फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CSK vs MI: पोलार्ड के तूफान में बहे सुपर किंग्स, चार विकेट से जीती मुंबई इंडियंस

Sat, 01 May 2021 11:33 PM IST
गौरव पाण्डेय स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल यानी इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें संस्करण में आज (शनिवार) रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस और महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स के बीच भिड़ंत हुई। अंतिम समय तक रोमांचक बने रहे इस मैच में आखिरकार जीत मुंबई ने हासिल की। मुंबई की जीत के नायक रहे तूफानी बल्लेबाज पोलार्ड। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हो रहे इस मैच में मुंबई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। चेन्नई की ओर से बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। बोल्ट ने पहले ही ओवर में ऋतुराज गायकवाड़ को चलता किया था। लेकिन, इसके बाद मोईन अली 58 (36) और फाफ डु प्लेसी 50 (28) ने शानदार बल्लेबाजी कर चेन्नई को मजबूत शुरुआत दी। 12वें ओवर में पोलार्ड ने डुप्लेसी और सुरेश रैना को एक के बाद एक आउट कर चेन्नई को संकट में ला दिया। लेकिन, अंबाती रायुडू 72 (27) की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दम पर चेन्नई ने 20 ओवर में 218 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। रायुडू ने अपनी पानी में चार चौके और सात सिक्स लगाए थे। 
विज्ञापन
चेन्नई सुपर किंग्स बनाम मुंबई इंडियंस लाइव स्कोर अपडेट - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:25 PM, 01-May-2021

चार विकेट से जीती मुंबई

बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुके इस मैच के अंतिम ओवर के लिए महेंद्र सिंह धोनी ने गेंद एनगिडी को थमाई है। बल्लेबाजी पोलार्ड कर रहे हैं। पहली गेंद यॉर्कर रही, कोई रन नहीं। दूसरी गेंद फिर यॉर्कर लेकिन गेंद सीमा पार पहुंची, चार रन। अगली गेंद खराब फुलटॉस रही, पोलार्ड ने लगाया चौका। पांचवीं गेंद पर पोलार्ड ने फिर सिक्स लगाया। अंतिम गेंद पर दो रन चाहिए थे और पोलार्ड ने दो रन लेकर टीम को जीत दिलाई। पोलार्ड ने 34 गेंदों पर 87 रन बनाए। अपनी शानदार पारी में उन्होंने छह चौके और आठ सिक्स लगाए।

11:21 PM, 01-May-2021

19वें ओवर की शुरुआती दोनों गेंदों पर पांड्या ने सिक्स लगाकर सैम करन का स्वागत किया। इसके बाद तीसरी गेंद पर पांड्या और पोलार्ड ने तेजी के साथ दो रन पूरे किए। चौथी गेंद पर पांड्या ने फिर हवाई शॉट खेला लेकिन इस बार फाफ डुप्लेसी ने उनका कैच पकड़ लिया। वहीं, क्रीज पर उतरे जिमी नीशम को सैम करन ने बिना खाता खोले पवेलियन भेज गिया। शार्दूल ठाकुर ने नीशम का कैच पकड़ा। 19 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर छह विकेट के नुकसान पर 203 रन। 

11:17 PM, 01-May-2021

डुप्लेसी ने छोड़ा पोलार्ड का कैच

पोलार्ड का बल्ला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। 18वां ओवर कराने आए शार्दूल ठाकुर की दूसरी गेंद पर पोलार्ड ने शानदार स्ट्रेट सिक्स जड़ा और इसकी अगली ही गेंद पर उन्होंने चौका लगाया। ओवर की पांचवीं गेंद पर मिसफील्ड हुआ और डुप्लेसी से पोलार्ड का एक आसान कैच छूट गया। 18 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 188 रन। मुंबई को अब जीत के लिए 12 गेंदों पर 31 रन चाहिए।

विज्ञापन
11:08 PM, 01-May-2021

17वां ओवर कराने आए सैम करन ने तीसरी गेंद पर क्रुणाल पांड्या को एलबीडब्ल्यू कर मैच में चेन्नई की वापसी कराई है। क्रुणाल ने 32 गेंदों पर 32 रन बनाए। अब क्रीज पर हार्दिक पांड्या उतरे हैं। चेन्नई के लिए यह शानदार ओवर रहा। इस ओवर में क्रुणाल का विकेट मिला और महज दो रन गए। 17 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 171 रन।

11:02 PM, 01-May-2021

क्रुणाल ने भी शुरू की आक्रामक बल्लेबाजी

पोलार्ड के साथ क्रुणाल पांड्या भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने के मूड में आ गए हैं। 16वां ओवर कराने आए एनगिडी की पहली गेंद पर पांड्या ने सिक्स लगाया और तीसरी गेंद को भी चार रन के लिए भेजा। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर पोलार्ड का सीमा पर कैच छूटा और चार रन मिले। 16 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 169 रन। मुंबई को अब जीत के लिए 24 गेंदों पर 50 रन चाहिए।

विज्ञापन
10:58 PM, 01-May-2021

103 मीटर का सिक्स, पोलार्ड का अर्धशतक

15वां ओवर कराने आए शार्दूल ठाकुर ने पहली गेंद वाइड डाली। अगली गेंद पर पोलार्ड ने 103 मीटर का लंबा सिक्स लगाया तो दूसरी गेंद को चार रन के लिए भेज दिया। शार्दूल ठाकुर ने फिर एक वाइड गेंद डाली, उनपर दबाव साफ दिख रहा है। वहीं, पोलार्ड दबाव को और बढ़ा रहे हैं। इसके बाद पोलार्ड ने दो चौके और लगाए और 17 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। पोलार्ड इस सीजन में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। 15 ओवर के बाद स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 153 रन।

10:47 PM, 01-May-2021

पोलार्ड की ताबड़तोड़ बैटिंग से मुंबई की वापसी

लुंगी एनगिडी 14वां ओवर कराने आए। पोलार्ड ने ओवर की चौथी गेंद पर सिक्स लगाया और पांचवी गेंद को भी बाउंड्री के पार भेजकर छह रन जुटाए। पोलार्ड की शानदार बल्लेबाजी ने मुंबई की फिर से खेल में वापसी करा दी है। मैच अब रोमांचक मोड़ पर आ गया है। पोलार्ड पांच सिक्स की मदद से 13 गेंदों में 35 रन बनाकर खेल रहे हैं। 14 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 130 रन।

10:41 PM, 01-May-2021

पोलार्ड ने की सिक्स की बारिश

13वां ओवर रविंद्र जडेजा ने कराया। ओवर की पहली दो गेंदों पर पोलार्ड ने दो सिंगल निकाले और तीसरी गेंद पर एक 96 मीटर का शानदार सिक्स जड़ा। चौथी गेंद पर जडेजा ने पोलार्ड को चकमा दिया, लेकिन अगली ही गेंद को पोलार्ड ने फिर छह रन के लिए भेज दिया। इसके बाद अंतिम गेंद पर भी पोलार्ड ने सिक्स लगाया। 13 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 114 रन।

10:37 PM, 01-May-2021

क्रुणाल पांड्या और पोलार्ड क्रीज पर

12वां ओवर कराने शार्दूल ठाकुर आए जिनका स्वागत क्रुणाल पांड्या ने सिक्स के साथ किया। अगली दो गेंदें खाली रहीं और चौथी गेंद पर पांड्या ने दो रन निकाले। इसके बाद पांचवीं और छठी गेंद पर भी सिंगल आए। क्रुणाल पांड्या के साथ पोलार्ड क्रीज पर हैं। 12 ओवर के बाद मुंबई इंडियंस का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 94 रन।

10:33 PM, 01-May-2021

11वें ओवर में केवल तीन रन

11वां ओवर रविंद्र जडेजा ने कराया। विकेट गिरने का दबाव मुंबई इंडियंस पर साफ दिखा। इस ओवर में महज तीन रन आए। 11 ओवर के बाद मुंबई इंडियंस का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 90 रन।

10:28 PM, 01-May-2021

मोईन अली ने डिकॉक को भेजा पवेलियन

10वें ओवर के लिए धोनी ने मोईन अली को गेंद थमाई। पहले बल्ले से शानदार बल्लेबाजी करने वाले मोईन अली ने ओवर की चौथी गेंद पर क्विंटन डिकॉक को कॉट एंड बोल्ड किया। अब किरोन पोलार्ड क्रीज पर उतरे हैं। मैच अब रोमांचक हो गया है। 10 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 81 रन।

10:23 PM, 01-May-2021

जडेजा ने दिलाई दूसरी सफलता

नौवां ओवर चेन्नई सुपर किंग्स के सुपर खिलाड़ी रविंद्र जडेजा ने डाला। ओवर की शुरुआती तीन गेंदों पर तीन सिंगल आए। चौथी गेंद पर जडेजा ने सूर्यकुमार को पवेलियन भेजा। महेंद्र सिंह धोनी ने विकेट के पीछे सूर्यकुमार का इनसाइड एज कैच पकड़ा। अब क्रुणाल पांड्या क्रीज पर आए हैं। इस ओवर में कुल छह रन आए और एक विकेट मिला। नौ ओवर के बाद मुंबई का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 80 रन।

10:17 PM, 01-May-2021

शार्दूल ठाकुर ने रोहित को भेजा पवेलियन

आठवां ओवर शार्दूल ठाकुर ने डाला। ओवर की शुरुआती तीन गेंदों पर तीन सिंगल आए। चौथी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में रोहित शर्मा ऋतुराज गायकवाड़ को कैच थमा बैठे। रोहित ने 24 गेंदों पर 35 रन बनाए। अब क्रीज पर सूर्यकुमार यादव उतरे हैं। चेन्नई के लिए यह एक अच्छा ओवर रहा। इस ओवर में केवल छह रन आए और एक बड़ा विकेट मिला। आठ ओवर के बाद मुंबई का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 74 रन।

10:10 PM, 01-May-2021

दीपक चाहर का स्पेल पूरा, चार ओवर में दिए 37 रन

सातवें ओवर के लिए धोनी फिर दीपक चाहर को लेकर आए। ओवर की तीसरी गेंद फुलटॉस रही जिसे डिकॉक ने आसानी से चौके में बदला। एक वाइड के साथ ओवर में कुल 10 रन आए। इसके साथ ही चाहर का स्पेल पूरा हुआ। उन्होंने चार ओवर में 37 रन दिए। सात ओवर के बाद मुंबई का स्कोर बिना किसी नुकसान के 68 रन।

10:06 PM, 01-May-2021

मुंबई की ठोस शुरुआत, तेजी से बना रही रन

छठे ओवर में गेंदबाजी के लिए धोनी ने एनगिडी को गेंद थमाई। लेकिन पहली ही गेंद को रोहित शर्मा ने बेहद आसानी से सिक्स के लिए भेज दिया। अगली तीन गेंदों पर तीन सिंगल आए। पांचवीं गेंद पर डिकॉक ने चौका लगाया और अंतिम गेंद पर फिर एक सिंगल लिया। छह ओवर के बाद मुंबई का स्कोर बिना किसी नुकसान के 58 रन।

10:01 PM, 01-May-2021

पांचवें ओवर में आए केवल चार रन

पांचवां ओवर दीपक चाहर ने किया। यह ओवर चेन्नई के लिए अच्छा रहा। ओवर में कुल चार रन ही आए। पांच ओवर के बाद मुंबई इंडियंस का स्कोर बिना किसी नुकसान के 44 रन।

09:57 PM, 01-May-2021

मुंबई इंडियंस ने की तेज शुरुआत

चौथा ओवर सैम करन ने किया। ओवर की तीसरी गेंद पर रोहित शर्मा ने चार रन जुटाए और अगली ही गेंद पर फिर एक चौका लगाया। इस ओवर में कुल 10 रन आए। चार ओवर के बाद मुंबई का स्कोर बिना किसी विकेट के नुकसान के 40 रन।

09:46 PM, 01-May-2021

रिव्यू लेकर बचे रोहित शर्मा

दीपक चाहर तीसरा ओवर कराने आए। ओवर की पहली ही गेंद पर रोहित शर्मा ने चौका जड़ा। दूसरी गेंद पर भी रोहित शर्मा ने कलाइयों का इस्तेमाल करते हुए गेंद को गैप में शॉट खेला और चार रन बटोरे। ओवर की चौथी गेंद पर चहर ने एलबीडब्ल्यू की अपील की, जिसे अंपायर ने स्वीकार किया। हालांकि, रोहित ने रिव्यू का इस्तेमाल किया और निर्णय उनके पक्ष में आया। वहीं, ओवर का समापन डिकॉक ने सिक्स के साथ किया। तीन ओवर के बाद मुंबई का स्कोर बिना किसी विकेट के नुकसान पर 30 रन।

09:45 PM, 01-May-2021

दूसरे ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 15 रन

चेन्नई के 218 रन के विशाल स्कोर के जवाब में मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। चेन्नई की ओर से दूसरा ओवर सैम करन डाल रहे हैं। वहीं, मुंबई की ओर से रोहित शर्मा ओर क्विंटन डिकॉक क्रीज पर हैं। दूसरे ओवर के बाद मुंबई का स्कोर बिना किसी विकेट के नुकसान पर 15 रन।

09:21 PM, 01-May-2021

चेन्नई सुपर किंग्स ने बनाए 218 रन

अंतिम ओवर के लिए कप्तान रोहित ने धवल कुलकर्णी को गेंद थमाई। ओवर की पहली दो गेंदों पर दो सिंगल आए। अगली गेंद वाइड रही। तीसरी गेंद पर फिर एक सिंगल मिला। चौथी गेंद पर कोई रन नहीं मिला। पांचवीं गेंद फुलटॉस रही जिसे रायुडू ने सिक्स में बदल दिया। वहीं, आखिरी गेंद पर सूर्यकुमार यादव ने बाउंड्री पर रायुडू का कैच छोड़ दिया और चार रन मिले। नाबाद रायुडू ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 27 गेंदों में 72 रन ठोके। वहीं जडेजा 22 गेंदों पर 22 रन बनाकर नाबाद रहे।

09:15 PM, 01-May-2021

बड़े स्कोर की ओर चेन्नई सुपर किंग्स

डुप्लेसी और रैना का विकेट चटकाने के बाद मुंबई को कुछ राहत मिली थी। लेकिन अपनी शानदार बल्लेबाजी के दम पर  रायुडू चेन्नई को फिर मैच में वापस लाए। 19वां ओवर जसप्रीत बुमराह ने किया। यह ओवर अच्छा जा रहा था, लेकिन पांचवीं गेंद पर बुमराह लय से भटके और जडेजा ने गेंद को दिशा दिखाते हुए चौके में बदल दिया। इस ओवर में पांच सिंगल, एक वाइड और एक चौके की मदद से चेन्नई के खाते में 10 रन आए। 19 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर 204/4।

09:10 PM, 01-May-2021

रायुडू की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

18वें ओवर के लिए रोहित शर्मा ट्रेंट बोल्ट को लेकर आए हैं। शानदार फॉर्म में चल रहे रायुडू ने ओवर की चौथी गेंद पर सिक्स जड़ा और अगली ही गेंद पर चौका जमाने के साथ अपनी फिफ्टी पूरी की। इसके बाद उन्होंने फिर सिक्स लगाते हुए गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाया। 18 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 194 रन। आंबाती रायुडू इस समय 21 गेंदों पर 59 रन बनाकर और जडेजा 16 गेंदों पर 13 रन बनाकर खेल रहे हैं।

09:05 PM, 01-May-2021

बुमराह के तीसरे ओवर में आए 21 रन

रोहित शर्मा ने 17वें ओवर के लिए गेंद जसप्रीत बुमराह को थमाई है। ओवर की तीसरी गेंद को जडेजा ने चौके में बदला। वहीं, रायुडू ने अपना अंदाज दिखाते हुए ओवर की अंतिम गेंद पर बेहतरीन सिक्स जड़ा, वहीं यह गेंद नो बॉल रही। फ्री हिट पर रायुडु ने चौका लगाया।  चेन्नई के लिए यह एक बड़ा ओवर रहा। इस ओवर में कुल 21 रन आए। 17 ओवर के बाद सुपर किंग्स का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 174 रन। रायुडू 17 गेंदों पर 42 रन बनाकर खेल रहे हैं।

08:59 PM, 01-May-2021

रायुडू की शानदार बल्लेबाजी

16वां ओवर फिर धवल कुलकर्णी को दिया गया। शुरुआती गेंदों में सिंगल के बाद ओवर की पांचवीं और छठी गेंद पर लगातार दो सिक्स लगाए। धवन जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहे हैं, चेन्नई के लिए यह अच्छा संकेत है। इस ओवर में कुल 17 रन आए। 16 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 153 रन। जडेजा 11 गेंदों पर पांच रन और रायुडू 13 गेंदों पर 29 रन बनाकर खेल रहे हैं।

08:53 PM, 01-May-2021

पोलार्ड की शानदार गेंदबाजी के बाद चेन्नई की रनों की रफ्तार पर लगाम लग गई है। 15वां ओवर राहुल चाहर ने डाला। हालांकि, रायुडू ने दबाव से हटकर खेलने की कोशिश की ओर ओवर की चौथी गेंद पर 93 मीटर का शानदार सिक्स लगाया। इसी के साथ चाहर का स्पेल पूरा हुआ। उन्होंने चार ओवर में 32 रन दिए। हालांकि, उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। 15 ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 136 रन।

जडेजा और रायुडू क्रीज पर

13वां ओवर पोलार्ड ने किया। ओवर की दूसरी गेंद पर जडेजा के खिलाफ एलबीडब्ल्यू की अपील हुई, जिसे अंपायर ने आउट करार दिया। लेकिन जडेजा ने रिव्यू लिया। जडेजा का फैसला सही रहा और थर्ड अंपायर ने उन्हें नॉटआउट करार दिया। ओवर की तीसरी गेंद पर फिर कॉट एंड बोल्ड का मौका बना लेकिन पोलार्ड चूक गए। ओवर की चौथी गेंद पर रायुडू ने चौका लगाया। 14 ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 126 रन।

08:41 PM, 01-May-2021

मुंबई की मैच में वापसी

शानदार बल्लेबाजी कर रही चेन्नई के दो लगातार विकेट गिरने के बाद मुंबई की पकड़ मजबूत हुई। 13 ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 119 रन।

08:36 PM, 01-May-2021

पचासा लगाकर आउट हुए डुप्लेसी, रैना भी आउट

मुंबई की ओर से 12वां ओवर किरोन पोलार्ड ने डाला। ओवर की तीसरी गेंद पर सिंगल की मदद से डुप्लेसी ने अपनी फिफ्टी पूरी की। हालांकि, इसके बाद वह स्कूप शॉट खेलने के चक्कर में कैच आउट हो गए। इसके बाद अगली ही गेंद पर पोलार्ड ने सुरेश रैना को भी आउट किया। मुंबई ने शानदार वापसी की है। अब क्रीज पर रविंद्र जडेजा और अंबाती रायुडू हैं।

08:29 PM, 01-May-2021

बुमराह ने किया मोईन अली का शिकार

मुंबई के कप्तान रोहित ने 11वां ओवर जसप्रीत बुमराह को दिया। फाफ डुप्लेसी ने ओवर की शुरुआत ताबड़तोड़ अंदाज से की और शुरुआती दो गेंदों पर दो सिक्स जड़ दिए। तीसरी गेंद बुमराह ने यॉर्कर डालने की कोशिश की लेकिन डुप्लेसी ने उसे भी चौके में तब्दील कर दिया। चौथी गेंद पर सिंगल मिला। हालांकि, पांचवीं गेंद पर बुमराह ने वापसी की और मोईन अली को आउट किया। डिकॉक ने विकेट के पीछे मोईन अली का कैच पकड़ा। मोईन 36 गेंदों पर 58 रन बनाकर आउट हुए। 11 ओवर के बाद सीएसके का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 112 रन।

08:18 PM, 01-May-2021

मोईन अली ने लगाई फिफ्टी

मोईन अली बेहतरीन अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं। 10वें ओवर की पहली ही गेंद पर उन्होंने सिक्स लगाया। वहीं, इसकी अगली ही गेंद पर एक सिंगल के साथ उन्होंने अपना पचासा पूरा किया। यह आईपीएल इतिहास का उनका चौथा अर्धशतक रहा। ओवर की पांचवीं और छठी गेंद पर मोईन ने शानदार शॉट लगाते हुए दो चौके जड़े। चेन्नई के लिए यह ओवर काफी अच्छा रहा। इस ओवर में 18 रन आए। 10 ओवर के खेल के बाद चेन्नई का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 95 रन। 

08:15 PM, 01-May-2021

मोईन-डुप्लेसी की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

मोईन अली ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे हैं। नौवें ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने राहुल चाहर की गेंद पर 88 मीटर का लंबा सिक्स लगाया। वहीं, गेंद की अंतिम गेंद को डुप्लेसी ने बाउंड्री के पार पहुंचाया और छह रन बटोरे। नौ ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 77 रन। डुप्लेसी 19 गेंदों पर 28 रन तो मोईन अली 31 गेंदों पर 43 रन बनाकर खेल रहे हैं।

08:11 PM, 01-May-2021

चेन्नई की अच्छी शुरुआत, स्कोर 61/1

आठवें ओवर के लिए रोहित शर्मा ने गेंद जिमी नीशम को थमाई। ओवर की दूसरी गेंद थोड़ी छोटी रही और मोईन अली ने इसका पूरा फायदा उठाते हुए सिक्स लगाया। चौथी गेंद पर कॉट एंड बोल्ड का मौका बना लेकिन नीशम, मोईन अली के शॉट को कैच में बदलने से चूक गए। इस ओवर में एक सिक्स और दो सिंगल की मदद से चेन्नई के खाते में आठ रन आए। आठ ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 61 रन।

08:06 PM, 01-May-2021

राहुल चाहन ने डाला सातवां ओवर, दिए केवल चार रन

सातवें ओवर में रोहित शर्मा ने स्पिन अटैक शुरू किया। सातवां ओवर राहुल चाहर ने डाला। चाहर ने नियंत्रित गेंदबाजी करते हुए मजह चार रन दिए। सात ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 53 रन।

08:00 PM, 01-May-2021

छह ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर 49/1

ट्रेंट बोल्ट ने अपने स्पेल का तीसरा और मैच का छठा ओवर डाला। ओवर की तीसरी गेंद पर डायरेक्ट हिट पर रनआउट की अपील हुई। निर्णय थर्ड अंपायर के पास गया लेकिन डुप्लेसी क्रीज में पहुंच चुके थे। पांचवीं गेंद पर मोईन अली ने चौका लगाया। इस ओवर में एक गेंद लेगबाई का रहा। इसके साथ ही पहला पावरप्ले समाप्त हो गया। छह ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 49 रन।

07:54 PM, 01-May-2021

बुमराह ने डाला पांचवां ओवर

मुंबई इंडियंस की ओर से पांचवां ओवर जसप्रीत बुमराह कर रहे हैं। बुमराह इस सीजन में अभी तक के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक हैं। इस ओवर की दूसरी गेंद पर डुप्लेसी ने एक सिंगल लिया। वहीं, ओवर की चौथी गेंद खराब रही, जिसका मोइन अली ने पूरा फायदा उठाया और सिक्स में तब्दील किया। पांच ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 42 रन।

07:50 PM, 01-May-2021

चार ओवर के बाद सीएसके का स्कोर 33/1

पहले ओवर में 11 रन खाने वाले धवल कुलकर्णी ने अपने दूसरे ओवर में वापसी की और केवल छह रन दिए। कुलकर्णी ने पांच गेंदों पर केवल दो रन दिए थे। लेकिन, अंतिम गेंद खराब रही और एक चौका खाना पड़ा। चार ओवर के बाद सीएसके का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 33 रन। 

07:45 PM, 01-May-2021

मोईन अली ने सिक्स से खोला खाता

मोइन अली ने सिक्स के साथ अपना खाता खोला। तीसरे ओवर में ट्रेंट बोल्ट की तीसरी गेंद पर पुल शॉट खेलते हुए उन्होंने सिक्स लगाया और इसकी अगली ही गेंद पर चौका लगाया। अंतिम गेंद पर डुप्लेसी ने रचनात्मक शॉट लगाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। तीन ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 29 रन। 

07:39 PM, 01-May-2021

दूसरे ओवर में 11 रन

दूसरा ओवर धवल कुलकर्णी ने फेंका। इस ओवर की पहली ही गेंद पर डुप्लेसी ने चौका जड़ा और तीसरी गेंद पर सिक्स लगाया।  पांचवीं गेंद पर एक रन मिला। आखिरी गेंद पर कोई रन नहीं मिला। स्ट्राइक फिर डुप्लेसी के पास पहुंची। इस ओवर में कुल 11 रन चेन्नई के खाते में आए। 

07:35 PM, 01-May-2021

पहले ओवर के बाद चार रन पर एक विकेट

मुंबई इंडियंस ने पहले ओवर में ही शानदार शुरुआत की। ट्रेंट बोल्ट ने चेन्नई के ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ को महज चार रन पर चलता किया। गायकवाड़ ने चार गेंदों का सामना किया और एक चौका लगाया था। अब मोइन अली मैदान पर उतरे हैं।

07:34 PM, 01-May-2021

शुरू हुआ हाईवोल्टेज मैच, गायकवाड़ आउट

मुंबई ने टॉस जीतकर चेन्नई को पहले बल्लेबाजी करने का निमंत्रण दिया है। मुंबई इंडियंस की ओर से ट्रेंट बोल्ट गेंदबाजी की शुरुआत कर रहे हैं। वहीं, चेन्नई की ओर से ऋतुराज गायकवाड़ और फाफ डु प्लेसी क्रीज पर उतरे हैं। गायकवाड़ चार रन बनाकर पहले ही ओवर में ट्रेंट बोल्ट का शिकार बने। जडेजा ने गायकवाड़ का कैच पकड़ा।

07:28 PM, 01-May-2021

पीछा करने वाली टीम का पलड़ा भारी

साल 2019 से दिल्ली में नौ आईपीएल मैच खेले गए हैं। इनमें से पीछा करने वाली टीम ने सात मुकाबले जीते हैं, इनमें से एक मैच सुपर ओवर तक पहुंचा था। ऐसे में पिच और टॉस के लिहाज से देखें तो मुंबई बेहतर स्थिति में है। 

07:23 PM, 01-May-2021

क्या चेन्नई को रोक पाएगी रोहित की सेना

मुंबई इंडियंस की बात करें तो टीम का प्रदर्शन बहुत शानदार नहीं रहा है। पोलार्ड और हार्दिक पांड्या से जैसी उम्मीद है वैसा खेल नहीं दिखा पा रहे हैं। ट्रेंट बोल्ट भी नई गेंद से अहम सफलताएं दिलाने में नाकाम रहे हैं। देखना ये है कि क्या मुंबई चेन्नई के विजय रथ को रोक पाएगी।

07:16 PM, 01-May-2021

मजबूत स्थिति में हैं धोनी के सुपर किंग्स

चेन्नई सुपरकिंग्स के बल्लेबाज अंतिम ओवर्स में 13.24 प्रति ओवर के औसत से रन बना रहे हैं। उसके नए गेंदबाज पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट चटका रहे हैं। टीमवर्क का शानदार उदाहरण पेश करते हुए चेन्नई ने लगातार पांच मुकाबलों में जीत हासिल की है। रविंद्र जडेजा का शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन चेन्नई की सबसे बड़ी मजबूती बन गई है।

07:08 PM, 01-May-2021

प्लेइंग XI: चेन्नई में बदलाव नहीं, मुंबई में नीशम-कुलकर्णी को मौका

  • मुंबई इंडियंस की प्लेइंग XI: रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेट कीपर), सूर्यकुमार यादव, किरोन पोलार्ड, हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या, जेम्स नीशम, राहुल चहर, धवल कुलकर्णी, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट।
  • चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग XI: ऋतुराज गायकवाड़, फाफ डु प्लेसी, मोइन अली, सुरेश रैना, अंबाती रायुडू, एमएस धोनी (कप्तानॉ/विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, सैम करन, शार्दूल ठाकुर, लुंगी एनगिडी, दीपक चहर।

07:03 PM, 01-May-2021

मुंबई ने जीता टॉस, पहले चेन्नई की बल्लेबाजी

नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हो रहे इस मैच में टॉस मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने जीता। रोहित ने चेन्नई सुपर किंग्स को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया है। 

06:57 PM, 01-May-2021

चेन्नई की नजर लगातार छठी जीत पर

चेन्नई  सुपरकिंग्स टूर्नामेंट में लगातार छठी जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। वहीं, मुंबई इंडियंस का लक्ष्य चेन्नई का विजय अभियान रोकना और अपनी लय हासिल करना होगा। जैसा प्रदर्शन पिछले साल मुंबई इंडियंस ने किया था वैसा ही इस बार चेन्नई कर रही है। 

06:52 PM, 01-May-2021

अंकतालिका में चेन्नई पहले तो मुंबई चौथे स्थान पर

कैप्टन कूल धोनी की सीएसके फिलहाल छह में से पांच मुकाबले जीत कर अंकतालिका में सबसे ऊपर है। वहीं मुंबई ने छह में से तीन मैच गंवाए हैं और तीन में जीत हासिल की है। मुंबई इंडियंस अभी अंकतालिका में चौथे स्थान पर है। मुंबई मे पांच बार आईपीएल का खिताब जीता है तो चेन्नई ने तीन बार।

06:47 PM, 01-May-2021

CSK vs MI: पोलार्ड के तूफान में बहे सुपर किंग्स, चार विकेट से जीती मुंबई इंडियंस

महेंद्र सिंह धोनी की सीएसके फिलहाल छह में से पांच मुकाबले जीत कर अंकतालिका में सबसे ऊपर है। वहीं मुंबई में छह में तीन मैच गंवाए हैं और तीन में जीत हासिल की है। मुंबई इंडियंस अभी अंकतालिका में चौथे स्थान पर है। यह मौजूदा संस्करण का 27वां मुकाबला होगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें