फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CSK vs KKR Highlights: केकेआर ने सीएसके को आठ विकेट से हराया, गेंदबाजी के बाद बल्ले से भी चमके नरेन

Fri, 11 Apr 2025 10:28 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई

खास बातें

CSK vs KKR Indian Premier League 2025: केकेआर ने एकतरफा अंदाज में सीएसके को हराकर जीत दर्ज की है। सीएसके ने केकेआर के सामने 104 रनों का लक्ष्य रखा था जिसे टीम ने महज 61 गेंदों पर दो विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। 
विज्ञापन
सुनील नरेन - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:28 PM, 11-Apr-2025

CSK vs KKR Live Match: केकेआर को मिली जीत

केकेआर ने सुनील नरेन के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर सीएसके को आठ विकेट से हराया। केकेआर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया और नरेन की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से सीएसके को 20 ओवर में नौ विकेट पर 103 रन पर रोक दिया। जवाब में नरेन ने बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया और 18 गेंदों पर दो चौके और पांच छक्कों की मदद से 44 रन बनाए जिसकी मदद से केकेआर ने 10.1 ओवर में दो विकेट पर 107 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। सीएसके के लिए अंशुल कंबोज और नूर अहमद को एक-एक विकेट मिला। 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर को क्विंटन डिकॉक और नरेन ने अच्छी शुरुआत दिलाई और दोनों बल्लेबाजों ने 25 गेंदों पर 46 रन जोड़े। हालांकि, कंबोज ने डिकॉक को बोल्ड कर केकेआर को पहला झटका दिया जो 16 गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से 23 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद नरेन ने आक्रामक पारी खेली और देखते ही देखते केकेआर का स्कोर 85 रन पहुंच गया। नरेन अर्धशतक लगाने के करीब थे, लेकिन नूर की गेंद पर वह बोल्ड हो गए। केकेआर ने इसके बाद रिंकू सिंह को पवेलियन भेजा जिन्होंने कप्तान अजिंक्य रहाणे के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई।

आईपीएल में यह पहली बार है जब सीएसके ने लगातार पांच मुकाबले गंवाए हैं। इतना ही वह पहली बार अपने घरेलू मैदान चेपॉक पर लगातार तीसरा मैच हारी है। केकेआर ने 100 से अधिक रनों का लक्ष्य महज 61 गेंदों पर पूरा किया जो आईपीएल में तीसरा सबसे तेजी से हासिल किया गया 100+ लक्ष्य है। केकेआर के लिए रहाणे 17 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 20 रन और रिंकू सिंह 12 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 15 रन बनाकर नाबाद लौटे। 

10:13 PM, 11-Apr-2025

CSK vs KKR Live Match: नरेन अर्धशतक से चूके

नूर अहमद ने सुनील नरेन को बोल्ड कर केकेआर को दूसरा झटका दिया। नरेन शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक लगाने के करीब थे, लेकिन नूर ने उन्हें पचासा जड़ने से रोका। नरेन 18 गेंदों पर दो चौकों और पांच छक्कों की मदद से 44 रन बनाकर आउट हुए। 

10:09 PM, 11-Apr-2025

CSK vs KKR Live Match: केकेआर का स्कोर 70 के पार

लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की बल्लेबाजी शानदार रही है और उसने पावरप्ले में 70 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। सीएसके को पावरप्ले में एक सफलता जरूर मिली, लेकिन केकेआर तेज बल्लेबाजी कर रही है। केकेआर ने छह ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 71 रन बना लिए हैं। 

विज्ञापन
09:58 PM, 11-Apr-2025

CSK vs KKR Live Match: केकेआर को लगा पहला झटका

अंशुल कंबोज ने क्विंटन डिकॉक को आउट कर केकेआर को पहला झटका दिया। डिकॉक ने सुनील नरेन के साथ मिलकर केकेआर को अच्छी शुरुआत दिलाई और दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी हुई। डिकॉक 16 गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से 23 रन बनाकर आउट हुए। 

09:42 PM, 11-Apr-2025

CSK vs KKR Live Match: केकेआर की पारी शुरू

सीएसके के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की पारी शुरू हो गई है। सीएसके ने केकेआर के सामने 104 रनों का लक्ष्य रखा है। केकेआर के लिए क्विंटन डिकॉक और सुनील नरेन उतरे हैं। 

विज्ञापन
09:22 PM, 11-Apr-2025

CSK vs KKR Live Match: सीएसके की पारी समाप्त

सीएसके ने शिवम दुबे के 31 रनों की पारी के दम पर केकेआर के सामने 104 रनों का लक्ष्य रखा है। केकेआर ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। सुनील नरेन की अगुआई में गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और सीएसके को 20 ओवर में नौ विकेट पर 103 रन पर रोक लिया। यह चेपॉक स्टेडियम में किसी टीम का आईपीएल का दूसरा न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले इस मैदान पर आरसीबी 2019 में सीएसके के खिलाफ 70 रन पर ऑलआउट हुई थी। 

सीएसके के लिए सबसे ज्यादा रन शिवम दुबे ने ही बनाए जिन्होंने 29 गेंदों की अपनी पारी में तीन चौके लगाए। केकेआर की ओर से नरेन ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए, जबकि वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा को दो-दो विकेट मिले। वहीं, मोईन अली और वैभव अरोड़ा ने एक-एक विकेट लिया। 

टॉस हारकर पहल बल्लेबाजी करने उतरी सीएसके की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 16 रन के स्कोर पर उसके सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। सीएसके के लिए कोई भी बल्लेबाज साझेदारी नहीं बना सका जिसका खामियाजा उसे उठाना पड़ा। टीम के लिए विजय शंकर ने 29, राहुल त्रिपाठी ने 16 और डेवोन कॉनवे ने 12 रन बनाए। वहीं, पांच बल्लेबाज दहाई अंक तक भी नहीं पहुंच सके, जबकि दो बल्लेबाज खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। 

09:02 PM, 11-Apr-2025

CSK vs KKR Live Match: सीएसके का नौवां विकेट गिरा

वैभव अरोड़ा ने नूर अहमद को आउट करके सीएसके को नौवां झटका दिया। नूर आठ गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हुए। इस मैच में सीएसके की बल्लेबाजी काफी खराब रही है। 

08:50 PM, 11-Apr-2025

CSK vs KKR Live Match: धोनी पवेलियन लौटे

केकेआर के खिलाफ सीएसके की पारी लड़खड़ा गई है। टीम ने 75 रन के स्कोर पर आठ विकेट गंवा दिए हैं। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी चार गेंदें खेलकर एक रन बनाकर आउट हुए। उन्हें सुनील नरेन ने अपना शिकार बनाया। 

08:41 PM, 11-Apr-2025

CSK vs KKR Live Match: बल्लेबाजी में इंपैक्ट प्लेयर हुड्डा भी नहीं चले, संकट में चेन्नई की पारी

CSK vs KKR Live Score: 72 रन के स्कोर पर चेन्नई का सातवां विकेट गिरा। अब कप्तान धोनी नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं।

08:37 PM, 11-Apr-2025

CSK vs KKR Live Match: अश्विन के बाद जडेजा भी आउट, 71 रन के स्कोर पर गिरा चेन्नई का छठा विकेट

CSK vs KKR Live Score: अश्विन के बाद जडेजा भी आउट, 71 रन के स्कोर पर गिरा चेन्नई का छठा विकेट, संकट में पारी

08:32 PM, 11-Apr-2025

CSK vs KKR Live Match: अश्विन एक रन बनाकर आउट, चेन्नई की आधी टीम पवेलियन लौटी

CSK vs KKR Live Match: अश्विन एक रन बनाकर आउट, चेन्नई की आधी टीम पवेलियन लौटी

08:24 PM, 11-Apr-2025

CSK vs KKR Live Match: सीएसके का चौथा विकेट गिरा, नरेन को मिली सफलता

सीएसके को चौथा  झटका लगा है। स्पिनर सुनील नरेन ने राहुल त्रिपाठी को क्लीन बोल्ड किया। लगातार अंतराल पर विकेट गिरने से चेन्नई की पारी लड़खड़ा गई है। फिलहाल क्रीज पर रविचंद्रन अश्विन और शिवम दुबे मौजूद हैं।

08:18 PM, 11-Apr-2025

CSK vs KKR Live Match: सीएसके को तीसरा झटका

वरुण चक्रवर्ती ने विजय शंकर को आउट कर सीएसके को तीसरा झटका दिया। विजय इससे पहले एक बार आउट होने से बचे थे, लेकिन वरुण की गेंद पर मोईन अली ने कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। विजय और राहुल त्रिपाठी के बीच अच्छी साझेदारी चल रही थी। विजय 21 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए। 

08:09 PM, 11-Apr-2025

CSK vs KKR Live Match: सीएसके का स्कोर 50 रन

केकेआर के खिलाफ सीएसके ने 50 रन का आंकड़ा छू लिया है। केकेआर ने इस दौरान दो बार कैच छोड़ी। फिलहाल विजय शंकर और राहुल त्रिपाठी क्रीज पर मौजूद हैं। सीएसके ने नौ ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 56 रन बनाए हैं। 

07:51 PM, 11-Apr-2025

CSK vs KKR Live Match: रचिन पवेलियन लौटे

सीएसके को 16 रन स्कोर पर दूसरा झटका लगा है। मोईन अली ने पहले डेवोन कॉनवे को आउट किया और फिर हर्षित राणा ने रहाणे के हाथों रचिन को कैच कराया। रचिन नौ गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। 

07:47 PM, 11-Apr-2025

CSK vs KKR Live: सीएसके को लगा पहला झटका

मोईन अली ने डेवोन कॉनवे को आउट कर सीएसके को पहला झटका दिया है। सीएसके ने इस तरह 16 रन के स्कोर पर पहला विकेट गंवा दिया है। कॉनवे 11 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 12 रन बनाकर आउट हुए। 

07:32 PM, 11-Apr-2025

CSK vs KKR Live: सीएसके की पारी शुरू

केकेआर के खिलाफ सीएसके की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। सीएसके की ओर से रचिन रवींद्र के साथ डेवोन कॉनवे आए हैं। केकेआर ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। 

07:07 PM, 11-Apr-2025

CSK vs KKR Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

कोलकाता नाइट राइडर्सः क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), सुनील नरेन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, मोईन अली, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, हर्षित राणा, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती। 
इम्पैक्ट प्लेयरः अंगकृष रघुवंशी, मनीष पांडे, रोवमैन पोवेल, लवनिथ सिसोजिया, अनुकूल रॉय।

चेन्नई सुपर किंग्सः रचिन रवींद्र, डेवोन कॉनवे, राहुल त्रिपाठी, विजय शंकर, शिवम दुबे, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर और कप्तान), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, खलील अहमद। 
इम्पैक्ट प्लेयरः मथीशा पथिराना, जैमी ओवरटन, दीपक हुड्डा, शेख रशीद, कमलेश नगरकोटी। 

07:01 PM, 11-Apr-2025

CSK vs KKR Live: केकेआर ने जीता टॉस

चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। केकेआर ने मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है और स्पेंसर जॉनसन की जगह मोईन अली की वापसी हुई है। सीएसके ने इस मैच के लिए दो बदलाव किए हैं। गायकवाड़ की जगह राहुल त्रिपाठी और मुकेश चौधरी की जगह अंशुल कंबोज को मौका मिला है। 

06:32 PM, 11-Apr-2025

CSK vs KKR Live: कप्तान धोनी पर रहेंगी निगाहें

सभी की निगाहें एक बार फिर से महेंद्र सिंह धोनी पर टिकी रहेंगी, जो इस मैच में टीम का नेतृत्व करते नजर आएंगे। उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में 12 गेंद पर 27 रन बनाए थे जिसमें तीन छक्के और एक चौका शामिल है। चेन्नई की टीम के लिए अच्छी बात यह है कि डेवोन कॉनवे, रचिन रवींद्र और शिवम दुबे जैसे बल्लेबाजों ने लय हासिल करने के संकेत दिए हैं लेकिन उन्हें ऋतुराज गायकवाड़ की कमी खलेगी।

06:23 PM, 11-Apr-2025

CSK vs KKR Live: कैसा होगा पिच का रुख?

चेन्नई की टीम अब अपना भाग्य बदलने के उद्देश्य से अपने घरेलू मैदान पर खेलने के लिए उतरेगी। उसे हालांकि अभी तक यहां के विकेट से उतनी मदद नहीं मिली है जैसे कि अतीत में मिला करती थी। रॉयल चलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ बड़ी हार के बाद चेन्नई के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने पिच को लेकर अपनी नाराजगी खुलकर व्यक्त की थी।

06:18 PM, 11-Apr-2025

CSK vs KKR Live: लगातार चार मैच हारा है सीएसके

 चेन्नई की टीम को अभी तक पांच मैच में से चार में हार का सामना करना पड़ा है और इसलिए यह मैच उसके लिए बेहद महत्वपूर्ण बन गया है। उसे अपने पिछले मैच में पंजाब किंग्स से 18 रन से पराजय का सामना करना पड़ा था।

06:14 PM, 11-Apr-2025

CSK vs KKR Highlights: केकेआर ने सीएसके को आठ विकेट से हराया, गेंदबाजी के बाद बल्ले से भी चमके नरेन

IPL Live Cricket Score, CSK vs KKR Indian Premier League 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से हो रहा है। केकेआर और सीएसके को पिछले मैच में हार का सामना करना पड़ा था और दोनों टीमें जीत की पटरी पर लौटने उतरेंगी। वहीं, महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर सीएसके की कमान संभालते नजर आएंगे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें