दिल्ली कैपिटल्स ने बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 25 रनों से हराया। दिल्ली की यह लगातार तीसरी जीत है और आईपीएल 2025 में उसका अजेय अभियान जारी है। दिल्ली ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 183 रन बनाए। जवाब में सीएसके की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 158 रन ही बना सकी। सीएसके की यह लगातार तीसरी हार है। इससे पहले उसे राजस्थान रॉयल्स और आरसीबी के खिलाफ भी हार मिली थी।
लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएसके की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 74 रन के अंदर ही पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद विजय शंकर और महेंद्र सिंह धोनी ने छठे विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। विजय शंकर ने शानदार बल्लेबाजी की और 54 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 69 रन बनाए, जबकि धोनी 26 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली की ओर से विपराज निगम ने दो विकेट झटके, जबकि मिचेल स्टार्क, मुकेश कुमार और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिले।
चेन्नई का शीर्ष क्रम इस मैच में एक बार फिर प्रभावशाली प्रदर्शन नहीं कर सका। सीएसके के लिए इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे शिवम दुबे ने 18 रन, डेवोन कॉनवे ने 13, कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पांच और रचिन रवींद्र ने तीन रन बनाए।
विजय शंकर ने 43 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया है। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। 17 ओवर के बाद स्कोर 117/5 है।
विजय शंकर 48 और धोनी 11 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 16 ओवर के बाद स्कोर 112/5 है। टीम को जीत के लिए 24 गेंदों में 72 रनों की जरूरत है।
दिल्ली के खिलाफ सीएसके की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई है और उसने 74 रन के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। जडेजा को कुलदीप यादव ने अपना शिकार बनाया। जडेजा तीन गेंदें खेलकर दो रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी उतरे हैं।
विपराज निगम ने इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे शिवम दुबे को आउट कर सीएसके को चौथा झटका दिया। शिवम 15 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 18 रन बनाकर आउट हुए।
दिल्ली के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएसके की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद उसकी पारी धीमी पड़ गई है। सीएसके ने नौ ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट पर 59 रन बनाए हैं और उसे अभी 66 गेंदों पर 125 रन बनाने हैं।
विपराज निगम ने डेवोन कॉनवे को आउट कर सीएसके को तीसरा झटका दिया है। लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएसके की शुरुआत अच्छी नहीं रही है और उसने पावरप्ले में ही तीन विकेट गंवा दिए हैं। कॉनवे 14 गेंदों पर 13 रन बनाकर आउट हुए। सीएसके ने इम्पैक्ट सब के तौर पर शिवम दुबे को उतारा है जो मथीशा पथिराना की जगह आए हैं।
चेन्नई को ऋतुराज के रूप में दूसरा झटका लगा। दिल्ली के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएसके की शुरुआत अच्छी नहीं रही है और टीम ने 20 रन के अंदर दो विकेट गंवा दिए हैं।
चेन्नई को 14 के स्कोर पर पहला झटका लगा। रचिन रवींद्र तीन रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल डेवन के साथ कप्तान ऋतुराज क्रीज पर हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएसके की पारी शुरू हो गई है। सीएसके की ओर से रचिन रवींद्र और डेवोन कॉनवे पारी का आगाज करने उतरे हैं। सीएसके ने पहले ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 10 रन बना लिए हैं।
दिल्ली कैपिटल्स ने केएल राहुल की अर्धशतकीय पारी की मदद से सीएसके के सामने 184 रनों का लक्ष्य रखा है। दिल्ली ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और राहुल ने 51 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्के की मदद से 77 रन बनाए जिससे दिल्ली ने 20 ओवर में छह विकेट पर 183 रन बनाए। सीएसके के लिए तेज गेंदबाज खलील अहमद ने दो विकेट लिए, जबकि रवींद्र जडेजा, नूर अहमद और मथीशा पथिराना को एक-एक सफलता मिली।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पहले ही ओवर में जैक फ्रेजर मैकगर्क का विकेट गंवा दिया। इसके बाद राहुल ने अभिषेक पोरेल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 54 रन जोड़े। जडेजा ने पोरेल को आउट कर दिल्ली को दूसरा झटका दिया जो 20 गेंदों पर 33 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अक्षर पटेल ने कुछ अच्छे शॉट्स खेले, लेकिन वह भी 14 गेंदों पर 21 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। केएल राहुल ने अपनी पारी जारी रखी और आईपीएल करियर का 38वां अर्धशतक जड़ा।
समीर और केएल राहुल के बीच चौथे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी हुई। रिजवी 15 गेंदों पर 20 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अंतिम ओवर में केएल राहुल भी अपना विकेट गंवा बैठे। इसकी अगली ही गेंद पर जडेजा के थ्रो पर आशुतोष शर्मा को धोनी ने रन आउट किया। ट्रिस्टन स्टब्स 12 गेंदों पर 24 रन बनाकर नाबाद रहे।
केएल राहुल अपना विकेट गंवा चुके हैं और 51 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 77 रन बनाकर आउट हुए। राहुल का विकेट आखिरी ओवर में जाकर गिरा। इसके अगली ही गेंद पर आशुतोष शर्मा रन आउट हो गए। उन्हें जडेजा के थ्रो पर धोनी ने आउट किया। आशुतोष एक रन बनाकर आउट हुए।
दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर सीएसके के खिलाफ 160 रन के पार पहुंच गया है। दिल्ली के लिए केएल राहुल अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं जिसकी मदद से दिल्ली का स्कोर 18 ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 161 रन हो गया है।
खलील अहमद ने समीर रिजवी को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को चौथा झटका दिया। रिजवी और केएल राहुल के बीच 56 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन खलील ने इस साझेदारी का अंत किया। रिजवी 15 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाकर आउट हुए।
केएल राहुल और समीर रिजवी के बीच चौथे विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी पूरी हो चुकी है। दिल्ली का स्कोर 16 ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 146 रन हो गया है। केएल राहुल अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और अर्धशतक लगाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।
केएल राहुल ने सीएसके के खिलाफ 33 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। राहुल का इस सीजन का यह पहला, जबकि आईपीएल करियर का 38वां पचासा है। दिल्ली का स्कोर 110 रन के पार पहुंच गया है। फिलहाल क्रीज पर राहुल के साथ समीर रिजवी मौजूद हैं।
नूर अहमद ने अक्षर पटेल को बोल्ड कर दिल्ली कैपिटल्स को तीसरा झटका दिया है। अक्षर अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और केएल राहुल के साथ साझेदारी निभा रहे थे, लेकिन नूर ने उनकी पारी का अंत किया। अक्षर 14 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुए। दिल्ली ने 11 ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट पर 92 रन बना लिए हैं।
दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर सीएसके के खिलाफ 75 रन के पार पहुंच गया है। फिलहाल क्रीज पर केएल राहुल और अक्षर पटेल मौजूद हैं। नौ ओवर की समाप्ति के बाद दिल्ली का स्कोर दो विकेट पर 76 रन है।
पावरप्ले के समाप्त होने के बाद रवींद्र जडेजा ने दिल्ली कैपिटल्स को दूसरा झटका दिया। अभिषेक पोरेल और केएल राहुल के बीच दूसरे विकेट के लिए अच्छी साझेदारी हो रही थी, लेकिन जडेजा ने इसे तोड़ा। राहुल और पोरेल ने 54 रन जोड़े। पोरेल 20 गेंदों पर चार चौके और एक छक्के की मदद से 33 रन बनाकर आउट हुए।
अभिषेक पोरेल और केएल राहुल के बीच दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है जिससे पावरप्ले के बाद दिल्ली का स्कोर एक विकेट पर 51 रन हो गया है। दिल्ली को पहले ही ओवर में मैकगर्क के रूप में पहला झटका लगा था, लेकिन इसके बाद टीम ने पावरप्ले के दौरान सीएसके को कोई और सफलता हासिल नहीं करने दी।
शुरुआती झटके लगने के बाद अभिषेक पोरेल ने दिल्ली कैपिटल्स को संभाला। दिल्ली ने पहले ही ओवर में मैकगर्क का विकेट गंवा दिया था, लेकिन अभिषेक ने कुछ शानदार शॉट्स खेले जिससे दिल्ली का स्कोर तीन ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 24 रन हो गया है। अभिषेक के अलावा केएल राहुल भी क्रीज पर मौजूद हैं।
खलील अहमद ने पहले ही ओवर में जैक फ्रेजर मैकगर्क को आउट कर दिल्ली को शुरुआत झटका दिया है। मैकगर्क पांच गेंदें खेलकर खाता खोले बिना आउट हुए। मैकगर्क ने खलील की गेंद पर शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन 30 यार्ड सर्किल पर खड़े अश्विन ने कैच लपका।
दिल्ली कैपिटल्स की पारी सीएसके के खिलाफ शुरू हो गई है। दिल्ली ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में पारी का आगाज करने जैक फ्रेजर मैकगर्क के साथ केएल राहुल उतरे हैं।
दिल्ली कैपिटल्सः जैक फ्रेजर मैकगर्क, केएल राहुल (विकेटकीपर), अभिषेक पोरेल, ट्रिस्टन स्टब्स, समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, मोहित शर्मा।
इम्पैक्ट प्लेयरः मुकेश कुमार, करुण नायर, दर्शन नालकंडे, डोनोवान फरेरा, त्रिपुराना विजय।
चेन्नई सुपर किंग्सः रचिन रवींद्र, डेवोन कॉनवे, ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), विजय शंकर, रवींद्र जडेजा, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, नूर अहमद, मुकेश चौधरी, खलील अहमद, मथीशा पथिराना।
इम्पैक्ट प्लेयरः शिवम दुबे, जैमी ओवरटन, शेख रशीद, कमलेश नागरकोटी, नाथन एलिस।
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। सीएसके के लिए राहत की बात यह है कि उसके नियमित कप्तान फिट हो गए हैं और इस मुकाबले में खेल रहे हैं। दिल्ली ने इस मुकाबले के लिए एक बदलाव किया है और फाफ डुप्लेसिस की जगह समीर रिजवी को अंतिम एकादश में शामिल किया है। डुप्लेसिस फिट नहीं होने के कारण इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। सीएसके ने इस मैच के लिए दो बदलाव किए हैं। जैमी ओवरटन की जगह डेवोन कॉनवे को लिया गया है, जबकि राहुल त्रिपाठी के स्थान पर मुकेश चौधरी को जगह मिली है।
इस मैच में सीएसके के नियमित कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की फिटनेस पर भी नजरें रहेंगी। गायकवाड़ को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच के दौरान कोहनी में चोट लग गई थी और अगर वह दिल्ली के खिलाफ मैच तक फिट नहीं हो सके तो धोनी कमान संभालते दिख सकते हैं। सीएसके के बल्लेबाजी कोच माइक हसी ने संकेत दिए थे कि विकेट के पीछे एक 'युवा' खिलाड़ी शनिवार के मैच में कप्तानी कर सकता है।
सीएसके के लिए जैमी ओवरटन और रविचंद्रन अश्विन महंगे साबित हो रहे हैं जिससे विपक्षी टीम को रन बनाने का मौका मिल रहा है। वहीं, पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की मारक क्षमता का कम होना भी सीएसके के लिए चिंता का विषय है। शिवम दुबे को छोड़कर उसके मध्यक्रम में कोई भी ऐसा बल्लेबाज नहीं है जो अंतिम 10 ओवरों में 180 या 200 की स्ट्राइक रेट से रन बना सके। हालांकि, घरेलू मैदान पर खेलने से सीएसके को मनोवैज्ञानिक लाभ होगा क्योंकि दर्शकों का समर्थन होम टीम को रहेगा।
चेन्नई में स्पिनरों को मदद मिलती है, ऐसे में दिल्ली के लिए कुलदीप और चेन्नई के लिए नूर की भूमिका महत्वपूर्ण बन गई है। कुलदीप का इकोनॉमी रेट अभी तक 5.25, जबकि नूर का 6.83 है। बीच के ओवरों में यह दोनों स्पिनर अपना प्रभाव छोड़ सकते हैं। यह दोनों कलाई के स्पिनर हैं और उनके बीच मुकाबला दिलचस्प होगा। नूर जहां अधिक गति से गेंदबाजी करते हैं वहीं कुलदीप ने क्रीज के कोणों का उपयोग करने और अपनी गेंदों की गति को बदलने की कला में महारत हासिल कर ली है।
IPL Live Cricket Score, CSK vs DC Indian Premier League 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का सामना दिल्ली कैपिटल्स से हो रहा है। दोनों टीमें चेपॉक पर आमने-सामने हैं जहां स्पिनरों की भूमिका अहम हो जाती है। सीएसके और दिल्ली के पास अच्छे स्पिनर हैं, लिहाजा दोनों टीमों के बीच अच्छा मुकाबला होने की उम्मीद है।