। जवाब में चेन्नई ने 18.4 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। चेन्नई के लिए डेवोन कॉन्वे ने 57 गेंदों में 12 चौके और एक छक्के की मदद से 77 रन की नाबाद पारी खेली।
यह इस सीजन चेन्नई की छह मैचों में चौथी जीत है। टीम दो मैच हारी है। आठ अंकों के साथ चेन्नई की टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है। उसके राजस्थान और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बराबर अंक हैं, लेकिन राजस्थान का रन रेट इन सबमें सबसे बेहतर है और इस वजह से आरआर की टीम शीर्ष पर है। लखनऊ दूसरे और चेन्नई तीसरे स्थान पर है।
17वें ओवर में 122 रन के स्कोर पर चेन्नई को तीसरा झटका लगा। मयंक मार्कंडे ने अंबाती रायुडू को क्लीन बोल्ड किया। रायुडू नौ गेंदों में नौ रन बना सके। फिलहाल सीएसके को 18 गेंदों में 13 रन की जरूरत है। कॉन्वे 53 गेंदों में 67 रन और मोईन अली क्रीज पर हैं।
15वें ओवर में 110 के स्कोर पर चेन्नई को दूसरा झटका लगा। मयंक मार्कंडे ने अजिंक्य रहाणे को मार्करम के हाथों कैच कराया। रहाणे 10 गेंदों में नौ रन बना सके। फिलहाल अंबाती रायुडू एक रन और कॉन्वे 64 रन बनाकर क्रीज पर हैं। चेन्नई को 30 गेंदों में 24 रन की जरूरत है।
11वें ओवर की आखिरी गेंद पर ऋतुराज गायकवाड़ रन आउट हुए। कॉन्वे का सीधे शॉट पर गेंद उमरान के हाथों से लगकर नॉन स्ट्राइकर एंड पर स्टंप्स पर जा लगी। तब ऋतुराज क्रीज से आगे निकल चुके थे। आउट होने से पहले ऋतुराज 30 गेंदों में 35 रन बना सके। ऋतुराज के आउट होने पर कॉन्वे बेहद निराश दिखे। 12 ओवर के बाद चेन्नई ने एक विकेट गंवाकर 91 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेवोन कॉन्वे 40 गेंदों में 52 रन और अजिंक्य रहाणे दो रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
10 ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने बिना कोई विकेट गंवाए 86 रन बना लिए हैं। हैदराबाद के गेंदबाज विकेट को तरस गए हैं। फिलहाल ऋतुराज गायकवाड़ 23 गेंदों में 30 रन और डेवोन कॉन्वे 34 गेंदों में 50 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। कॉन्वे ने 33 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। यह उनके आईपीएल करियर का छठा अर्धशतक रहा।
छह ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने बिना कोई विकेट गंवाए 60 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेवोन कॉन्वे 24 गेंदों में 40 रन और ऋतुराज गायकवाड़ 12 गेंदों में 18 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। छठे ओवर में मार्को यानसेन गेंदबाजी के लिए आए और इस ओवर में चेन्नई के बल्लेबाजों ने 23 रन बटोरे। कॉन्वे ने इस ओवर में चार चौके और एक छक्का लगाया। इसके अलावा ऋतुराज ने एक रन लिया।
चेन्नई ने चार ओवर के बाद बिना कोई विकेट गंवाए 32 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋतुराज गायकवाड़ आठ गेंदों में 13 रन और डेवोन कॉन्वे 16 गेंदों में 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई है।
चेन्नई की पारी शुरू हो चुकी है। डेवोन कॉन्वे और ऋतुराज गायकवाड़ क्रीज पर हैं। दोनों पर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी होगी। हैदराबाद ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 134 रन बनाए हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 134 रन बनाए और चेन्नई के सामने 135 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद की शुरुआत खराब रही थी। इस मैच में मयंक अग्रवाल की जगह हैरी ब्रूक के साथ अभिषेक शर्मा ओपनिंग करने आए थे।
इस सीजन पहला शतक लगाने वाले हैरी ब्रूक 18 रन बनाकर आकाश सिंह की गेंद पर कैच आउट हुए। इसके बाद अभिषेक ने राहुल त्रिपाठी के साथ दूसरे विकेट के लिए 36 रन की साझेदारी निभाई। टाइम-आउट में धोनी की सीख के बाद जडेजा ने स्टंप के लाइन में गेंदबाजी की और अभिषेक को अपनी जाल में फंसाया।
जडेजा ने अभिषक को अजिंक्य रहाणे के हाथों कैच कराया। वह 26 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद जडेजा ने राहुल त्रिपाठी को आकाश सिंह के हाथों कैच कराया। त्रिपाठी 21 गेंदों में 21 रन बना सके।
इसके बाद महीश तीक्षणा ने कप्तान एडेन मार्करम को चलता किया। तीक्षणा ने मार्करम को विकेटकीपर धोनी के हाथों कैच कराया। वह 12 गेंदों में 12 रन बना सके। फिर जडेजा की फिरकी का जादू देखने को मिला और छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए मयंक अग्रवाल को धोनी के हाथों स्टंप कराया। वह एक बार फिर फेल रहे और दो रन बना सके।
हेनरिच क्लासेन 16 गेंदों में 17 रन बनाकर महीश पथिराना की गेंद पर आउट हुए। मार्को यानसेन 22 गेंदों में 17 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, पारी की आखिरी गेंद पर वॉशिंगटन सुंदर नौ रन बनाकर रन आउट हुए। चेन्नई की ओर से जडेजा ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, आकाश सिंह, तीक्षणा और पथिराना को एक-एक विकेट मिला।
18वें ओवर में 116 के स्कोर पर हैदराबाद को छठा झटका लगा। 'जूनियर मलिंगा' नाम से मशहूर श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथिशा पथिराना ने हेनरिच क्लासेन को ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। क्लासेन 16 गेंदों में 17 रन बना सके। 18 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर छह विकेट पर 119 रन है। फिलहाल वॉशिंगटन सुंदर और मार्को यानसेन क्रीज पर हैं।
16 ओवर के बाद हैदराबाद ने पांच विकेट गंवाकर 106 रन बना लिए हैं। फिलहाल मार्को यानसेन पांच रन और हेनरिच क्लासेन 11 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। जडेजा ने अब तक तीन विकेट लिए हैं। वहीं, आज छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए मयंक अग्रवाल फिर फ्लॉप रहे। उन्होंने दो रन बनाए।
हैदराबाद की टीम ने 95 रन पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। 13वें ओवर में महीश तीक्षणा ने कप्तान एडेन मार्करम को धोनी के हाथों कैच कराया था। वह 12 गेंदों में 12 रन बना सके थे। इसके बाद मयंक अग्रवाल बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। मयंक ओपनिंग की जगह छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। अगले ओवर यानी 14वें ओवर की पहली गेंद पर जडेजा से मयंक का कैच छूट गया था। हालांकि, उन्होंने इसकी भरपाई करते हुए पांचवीं गेंद पर मयंक को धोनी के हाथों स्टंप कराया। मयंक दो रन बना सके। 14 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर पांच विकेट पर 97 रन है। फिलहाल मार्को यानसेन और हेनरिच क्लासेन क्रीज पर हैं।
12वें ओवर में 84 के स्कोर पर हैदराबाद को तीसरा झटका लगा। राहुल त्रिपाठी बड़े शॉट के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। वह 21 गेंदों में एक चौका और एक छक्के की मदद से 21 रन बना सके। जडेजा ने इस मैच में दूसरा विकेट झटका। इससे पहले उन्होंने अभिषेक शर्मा को आउट किया था। 12 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर तीन विकेट पर 86 रन है। फिलहाल हेनरिच क्लासेन और एडेन मार्करम क्रीज पर हैं।
हैदराबाद की टीम को 10वें ओवर में 71 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। रवींद्र जडेजा ने अभिषेक शर्मा को रहाणे के हाथों कैच कराया। अभिषेक 26 गेंदों में 34 रन बना सके। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया। 10 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर दो विकेट पर 76 रन है। फिलहाल एडेन मार्करम और राहुल त्रिपाठी क्रीज पर हैं।
नौ ओवर के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने एक विकेट गंवाकर 70 रन बना लिए हैं। फिलहाल राहुल त्रिपाठी 16 गेंदों में 16 रन और अभिषेक शर्मा 25 गेंदों में 34 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले आकाश सिंह ने हैरी ब्रूक को पवेलियन भेजा। वह 18 रन बना सके। दोनों के बीच अब तक 35 रन की साझेदारी हो चुकी है।
सात ओवर के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने एक विकेट गंवाकर 55 रन बना लिए हैं। फिलहाल राहुल त्रिपाठी 10 गेंदों में नौ रन और अभिषेक शर्मा 19 गेंदों में 26 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले आकाश सिंह ने हैरी ब्रूक को पवेलियन भेजा। वह 18 रन बना सके।
हैदराबाद को पांचवें ओवर में 35 के स्कोर पर पहला झटका लगा। आकाश सिंह ने हैरी ब्रूक को ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। बैकवर्ड पॉइंट और शॉर्ट थर्डमैन के बीच मौजूद ऋतुराज ने बेहतरीन लो कैच लपका। ब्रूक 13 गेंदों में तीन चौके की मदद से 18 रन बनाकर आउट हुए। पांच ओवर के बाद सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर एक विकेट पर 35 रन है। फिलहाल राहुल त्रिपाठी और अभिषेक शर्मा क्रीज पर हैं।
हैदराबाद की पारी शुरू हो चुकी है। आज एसआरएच टीम मैनेजमेंट ने हैरी ब्रूक के साथ मयंक अग्रवाल की जगह अभिषेक शर्मा को ओपनिंग के लिए भेजा है। मयंक कुछ समय से कुछ खास फॉर्म में नहीं दिखे हैं। ऐसे में बाएं हाथ के ऑलराउंडर अभिषेक बल्लेबाजी के लिए आए। दो वर के बाद टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 13 रन बना लिए हैं। फिलहाल अभिषेक नौ गेंदों में सात रन और हैरी ब्रूक तीन गेंदों में पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
चेन्नई सुपरकिंग्स: डेवोन कॉन्वे, ऋतुराज गायकवाड़, अजिंक्य रहाणे, शिवम दुबे, मोईन अली, रवींद्र जडेजा, महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान/विकेटकीपर), तुषार देशपांडे, महेश तीक्ष्णा, मथीशा पथिराना, आकाश सिंह।
चेन्नई के इम्पैक्ट प्लेयर्स की लिस्ट इस प्रकार है- अंबाती रायुडू, ड्वेन प्रिटोरियस, सुभ्रांशु सेनापति, शेख रशीद, राजवर्धन हंगरगेकर
सनराइजर्स हैदराबाद: हैरी ब्रूक, मयंक अग्रवाल, राहुल त्रिपाठी, एडेन मार्करम (कप्तान), अभिषेक शर्मा, हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, मार्को यानसेन, भुवनेश्वर कुमार, उमरान मलिक, मयंक मार्कंडे।
हैदराबाद के इम्पैक्ट प्लेयर्स की लिस्ट इस प्रकार है- अब्दुल समद, सनवीर सिंह, ग्लेन फिलिप्स, मयंक डागर, टी नटराजन
चेन्नई के कप्तान एमएस धोनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। उन्होंने अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान एडेन मार्करम ने भी प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। उमरान मलिक की टीम में वापसी हुई है।
एड़ी की चोट के कारण चेन्नई के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स तीन मैचों में नहीं खेल पाए थे और इस मैच में भी उनके खेलने पर संशय है। उन्होंने अभ्यास किया, लेकिन उनकी फिटनेस को देखने के बाद ही अंतिम एकादश में मौका देने का फैसला किया जाएगा। माना जा रहा है कि वह सनराइजर्स के खिलाफ मैच से वापसी करेंगे। स्पिनर मिचेल सैंटनर बीमारी से ठीक हो गए हैं और खेलने के लिए फिट हैं।
इस सीजन में नाबाद शतक लगाने वाले हैदराबाद के बल्लेबाज हैरी ब्रूक का स्पिनरों के खिलाफ टेस्ट होगा। उन्हें स्पिनरों के खिलाफ खेलने में परेशानी होती है, जबकि तेज गेंदबाजो के खिलाफ वह अच्छा खेलते हैं। यह चेन्नई के कप्तान एमएस धोनी अच्छे से जानते हैं। अब देखना है कि ब्रूक चेपक में जडेजा, सैंटनर, महीश तीक्षणा और मोईन अली जैसे गेंदबाजों के सामने कैसा प्रदर्शन करते हैं।
हैदराबाद के स्पिन विभाग में गहराई नहीं है। टीम वाशिंगटन सुंदर को अंतिम एकादश में रखती है जो पांच मैचों में 11 ओवर फेंकने के बाद भी एक विकेट हासिल नहीं कर पाए हैं। अंतिम एकादश में संतुलन के चलते स्पिनरों मयंक मार्कंडे, आदिल राशिद और अकील हुसैन को खेलने का कम मौका मिल पा रहा है। हालांकि ,इस मैच में कप्तान एडेन मार्करम स्पिन पिच को देखते हुए तीन स्पिनरों को मौका दे सकते हैं।
चेन्नई को राजस्थान रॉयल्स से घर में हार मिली थी। राजस्थान 15 साल बाद चेन्नई को उसके घर में हराने में सफल हो पाया था। टीम की जीत में विश्वस्तरीय स्पिनरों रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल और एडम जम्पा ने योगदान दिया था। राजस्थान इस मैच को तीन रन से जीता था जो अंतिम गेंद तक चला था।
हैदराबाद की टीम अब तक चेन्नई को उसके होमग्राउंड पर नहीं हरा सकी है। उसकी नजर चेपक में पहली जीत पर है। दोनों टीमों के बीच चेपक में तीन मुकाबले हुए हैं और तीनों में चेन्नई जीती है। हैदराबाद के बल्लेबाजों को मेजबान टीम के स्पिनरों की कड़ी चुनौती से भी निपटना होगा। चेन्नई के पास रविंद्र जडेजा, मोईन अली, मिचेल सैंटनर जैसे शानदार स्पिन गेंदबाज मौजूद हैं। चेपक की पिच स्पिनरों की मददगार मानी जाती है, लेकिन पिछले मैचों से बल्लेबाजों को भी अच्छी मदद मिली है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2023 के 29वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से है। यह मैच चेन्नई के चेपक स्टेडियम में खेला जा रहा है। चेन्नई की टीम अपना पिछला मैच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ जीतकर आ रही है, जबकि हैदराबाद को मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में हार का सामना करना पड़ा था। धोनी के नेतृत्व में चेन्नई की टीम जीत के लय को बरकरार रखने उतरेगी, जबकि हैदराबाद की टीम वापसी करने की कोशिश करेगी।