फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CSK vs GT Highlights: साई के 87 रन की बदौलत गुजरात ने चेन्नई को हराया, अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंची

Sun, 26 Apr 2026 07:16 PM IST
Swapnil Shashank स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई

खास बातें

CSK vs GT Indian Premier League 2026: आईपीएल 2026 के 37वें मैच में गुजरात ने चेन्नई को आठ विकेट से हरा दिया है। 159 रन के लक्ष्य को गुजरात ने 20 गेंद शेष रहते हासिल किया।
विज्ञापन
शुभमन गिल-साई सुदर्शन - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:12 PM, 26-Apr-2026

गुजरात ने चेन्नई को हराया

गुजरात ने चेन्नई सुपर किंग्स को आठ विकेट से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेपॉक में चेन्नई ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 158 रन बनाए थे। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने नाबाद 74 रन की बेहतरीन पारी खेली। जवाब में गुजरात ने साई सुदर्शन के 87 रन के दम पर जीत हासिल की। सुदर्शन के अलावा कप्तान शुभमन गिल ने 33 रन और जोस बटलर ने नाबाद 39 रन बनाए। इस जीत के साथ गुजरात की टीम आठ मैचों में चार जीत और चार हार के साथ आठ अंक लेकर पांचवें स्थान पर आ गई है। वहीं, चेन्नई की टीम आठ मैचों में तीन जीत और पांच हार के साथ छठे स्थान पर है। गुजरात का अगला मैच 30 अप्रैल को अहमदाबाद में आरसीबी से है। वहीं, सीएसके की टीम दो मई को चेपॉक में मुंबई इंडियंस से भिड़ेगी।

06:44 PM, 26-Apr-2026

CSK vs GT Live Score: 12 ओवर का खेल

गुजरात ने 12 ओवर के बाद एक विकेट गंवाकर 102 रन बना लिए हैं। फिलहाल साई सुदर्शन 34 गेंद में 51 रन और जोस बटलर 15 गेंद में 17 रन बनाकर क्रीज पर हैं। गुजरात की टीम एक और जीत की ओर बढ़ती हुई दिख रही है। टीम को एकमात्र झटका कप्तान शुभमन गिल के रूप में लगा। वह 23 गेंद में 33 रन बनाकर नूर अहमद का शिकार बने।

06:29 PM, 26-Apr-2026

CSK vs GT Live Score: नौ ओवर का खेल पूरा

नौ ओवर का खेल पूरा हो चुका है और गुजरात ने एक विकेट पर 75 रन बना लिए हैं। सुदर्शन 37 और बटलर चार रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। गुजरात को जीत के लिए 66 गेंदों में 84 रनों की जरूरत है।

विज्ञापन
06:14 PM, 26-Apr-2026

CSK vs GT Live Score: गुजरात को पहला झटका

गुजरात को पहला झटका नूर अहमद ने दिया। उन्होंने कप्तान शुभमन गिल को पवेलियन की राह दिखाई। वह 23 गेंदों में 33 रन बनाकर आउट हुए। पहले विकेट के लिए गिल ने सुदर्शन के साथ 58 रनों की साझेदारी निभाई। अब बल्लेबाजी के लिए जोस बटलर आए हैं।

06:07 PM, 26-Apr-2026

CSK vs GT Live Score: अकील को लगी चोट

गुजरात की पारी के छठे ओवर में अकील हुसैन से कैच छूटा। सबसे बड़ी बात यह रही कि कैच लेते वक्त अकील का सिर जमीन पर जोर से लगा और वह गाल पकड़कर बैठे दिखे। इसके बाद फीजियो को बुलाया गया, लेकिन अकील की चोट गंभीर नहीं थी। पावरप्ले समाप्त होने के बाद गुजरात ने बिना विकेट गंवाए 55 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल और साई सुदर्शन क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
05:54 PM, 26-Apr-2026

CSK vs GT Live Score: गुजरात की मजबूत शुरुआत

गुजरात ने तीन ओवर में बिना विकेट गंवाए 30 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 12 गेंद में 21 रन और साई सुदर्शन नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

05:41 PM, 26-Apr-2026

CSK vs GT Live Score: गुजरात की पारी शुरू

गुजरात की पारी की शुरुआत हो चुकी है। शुभमन गिल और साई सुदर्शन क्रीज पर हैं। चेन्नई के लिए पहले ओवर में अकील हुसैन ने गेंदबाजी की।

05:25 PM, 26-Apr-2026

CSK vs GT Live Score: चेन्नई ने बनाए 158 रन

गुजरात के खिलाफ चेपॉक में जारी मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने सात विकेट गंवाकर 158 रन बनाए हैं। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ का बल्ला आखिरकार चला और वह 60 गेंद में छह चौके और चार छक्कों की मदद से 74 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके अलावा सीएसके का कोई बल्लेबाज नहीं चला।

पावरप्ले में सीएसके ने तीन विकेट गंवाकर 28 रन बनाए थे। वहीं, टीम 50 रन 12वें ओवर जाकर पूरी कर सकी। संजू सैमसन 11 रन, उर्विल पटेल चार रन और इम्पैक्ट सब के तौर पर उतरे सरफराज खान खाता खोले बिना आउट हुए। डेवाल्ड ब्रेविस भी दो ही रन बना सके। इसके बाद ऋतुराज ने शिवम दुबे के साथ 43 गेंद में 59 रन की साझेदारी निभाई। दुबे 17 गेंद में 22 रन बना सके।

वहीं, जेमी ओवरटन ने छह गेंद में 18 रन बनाए। कार्तिक शर्मा नौ गेंद में 15 रन बना सके। गुजरात की ओर से रबाडा ने तीन विकेट और अरशद खान ने दो विकेट झटके। इसके अलावा सिराज और मानव सुथार को एक-एक विकेट मिला। राशिद खान ने सिर्फ एक ओवर गेंदबाजी की और आईपीएल इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है।

05:18 PM, 26-Apr-2026

CSK vs GT Live Score: चेन्नई को सातवां झटका

चेन्नई ने 19 ओवर के बाद सात विकेट पर 143 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋतुराज गायकवाड़ और अकील हुसैन क्रीज पर हैं। 19वें ओवर में अरशद खान गेंदबाजी कर रहे थे और इस ओवर में सीएसके ने 21 रन बटोरे। जेमी ओवरटन ने अरशद खान की लगातार चार गेंद पर चार बाउंड्रीज लगाईं। इसके बाद आखिरी गेंद पर कैच आउट हुए। ओवरटन छह गेंद पर 18 रन बनाकर आउट हुए। 

05:10 PM, 26-Apr-2026

CSK vs GT Live Score: चेन्नई को छठा झटका

चेन्नई को 18वें ओवर में छठा झटका लगा। कार्तिक शर्मा कगिसो रबाडा की गेंद पर कैच आउट हुए। वह नौ गेंद में तीन चौके की मदद से 15 रन बना सके। फिलहाल ऋतुराज गायकवाड़ अर्धशतक लगाकर क्रीज पर हैं। उनके साथ जेमी ओवरटन मैदान पर हैं। 18 ओवर के बाद सीएसके ने छह विकेट पर 122 रन बना लिए हैं।

04:57 PM, 26-Apr-2026

CSK vs GT Live Score: चेन्नई को पांचवां झटका

चेन्नई सुपर किंग्स ने 16 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 102 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋतुराज गायकवाड़ 48 रन और कार्तिक शर्मा क्रीज पर हैं। शिवम दुबे को अरशद खान ने क्लीन बोल्ड किया। वह 17 गेंद में 22 रन बना सके। 

04:41 PM, 26-Apr-2026

CSK vs GT Live Score: 13 ओवर का खेल हुआ

चेन्नई की टीम बहुत धीमी बल्लेबाजी कर रही है। 13 ओवर के बाद टीम का स्कोर चार विकेट पर 66 रन है। फिलहाल कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ 42 गेंद में 35 रन और शिवम दुबे आठ गेंद में 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 29 रन की साझेदारी हो चुकी है। चेन्नई की बल्लेबाजी खराब रही। उसने चार विकेट 37 रन पर गंवा दिए थे। सैमसन (11), उर्विल (4), सरफराज (0) और ब्रेविस (2) कुछ खास नहीं कर सके।

04:17 PM, 26-Apr-2026

CSK vs GT Live Score: चेन्नई को चौथा झटका

चेन्नई को नौवें ओवर में 37 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। डेवाल्ड ब्रेविस दो रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मानव सुथार ने गिल के हाथों कैच कराया। फिलहाल शिवम दुबे और ऋतुराज गायकवाड़ क्रीज पर हैं। चेन्नई की टीम मुश्किल में नजर आ रही है।

03:57 PM, 26-Apr-2026

CSK vs GT Live Score: चेन्नई को तीसरा झटका

चेन्नई को पांचवें ओवर में सरफराज खान के रूप में तीसरा झटका लगा। इम्पैक्ट सब के तौर पर आए सरफराज ने सिराज की गेंद पर विकेटकीपर बटलर को कैच थमाया। वह खाता नहीं खोल सके। सीएसके ने छह रन के अंदर तीन विकेट गंवाए हैं। 21 पर संजू सैमसन के रूप में पहला झटका लगा था। वह 11 रन बना सके थे। इसके बाद 25 पर उर्विल पटेल (4) आउट हुए। सीएसके की बल्लेबाजी खराब रही है। पांच ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर तीन विकेट पर 26 रन है। फिलहाल कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और डेवाल्ड ब्रेविस क्रीज पर हैं। सिराज के अलावा रबाडा को दो विकेट मिले।

03:52 PM, 26-Apr-2026

CSK vs GT Live Score: चेन्नई को दूसरा झटका

चेन्नई सुपर किंग्स को चौथे ओवर में दो झटके लगे। रबाडा ने एक ही ओवर में संजू सैमसन और उर्विल पटेल को आउट किया। रबाडा ने पहले सैमसन को ओवर की तीसरी गेंद पर विकेटकीपर बटलर के हाथों कैच कराया। सैमसन 15 गेंद में 11 रन बना सके। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर उर्विल पटेल को होल्डर के हाथों कैच कराया। उर्विल चार रन बना सके। फिलहाल ऋतुराज और इम्पैक्ट सब सरफराज खान क्रीज पर हैं। चार ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर दो विकेट पर 25 रन है।

03:49 PM, 26-Apr-2026

CSK vs GT Live Score: चेन्नई को पहला झटका

चेन्नई सुपर किंग्स को चौथे ओवर में 21 के स्कोर पर पहला झटका लगा। संजू सैमसन 15 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें रबाडा ने विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच कराया। फिलहाल सीजन का अपना पहला मैच खेल रहे उर्विल पटेल और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ क्रीज पर हैं।

03:32 PM, 26-Apr-2026

CSK vs GT Live Score: सीएसके की बल्लेबाजी शुरू

गुजरात के खिलाफ सीएसके की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। सीएसके के लिए संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ क्रीज पर मौजूद है। 

03:07 PM, 26-Apr-2026

CSK vs GT Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

सीएसके: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, जैमी ओवरटन, अकील हुसैन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजपनीत सिंह।
इम्पैक्ट सब: सरफराज खान, मुकेश चौधरी, प्रशांत वीर, रामाकृष्ण घोष, मैथ्यू शॉर्ट।

गुजरात: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), शाहरुख खान, वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, मानव सुथार। 
इम्पैक्ट सब: राहुल तेवतिया, अनुज रावत, ग्लेन फिलिप्स, कुलवंत खेजरोलिया, निशांत सिंधू। 

03:01 PM, 26-Apr-2026

CSK vs GT Live Score: गुजरात ने जीता टॉस

गुजरात टाइटंस ने सीएसके के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। सीएसके ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। उर्विल पटेल की वापसी हुई है।

02:47 PM, 26-Apr-2026

CSK vs GT Live Score: अवसरों का फायदा उठाने में नाकाम रही है गुजरात

गुजरात टाइटंस की टीम अभी तक अवसरों का फायदा उठाने में नाकाम रही है। उसे पिछले दो मैच में हार का सामना करना पड़ा है। उसे मुंबई इंडियंस ने 99 रन और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने पांच विकेट से हराया। उसके छह अंक है लेकिन खराब रन रेट के कारण वह सातवें स्थान पर है। आक्रामक बल्लेबाजी को बढ़ावा देने वाले प्रारूप में उनका रूढ़िवादी दृष्टिकोण हमेशा कारगर साबित नहीं हुआ है। विशेष रूप से मध्य क्रम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है और वे अक्सर अच्छी शुरुआत का लाभ उठाने में विफल रहे हैं। 

02:41 PM, 26-Apr-2026

CSK vs GT Live Score: सीएसके ने की है वापसी

सीएसके ने इस सत्र की शुरुआत अच्छी नहीं की थी लेकिन इसके बाद उसने शानदार वापसी करके अपने पिछले चार मैचों में से तीन में जीत हासिल की है। इसमें मुंबई इंडियंस पर 103 रन की जीत भी शामिल है, जिसमें संजू सैमसन ने सत्र का अपना दूसरा शतक लगाया था। ऋतुराज गायकवाड़ की अगुआई वाली सीएसके के अभी छह अंक हैं और वह प्लेऑफ में जगह बनाने की दौड़ में बने रहने के लिए आगे किसी भी तरह की गलतियों से बचने के लिए प्रतिबद्ध होगी।

02:32 PM, 26-Apr-2026

CSK vs GT Live Score: धोनी का खेला मुश्किल

पिछले कुछ मैचों शानदार प्रदर्शन करने वाली चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की टीम रविवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले आईपीएल के मैच में अपनी लय बरकरार रखने की कोशिश करेगी। दूसरी तरफ लगातार दो हार का सामना करने वाली गुजरात टाइटंस की टीम अच्छा प्रदर्शन करके अपने अभियान को पटरी पर लाने के लिए बेताब होगी। इस मैच में सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि महेंद्र सिंह धोनी मैदान पर वापसी करेंगे या नहीं। हालांकि, उनके उपलब्ध रहने की उम्मीद कम ही है।

02:28 PM, 26-Apr-2026

CSK vs GT Highlights: साई के 87 रन की बदौलत गुजरात ने चेन्नई को हराया, अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंची

IPL Live Cricket Score, CSK vs GT Indian Premier League 2026: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2026 में आज चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का सामना गुजरात टाइटंस से है। सीएसके ने अच्छी वापसी की है और अब उसकी नजरें लय बरकरार रखने की होगी। दूसरी ओर, गुजरात की नजरें वापसी पर होंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें