फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

DC vs CSK IPL 2021: हेटमायर ने चेन्नई की मुट्ठी से छीना मैच, रोमांचक मुकाबला जीतकर शीर्ष पर पहुंची दिल्ली

Mon, 04 Oct 2021 11:19 PM IST
Rajeev Rai स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई

खास बातें

Delhi Capitals vs Chennai Super Kings HIGHLIGHTS: आईपीएल 2021 के 50वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने दो गेंदें शेष रहते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को तीन विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही दिल्ली की टीम अंक तालिका में भी 20 अंकों के साथ शीर्ष पर काबिज हो गई है। 
विज्ञापन
शिमरोन हेटमेयर - फोटो : twitter@DelhiCapitals
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:10 PM, 04-Oct-2021

दिल्ली की जीत, अंक तालिका में शीर्ष पर

दिल्ली कैपिटल्स ने अपने कप्तान ऋषभ पंत को जन्मदिन पर जीत का तोहफा दिया है। आईपीएल 2021 के 50वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने दो गेंदें शेष रहते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को तीन विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही दिल्ली की टीम अंक तालिका में भी 20 अंकों के साथ शीर्ष पर काबिज हो गई है। 

मैच की बात करें तो दिल्ली ने टॉस जीतकर चेन्नई को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। इसके जवाब में चेन्नई की टीम ने अंबाती रायुडू की अर्धशतकीय पारी के दम पर 136 रन का स्कोर बनाया। वहीं दिल्ली की तरफ से अक्षर पटेल ने सर्वाधिक दो विकेट लिए।  

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही और टीम ने 100 रन के अंदर ही अपने छह विकेट गंवा दिए। हालांकि इसके बाद शिमरोन हेटमायर ने शानदार पारी खेली और टीम को जीत दिलाने में सफल रहे। हेटमायर 18 गेंदों में 28 रन बनाकर नाबाद रहे।

दिल्ली की तरफ से शिखर धवन ने सर्वाधिक 39 रन बनाए जबकि चेन्नई की तरफ से रविंद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर दो-दो विकेट के साथ सबसे सफल गेंदबाज रहे। 

11:01 PM, 04-Oct-2021

दिल्ली को छह गेंदों में छह रन की जरूरत 

दिल्ली के लिहाज से एक और बढ़िया ओवर। हेटमायर ने हेजलवुड के ओवर में बटोरे दस रन। दिल्ली को छह गेंदों में छह रन की दरकार 

10:53 PM, 04-Oct-2021

ब्रावो का महंगा ओवर, दिल्ली को 12 गेंदों में 16 रन की दरकार

चेन्नई ने ड्वेन ब्रावो को जिस वजह से अभी तक बचाकर रखा था, वो काम नहीं आया। ब्रावो ने रोमांचक मोड़ पर अपने पहले ओवर में 12 रन लुटा दिए। दिल्ली को अब जीत के लिए 12 गेंदों में 16 रनों की दरकार है। 18 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 121/6, शिमरॉन हेटमायर (17*), अक्षर पटेल (4*)
 
 

विज्ञापन
10:46 PM, 04-Oct-2021

दिल्ली को 18 गेंदों में 28 रन की दरकार 

दिल्ली की टीम को अब जीत के लिए आखिरी 18 गेंदों में 28 रन की जरूरत है। हेटमायर और अक्षर पटेल फिलहाल मैदान में हैं।  

10:45 PM, 04-Oct-2021

शार्दुल का सफल ओवर 

एक बार फिर से शार्दुल ठाकुर चेन्नई के लिए अहम साबित हुए हैं। उन्होंने अपने तीसरे ओवर में महज एक रन दिए और अश्विन-धवन दोनों को आउट किया। 15 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 99/6, शिमरॉन हेटमायर (1*), अक्षर पटेल (0*)
 

 

विज्ञापन
10:42 PM, 04-Oct-2021

शार्दुल ने थामा धवन का तूफान

अच्छी लय में नजर आ रहे शिखर धवन भी इस बार पवेलियन लौट गए हैं. उन्हें भी शार्दुल ने अपना शिकार बनाया। धवन ने कवर की दिशा में ड्राइव किया लेकिन  मोईन अली के हाथों में कैच दे बैठे। आउट होने से पहले धवन ने 35 गेंदों में 39 रन बनाए।

10:30 PM, 04-Oct-2021

शार्दुल ने अश्विन की बिखेरी गिल्लियां 

अश्विन को ऊपर भेजने का दिल्ली का दांव इस बार नहीं चला। उन्हें शार्दुल ठाकुर ने तीसरे ओवर की पहली ही गेंद पर बोल्ड कर दिया। दिल्ली का यह पांचवां विकेट गिरा है। अब शिमरोन हेटमायर आए हैं नए बल्लेबाज। 

10:29 PM, 04-Oct-2021

जडेजा को दूसरी सफलता 

रविंद्र जडेजा को आज बल्लेबाजी में ज्यादा समय नहीं मिला लेकिन गेंदबाजी में उन्होंने इसका भरपूर फायदा उठाया। चार ओवर के कोटे में उन्होंने 28 रन देकर दो विकेट झटके। इस बार डेब्यूटेंट रिपल पटेल 18 रन बनाकर आउट हुए। 13 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 94/4, शिखर धवन (37*), रविचंद्रन अश्विन (0*)
 
 

10:12 PM, 04-Oct-2021

डेब्यूटेंट रिपल मैदान में

 दिल्ली की तरफ से डेब्यूटेंट रिपल पटेल मैदान में पहुंचे हैं वहीं चेन्नई ने भी शार्दुल ठाकुर को गेंदबाजी पर लगाया है। शार्दुल की बढ़िया शुरुआत, उन्होंने अपने पहले ओवर में महज तीन रन दिए। 10 ओवर के बाद, दिल्ली का स्कोर: 75/3, शिखर धवन ( 33*), रिपल पटेल (3*)
 

10:10 PM, 04-Oct-2021

जडेजा की जाल में फंसे ऋषभ पंत 

रविंद्र जडेजा अपने दूसरे ओवर में खास रणनीति के साथ आए थे। वह लगातार पंत के खिलाफ तेज गेंद फेंक रहे थे और आखिरकार उन्हें इसका फायदा मिल ही गया। पंत को हालांकि इस ओवर में तीन जीवनदान मिले, बावजूद वे इसका फायदा नहीं उठा पाए। ओवर की पांचवीं गेंद पर पंत ने हवाई शॉट खेला लेकिन मोईन को कैच थमा बैठे। पंत 12 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए।

10:00 PM, 04-Oct-2021

धवन-पंत क्रीज पर 

दिल्ली की टीम दो विकेट जल्दी गंवाने के बाद संभलने की कोशिश में है। टीम के अनुभवी बल्लेबाज शिखर धवन और कप्तान ऋषभ पंत धीरे-धीरे साझेदारी को आगे बढ़ा रहे हैं। आठ ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 63/2, शिखर धवन (31*), ऋषभ पंत (9*)

 

09:59 PM, 04-Oct-2021

पहला पावरप्ले समाप्त 

हेजलवुड के एक सफल ओवर के साथ पहला पावरप्ले भी समाप्त हो गया है। हेजलवुड ने छठे ओवर में तीन रन देकर श्रेयस का विकेट भी हासिल किया। छह ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 51/2, शिखर धवन (29*), ऋषभ पंत (0*)
 

09:56 PM, 04-Oct-2021

हेजलवुड ने श्रेयस को चलता किया 

पिछले मैच के हीरो रहे श्रेयस अय्यर इस बार दोहरे अंक में भी नहीं पहुंच पाए। उन्हें जोस हेजलवुड ने गायकवाड़ के हाथों दो रन के स्कोर पर कैच कराया।  

09:54 PM, 04-Oct-2021

दिल्ली के 50 रन पूरे 

दिल्ली कैपिटल्स ने धवन के तूफानी शो के दम पर छठे ही ओवर में अपने 50 रन पूरे कर लिए हैं।  

09:52 PM, 04-Oct-2021

धवन के निशाने पर आए दीपक 

दूसरे ओवर में महज पांच रन देकर पृथ्वी शॉ को आउट करने वाले दीपक तीसरे ओवर में महंगे साबित हुए। धवन ने उनके इस ओवर में शुरू की चार गेंदों में दो छक्के और दो चौके लगाए और कुल 21 रन बटोरे। पांच ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 48/1, शिखर धवन (27*), श्रेयस अय्यर (1*)
 

09:39 PM, 04-Oct-2021

शॉ हुए चाहर का शिकार 

दीपक चाहर ने दूसरे ओवर में शानदार वापसी की और पृथ्वी शॉ से छुटकारा दिलाया। शॉ ने 12 गेंदों में तेजी से 18 रन बनाए और डुप्लेसिस को कैच थमाकर आउट हो गए। तीन ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर: 24/1, शिखर धवन (4*), श्रेयस अय्यर (0*)

09:25 PM, 04-Oct-2021

दिल्ली की बल्लेबाजी शुरू

चेन्नई के 137 रन के लक्ष्य के जवाब में दिल्ली की पृथ्वी शॉ और शिखर धवन की जोड़ी मैदान पर है। जबकि चेन्नई ने दीपक चाहर को नई गेंद थमाई है।

09:07 PM, 04-Oct-2021

दिल्ली को मिला 137 रन का लक्ष्य 

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने अंबाती रायुडू की अर्धशतकीय पारी के दम पर 136 रन बनाए। दिल्ली कैपिटल्स को अब यह मुकाबला जीतने के लिए 137 रन बनाने होंगे। चेन्नई की तरफ से अंबाती रायुडू ने सर्वाधिक रन बनाए। वह 55 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं दिल्ली की तरफ से अक्षर पटेल दो विकेट के साथ सबसे सफल गेंदबाज रहे। 
 

09:06 PM, 04-Oct-2021

आवेश के नाम 19वां ओवर 

आवेश खान ने शानदार वापसी करते हुए अपने और टीम के आखिरी ओवर में महज चार रन दिए और धोनी का विकेट भी हासिल किया। 

09:01 PM, 04-Oct-2021

रायुडू का अर्धशतक पूरा 

अंबाती रायुडू ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए चौके के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनका इस सीजन का दूसरा जबकि आईपीएल का 21वां अर्धशतक है। रायुडू ने अपने इस पचास के लिए 40 गेंदों का सामना किया। 

08:59 PM, 04-Oct-2021

धोनी-रायुडू में अर्धशतकीय साझेदारी 

कप्तानी धोनी और अंबाती रायुडू ने चेन्नई को शुरुआती झटकों से उबारते हुए एक अहम अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है।
 

08:56 PM, 04-Oct-2021

रायुडू के बल्ले से आया पहला छक्का 

चेन्नई की तरफ से अंबाती रायुडू ने पहला छक्का लगा दिया है। उन्होंने आवेश खान के तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर 73 मीटर का छक्का लगाया। 18 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर: 118/4, अंबाती रायुडू (40*), एमएस धोनी (17*)
 

08:50 PM, 04-Oct-2021

चेन्नई के 100 रन पूरे 

चेन्नई सुपर किंग्स ने 17वें ओवर में अपने 100 रन पूरे किए। धोनी और रायुडू मिलकर टीम को शुरुआती झटकों से उबारने में लगे हैं। हालांकि दोनों बेहद धीमा खेल रहे हैं। 17 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर: 104/4, एमएस धोनी (17*), अंबाती रायुडू (27*) 

 

08:34 PM, 04-Oct-2021

अक्षर के चार ओवर पूरे 

अक्षर पटेल ने एक और शानदार ओवर फेंका। इस बार उन्होंने महज पांच रन दिए। इसी के साथ उनके चार ओवर भी पूरे हो गए। उन्होंने अपने चार ओवर में 18 रन देकर दो बड़े विकेट हासिल किए। 13 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर: 85/4, एमएस धोनी (9*), अंबाती रायुडू (16*)
 

08:31 PM, 04-Oct-2021

अक्षर-अश्विन की जुगलबंदी 

दिल्ली के दो अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल ने बेहतरीन गेंदबाजी की है। दोनों ने मिलकर अभी तक छह ओवर डाले हैं और इस दौरान महज 28 रन देकर तीन विकेट चटकाए हैं। 11 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर: 72/4, एमएस धोनी (6*), अंबाती रायुडू (6*)

 

08:24 PM, 04-Oct-2021

10 ओवर का खेल पूरा 

पहली पारी में 10 ओवर का खेल पूरा हो गया है। दिल्ली के लिए यह सत्र बेहतरीन गुजरा, उसने चेन्नई के चार बड़े खिलाड़ियों का विकेट हासिल किया। 10 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर: 69/4, अंबाती रायुडू (4*), एमएस धोनी (5*)

 

08:21 PM, 04-Oct-2021

चेन्नई लड़खड़ाई 

चेन्नई की टीम एक अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ा गई है। उसने 10 ओवर के अंदर ही अपने शीर्ष के चार खिलाड़ियों के विकेट गंवा दिए हैं। अब टीम का दारोमदार कप्तान धोनी और अंबाती रायुडू पर है। नौ ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर: 65/4, एमएस धोनी (3*), अंबाती रायुडू (2*)

 

08:19 PM, 04-Oct-2021

उथप्पा मौके का फायदा उठाने से चूके 

सुरेश रैना की जगह पर टीम में शामिल किए गए रॉबिन उथप्पा कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। हालांकि उन्होंने कुछ अच्छे शॉट्स खेले लेकिन अश्विन ने उन्हें ज्यादा देर टिकने नहीं दिया। अश्विन ने अपनी ही गेंद पर उथप्पा का कैच पकड़ा। आउट होने से पहले उथप्पा ने 19 गेंदों में 19 रन बनाए।    

08:15 PM, 04-Oct-2021

मोईन अली हुए अक्षर का शिकार 

मोईन अली के बल्लेबाजी क्रम में बदलाव किया गया था लेकिन उसका कोई फायदा नहीं हुआ। उन्हें भी अक्षर पटेल ने अपनी फिरकी से चकमा दिया। मोईन ने पांच रन बनाकर श्रेयस को कैच दिया। 

08:12 PM, 04-Oct-2021

पहला पावरप्ले समाप्त

पहले छह ओवर की समाप्ति हो चुकी है यानि पहला पावरप्ले भी समाप्त हो चुका है। दोनों टीमों के लिहाज से यह मिला जुला रहा। दिल्ली को दो विकेट मिले तो चेन्नई ने 48 रन बनाए। छह ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर: 48/2, रॉबिन उथप्पा (12*), मोईन अली (2*)

 

08:07 PM, 04-Oct-2021

नोर्त्जे की शानदार वापसी

पहले ओवर में 16 रन लुटाने के बाद एनरिक नोर्त्जे नें शानदार वापसी की और अपने दूसरे ओवर में चेेेन्नई के स्टार बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ को पवेलियन भेजा। ऋतुराज शॉर्ट गेंद को पुल करना चाहते थे लेकिन अश्विन के हाथ में आसान कैच दे बैठे। पिछले मैच में शतक जड़ने वाले ऋतुराज इस बार सिर्फ 13 रन बना पाए।

07:50 PM, 04-Oct-2021

अक्षर को पहले ओवर में सफलता 

दिल्ली ने गेंदबाजी में बदलाव किया और उसे उसका फायदा भी मिला। अक्षर पटेल ने आते ही अपने पहले ओवर में फाफ डुप्लेसिस को अपनी फिरकी में फंसाया। डुप्लेसिस 10 रन के स्कोर पर श्रेयस को कैच थमा बैठे। तीन ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर: 30/1, ऋतुराज गायकवाड़ (8*), रॉबिन उथप्पा (1*)
 

07:44 PM, 04-Oct-2021

चेन्नई की तेज शुरुआत 

चेन्नई ने हमेशा की तरह एक बार फिर से तेज शुरुआत की है। आवेश खान का पहला ओवर भी महंगा साबित हुआ और उन्होंने 10 रन खर्चे। दो ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर: 26/0, ऋतुराज गायकवाड़ (6*), फाफ डुप्लेसिस (9*)
 

07:39 PM, 04-Oct-2021

नोर्त्जे का महंगा ओवर 

दिल्ली की तरफ से पहला ओवर लेकर आए एनरिक नोर्त्जे काफी महंगे साबित हुए। इस ओवर में उनकी लाइन लेंथ काफी गड़बड़ रही और उन्होंने 10 रन अतिरिक्त में दिए। एक ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर: 16/0, ऋतुराज गायकवाड़ (6*), फ़ाफ़ डुप्लेसिस (0*)

07:31 PM, 04-Oct-2021

मैच शुरू 

चेन्नई की तरफ से फाफ डुप्लेसिस और ऋतुराज गायकवाड़ की स्टार सलामी जोड़ी पारी की शुरुआत कर रही है। जबकि दिल्ली ने एनरिक नोर्त्जे को नई गेंद थमाई है।

07:10 PM, 04-Oct-2021

दोनों टीमों की प्लेइंग XI 

चेन्नई सुपरकिंग्स : 
ऋतुराज गायकवाड़, फाफ डुप्लेसिस, मोईन अली, अंबाती रायुडू, रॉबिन उथप्पा, महेंद्र सिंह धोनी, रवींद्र जाडेजा, ड्वेन ब्रावो, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, जॉश हेजलवुड

दिल्ली कैपिटल्स : 
पृथ्वी शॉ, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, शिमरॉन हेटमायर, रिपल पटेल, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, कगिसो रबाडा, एनरिक नोर्त्जे, आवेश ख़ान
 

07:07 PM, 04-Oct-2021

दोनों टीमों में बदलाव

दिल्ली कैपिटल्स ने एक बदलाव किया है। स्टीव स्मिथ की जगह रिपल पटेल को डेब्यू का मौका मिला है। जबकि चेन्नई ने तीन बदलाव किए हैं। आसिफ की जगह दीपक चाहर, सैम करन की जगह ड्वेन ब्रावो और सुरेश रैना की जगह रॉबिन उथप्पा को शामिल किया गया है।
 

06:58 PM, 04-Oct-2021

टॉस रिपोर्ट

आईपीएल 2021 के 50वें मुकाबलेे में दुबई के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर चेन्नई सुपर किंग्स को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है।

06:55 PM, 04-Oct-2021

पिच रिपोर्ट

सुनील गावस्कर ने पिच का मुआयना करने के बाद बताया है कि कल जिस पिच पर मैच हुआ था, आज उसी पर यह मैच हो रहा है। लेकिन आज पिच में बदलाव होगा। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम 140 रन तक बना सकती है। यह पिच जरूर बेहतर खेलेगी।  

06:53 PM, 04-Oct-2021

अंक तालिका का हाल 

आईपीएल 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स, दोनों का ही प्रदर्शन शानदार रहा है। तीन बार चैंपियन चेन्नई अपने चौथे खिताब के लिए जोर लगा रही है जबकि दिल्ली को अपने पहले खिताब की तलाश है। दोनों ही टीमों ने अभी तक 12 में से 9 मुकाबले जीते हैं और 18 अंकों के साथ शीर्ष दो में बनी हुई हैं। यहां चेन्नई की टीम थोड़े से अच्छे रन रेट के साथ पहले स्थान पर है।  
 

06:40 PM, 04-Oct-2021

आमने-सामने के रिकॉर्ड 

दोनों ही टीमें अब तक कुल 24 बार एक-दूसरे से भिड़ी हैं। इसमें महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स का पलड़ा भारी है। चेन्नई को 15 मुकाबलों में जीत मिली है जबकि दिल्ली ने 9 बार जीत हासिल की है।  
 
 

06:32 PM, 04-Oct-2021

DC vs CSK IPL 2021: हेटमायर ने चेन्नई की मुट्ठी से छीना मैच, रोमांचक मुकाबला जीतकर शीर्ष पर पहुंची दिल्ली

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आप सभी का स्वागत है। आईपीएल 2021 का आज 50वां मुकाबला खेला जा रहा है। दुबई के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच भिड़ंत है। दोनों ही टीमें प्लेऑफ में क्वालीफाई कर चुकी हैं, ऐसे में यह जंग अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचने की है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें