आईपीएल 2022 के 55वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 91 रन से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 208 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम 17.4 ओवर में 117 रन पर सिमट गई। डेवोन कॉनवे के बेहतरीन 87 रन के बाद मोईन अली की घातक गेंदबाजी की बदौलत चेन्नई ने दिल्ली को शिकस्त दी। मोईन ने मैच में मिचेल मार्श, दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत और रिपल पटेल को पवेलियन भेजा। वहीं, तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी और सिमरजीत सिंह ने भी दो-दो विकेट झटके।
इस जीत के साथ चेन्नई की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें अभी बरकरार हैं। उसके 11 मैचों में चार जीत और सात हार के साथ आठ अंक हैं। चेन्नई के फिलहाल 10 अंक हैं और वह नौवें से आठवें स्थान पर पहुंच गई है। यहां से सीएसके को बाकी बचे तीनों मैच जीतने होंगे। इसके बाद बाकी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा। वहीं, इस हार के साथ दिल्ली की उम्मीदों को झटका लगा है। उसके 11 मैचों में पांच जीत और छह हार के साथ 10 अंक हैं। टीम फिलहाल पांचवें स्थान पर है और उसे बाकी तीनों मैच जीतने ही होंगे।
99 रन के स्कोर पर दिल्ली को आठवां झटका लगा। सिमरजीत सिंह ने कुलदीप यादव को रॉबिन उथप्पा के हाथों कैच कराया। कुलदीप 17 गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल शार्दुल ठाकुर और एनरिक नॉर्त्जे क्रीज पर हैं।
11वें ओवर में दिल्ली की टीम को दो झटके लगे। मुकेश चौधरी ने ओवर की पहली गेंद पर अक्षर पटेल को क्लीन बोल्ड किया। अक्षर एक रन बना सके। इसके बाद पांचवीं गेंद पर मुकेश ने रोवमन पॉवेल को धोनी के हाथों कैच कराया। पॉवेल तीन रन बना सके। 11 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर सात विकेट पर 85 रन है। फिलहाल कुलदीप यादव और शार्दुल ठाकुर क्रीज पर हैं।
मोईन अली ने तीन विकेट लेकर मैच पलट दिया है। उन्होंने दिल्ली की पारी के आठवें ओवर में मिचेल मार्श (25) को ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया था। इसके बाद 10वें ओवर में मोईन ने दो विकेट निकाले। उन्होंने ओवर की पहली गेंद पर कप्तान ऋषभ पंत को बोल्ड किया। पंत 11 गेंदों पर 21 रन बना सके। इसके बाद रिपल पटेल ने मोईन के ओवर की तीसरी गेंद पर छक्का लगाया। चौथी गेंद पर एक बार फिर रिपल बड़े शॉट की तरफ बढ़े, लेकिन बाउंड्री लाइन पर कॉनवे ने उनका बेहतरीन कैच पकड़ा। रिपल तीन गेंदों पर छह रन बना सके। 10 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर पांच विकेट पर 82 रन है। फिलहाल अक्षर पटेल और रोवमन पॉवेल क्रीज पर हैं।
आठवें ओवर में दिल्ली कैपिटल्स को तीसरा झटका लगा। मोईन अली ने मिचेल मार्श को अपनी फिरकी में फंसा लिया। मोईन की गेंद पर बड़े शॉट के चक्कर में मार्श ऋतुराज गायकवाड़ को कैच थमा बैठे। मार्श का कैच बाउंड्री लाइन पर ऋतुराज ने पकड़ा। वह 20 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 25 रन बना सके। दिल्ली को 72 गेंदों पर 136 रन की जरूरत है। आठ ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर तीन विकेट पर 73 रन है। फिलहाल पंत आठ गेंदों पर 20 रन और रोवमन पॉवेल एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
सात ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने दो विकेट पर 71 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋषभ पंत सात गेंदों पर 19 रन और मिचेल मार्श 18 गेंदों पर 25 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। वॉर्नर 12 गेंदों पर 19 रन और श्रीकर भरत पांच गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुए।
महेश तीक्षणा ने पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर चेन्नई सुपरकिंग्स को बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने विस्फोटक ओपनर डेविड वॉर्नर को एलबीडब्ल्यू कर दिया। तीक्षणा की गेंद पर वॉर्नर रिवर्स स्वीप करना चाहते थे। गेंद उनके पैड के ऊपर लगी। विकेटकीपर धोनी ने पीछे से अपील की और अंपायर ने आउट दे दिया। वॉर्नर ने रिव्यू लिया, लेकिन फैसला उनके पक्ष में नहीं आया। अंपायर्स कॉल के जरिए चेन्नई को दूसरी सफलता मिल गई। वॉर्नर 12 गेंद पर 19 रन बनाकर आउट हुए।
दिल्ली कैपिटल्स को पहला झटका सिमरजीत सिंह ने दिया। उन्होंने ओपनर केएस भरत को मोईन अली के हाथों स्लिप में कैच कराया। भरत पांच गेंद पर आठ रन ही बना सके। उनके आउट होने के बाद मिचेल मार्श क्रीज पर उतरे हैं। वहीं, दूसरे छोर पर डेविड वॉर्नर हैं। दिल्ली ने दो ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 17 रन बना लिए हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने 209 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 208 रन बनाए। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आठ गेंदों पर 21 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी पारी में धोनी ने एक चौका और दो छक्के लगाए।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई की टीम की शुरुआत शानदार रही। ऋतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉनवे ने शतकीय साझेदारी निभाई। यह लगातार तीसरी बार रहा जब इन दोनों ने 50 प्लस रन की ओपनिंग साझेदारी की। चेन्नई को पहला झटका एनरिक नॉर्त्जे ने दिया। उन्होंने ऋतुराज को 152 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से की गई शॉर्ट बॉल पर अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया।
इस दौरान डेवोन कॉनवे ने आईपीएल करियर का अपना तीसरा अर्धशतक लगाया। उनकी यह लगातार तीसरी फिफ्टी रही। इससे पहले कॉनवे ने सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ अर्धशतक लगाया था।
19वें ओवर में चेन्नई सुपर किंग्स को चौथा झटका लगा। अंबाती रायुडू छह गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हुए। उन्हें खलील ने अक्षर के हाथों कैच कराया। इसके बाद धोनी ने इस ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाया। 19 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर चार विकेट पर 199 रन है। फिलहाल धोनी छह गेंदों पर 17 रन और मोईन अली दो गेंदों पर पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
18वें ओवर में चेन्नई सुपर किंग्स को तीसरा झटका लगा। मिचेल मार्श ने ओवर की पहली गेंद पर शिवम दुबे को डेविड वॉर्नर के हाथों कैच कराया। दुबे 19 गेंदों पर 32 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में दुबे ने दो चौके और दो छक्के लगाए। इसके बाद कप्तान महेंद्र सिंह धोनी मैदान पर उतरे। अपनी दूसरी ही गेंद पर धोनी ने छक्का लगाया और अगली गेंद पर चौका भी लगाया। 18 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर तीन विकेट पर 183 रन है। फिलहाल अंबाती रायुडू चार गेंदों पर एक रन और धोनी चार गेंदं पर 11 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
17वें ओवर में 169 के स्कोर पर चेन्नई सुपर किंग्स को दूसरा झटका लगा। खलील अहमद ने डेवोन कॉनवे को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। कॉनवे शतक से चूक गए। वह 49 गेंदों पर 87 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में कॉनवे ने सात चौके और पांच छक्के लगाए। उन्होंने शिवम दुबे के साथ दूसरे विकेट के लिए 33 गेंदों पर 59 रन की साझेदारी निभाई।
16 ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने एक विकेट गंवाकर 167 रन बना लिए हैं। पिछले पांच ओवर में चेन्नई ने बिना कोई विकेट गंवाए 57 रन बनाए हैं। शार्दुल ठाकुर के 16वें ओवर में शिवम दुबे ने भी अपने हाथ खोले। उन्होंने इस ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाया। इस ओवर से चेन्नई ने 19 रन बटोरे। 16वें ओवर की पहली गेंद पर शिवम दुबे का कैच अक्षर पटेल ने छोड़ा था।
13 ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने एक विकेट गंवाकर 131 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेवोन कॉनवे 41 गेंदों पर 81 रन और शिवम दुबे पांच गेंदों पर तीन रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। कॉनवे का यह लगातार तीसरा अर्धशतक है। ऋतुराज 41 रन बनाकर आउट हुए। कुलदीप तीन ओवर में बिना कोई विकेट लिए 43 रन बना चुके हैं।
11वें ओवर में एनरिक नॉर्त्जे ने चेन्नई को पहला झटका दिया। उन्होंने ओवर की आखिरी गेंद पर ऋतुराज गायकवाड़ को पवेलियन भेजा। ऋतुराज अर्धशतक से चूक गए। वे 33 गेंदों पर 41 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में ऋतुराज ने चार चौके और एक छक्का लगाया। नॉर्त्जे ने 152 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से शॉर्ट बॉल फेंकी। इस पर पुल लगाने के चक्कर में ऋतुराज अपना विकेट गंवा बैठे। 11 ओवर के बाद चेन्नई ने एक विकेट गंवाकर 110 रन बना लिए हैं। डेवोन कॉनवे शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और 34 गेंदों पर 64 रन बनाकर क्रीज पर हैं। उनका साथ निभाने शिवम दुबे मैदान पर आए हैं।
10 ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने बिना कोई विकेट गंवाए 100 रन बना लिए हैं। डेवोन कॉनवे का शानदार फॉर्म जारी है। उन्होंने अपने आईपीएल करियर का तीसरा अर्धशतक लगाया। यह उनकी लगातार तीसरी फिफ्टी है। इससे पहले उन्होंने हैदराबाद और बैंगलोर के खिलाफ भी अर्धशतक लगाया था। वहीं, दूसरी तरफ चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव के लिए अब तक यह मैच कुछ खास नहीं रहा है। उन्होंने दो ओवर में 34 रन लुटा दिए हैं। इन दोनों ओवरों में कॉनवे ने ही उन पर शॉट लगाए हैं। कुलदीप पारी का आठवां ओवर डालने आए थे और इस ओवर में उन्होंने 18 रन दिए। कॉनवे ने आखिरी तीन गेंदों पर दो छक्के और एक चौका लगाया। वहीं, कुलदीप के 10वें ओवर में 16 रन आए। इस ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर कॉनवे ने लगातार तीन चौके लगाए।
छह ओवर यानी पावरप्ले खत्म होने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने बिना कोई विकेट गंवाए 57 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋतुराज 18 गेंदों पर 24 रन और डेवोन कॉनवे 19 गेंदों पर 29 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। यह दोनों के बीच लगातार तीसरी 50 प्लस रन की साझेदारी है। पिछले दो ओवर यानी पांचवें और छठे ओवर में 28 रन आए हैं।
पांच ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने बिना कोई विकेट गंवाए 43 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋतुराज गायकवाड़ 14 गेंदों पर 14 रन और डेवोन कॉनवे 17 गेंदों पर 27 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। पांचवें ओवर में अक्षर पटेल गेंदबाजी के लिए आए और इस ओवर में कॉनवे ने आखिरी दो गेंदों पर दो छक्के लगाए।
तीन ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने बिना कोई विकेट गंवाए 24 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋतुराज गायकवाड़ 10 गेंदों पर 11 रन और डेवोन कॉनवे नौ गेंदों पर 11 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। एनरिक नॉर्त्जे के इस ओवर में ऋतुराज ने पहली ही गेंद पर छक्का भी लगाया था। इस ओवर में कुल 15 रन बने।
चेन्नई के ओपनर्स ऋतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉनवे क्रीज पर हैं। एक ओवर के बाद चेन्नई ने बिना कोई विकेट गंवाए पांच रन बना लिए हैं। दोनों ओपनर्स को अच्छी शुरुआत दिलानी होगी। रवींद्र जडेजा फिटनेस समस्या के कारण ये मैच नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह शिवम दुबे को मौका दिया गया है। वहीं, ड्वेन प्रिटोरियस की जगह ड्वेन ब्रावो को प्लेइंग-11 में जगह दी गई है।
चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड़, डेवोन कॉनवे, रॉबिन उथप्पा, अंबाती रायुडू, मोईन अली, एमएस धोनी (विकेटकीपर/कप्तान), शिवम दुबे, ड्वेन ब्रावो, महेश तीक्षणा, सिमरजीत सिंह, मुकेश चौधरी।
दिल्ली कैपिटल्स: डेविड वॉर्नर, श्रीकर भारत, मिशेल मार्श, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), रोवमन पॉवेल, अक्षर पटेल, रिपल पटेल, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, खलील अहमद, एनरिक नॉर्त्जे।
दिल्ली की प्लेइंग-11
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। कप्तान पंत ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। उन्होंने मंदीप सिंह और ललित यादव की जगह केएस भरत और अक्षर पटेल को प्लेइंग-11 में शामिल किया है। वहीं, चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी प्लेइंग-11 में दो बदलाव किया है। रवींद्र जडेजा की जगह शिवम दुबे को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। धोनी ने बताया कि जडेजा फिट नहीं हैं। वहीं, ड्वेन प्रिटोरियस की जगह ड्वेन ब्रावो को मौका मिला है।
चेन्नई को खिलाड़ियों की चोटों और खराब फॉर्म ने परेशान किया है। दीपक चाहर और एडम मिल्ने चोट के कारण पूरे सत्र से बाहर हैं जबकि ऋतुराज गायकवाड़ और रविंद्र जडेजा खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। अंबाती रायडू, धोनी, शिवम दुबे और मोइन अली ने टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया है। डेवोन कोंवे ने तीन मैचों में 144 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में महीष तीक्ष्णा, मुकेश चौधरी और ड्वेन ब्रावो को विकेट मिले हैं लेकिन वे महंगे रहे हैं।
कप्तान ऋ षभ पंत और मिशेल मार्श अच्छी शुरुआत को बड़ी पारियों में नहीं बदल सके हैं। वेस्टइंडीज के रोवमैन पावेल ने शुरुआती कुछ मैचों में खराब प्रदर्शन के बाद लय हासिल कर ली है । गेंदबाजी में स्पिनर कुलदीप यादव ने 18, तेज गेंदबाज खलील अहमद ने 14 और शार्दुल ठाकुर ने दस विकेट लिए हैं लेकिन सभी महंगे साबित हुए हैं। कुलदीप हालांकि इस सत्र में बेहद कामयाब रहे और उनका खोया आत्मविश्वास भी लौट आया है। एनरिच नोर्त्जे की वापसी से दिल्ली की गेंदबाजी और मजबूत हुई है ।
दिल्ली के सामने समस्या वॉर्नर का सही जोड़ीदार नहीं मिल पाने की है। पृथ्वी शॉ नौ मैचों में 28.77 की औसत से 259 रन ही बना सके। पिछले मैच में उनकी जगह मनदीप सिंह को मौका दिया गया जो तीन मैचों में 18 रन ही बना पाए हैं। वॉर्नर अभी तक आठ मैचों में 356 रन बना चुके हैं और सनराइजर्स के खिलाफ पिछले मैच में उन्होंने नाबाद 92 रन बनाये थे।
दिल्ली इस समय दस टीमों में पांचवें स्थान पर है और उसके दस मैचों में दस अंक हैं। पिछले मैच में उसने सनराइजर्स हैदराबाद को 21 रन से हराया। दूसरी ओर गत चैंपियन चेन्नई टूर्नामेंट से लगभग बाहर है और प्लेआफ में प्रवेश की उसके लिए कोई उम्मीद नहीं है। महेंद्र सिंह धोनी की टीम दस मैचों में छह अंक लेकर नौवें स्थान पर है और उसे न सिर्फ अपने बाकी मैच जीतने होंगे बल्कि दूसरे मैचों के नतीजे अनुकूल आने की भी दुआ करनी होगी।
प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने की कगार पर खड़ी चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ रविवार को होने वाले आईपीएल के मैच में दिल्ली कैपिटल्स को डेविड वॉर्नर के साथ पारी की शुरुआत के लिए सही बल्लेबाज को तलाशना होगा ताकि टीम शीर्ष चार में वापसी कर सके। पिछले मैच में टीम ने हैदराबाद को 21 रन से हराया था। ग्रुप के शेष चार मैचों में जीत की लय बनाए रखने की जरूरत है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2022 के 55वें मैच में चार बार के चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) से है। यह मैच मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा। चेन्नई की टीम पर प्लेऑफ की रेस से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। वहीं, दिल्ली की टीम रेस में तो बनी हुई है, लेकिन टीम के खिलाड़ियों को कोरोना की मार बार-बार झेलनी पड़ रही है। ऐसे में टीम को एकजुट होकर वापसी करनी होगी।