नूर अहमद की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर सीएसके ने केकेआर को 32 रनों से हरा दिया है। सीएसके ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 192 रन बनाए। जवाब में केकेआर की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 160 रन ही बना सकी। कोलकाता की टीम आईपीएल 2026 में अब तक एक भी मैच नहीं जीत सकी है, जबकि सीएसके की यह लगातार दूसरी जीत है। केकेआर के लिए सबसे ज्यादा रन रमनदीप सिंह ने बनाए जो 35 रन बनाकर आउट हुए। इसके अलावा रोवमैन पॉवेल 31 रन बनाकर नाबाद रहे। सीएसके की ओर से नूर अहमद ने तीन विकेट झटके, जबकि अंशुल कंबोज ने दो विकेट लिए। खलील अहमद और अकील हुसैन को एक-एक सफलता मिली।
केकेआर का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है और रोवमैन पॉवेल के साथ रमनदीप बल्लेबाजी कर रहे हैं। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच साझेदारी पनप रही है।
रिंकू सिंह एक बार फिर सस्ते में आउट हो गए हैं। केकेआर ने 90 रन के स्कोर पर छह विकेट गंवा दिए हैं। रिंकू सिंह को नूर ने आउट किया जो 12 गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हुए।
कैमरन ग्रीन खाता खोले बिना आउट हो गए हैं। नूर ने लगातार दूसरी गेंद पर केकेआर को झटका दिया है। नूर ने पहले रहाणे को आउट किया और फिर ग्रीन को बोल्ड कर पवेलियन की राह दिखाई। नूर हालांकि, हैट्रिक पूरी नहीं कर सके।
केकेआर को कप्तान अंजिक्य रहाणे के रूप में चौथा झटका लगा है। रहाणे नूर की गेंद पर आउट हुए। रहाणे 22 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए।
अकील हुसैन ने अंगकृष रघुवंशी को आउट कर केकेआर को तीसरा झटका दिया है। रघुवंशी और रहाणे के बीच तीसरे विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी हुई। रघुवंशी 19 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए।
रहाणे और अंगकृष रघुवंशी के बीच साझेदारी पनप रही है जिससे केकेआर का स्कोर 50 रन के पार पहुंच गया है। सीएसके को अब तक दो सफलताएं मिल चुकी हैं।
खलील अहमद ने सुनील नरेन को आउट कर केकेआर को दूसरा झटका दिया है। नरेन को एक बार जीवनदान मिला था, लेकिन वह उसका फायदा नहीं उठा सके और 17 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए।
केकेआर को फिन एलेन के रूप में पहला झटका लगा है। एलेन तीन गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हुए। एलेन को अंशुल कंबोज ने अपना शिकार बनाया
सीएसके के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की पारी शुरू हो गई है। केकेआर के लिए पारी की शुरुआत करने फिन एलेन के साथ सुनील नरेन आए हैं। केकेआर ने ओपनिंग जोड़ी में बदलाव किया है क्योंकि अब तक एलेन और अजिंक्य रहाणे ओपनिंग के लिए उतर रहे थे।
सीएसके ने केकेआर के सामने 193 रनों का लक्ष्य रखा है। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 192 रन बनाए। सीएसके के लिए संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा 48 रन बनाए, जबकि डेवाल्ड ब्रेविस ने 41 रनों की पारी खेली। आयुष म्हात्रे ने 17 गेंदों पर 38 रनों की तूफानी पारी खेली। एक समय सीएसके 200 के पार स्कोर बनाती नजर आ रही थी, लेकिन केकेआर के गेंदबाजों ने टीम को वापसी कराई। केकेआर के लिए कार्तिक त्यागी ने दो विकेट लिए, जबकि वैभव अरोड़ा, अनुकूल रॉय और सुनील नरेन को एक-एक विकेट मिला।
कार्तिक त्यागी ने डेवाल्ड ब्रेविस को आउट कर सीएसके को पांचवां झटका दिया है। ब्रेविस अर्धशतक लगाने के करीब थे, लेकिन इससे चूक गए और 29 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 41 रन बनाकर आउट हुए।
सुनील नरेन ने सरफराज खान को आउट कर सीएसके को चौथा झटका दिया है। सरफराज 18 गेंदों पर एक चौका और दो छक्कों की मदद से 23 रन बनाकर आउट हुए। सरफराज और डेवाल्ड ब्रेविस चौथे विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी हुई।
सैमसन के आउट होने के बाद सरफराज खान और डेवाल्ड ब्रेविस के बीच चौथे विकेट के लिए साझेदारी पनप रही है। सीएसके का स्कोर 150 रन के करीब पहुंच गया है, जबकि केकेआर को तीन सफलताएं मिल चुकी हैं।
संजू सैमसन अर्धशतक से चूक गए और तीसरे बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। सैमसन शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन कार्तिक त्यागी ने सैमसन को बोल्ड कर उन्हें पवेलियन भेजा। सैमसन 32 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 48 रन बनाकर आउट हुए।
केकेआर के खिलाफ सीएसके का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। सैमसन और डेवाल्ड ब्रेविस के बीच साझेदारी पनप रही है। केकेआर को अब तक दो सफलता मिली है।
सीएसके को आयुष म्हात्रे के रूप में दूसरा झटका लगा है। म्हात्रे शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन वैभव अरोड़ा की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। म्हात्रे 17 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए। म्हात्रे और संजू सैमसन के बीच दूसरे विकेट के लिए 22 गेंदों पर 47 रनों की साझेदारी हुई।
पहला झटका लगने के बावजूद सीएसके की रन गति पर कोई असर नहीं पड़ा है। आयुष म्हात्रे विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं और दूसरे छोर से उन्हें संजू सैमसन का भी अच्छा साथ मिल रहा है। सीएसके का स्कोर चौथे ही ओवर में 50 रन के पार पहुंच गया है।
अनुकूल रॉय ने सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को आउट कर केकेआर को पहली सफलता दिलाई है। गायकवाड़ छह गेंदों पर एक चौके की मदद से सात रन बनाकर आउट हो गए हैं।
केकेआर के खिलाफ सीएसके की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। सीएसके के लिए संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ पारी का आगाज करने उतरे हैं।
सीएसके: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकाड़ (विकेटकीपर), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, जैमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजपनीत सिंह, खलील अहमद।
इम्पैक्ट सब: मैथ्यू शॉर्ट, अकील हुसैन, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, मैट हेनरी।
केकेआर: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी।
इम्पैक्ट सब: फिन एलेन, मनीष पांडे, तेजस्वी दहिया, टिम सीफर्ट, नवदीप सैनी।
केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। केकेआर ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। रहाणे ने बताया कि वरुण चक्रवर्ती अब फिट हैं और वह इस मैच के लिए एकादश में शामिल हैं। वरुण को नवदीप सैनी की जगह टीम में स्थान मिला है। सीएसके ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। इसका मतलब है कि इस मैच में भी महेंद्र सिंह धोनी नहीं खेलेंगे।
सीएसके के लिए हालांकि कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है। वह संघर्ष कर रही केकेआर के खिलाफ एक बड़ी पारी खेलकर लय हासिल करने की कोशिश करेंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत में यह घोषणा की गई थी कि महेंद्र सिंह धोनी पिंडली में खिंचाव के कारण कुछ हफ्तों के लिए बाहर रहेंगे। पिछले मैच में गायकवाड़ ने संकेत दिया था कि यह स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जल्द वापसी करेगा। यह देखना दिलचस्प होगा कि धोनी केकेआर के खिलाफ उतरते हैं या नहीं।
सीएसके ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करके सत्र की अपनी पहली जीत दर्ज की। उसकी इस जीत के नायक संजू सैमसन रहे जिन्होंने 56 गेंद पर नाबाद 115 रन की पारी खेली। इसके बाद उसके गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। डेवाल्ड ब्रेविस के फिट होकर वापसी करने से सीएसके को अपने गेंदबाजी संयोजन में बदलाव करने की छूट मिली जिससे वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 212 रन का बचाव करने में सफल रही। बल्लेबाजी की बात करें तो सैमसन सीएसके के लिए अपने पदार्पण सत्र में आखिर रन बनाने में सफल रहे। उन्होंने पहले छह ओवर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करके अपना असली रंग दिखाया।
आईपीएल 2026 में मंगलवार को अंक तालिका में सबसे नीचे मौजूद दो टीमों का आमना-सामना होगा। पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और तीन बार आईपीएल जीत चुकी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीमें एक दूसरे के सामने होंगी। सीएसके के लिए राहत की बात है कि उसने पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर जीत का खाता खोल लिया है, जबकि केकेआर की टीम अब तक एक भी मैच नहीं जीत सकी है।
IPL Live Cricket Score, CSK vs KKR Indian Premier League 2026: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2026 में आज कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का सामना चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से है। दोनों टीमों का प्रदर्शन अब तक इस सीजन अच्छा नहीं रहा है और ये अंक तालिका में सबसे नीचे चल रही हैं। आज देखना दिलचस्प होगा कि केकेआर जीत का खोल पाती है या नहीं।