रोहित ने भारत के व्यस्त शेड्यूल पर कहा, 'पिछले 6-7 वर्षों में, ऐसा ज्यादा समय नहीं रहा जब सीनियर टीम के खिलाड़ियों को क्वालिटी टाइम बिताने का समय मिला हो। जब आप इतने वर्षों में इतना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते हैं, तो आपको कुछ समय की छुट्टी की भी जरूरत होती है। कोई भी इसके लिए समय नहीं लेता है।'
मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने जसप्रीत बुमराह की फिटनेस और उपलब्धता पर कहा, 'हम जसप्रीत बुमराह की फिटनेस रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं और फरवरी की शुरुआत में बीसीसीआई की मेडिकल टीम से उनकी स्थिति के बारे में पता चलेगा।' हर्षित राणा को इंग्लैंड वनडे सीरीज के लिए बुमराह के बैकअप के तौर पर टीम में शामिल किया गया है।' अगरकर ने कहा कि उम्मीद है कि बुमराह चैंपियंस ट्रॉफी तक फिट हो जाएंगे।
रोहित ने कहा, 'बुमराह अगर नहीं खेलते हैं तो उनकी अनुपस्थिति में हम एक ऐसा गेंदबाज चाहते थे जो शुरुआत और अंत दोनों में गेंदबाजी कर सके। शमी वापस आ गए हैं और नई गेंद नहीं होने पर सिराज का प्रभाव थोड़ा कम हो जाता है। हम केवल तीन तेज गेंदबाज ले रहे हैं क्योंकि हम कई ऑलराउंडर को मौका दे रहे हैं।'
संजू सैमसन और मोहम्मद सिराज दो बड़े नाम हैं जो भारत की टीम में शामिल नहीं हैं। सिराज ने पिछले कुछ समय में काफी गेंदबाजी की है। इस वजह से हो सकता है उन्हें आराम दिया गया हो। इसके अलावा करुण नायर, नीतीश रेड्डी को भी जगह नहीं मिली है। शमी की वनडे में वापसी हुई है।
अगरकर ने गिल को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज और चैंपियंस ट्रॉफी के लिए उकप्तान बनाए जाने की घोषणा करते हुए कहा कि टीम में फिटनेस की समस्या है। इसके अलावा कोई और वजह नहीं है। इंग्लैंड सीरीज से गिल को थोड़ा अनुभव भी मिल सकेगा।
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह (हर्षित राणा इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान बुमराह को रिप्लेस करेंगे। बुमराह इस सीरीज में नहीं खेलेंगे) , मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा।
इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज और चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम का एलान हो चुका है। अगरकर ने 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। रोहित शर्मा टीम की कमान संभालेंगे, जबकि शुभमन गिल उपकप्तान होंगे। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज की शुरुआत 6 फरवरी से हो रही है, जबकि चैंपियंस ट्रॉफी 19 फरवरी से खेला जाएगा।
रोहित और अगरकर के बीच टीम मीटिंग अब तक जारी है। शुक्रवार को ही रिव्यू मीटिंग हुई थी। तब लगभग टीम का चयन हो चुका होगा, लेकिन अब फिर से अगर इस मीटिंग में इतना समय लग रहा है तो जरूर कोई न कोई बात रही होगी। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या कोई सरप्राइज देखने को मिल सकता है। क्या करुण नायर को मौका मिल सकता है? ये कुछ देर में पता चल जाएगा।
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए टीम चयन बैठक में शामिल होने पहुंच चुके हैं। उनका वीडियो सामने आया है।
पुरुष चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए टीम चयन बैठक में भाग लेने पहुंच चुके हैं। उनका वीडियो सामने आया है।
रोहित शर्मा तो कप्तान होंगे, लेकिन उप-कप्तान की भूमिका कौन निभाएगा, इसका पता नहीं चल सका है। जसप्रीत बुमराह ने टेस्ट में अपना कौशल दिखाया है, लेकिन क्या उनकी चोट की चिंता को देखते हुए उन्हें चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भी वही जिम्मेदारी दी जाएगी? शुभमन गिल 2024 में श्रीलंका दौरे के लिए उप-कप्तान थे, जबकि इंग्लैंड टी20 सीरीज के लिए उपकप्तान नामित किए जाने के बाद अक्षर पटेल भी रेस में हैं। हालांकि, हार्दिक पांड्या इस लिस्ट में नहीं हैं। गंभीर के नेतृत्व में पांड्या के उपकप्तान बनने की संभावना कम ही लगती है।
चयनकर्ता कलाई के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव की फिटनेस पर भी स्पष्टता चाहते हैं क्योंकि वह लंबे समय से कमर की चोट से उबर रहे हैं। कुलदीप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर गेंदबाजी करते हुए वीडियो साझा किए हैं और चयन बैठक से पहले इसे एक अच्छा संकेत माना जा सकता है। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा भी दुबई के लिए उड़ान भर सकते हैं जहां भारत 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ अभियान की शुरुआत करेगा।
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के लिए भी शनिवार को टीम का चयन किया जाएगा। संजू सैमसन के विजय हजारे ट्रॉफी से बाहर रहने के बाद ऋषभ पंत को मुख्य विकेटकीपर बल्लेबाज का स्थान दिया जा सकता है। ध्रुव जुरेल को दूसरे विकेटकीपर के तौर पर चुना जा सकता है। सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को टीम में शामिल किया जा सकता है क्योंकि उन्होंने ज्यादातर घरेलू मैच खेले हैं और उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की घरेलू टी20 श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में भी शामिल किया गया है।
टीम में जायसवाल को शामिल करने के लिए हर तरफ से आवाज उठ रही है। 23 वर्षीय खिलाड़ी इस समय शानदार फॉर्म में हैं और वह शीर्ष क्रम में बाएं हाथ के बल्लेबाज के तौर पर भी अच्छी विविधता लायेंगे। लेकिन जायसवाल के चयन में उनका सीधा मुकाबला केएल राहुल से हो सकता है क्योंकि रोहित, विराट कोहली, शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर भारत के शीर्ष चार खिलाड़ियों में शामिल हैं। इसलिए अगर आपको टीम में जायसवाल की भी जरूरत है तो चयनकर्ताओं के लिए यह मुश्किल काम है। यह भी हो सकता है कि इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे श्रृंखला में जायसवाल को मौका दिया जाए और आईसीसी टूर्नामेंट के लिए राहुल को प्राथमिकता दी जाए।
रोहित का प्रेस के समक्ष उपस्थित होना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि वह वनडे में भी कप्तान बने रहेंगे, हालांकि ऑस्ट्रेलिया के निराशाजनक दौरे के बाद टेस्ट क्रिकेट में उनके भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। इंस्टाग्राम पर एक वीडियो में 37 वर्षीय रोहित को यहां एक ट्रेनिंग सत्र के दौरान फ्लिक, ड्राइव, लॉफ्टेड हिट और पुल शॉट्स खेलते हुए देखा गया।
अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति शनिवार को चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम चुनने के मद्देनजर मुंबई में बैठक करेगी जिसमें उन्हें दो मुश्किल फैसले करने होंगे कि यशस्वी जायसवाल को अंतिम 15 में किस तरह फिट किया जाये और दूसरा मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की फिटनेस पर विचार करना। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल में सिडनी टेस्ट के दौरान बुमराह की पीठ की मांसपेशियों में खिंचाव आया था जिससे उन्होंने एससीजी में अंतिम दिन गेंदबाजी नहीं की थी। उन्हें कार्यभार कम करने की सलाह दी गई है और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के उत्कृष्टता केंद्र के फिजियो उनकी फिटनेस पर नजर रख रहे हैं। इसलिए अगरकर और मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान रोहित शर्मा के साथ उनके साथी बुमराह को शामिल करने पर अंतिम फैसला लेने से पहले उनकी फिटनेस स्थिति पर गंभीरता से विचार करेंगे। अगरकर और रोहित द्वारा चयन समिति की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करने के बाद इस जटिल स्थिति पर स्पष्टता मिलेगी।
चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम का एलान आज मुंबई में होगा। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर की मौजूदगी में भारतीय टीम की घोषणा की जाएगी। 19 फरवरी से होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी हाइब्रिड मॉडल के तहत आयोजित होगी जिसमें भारत अपने मुकाबले दुबई में खेलेगा। मालूम हो कि भारत ने इस टूर्नामेंट के लिए अपनी टीम पाकिस्तान भेजने से इनकार कर दिया था जिसके बाद आईसीसी ने हाइब्रिड मॉडल का फॉर्मूला अपनाया था।
चैंपियंस ट्रॉफी के अलावा इंग्लैंड के खिलाफ अगले महीने होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भी भारतीय टीम घोषित की जाएगी। रोहित और अगरकर मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और टीम की घोषणा करेंगे। टीम की घोषणा के बाद शनिवार दोपहर 12.30 बजे रोहित और अगरकर प्रेस को संबोधित करेंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अपने बयान में जानकारी दी। बीसीसीआई के बयान के अनुसार, पुरुष चयन समिति इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज और आगामी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए मुंबई में कल भारतीय टीम का एलान करेगी। टीम चयन के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी।
चैंपियंस ट्रॉफी में आठ टीमें हिस्सा लेंगी जिन्हें चार-चार के दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप चरण में 12 मुकाबले होंगे जिसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में शामिल हैं और दोनों के बीच मैच 23 फरवरी को दुबई में खेला जाएगा। भारत अपने अभियान की शुरुआत 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ करेगा। इसके बाद उसका पाकिस्तान से सामना होगा और फिर दो मार्च को न्यूजीलैंड से भिड़ेगा। चैंपिंयस ट्रॉफी का फाइनल आठ मार्च को खेला जाएगा।
इस टूर्नामेंट के लिए छह टीमों ने अपने खिलाड़ियों का एलान कर दिया है, जबकि भारत और पाकिस्तान ने अबतक टीम की घोषणा नहीं की है। बताया जा रहा है कि स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव की फिटनेस चिंताओं के कारण टीम घोषित होने में देरी हुई है। बुमराह को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के अंतिम टेस्ट मैच के दौरान पीठ में दिक्कत हुई थी जिसके बाद उनका स्कैन किया गया था। बीसीसीआई ने उस वक्त यह नहीं बताया था कि बुमराह की चोट कितनी गंभीर है, लेकिन वह दोबारा गेंदबाजी के लिए नहीं उतरे थे। इतना ही नहीं बुमराह को इंग्लैंड के खिलाफ 22 जनवरी से शुरू हो रही पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भी आराम दिया गया था।
यह देखना दिलचस्प होगा कि अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति बुमराह को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए चुनती है या नहीं। दूसरी ओर, घुटने की चोट के कारण कुलदीप को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए नहीं चुना गया था। बाएं हाथ का यह कलाई का स्पिनर अब चोट से उबर गया है। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले उन्होंने अभ्यास करते वीडियो भी जारी किया था।
विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार लय में दिखे करुण नायर के लिए जगह बनेगी या नहीं यह भी चर्चा का विषय होगा। करुण ने सात पारियों में 752 रन बनाए हैं जिसमें पांच शतक शामिल हैं। विजय हजारे ट्रॉफी का फाइनल मुकाबले शनिवार को ही होना है। बीसीसीआई ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम घोषित की थी।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। शनिवार को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का एलान होगा। मुंबई में मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और कप्तान रोहित शर्मा टीम की घोषणा करेंगे। जसप्रीत बुमराह की वापसी पर सभी की नजरें होंगी। वहीं, विकेटकीपर्स में पंत, राहुल और सैमसन में से किसे चुना जाएगा, इस पर भी ध्यान रहेगा।