आईपीएल 2024 के पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को छह विकेट से हरा दिया। सीएसके ने इस टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज किया है। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट खोकर 173 रन बनाए। इसके जवाब में ऋतुराज गायकवाड़ के नेतृत्व वाली टीम ने आठ गेंदों के शेष रहते हुए छह विकेट से यह मैच जीत लिया।
कप्तान ने दिलाई अच्छी शुरूआत
आरसीबी द्वारा दिए गए 174 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई ने दमदार शुरूआत की। ऋतुराज गायकवाड और रचिन रवींद्र के बीच पहले विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी हुई जिसे यश दयाल ने तोड़ा। कप्तान इस मैच में 15 रन बनाने में कामयाब हुए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अजिंक्य रहाणे उतरे। दूसरे विकेट के लिए रहाणे और रचिन रवींद्र के बीच 33 रन की पार्टनरशिप हुई। न्यूजीलैंड के स्टार खिलाड़ी तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 37 रन बनाने में कामयाब हुए। टीम को तीसरा झटका रहाणे के रूप में लगा जो 27 रन बना सके। वहीं, चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए डेरिल मिचेल दो छक्कों की मदद से 22 रन बनाने में कामयाब हुए।
जडेजा और दुबे के बीच मैच विनिंग साझेदारी
चेन्नई को जीत दिलाने में शिवम दुबे और रवींद्र जडेजा ने अहम भूमिका निभाई। दोनों के बीच 37 गेंदों में 66 रन की नाबाद साझेदारी हुई। इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे दुबे ने चार चौकों और एक छक्के की मदद से 34 रन बनाए। वहीं, स्टार ऑलराउंडर ने 17 गेंदों में 25 रन बनाए। इस मैच में दोनों बल्लेबाज नाबाद रहे। आरसीबी के लिए कैमरन ग्रीन ने दो विकेट लिए जबकि यश दयाल और कर्ण शर्मा को एक-एक सफलता मिली।
आरसीबी और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जा रहा यह मुकाबला रोमांचक स्थिति में पहुंच चुका है। टीम को चौथा झटका डेरिल मिचेल के रूप में लगा। वह 22 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें कैमरन ग्रीन ने रजत पाटीदार के हाथों कैच कराया। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रवींद्र जडेजा उतरे हैं। टीम को जीत के लिए 31 गेदों में 46 रन की जरूरत है।
चेन्नई को तीसरा झटका लगा अजिंक्य रहाणे के रूप में लगा है। वह 19 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 27 रन बनाने में कामयाब हुए। उन्होंने डेरिल मिचेल के साथ 28 रनों की साझेदारी निभाई। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए शिवम दुबे उतरे हैं। वह इंपैक्ट प्लेयर हैं। 12 ओवर के बाद टीम का स्कोर 109/3 है।
आरसीबी के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स को दूसरा झटका रचिन रवींद्र आउट हुए हैं। उन्हें कर्ण शर्मा ने रजत पाटीदार के हाथों कैच कराया। न्यूजीलैंड का यह खिलाड़ी 35 रन बनाने में कामयाब हुआ। इस दौरान उनके बल्ले से तीन चौके और तीन छक्के निकले। फिलहाल क्रीज पर अजिंक्य रहाणे डटे हुए हैं। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए डेरिल मिचेल आए हैं। सात ओवर के बाद टीम का स्कोर 71/2 है।
आरसीबी के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स को पहला झटका कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के रूप में लगा है। वह तीन चौकों की मदद से 15 रन बनाकर आउट हुए। पहले विकेट के लिए ऋतुराज और रचिन रवींद्र के बीच 38 रन की साझेदारी हुई। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अजिंक्य रहाणे उतरे हैं।
आरसीबी द्वारा दिए गए 174 रन के लक्ष्य का पीछा करने के लिए चेन्नई तैयार है। सलामी बल्लेबाजी के लिए ऋतुराज गायकवाड़ और रचिन रवींद्र उतरे हैं। दोनों जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं। पहले ओवर में टीम ने बिना किसी नुकसान के आठ रन बना लिए हैं।
आईपीएल का पहला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके को 174 रन का लक्ष्य दिया है। टीम की शुरूआत इस मुकाबले में दमदार हुई थी। पहले विकेट के लिए विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस के बीच 41 रन की साझेदारी हुई। मुस्तफिजुर रहमान ने कप्तान को पांचवें औवर की तीसरी गेंद पर अपना शिकार बनाया। 39 वर्षीय बल्लेबाज आठ चौकों की मदद से 35 रन बनाने में कामयाब हुए। इसके बाद टीम को तीसरा झटका रजत पाटीदार के रूप में लगा जो बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। वह एक बार फिर फ्लॉप साबित हुए।
हैरानी की बात यह है कि आरसीबी के दिग्गज बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल भी गोल्डन डक का शिकार हुए। उन्हें दीपक चाहर ने छठे ओवर की तीसरी गेंद पर अपना शिकार बनाया। चौथे विकेट के लिए विराट कोहली और कैमरन ग्रीन के बीच 35 गेंदों में 35 रन की पार्टनरशिप हुई। किंग कोहली को मुस्तफिजुर रहमान ने अपना शिकार बनाया। 12वें ओवर की चौथी गेंद पर बांग्लादेश के इस गेंदबाज ने कैमरन ग्रीन को बोल्ड किया। इस विकेट के बाद टीम को एक अच्छी साझेदारी की दरकार थी, 78 रन पर आरसीबी पांच विकेट खोकर संघर्ष कर रही थी। तभी छठवें और सातवें नंबर पर उतरे अनुज रावत और दिनेश कार्तिक आरसीबी के लिए संकटमोचक साबित हुए। दोनों के बीच 95 रनों की साझेदारी हुई। अनुज रावत ने 25 गेंदों में चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 48 रन बनाए। उन्हें सीएसके के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर धोनी ने आखिरी ओवर की अंतिम गेंद पर रनआउट कर दिया। वहीं, दिनेश कार्तिक तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 38 रन बनाने में कामयाब हुए। वह इस मैच में नाबाद रहे। सीएसके के लिए मुस्तफिजुर रहमान काल साबित हुए। उन्होंने दो ओवर में चार विकेट चटकाए। इसके अलावा दीपक चाहर को एक सफलता मिली।
आरसीबी के लिए अनुज रावत और दिनेश कार्तिक संकटमोचक साबित हुए हैं। दोनों के बीच अब तक 50 रन से ज्यादा की साझेदारी हो चुकी है। 78 रन के स्कोर पर टीम के पांच विकेट गिरे थे। 12वें ओवर में मुस्तफिजुर रहमान ने पहले विराट कोहली, फिर कैमरन ग्रीन को आउट किया। आरसीबी का बल्लेबाजी क्रम लड़खड़ा गया था, लेकिन छठे और सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे अनुज और कार्तिक दमदार प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। 19 ओवर के बाद टीम का स्कोर 165/5 है।
आरसीबी का बल्लेबाजी क्रम इस मुकाबले में संघर्ष करता नजर आ रहा है। टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली 12वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हुए। वहीं, कैमरन ग्रीन भी इसी ओवर की चौथी गेंद पर पवेलियन लौटे। इन दोनों बल्लेबाजों को बांग्लादेश के घातक गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने अपना शिकार बनाया। इससे पहले वह कप्तान फाफ डुप्लेसिस और रजत पाटीदार को पवेलियन भेजने में सफल हुए। चेन्नई के खिलाफ सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए दिनेश कार्तिक उतरे हैं जिनका साथ अनुज रावत दे रहे हैं। 12 ओवर के बाद टीम का स्कोर 78/5 है।
आरसीबी को चौथा बड़ा झटका स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के रुप में लगा जो 21 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने कप्तान फाफ डु प्लेसिस के साथ पहले विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद उन्होंने कैमरन ग्रीन के साथ 35 रन की पार्टनरशिप की। उन्हें मुस्तफिजुर रहमान ने अपना शिकार बनाया।
आरसीबी का बल्लेबाजी क्रम आईपीएल के पहले मैच में बुरी तरह फ्लॉप साबित हुआ है। कप्तान फाफ डुप्लेसिस 35 रन बनाकर आउट हुए जबकि तीसरे और चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए रजत पाटीदार और ग्लेन मैक्सवेल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। फिलहाल क्रीज पर विराट कोहली 12 गेंदों में 11 रन और कैमरन ग्रीन 15 गेंदों में 1 रन बनाकर डटे हुए हैं। नौ ओवर के बाद टीम का स्कोर 63/3 है।
आरसीबी के स्टार बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल चेन्नई के खिलाफ आईपीएल के पहले मैच में फ्लॉप साबित हुए। वह बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। दीपक चाहर ने उन्हें अपना शिकार बनाया। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए कैमरन ग्रीन आए हैं, उनका साथ देने के लिए विराट कोहली मौजूद हैं। धाकड़ बल्लेबाज 10 गेंदों में नौ रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। आठ ओवर के बाद टीम का स्कोर 55/3 है।
आरसीबी का दूसरा विकेट रजत पाटीदार के रुप में लगा। उन्हें भी पांचवें ओवर में मुस्तफिजुर रहमान ने अपना शिकार बनाया। एक ओवर में चेन्नई के इस गेंदबाज को दो सफलताएं मिली। भारतीय बल्लेबाज सीएसके के खिलाफ अपना खाता भी नहीं खोल सके। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लि ग्लेन मैक्सवेल उतरे हैं।
आरसीबी को पहला झटका मुस्तफिजु रहमान ने दिया। उन्होंने पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर कप्तान डुप्लेसिस को रचिन रवींद्र के हाथों कैच आउट कराया। 39 वर्षीय बल्लेबाज इस मैच में 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इस दौरान उन्होंने आठ चौके लगाए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रजत पाटीदार आए हैं।
चेन्नई के खिलाफ आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसिस जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने विरोधी टीम के खिलाफ आक्रामक रुख अख्तियार करते हुए टीम का स्कोर चर ओवर में 30 रन के पार पहुंचा दिया है। सीएसके के लिए तीसरा ओवर फेंकने आए दीपक चाहर की 39 वर्षीय बल्लेबाज ने अच्छे से खबर ली। उन्होंने इस ओवर में 17 रन बटोरे।
आईपीएल के पहले मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की दमदार शुरूआत हुई है। कप्तान फाफ डु प्लेसिस और विराट कोहली फिलहाल क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद टीम का स्कोर 16 रन है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), विराट कोहली, रजत पाटीदार, ग्लेन मैक्सवेल, कैमरन ग्रीन, दिनेश कार्तिक, अनुज रावत (विकेटकीपर), कर्ण शर्मा, अल्जारी जोसेफ, मयंक डागर, मोहम्मद सिराज। इंपैक्ट सब: यश दयाल, आकाश दीप, सुयश प्रभुदेसाई, स्वप्निल सिंह, वैशाक विजय कुमार।
चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), रचिन रवींद्र, अजिंक्य रहाणे, डेरिल मिचेल, रवींद्र जडेजा, समीर रिजवी, एमएस धोनी (विकेटकीपर), दीपक चाहर, महेश तीक्षणा, मुस्तफिजुर रहमान, तुषार देशपांडे। इंपैक्ट सब: शार्दुल ठाकुर, शिवम दुबे, शेख रशीद, निशांत सिंधु, मोइन अली।
आईपीएल 2024 के पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। इस मुकाबले में चेन्नई ऋतुराज गायकवाड़ की अगुवाई में खेलती नजर आ रही है जबकि आरसीबी का नेतृत्व फाफ डु प्लेसिस कर रहे हैं। सीएसके में चार विदेशी खिलाड़ी डेरिल मिचेल, रचिन रवींद्र, महेश तीक्षणा और मुस्तफिजुर रहमान हैं जबकि बेंगलुरु में चार विदेशी खिलाड़ी कप्तान फाफ डु प्लेसिस, ग्लेन मैक्सवेल, कैमरन ग्रीन, अल्जारी जोसेफ है।
आईपीएल 2023 में चेन्नई के चेपॉक में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने पांच मैच जीते थे जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने चार मुकाबलों में जीत हासिल की थी। पहली पारी का औसतन स्कोर 77 रन है। कुछ ही देर में आरसीबी बनाम सीएसके मैच का टॉस होगा।
अब तक चेन्नई सुपर किंग्स ने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में आठ बार सीजन का ओपनिंग मैच खेला है। इनमें टीम को चार मैचों में जीत मिली है। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु ने आईपीएल के चार ओपनिंग मैच खेले हैं। इनमें टीम को तीन मैचों में हार मिली है जबकि एक मुकाबला आरसीबी जीती है। बैंगलुरु ने आईपीएल 2021 में मुंबई इंडियंस को हराया था।
सीएसके और आरसीबी के बीच आईपीएल इतिहास में अबतक कुल 31 मैच खेले गए हैं जिसमें गत चैंपियन सीएसके ने 20 मैच जीते हैं, जबकि आरसीबी की टीम 10 मैच ही जीत सकी है। दोनों टीमों के बीच एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। इस तरह धोनी की टीम का पलड़ा आरसीबी की तुलना में भारी नजर आ रहा है। हालांकि टी20 क्रिकेट में एक गेंद से पासा पलट जाता है, इसलिए इस प्रारूप में यह कहना कठिन होता है कि कौन सी टीम मुकाबले को जीत सकती है।
आईपीएल 2024 का 17वां सीजन आज से शुरु होने जा रहा है। पहला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला चेन्नई के गढ़ एम चिदंबरम स्टेडियम में होगा।सीएसके रिकॉर्ड नौवीं बार आईपीएल का ओपनिंग मुकाबला खेलने उतरेगी। वहीं, आरसीबी पांचवीं बार सीजन का पहला मैच खेलती नजर आएगी। घरेलू मैदान पर आरसीबी के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स का हमेशा से बोलबाला रहा है। इसकी गवाही दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबलों के आंकड़े दे रहे हैं। सीएसके और आरसीबी के बीच चेन्नई के एम चिदंबरम स्टेडियम में अब तक आठ मुकाबले खेले गए हैं। इनमें गत विजेता टीम ने सात मैचों में जीत दर्ज की है जबकि आरसीबी को सिर्फ एक मुकाबले में जीत मिली है। ऐसे में आगामी मैच में दोनों टीनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।